You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मणिपुर में फिर से मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद, तीन दिन पहले ही हुई थी बहाल

करीब पाँच महीने से हिंसा झेल रहे मणिपुर में एक बार फिर से मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. एशियन गेम्सः भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सिंगापुर को 16-1 से हराया

    चीन में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल ए के मैच में सिंगापुर को 16-1 से हराया है.

    भारतीय टीम ने बीते दो मैचों में 32 गोल बनाए हैं.

    इससे पहले सोमवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हरा कर गोल्ड जीता.

    वहीं, विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल, ओलंपियन दिव्यांश पनवार और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की तिकड़ी ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड तोड़ा और गोल्ड जीता.

  2. कनाडा में भारतीय वाणिज्य दूतवास के बाहर खलिस्तान समर्थकों की रैली- सीबीसी

    कनाडा के पब्लिक ब्रॉडकास्टर सीबीसी के मुताबिक़ खलिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर सोमवार को कनाडा के वैंकूवर शहर में भारत के वाणिज्य दूतवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया.

    सीबीसी के अनुसार 75 लोगों ने इस रैली में हिस्सा लिया जो खलिस्तान के समर्थन में और भारत के विरोध में निकाली गई थी.

    कनाडा और खालिस्तान के झंडे लहराते हुए ये प्रदर्शनकारी भारत सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी वाला साइन-बोर्ड ले कर आए थे.

    सीबीसीके अनुसार, वैंकूवर पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए होवे स्ट्रीट के 300 ब्लॉक को बंद कर दिया था, भारी पुलिस उपस्थिति के बीच ये प्रदर्शन हुआ.

    यह विरोध प्रदर्शन खालिस्तान समर्थक अमेरिका स्थित समूह सिख फॉर जस्टिस ने आयोजित किया था. सिख फॉर जस्टिस के अध्यक्ष और खलिस्तान समर्थक नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू भी वैंकूवर पहुंचे थे.

    बीते सप्ताह कनाडा की संसद में प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा है कि खलिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत के एजेंट शामिल हो सकते हैं.

    भारत ने कनाडा के इन आरोपों को साफ़ ख़ारिज करते हुए इसे बेतुका और प्रेरित आरोप बताया है.

    कनाडा ने अब तक अपने आरोपों के पक्ष में कोई भी सबूत नहीं दिए हैं.

    ट्रूडो के इस आरोप के बाद भारत कनाडा के बीच राजनयिक विवाद पैदा हो गया.

    दोनों देशों ने एक दूसरे के एक-एक राजनयिकों को निष्कासित कर दिया.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने कनाडा स्थित वीज़ा सेंटर में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए कनाडा में वीज़ा सेवा फिलहाल रोक दी है.

  3. कनाडा-भारत तनाव पर दिल्ली में श्रीलंका के उच्चायुक्त किसके समर्थन में आए?

    भारत में श्रीलंका के उच्चायुक्त मिलिंडा मोरागोड़ा ने कहा है कि कनाडा के आरोपों पर भारत की प्रतिक्रिया "दृढ़ और सीधी" रही है. श्रीलंका इस मामले पर भारत का समर्थन करता है.

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलिंडा मोरागोड़ा से भारत और कनाडा के बीच चल रहे तनाव पर सवाल पूछा गया जिसके जवाब में उन्होंने कहा- “ मुझे लगता है कि कनाडा के आरोपों पर भारत की प्रतिक्रिया बहुत स्पष्ट, दृढ़ और सीधी रही है. जहां तक हमारी बात है हम भारत को इस मामले पर समर्थन करते हैं.”

    मिलिंडा मोरागोड़ा का भारत में बतौर उच्चायुक्त कार्यकाल पूरा होने वाला है. उन्होंने इस मौके पर बताया कि कैसे उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच संवाद और गहरा किया.

    मोरागोड़ा ने कहा- “अपने कार्यकाल के दौरान, मैंने दोनों देशों के बीच स्पष्ट संवाद बढ़ाने की उम्मीद की थी और मैंने भारत और श्रीलंका के बीच विश्वास गहरा करने की कोशिश की. श्रीलंका के राष्ट्रपति की हालिया यात्रा ने उस विश्वास और संवाद की नींव रखी. हमारे राष्ट्रपति ने पीएम मोदी और भारतीय विदेश मंत्री के साथ महत्वपूर्ण समय बिताया. ”

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा है कि खलिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत के एजेंट शामिल हो सकते हैं.

    भारत ने कनाडा के इन आरोपों को साफ़ ख़ारिज करते हुए इसे बेतुका और प्रेरित आरोप बताया है.

    कनाडा ने इन आरोपों के बाद भारत के एक राजनायिक को निष्कासित कर दिया, इसके जवाब में भारत ने भी कनाडा के एक राजनयिक को निकाल दिया.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने कनाडा स्थित वीज़ा सेंटर में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए कनाडा में वीज़ा सेवा फिलहाल रोक दी है.

    इसके अलावा भारत ने कनाडा को भारत में अपने उच्चायोग के स्टाफ़ को भी कम करने को कहा है.

    भारत का कहना है कि दोनों देशों के स्टाफ़ की संख्या और रैंक समान होनी चाहिए. भारत में कनाडा उच्चायोग के स्टॉफ़ की संख्या भारत के कनाडा में स्थित उच्चायोग के मुकाबले काफ़ी ज़्यादा है.

  4. कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- चुनाव नहीं लड़ना चाहता था, मैं ख़ुद चकित हूं

    मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, फग्गन सिंह कुलस्ते समेत तीन केंद्रीय मंत्रियों का नाम है.

    इंदौर-1 से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि मैं चुनाव नहीं लड़ना चाहता था लेकिन मुझे वरिष्ठ नेताओं का आदेश था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- “मैंने तो कहा था कि मैं चुनाव नहीं लड़ना चाहता हूं, लेकिन पार्टी के हमारे वरिष्ठ नेताओं का निर्देश परसों मिल गया था. मैं असमंजस में था.”

    “अब अचानक घोषणा कर दी तो मैं खुद ही बहुत आश्चर्यचकित रह गया. ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि फिर से पार्टी ने मुझे इलेक्टोरल पॉलिटिक्स में भेजा है. मैं कोशिश करूंगा कि जो पार्टी की अपेक्षा है उसे पूरा करूं.”

    सोमवार को देर शाम जारी की गई लिस्ट में बीजेपी ने मुरैना ज़िले की दिमनी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर, नरसिंहपुर विधानसभा सीट से प्रह्लाद पटेल और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को निवास सीट से प्रत्याशी बनाया है.

    बीजेपी अब तक 78 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर चुकी है.

    2018 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को 230 सदस्यीय विधानसभा में 114 सीटें और बीजेपी के खाते में 109 सीटें आई थीं. बहुमत न मिलने की स्थिति में कांग्रेस ने बसपा, सपा और अन्य का साथ लेकर सरकार बनाई थी, जिसका चेहरा कमलनाथ थे, लेकिन यह सरकार महज 15 महीनों में ही गिर गई.

  5. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    25 सितंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिएयहां क्लिककरें.