You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एशियन गेम्सः रविवार को भारत ने जीते तीन गोल्ड, कुल पदक हुए 50

रविवार को हांगज़ो में मेडल के मामले में सबसे सुनहरा दिन रहा. भारत को तेजिन्दर पाल सिंह तूर (शॉटपुट), अविनाश साबले (3000 मीटर की स्टीपलचेज़) और और पुरुषों की ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में गोल्ड मिले.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. एशियन गेम्सः रविवार को भारत ने जीते तीन गोल्ड, कुल पदक हुए 50

    हांगज़ो एशियन गेम्स 2023 में भारत ने अपने पदकों संख्या 50 पहुंचा दी है.

    रविवार को हांगज़ो में मेडल के मामले में सबसे सुनहरा दिन रहा. भारत को तेजिन्दर पाल सिंह तूर (शॉटपुट), अविनाश साबले (3000 मीटर की स्टीपलचेज़) और और पुरुषों की ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में गोल्ड मिले.

    इसके साथ ही भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 13 पर पहुंच गई.

    तेजिन्दर पाल सिंह 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में भी शॉटपुट का गोल्ड जीता था वहीं अविनाश साबले ने 3000 मीटर की स्टीपलचेज़ में पहली बार भारत को गोल्ड दिलाया.

    पुरुषों के ट्रैप शूटिंग में गोल्ड के अलावा महिलाओं ने इसी स्पर्धा की टीम इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया.

    वहीं महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ मुक़ाबले में भारत की ज्योति यरराजी को सिल्वर मेडल मिला. तो गोल्फ़र अदिति अशोक गोल्फ़ में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं.

    पुरुषों के 1,500 मीटर दौड़ में अजय कुमार सरोज ने सिल्वर मेडल जीता. वहीं मुरली श्रीशंकर ने लंबी कूद में सिल्वर मेडल जीता.

    भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम फ़ाइनल में चीन से 2-3 से हारने के बाद रजत पदक जीती.

    दूसरी तरफ़ महिलाओं के डिस्कस थ्रो में सीमा पुनिया और 800 मीटर हेप्टाथलन में नंदीनी अगासरा ने कांस्य पदक हासिल किया.

    महिला मुक्केबाज़ी के 50 किलोग्राम वर्ग के सेमीफ़ाइनल में निख़त ज़रीन को थाइलैंड की चुथमत रक्सत के हाथों हार का सामना करना पड़ा, लिहाजा उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा.

    हालांकि वर्ल्ड चैंपियनशिप 2021 में कांस्य जीतने वाली परवीन हुडा ने उज़्बेकिस्तान की खिलाड़ी पर जीत हासिल करते हुए 57 किलोवर्ग के सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई.

    23 वर्षीय परवीन हुडा ने टॉप चार में जगह बनाते हुए न केवल एशियन गेम्स में अपना पहला पदक पक्का किया बल्कि अगले साल पेरिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए कोटा भी हासिल कर लिया.

    सेमीफाइनल में बुधवार को परवीन का मुक़ाबला चीनी ताइपे की लिन यू टिंग से होगा.

    मैरीकॉम क्या बोलीं?

    भारतीय टीम के प्रदर्शन पर दिग्गज महिला बॉक्सर मैरी कॉम ने कहा, "मैंने पहले ही भारतीय टीम को अपनी शुभकामनाएं दे दी हैं. उनमें से कुछ बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. हमारे लिए हर पदक कीमती है. खेल अभी ख]त्म नहीं हुआ है और वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखेंगे."

    रविवार को भारत के पदकों की संख्या अब 50 पर पहुंच गई है. भारत के खाते में 13 गोल्ड, 19 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज हो गए हैं.

    अपने 50 पदकों के साथ भारत अंक तालिका में चौथे स्थान पर है.

    वहीं 129 गोल्ड (कुल 239 पदकों) के साथ चीन पहले तो दक्षिण कोरिया 30 गोल्ड (कुल 124 पदकों) के साथ दूसरे और जापान 29 गोल्ड (कुल 11 पदकों) के साथ तीसरे पायदान पर मौजूद है.

  2. स्पेन के नाइट क्लब में आग, तेरह लोगों की मौत, बढ़ सकता हैं आकंड़ा

    दक्षिण पूर्वी स्पेन के एक नाइटक्लब में लगी आग में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई है.

    ये घटना मूर्खिया शहर की है. आग स्थानीय समयानुसार सुबह क़रीब छह बजे लगी.

    सोशल मीडिया पर शेयर किए गए घटना से जुड़े वीडियो में नाइट क्लब की इमारत के ऊपर लपटें उठती दिख रही हैं और खिड़कियां से गहरा काला धुआं निकल रहा है. आग की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

    जिस समय आग लगी, नाइट क्लब में भीड़ थी. अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की तादाद बढ़ने की आशंका है. आपात सेवा के अधिकारी इमारत में तलाशी अभियान चला रहे हैं. 14 लोग अभी तक लापता बताये गए हैं.

    पुलिस के मुताबिक़ ये आग ला फोंडा नाम के नाइट क्लब में लगी और फिर आस पास के क्लबों में भी फैल गई.

    स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ सभी मौतें ला फोंडा क्लब में ही हुई हैं.

    28 वर्षीय एक महिला ने अपनी मां को भेजे वॉयस नोट में कहा है, “मां, मैं आपको बहुत प्यार करती हूं, हम लोग मरने वाले हैं.”

    ये महिला अपने पार्टनर और दोस्तों के साथ क्लब गई थी. अभी स्पष्ट नहीं है कि वो जीवित है या नहीं.

  3. शुभमन गिल, टीम इंडिया पर इस पूर्व क्रिकेटर ने क्या कहा?

    5 अक्टूबर से क्रिकेट वर्ल्ड कप शुरू हो रहा है. इससे पहले भारत में 10 देशों के खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ और आईसीसी की कमेंट्री पैनल के सदस्य पहुंच रहे हैं.

    इसी दौरान पड़ोसी देश श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर फ़रवीज़ महरूफ़ भी मुंबई पहुंचे.

    उन्होंने आगामी वर्ल्ड कप को लेकर कई बातें कहीं. इस दौरान वे भारत के सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल के बारे में भी बोले.

    उन्होंने कहा, "शुभमन गिल लगातार स्कोर कर रहे हैं. यह उनके जैसे युवा खिलाड़ी के लिए माकूल अवसर भी है. लिहाजा इस वर्ल्ड कप में उनकी बल्लेबाज़ी पर विशेष तौर पर नज़र रहेगी."

    महरूफ़ ये भी बोले कि "आगामी वर्ल्ड कप बहुत मज़ेदार होगा. टीमों के बीच दमदार मुक़ाबला होगा. इसमें भाग ले रही कई टीमें शानदार फॉर्म में हैं और टीमों का गठन भी अच्छा है."

    इस दौरान उन्होंने सेमीफ़ाइनल में कौन सी टीमें पहुंचेंगी इसके भी कयास लगाए.

    वे बोले, "भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें सेमीफ़ाइनल में दिखेंगी. जबकि तीसरी टीम दक्षिण अफ़्रीका, न्यूज़ीलैंड और श्रीलंका में से कोई एक होगी."

    महरूफ़ 2016 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले 109 वनडे, 22 टेस्ट और 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं. 2008 से 2010 के दरम्यान वे आईपीएल की दिल्ली डेयरडेविल्स टीम में भी शामिल थे.

  4. यूक्रेन विरोधी नेता ने जीता स्लोवाकिया चुनाव, क्या रूस को होगा फ़ायदा?

    मध्य यूरोप के यूक्रेन से सटे देश स्लोवाकिया में रूस समर्थक पार्टी ने संसदीय चुनाव जीत लिए हैं.

    पूर्व प्रधानमंत्री रॉबर्ट फीको के नेतृत्व वाली स्मेर-एसएसडी पार्टी सभी वोटों की गिनती पूरी होने के बाद विजयी हुई है.

    स्लोवाकिया नेटो सदस्य देश है और यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन की मदद कर रहा है. रॉबर्ट फीको ने चुनाव जीतने पर यूक्रेन की मदद रोकने का वादा किया था.

    एक्ज़िट पोल में उदारवादी मध्यपंथी पार्टी की जित बताई गई थी लेकिन अंतिम नतीजों में एसएसडी 24 प्रतिशत मतों के साथ सबसे आगे रही.

    स्मेर एसएसडी ने यूक्रेन को दी जा रही सैन्य मदद को तुरंत रोकने का वादा किया है.

    2018 में खोजी पत्रकार जेन कूचियाक की हत्या के बाद फीको को पद छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था.

    माना जा रहा है कि वो अगली गठबंधन सरकार बनाने के लिए बातचीत शुरू करने जा रहे हैं.

    लिबरल प्रोग्रेसिव स्लोवाकिया पार्टी को कुल 17 प्रतिशत मत मिले. हालांकि एग्ज़िट पोल में इस पार्टी की जीत का दावा किया गया था.

    यूरोप समर्थक एचलास पार्टी को 15 प्रतिशत वोट मिले हैं और ये तीसरे नंबर पर है. ये पार्टी गठबंधन बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है.

    स्लोवाकिया की संसद में कम से कम दस पार्टियां पहुंचेगी जिसकी वजह से गठबंधन बनाने की प्रक्रिया जटिल हो सकती है.

    संसद में स्वतंत्रतावादी पार्टियां भी होंगी और धुर दक्षिणपंथी भी.

    फीको इनकार करते हैं कि वो रूस समर्थक हैं, लेकिन उनकी जीत से मास्को में ज़रूर जश्न होगा.

    हाल ही में उन्होंने अपने समर्थकों से कहा था, “अगर हम चुनाव जीतते हैं तो यूक्रेन युद्ध के लिए हम एक गोली भी नहीं भेजेंगे.”

    इस चेतावनी के बाद यूरोपीय संघ और नेटो सदस्य देशों में चिंता हुई थी. हालांकि सोशल मीडिया पर फीको को स्लोवाक लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ था. पारंपरिक तौर पर स्लोवाकिया के लोग रूस की तरफ़ झुके हैं.

    स्लोवाकिया युद्ध के समय यूक्रेन का भरोसेमंद दोस्त भी रहा है. स्लोवाकिया ने यूक्रेन को ज़मीन से आसमान में मार करने वाली मिसाइलें और हेलीकॉप्टर दिए हैं. इसके अलावा रिटायर हुए अपने मिग-29 विमानों का पूरा फ्लीट ही स्लोवाकिया ने यूक्रेन को दे दिया है.

    फीको की जीत पर हंगरी के धुर दक्षिणपंथी नेता विक्टर ओरबान ने मुबारकबाद भेजी है.

    फीको कह चुके हैं कि यूक्रेन में युद्ध यूक्रेनी नाज़ियों और फासीवादियों ने शुरू किया है और इसे सिर्फ़ शांतिवार्ता से ही समाप्त किया जा सकता है.

    फीको की जीत यूक्रेन को लेकर नेटो और यूरेपीय संघ की एकजुटता में दरार को दर्शाती है.

    स्लोवाकिया की उदारवादी राष्ट्रपति ज़ुज़ाना कापूतोवा ने फीको की जीत पर शांत प्रतिक्रिया दी है.

    राष्ट्रपति कापूतोवा ने ना ही फीको को मुबारकबाद दी और न ही कैमरे पर बयान दिया.

    उन्होंने अपने प्रवक्ता के ज़रिए एक बयान जारी किया है.

    बयान में कहा गया है, “चुनावों के विजेता पर भविष्य के घटनक्रमों की सबसे अधिक ज़िम्मेदारी है क्योंकि उन्होंने जन आकांक्षाओं को बढ़ा दिया है. अब ये अहम है कि वो स्लोवाकिया और हम सबके फ़ायदे के लिए इन्हें पूरा करे.”

    जुज़ाना स्लोवाकिया की पहली महिला राष्ट्रपति हैं और वो दोबारा चुनाव में नहीं उतरेंगी.

    जुज़ाना का कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को हमलों और नफ़रत का सामना करना पड़ा है.

    ज़ुज़ाना ने फीको और उनकी पार्टी पर अपने ख़िलाफ़ नफ़रत भड़काने के आरोप लगाए हैं.

  5. संजय राउत क्यों बोले- शिवसेना शिवाजी की असली वाघ-नख?

    शिवसेना नेता संजय राउत ने रविवार को कहा है कि शिव सेना ही शिवाजी की असली वाघ-नख है.

    कुछ दिनों पहले ही यह ख़बर आई थी कि 1659 में जिस वाघ-नख का इस्तेमाल छत्रपति शिवाजी ने बीजापुर सल्तनत के जनरल अफ़ज़ल ख़ां को मारने के लिए किया था उसे लंदन के विक्टोरिया एंड अल्बर्ट संग्रहालय से भारत लाया जाएगा.

    शेर के पंजे की तरह का यह लोहे का पंजा भारत लाकर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय में रखा जाएगा.

    महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री सुधीर मुंगन्तिवार अपने विभाग के अधिकारियों समेत आगामी तीन अक्टूबर को शिवाजी के वाघ-नख को लाने लंदन जा रहे हैं.

    रविवार को राउत ने इसे महाराष्ट्र का अपमान बताते हुए बीजेपी पर हमला किया.

    वे बोले, "यह महाराष्ट्र के आत्मसम्मान वाघ-नख का अपमान है क्योंकि शिवसेना छत्रपति शिवाजी महाराज की असली वाघ-नख है, जो राज्य में आने वाली सभी बाधाओं से जूझी है."

    उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा, "शिवसेना को तोड़ने का प्रयास कर बीजेपी ने दिल्ली के सामने राज्य को डोरमैट बना दिया है.

    वे बोले, "आपने राज्य को दिल्ली का ग़ुलाम बना दिया है, ऐसे में आप इस हथियार को लाकर क्या करेंगे?"

    इस दौरान उन्होंने जनता दल (सेक्युलर) के नाम से सेक्युलर शब्द हटाने की मांग भी की.

    पूर्व प्रधानमंत्री हरदनहल्ली डोडेगौड़ा देवगौड़ा के नेतृत्व वाले जनता दल (सेक्युलर) ने बीते महीने बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो गई थी.

  6. मणिपुर में दो छात्रों की हत्या के मुख्य अभियुक्त समेत चार गिरफ़्तार, 2 हिरासत में

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    मणिपुर में ताज़ा हिंसा भड़काने और दो मैतेई छात्रों की कथित हत्या से जुड़े मामले में सीबीआई ने रविवार को कुल छह लोगों को पकड़ा है. इनमें चार को गिरफ़्तार किया और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है.

    गिरफ़्तार लोगों में दो लड़कियां, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं.

    एक जानकारी के अनुसार जांच एजेंसी चार अभियुक्तों को असम के गुवाहाटी शहर ले गई है.

    दरअसल पुलिस और सेना ने एक संयुक्त अभियान चलाकर राजधानी इम्फ़ाल से क़रीब 60 किलोमीटर दूर पहाड़ी ज़िले चुराचांदपुर से इन अभियुक्तों को पकड़ कर सीबीआई के हवाले किया.

    मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इन गिरफ़्तारियों की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,"मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि फिजाम हेमनजीत और हिजाम लिनथोइंगंबी के अपहरण और हत्या के लिए ज़िम्मेदार कुछ मुख्य अपराधियों को आज चुराचांदपुर से गिरफ़्तार कर लिया गया है."

    उन्होंने लिखा, "जैसा कि कहा जाता है कि कोई अपराध करने के बाद भाग सकता है, लेकिन क़ानून के लंबे हाथों से नहीं बच सकता. हम उनके किए गए जघन्य अपराध के लिए मृत्युदंड सहित अधिकतम सज़ा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    बीते 6 जुलाई से 17 वर्षीय हिजाम और 20 वर्षीय हेमनजीत लापता थे. लेकिन 23 सितंबर को जब राज्य में मोबाइल इंटरनेट सेवा पर रोक हटाई गई तो इन दोनों छात्रों के शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.

    मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखने वाले इन दोनों छात्रों की मौत की ख़बर के बाद से घाटी में लोगों का विरोध प्रदर्शन हो रहा है. फ़िलहाल पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है.

  7. उज्जैन रेप केस: अभियुक्त के पिता का वीडियो वायरल, बेटे के लिए सज़ा की मांग

    मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 साल की नाबालिग लड़की से रेप के अभियुक्त युवक के पिता ने अपने बेटे के लिए मौत की सज़ा की मांग की है.

    वहीं स्थानीय बार एसोसिएशन ने अपील की है कि कोई भी वकील अभियुक्त का केस न लड़े. नाबालिग लड़की से रेप को आरोप में भरत सोनी नाम के एक ऑटोरिक्शा चालक को गिरफ़्तार किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अभियुक्त के पिता ने पत्रकारों से कहा, ''ये शर्मनाक हरकत है. न तो मैं अपने बेटे से मिलने अस्पताल गया और न ही अब पुलिस थाने या अदालत जाऊंगा. मेरे बेटे ने अपराध किया है, लिहाजा उसे फाँसी पर लटका दिया जाना चाहिए.''

    अभियुक्त के पिता का मीडिया से बात करने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. इस वीडियो में वो रोते हुए भी दिख रहे हैं.

    दूसरी ओर उज्जैन बार काउंसिल के अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि इस घटना ने मंदिरों की नगरी उज्जैन की प्रतिष्ठा को धक्का पहुंचाया है.

    उन्होंने कहा, ''हम बार काउंसिल के सदस्यों से अपील करते हैं कि इस तरह की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त का केस न लड़ें.''

    कांग्रेस ने इस मामले पर शिवराज सिंह चौहान सरकार को घेरा है. इसके साथ ही कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री ने इस घटना पर चुप्पी साध ली है.

  8. एशियन गेम्सः तीन रजत, दो कांस्य समेत भारत को मिले पांच और पदक

    हांगज़ो एशियन गेम्स 2023 में भारत की झोली में तीन और रजत पदक और दो कांस्य पदक आए.

    महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ मुक़ाबले में भारत की ज्योति यरराजी को सिल्वर मेडल मिला.

    पुरुषों के 1,500 मीटर दौड़ में अजय कुमार सरोज ने सिल्वर मेडल जीता. वहीं मुरली श्रीशंकर ने लंबी कूद में सिल्वर मेडल जीता.

    दूसरी तरफ़ महिलाओं के डिस्कस थ्रो में सीमा पुनिया और 800 मीटर हेप्टाथलन में नंदीनी अगसरा ने भारत को कांस्य पदक दिलाया.

  9. भारतीय उच्चायुक्त को रोकने का मामला: गुरुद्वारा समिति ने की निंदा, पुलिस ने कहा जांच जारी

  10. दिल्ली: पुरानी पेंशन स्कीम की मांग को लेकर रामलीला मैदान में विशाल रैली

      • Author, संदीप राय
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    दिल्ली के रामलीला मैदान में पुरानी पेंशन स्कीम की मांग को लेकर रविवार को विशाल रैली आयोजित की गई.

    इस रैली में हज़ारों लोग शामिल हुए हैं. इनमें बड़ी संख्या में सरकारी कर्मी थे.

    इस ‘पेंशन शंखनाद महारैली’ को नेशनल मूवमेंट फ़ॉर ओल्ड पेंशन स्कीम संगठन यानी एनएमओपीएस ने आयोजित किया था.

    एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने कहा, ''अगर सरकार ओपीएस लागू नहीं करती है तो ‘कर्मचारी वोट की चोट’ से संदेश देने की कोशिश करेगा.''

    इस रैली में विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के नेताओं समेत राकेश टिकैत भी शामिल हुए.

    कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने रैली में कहा, ''अगर हरियाणा में कांग्रेस सत्ता में आती है तो पहली कलम से वो सरकारी कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करेंगे.''

    आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में आप सरकार ने ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करने का फैसला ले लिया है और जल्द ही उसे लागू किया जाएगा.

    विजय कुमार बंधु ने कहा, “राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल हो सकती है तो आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरने वाला भारत अपने कर्मचारियों को पेंशन क्यों नहीं दे सकता?"

    "अगर सरकार ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं करती है तो आने वाले चुनाव में वोट फ़ॉर ओपीएस अभियान चलाकर पुरानी पेंशन बहाल कराएंगे.”

    रामलीला मैदान ओपीएस बहाली लिखी हुई टोपी पहने हज़ारों कर्मचारियों के हुजूम से भरा हुआ था.

    इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस के बीएलडब्ल्यू रेलवे कारखाने के कर्मचारी भी आए हुए थे.

    यहां काम करने वाले फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र पाल ने बीबीसी से कहा कि पिछले साल केंद्र सरकार रेलवे कारखानों का निजीकरण करना चाह रही थी उसे कर्मचारी आंदोलन की वजह से पीछे हटना पड़ा.

    उनका कहना था, ''रेलवे कर्मचारी एनपीएस यानी न्यू पेंशन स्कीम के ख़िलाफ हैं और इस बार अगर पीएम मोदी चुनाव के लिए फिर आए तो उन्हें इन सवालों से दो चार होना पड़ेगा.''

    रैली में सीपीआई एमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्या, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली, सपा के बिहारी यादव, बसपा से लोकसभा सांसद श्याम सिंह यादव, पूर्व सांसद एवं कामगार कर्मचारी कांग्रेस के चेयरमैन डॉ उदित राज शामिल हुए.

    आयोजकों ने बताया कि इस रैली की तैयारी पिछले कई महीनों से हो रही थी. विजय कुमार बंधु ने बिहार के चंपारण से मुंबई तक पूरे देश में 18 हज़ार किलोमीटर की यात्रा की थी.

    आयोजकों में से एक डॉ. कमल उसरी ने कहा कि इस महारैली को अनुमति देने में दिल्ली पुलिस ने काफ़ी टालमटोल किया और डेढ़ दिन पहले ही अनुमति मिल पाई, जिससे मंच तक नहीं लग पाया.

    विजय बंधु ने बीबीसी से कहा, ‘पूरा रामलीला मैदान देश भर से आए सरकारी कर्मचारियों से भरा हुआ था. लोगों का आना जारी था लेकिन पुलिस ने दोपहर डेढ़ बजे रैली समाप्त करने को कहा.’'

    पिछले कई सालों से पूरे देश में ओल्ड पेंशन स्कीम को लेकर सरकारी कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं. पिछले कुछ विधानसभा चुनावों में ये मुद्दा भी बना.

    राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पंजाब जैसे राज्यों ने अपने राज्य कर्मचारियों के लिए इसे लागू भी कर दिया है.

    हिमाचल में तो कांग्रेस का ये सबसे बड़ा चुनावी वादा था. कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में भी ओपीएस लागू करने का वादा किया है.

  11. शिवराज सिंह चौहान पर कमलनाथ का तंज- ये तो भूमिपूजन मंत्री हैं

    पीएम नरेंद्र मोदी दो अक्तूबर को राजस्थान और मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पीएम मोदी मध्य प्रदेश में लगभग 19 हज़ार करोड़ की परियोजनाओं को शुरू करेंगे. वहीं राजस्थान में सात हज़ार करोड़ की परियोजनाओं को शुरू किया जाएगा.

    मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान भी रविवार को राज्य में कई परियोजनाओं का लोकार्पण कर रहे हैं.

    इस बारे में जब कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व सीएम कमलनाथ से पूछा गया तो वो बोले, ''ये तो भूमिपूजन मंत्री हैं, मुख्यमंत्री नहीं हैं. घोषणा मंत्री हैं. घोषणा डबल स्पीड पर चल रही है. इनके पास और कोई उपाय बचा नहीं कि जनता को कैसे मूर्ख बनाएं.''

    एक अक्तूबर को बीजेपी नेता स्वच्छ भारत अभियान के तहत कई जगहों पर साफ़-सफ़ाई करते हुए दिखे हैं.

    पीएम मोदी समेत शिवराज सिंह चौहान भी सफाई करते हुए रविवार को देखे गए.

    इस पर तंज करते हुए कमलनाथ ने कहा, ''कभी-कभी तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अच्छा काम करते हैं. पिछले 18 साल में उन्होंने मध्य प्रदेश में जो गंदगी फैलाई है, उसे सांकेतिक तौर पर ही सही, साफ करने का फैसला अच्छा है. लेकिन असली सफाई तो मध्य प्रदेश की जनता दो महीने बाद करने वाली है.''

    कमलनाथ लिखते हैं, ''मध्य प्रदेश की जनता प्रदेश से भ्रष्टाचार, घोटाले, कमीशन, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, आदिवासी और दलित उत्पीड़न और जुमलेबाजी की गंदगी का सफाया करने वाली है और निर्मल मध्य प्रदेश का सपना पूरा करेगी.''

    वहीं शिवराज सिंह चौहान ने भी एक कार्यक्रम में कमलनाथ पर तंज किया.

    शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, ''कमलनाथ जी की जब सरकार थी, तो वो हमेशा पैसे के अभाव का ही रोना रोते रहते थे. मैं आपसे पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूँ कि विकास के लिए मेरे पास पैसे की कोई कमी नहीं है.''

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, एशियन गेम्स: तेजिन्दर पाल सिंह तूर ने शॉटपुट में जीता गोल्ड मेडल

    एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन रविवार को लगातार जारी है.

    तेजिन्दर पाल सिंह तूर ने शॉटपुट में गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    इससे पहले तेजिन्दर पाल सिंह ने 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में भी 20.75 मीटर थ्रो कर शॉटपुट का गोल्ड मेडल जीता था.

  13. एशियन गेम्सः अविनाश साबले का ऐतिहासिक कारनामा, इस स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने

    एशियन गेम्स में भारत के स्टीपलचेज़ रनर अविनाश साबले ने 3000 मीटर की रेस में गोल्ड जीता है.

    एशियन गेम्स के स्टीपलचेज़ में पहली बार भारत को गोल्ड मिला है यानी अविनाश ने इतिहास रच दिया है.

    अविनाश ने 2015 में ही दौड़ने की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए लंबी दूरी के धावक के रूप में तेज़ी से ख़ुद को स्थापित किया.

    2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में अविनाश रजत पदक भी अपने नाम कर चुके हैं.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, एशियन गेम्स: 3000 मीटर बाधादौड़ में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने अविनाश साबले

  15. एशियन गेम्सः महिला मुक्केबाज़ी में निखत ज़रीन को मिला कांसा

    भारतीय महिला मुक़्केबाज़ निख़त ज़रीन ने एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता है.

    महिला मुक्केबाज़ी के 50 किलोग्राम वर्ग के सेमीफ़ाइनल में निख़त ज़रीन को थाइलैंड की चुथमत रक्सत के हाथों हार का सामना करना पड़ा, लिहाजा उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा.

    इस मुक़ाबले के पहले दौर में निख़त ने 3-2 से बढ़त ले ली थी लेकिन दूसरे राउंड में वे 3-2 से पिछड़ते हुए यह मुक़ाबला हार गईं.

  16. इस्कॉन ने मेनका गांधी को 100 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस क्यों भेजा?

    इस्कॉन ने अपनी गोशाला में गायों के रखरखाव पर बीजेपी सांसद मेनका गांधी के उठाए गए सवाल को लेकर उन्हें 100 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक़, इस्कॉन के उपाध्यक्ष राधारमण दास ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, "इस्कॉन पर बेबुनियाद आरोप लगाने के लिए हमने मेनका गांधी को 100 करोड़ के मानहानि का नोटिस भेजा है."

    उन्होंने कहा, "मेनका गांधी बिना किसी तरह बग़ैर तथ्य या प्रमाण के इस तरह का झूठ बोल सकती हैं? कह रही हैं कि वो हमारे अनंतपुर गोशाला में आई थीं लेकिन वहां हमने बात की थी. जहां से हमें जानकारी मिली कि वो नहीं आई थीं. तो अपने घर में बैठ कर इस तरह का बयान देना कि इस्कॉन अपनी सभी गायों को कसाइयों को बेच रहा है, बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है."

    उन्होंने इसे झूठा आरोप बताते हुए कहा, "इस्कॉन के पूरी दुनिया के अनुयायी, समर्थक और शुभचिंतक आरोपों से बहुत दुखी हैं."

    इससे पहले इस्कॉन के प्रवक्ता युधिष्ठिर गोविंद दास ने मंगलवार को इसे लेकर एक रिलीज़ जारी करते हुए कहा था, "पूर्व केंद्रीय मंत्री का एक वीडियो हमारे संज्ञान में आया है जिसमें इस्कॉन और इसके गायों की देखभाल के मानकों को लेकर निराधार और ग़लत बयानी की गई है."

    उन्होंने यह भी बताया था कि भारत में इस्कॉन की 60 गोशालाएं हैं, जहां सैकड़ों की संख्या में गायों और बैलों की देखभाल की जा रही है. इन गोशालाओं में रखी गईं कई गाएं हमें बेसहारा या चोटिल अवस्था में मिली थीं. या फिर जिन्हें मारने के लिए ले जाया जा रहा था."

    इसमें यह भी बताया गया कि, "हाल के दिनों में इस्कॉन ने किसानों और ग्रामीणों के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की हैं जिसमें गायों की देखभाल की तकनीक की जानकारी दी गई."

  17. पीएम मोदी बोले- इन दो चीज़ों में मेरा अनुशासन नहीं आ रहा है

    स्वच्छ भारत अभियान के तहत पीएम मोदी समेत बीजेपी नेता रविवार को सार्वजनिक जगहों पर साफ़-सफ़ाई करते हुए दिखे.

    पीएम मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक वीडियो इस मौक़े पर शेयर किया गया. इस वीडियो में पीएम मोदी एक जगह पर हरियाणा के पहलवान और सोशल मीडिया पर सक्रिय अंकित बैयनपुरिया के साथ सफ़ाई करते हुए दिखे.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- आज देश जब स्वच्छता पर ज़ोर दे रही है. मैंने और अंकित ने भी ऐसा किया.

    वीडियो में पीएम मोदी अंकित से पूछते हैं- आप फिजिकल एक्टिविटी के लिए कितना समय देते हैं?

    अंकित जवाब देते हैं- दिन में चार से पांच घंटे. आपको देखकर भी प्रोत्साहित होते हैं कि आप भी इतनी एक्सरसाइज करते हो.

    इस पर पीएम मोदी कहते हैं, ''मैं ज़्यादा एक्सरसाइज़ नहीं करता लेकिन रोज़मर्रा की ज़िंदगी के लिए जितना चाहिए... मैं अनुशासन फॉलो करता हूं. दो चीज़ों में मेरा अनुशासन नहीं आ रहा है. एक- खाने की टाइमिंग और दूसरा सोने के लिए मुझे थोड़ा समय देना चाहिए. वो मैं दे नहीं पा रहा हूं.''

    अंकित कहते हैं- देश को सुलाने के लिए आपको जागना पड़ता है.

    पीएम मोदी ये सुनकर हँसते हैं.

  18. क्या मध्य प्रदेश चुनाव में सपा-कांग्रेस साथ लड़ेंगे या अकेले? अखिलेश यादव ने दिया जवाब

    समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव इन दिनों मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं. इसी दौरान अखिलेश से महिलाओं के 33 फ़ीसद आरक्षण, जाति जनगणना और चुनाव में कांग्रेस के साथ मिल कर उतरने से जुड़े सवाल पूछे गए.

    जब अखिलेश से पूछा गया कि क्या वे मध्य प्रदेश में 33 फ़ीसद महिलाओं को चुनाव में उतारेंगे तो उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश में चुनाव होने जा रहे हैं और बीजेपी की सूची के बाद सूची आ रही है. लेकिन क्या उन्होंने महिलाओं को उसमें 33 फ़ीसद जगह दी है?"

    वहीं जाति जनगणना के एक सवाल पर वे बोले, "हर समाज के लोग कह रहे हैं जाति जनगणना हो और आबादी के हिसाब से हक़ और सम्मान मिले."

    "जाति व्यवस्था आई उससे देश के समाज में बहुत दूरियां बनी हैं. समय समय पर महापुरुषों ने सुधार का काम किया. जिस समय समाज पढ़ा लिखा बनेगा, जातियां टूटेंगी. जिस समय समाज सम्पन्न होगा, सभी एक दूसरे के लिए खड़े होंगे."

    बीजेपी पर आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि वो हमें कहां ले जा रहे हैं, इस पर सभी को चिंता करनी होगी.

    इस दौरान उन्होंने बताया कि नवरात्र आते ही वहां वीआईपी सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर देंगे.

    उनसे जब ये सवाल पूछा गया कि क्या मध्य प्रदेश में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे या सपा अकेले ही उतरेगी?

    इस पर अखिलेश सीधा जवाब न देते हुए बोले, "हम चाहते हैं कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिल कर लड़े और बीजेपी को हराए."

  19. 2023 वर्ल्डकप टीम में ना चुने जाने पर युजवेंद्र चहल बोले- अब तो आदत हो चुकी है

    स्पिनर युजवेंद्र चहल 2023 के क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में न चुने जाने से निराश हैं.

    युजवेंद्र ने कहा कि वो इससे आगे निकलने के लिए तैयार हैं और वो ज़्यादा मेहनत कर भारतीय टीम में लौटने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

    'विजडन इंडिया' से बात करते हुए चहल ने कहा, ''मैं इस बात को समझता हूं कि टीम में 15 खिलाड़ी ही हो सकते हैं क्योंकि ये वर्ल्ड कप है. मुझे बुरा लग रहा है. ज़िंदगी में ऐसी चीजों से निकल कर आगे बढ़ना मेरी फितरत रही है.अब तो मुझे इसकी आदत हो गई है.''

    हँसते हुए वो बोले- मेरे सामने तीन वर्ल्डकप गुज़र चुके हैं.

    चहल ने 2016 में डेब्यू किया था. वे 2021 और 2022 के टी20 वर्ल्ड कप और 5 अक्टूबर से शुरू हो रहे 2023 वनडे वर्ल्ड कप की बात कर रहे थे. हालांकि वे 2022 की टीम में शामिल किए गए थे लेकिन उन्हें एक भी मैच में मौक़ा नहीं मिला था.

    चहल ने इस इंटरव्यू के अंत में यह भी कहा कि वो आगे और अधिक मेहनत करेंगे ताकि टीम में वापसी कर सकें.

    उन्होंने भारत को 2023 वनडे वर्ल्ड कप जीतने का सबसे बड़ा दावेदार बताया.

  20. एशियन गेम्स में अरशद नदीम से मुक़ाबले पर नीरज चोपड़ा ने क्या कहा?

    चीन के हांगज़ो में खेले जा रहे एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का अब तक का प्रदर्शन अच्छा रहा है.

    ख़बर लिखे जाने तक भारत ने 41 मेडल जीत लिए हैं और भारत चौथे नंबर पर बना हुआ है.

    चार अक्तूबर को ओलंपिक मेडल विजेता नीरज चोपड़ा का जैवलिन थ्रो में मुक़ाबला होना है. मैच से पहले नीरज चोपड़ा ने मीडिया से बात की है.

    नीरज चोपड़ा ने कहा, ''बहुत अच्छा लग रहा है. माहौल अच्छा है. पिछली बार एशियन गेम्स में गोल्ड जीता था. दोबारा से फिर यहां पर हैं. चार तारीख़ को फ़ाइनल है, अच्छा करेंगे. स्टेडियम गया था. पब्लिक भरी हुई थी. ये देखकर बहुत अच्छा लगता है. पिछली बार टोक्यो में गए थे, स्टेडियम बड़ा था पर लोग नहीं थे.''

    एक रिपोर्टर ने कहा- आज आप बड़े हैं.

    नीरज जवाब देते हैं, ''नहीं सर, बड़ा क्या. ये तो खेल और ज़िंदगी में चलता रहता है. इंसान बढ़ता रहना चाहिए, अपनी मेहनत जारी रखनी चाहिए.''

    पाकिस्तान से जुड़े सवाल पर नीरज चोपड़ा कहते हैं, ''अगर अरशद नदीम की बात करें तो जहां भी खेले हैं, जीते हैं. जो भी होगा, वो स्वीकार करेंगे. हम जब खेलते हैं तो यही रहता है कि अपना सर्वश्रेष्ठ कैसे खेलें. दिमाग में ये नहीं रहता कि कौन साथ में खेल रहा है. एथलीट्स के साथ ये रहता है कि सबसे पहले ख़ुद से मुकाबला होता है. खुद का सर्वश्रेष्ठ करने के लिए ज़ोर देना होता है.''

    नीरज चोपड़ा कहते हैं, ''मैं मानता हूं कि अपने इंडिया में इंडिया-पाकिस्तान का चलता है. अब एशियन गेम्स हैं तो यूरोप का कोई खिलाड़ी नहीं है तो फोकस और रहेगा. सबसे पहले तो खुद से मुकाबला है और अपनी थ्रो अच्छी करने की कोशिश रहेगी. अपनी कमियों से सीखते आए हैं कि कैसे क्या करते आए हैं. ख़ुद पर भरोसा रखना बहुत ज़रूरी है.''