You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मणिपुर में फिर से मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद, तीन दिन पहले ही हुई थी बहाल

करीब पाँच महीने से हिंसा झेल रहे मणिपुर में एक बार फिर से मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, एशियन गेम्स: भारत की मिक्स्ड टीम ने घुड़सवारी में भी जीता स्वर्ण पदक, अब तक मिले तीन गोल्ड

    एशियाई खेलों में भारत के खाते में तीसरा गोल्ड आ गया है. घुड़सवारी स्पर्धा में भारत की मिक्स्ड टीम ने 41 साल बाद स्वर्ण पदक जीता है.

    भारत की मिक्स्ड टीम में हृदय छेड़ा, दिव्यकीर्ति सिंह, अनुष अग्रवाला और सुदीप्ति हजेला शामिल हैं.

    भारत इस प्रतिस्पर्धा में 209.205 पॉइंट के साथ पहले स्थान पर रहा, 2024.882 पॉइंट के साथ चीन दूसरे नंबर पर और 204.852 अंकों के साथ हांग-कांग (चीन) तीसरे पायदान पर रहा.

    इससे पहले मंगलवार को ही भारत की नेहा ठाकुर ने सेलिंग के आईएलसीए4 स्पर्धा में सिल्वल मेडल जीता है. वहीं पुरुषों की सेलिंग प्रतिस्पर्धा में एबाद अली 52 के नेट स्कोर के साथ तीसरे नंबर पर रहे और ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.

    तीन गोल्ड मेडल के साथ भारत ने एशियन गेम्स में अभी तक कुल 13 पदक जीते हैं.

  2. पाकिस्तान में गणेश चतुर्थी दो दिन की क्यों होती है

    पाकिस्तान के कराची में रहने वालीं सविता देव आनंद गणपति उत्सव की तैयारियां कर रही हैं.

    वो दूध, घी, काजू-बादाम से मोदक बना रही हैं. पाकिस्तानी हिंदू दस दिन के बजाय दो दिन ही गणेश चतुर्थी मनाते हैं. कराची से बीबीसी संवाददाता शुमाइला ख़ान की रिपोर्ट देखिए.

  3. आशीष मिश्रा टेनी को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त राहत, बीमार मां की देखभाल के लिए दिल्ली जाएंगे

    सुप्रीम कोर्ट ने लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में जेल में बंद आशीष मिश्रा टेनी को बीमार मां से सशर्त मिलने की इजाज़त दे दी है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मां से मिलने के लिए दिल्ली जाने पर आशीष मिश्रा लखीमपुर खीरी हिंसा से जुड़ी कोई भी बात मीडिया से नहीं करेंगे.

    जस्टिस सूर्य कांत और दिपांकर दत्ता की बेंच ने मंगलवार को अपने उस पहले दिए गए आदेश में बदलाव किया, जिसके अनुसार आशीष मिश्रा को दिल्ली न जाने की शर्त पर अंतरिम ज़मानत दी थी.

    मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने आशीष मिश्रा के दिल्ली न जाने की शर्त को हटा दिया.

    शीर्ष न्यायालय ने आज आशीष मिश्रा को अपनी बीमार मां की देखभाल करने और अपनी बेटी के इलाज के लिए दिल्ली जाने की इजाज़त दे दी.

    इसी साल 25 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने आशीष मिश्रा को कई शर्तों के साथ आठ सप्ताह की अंतरिम ज़मानत दी थी. बाद में समय-समय पर इसकी अवधि को बढ़ाया गया.

    आशीष मिश्रा पर आरोप है कि तीन अक्टूबर 2021 को केंद्र के तीन कृषि कानूनों (जिन्हें अब वापस ले लिया गया है) के ख़िलाफ़ लखीमपुर खीरी में प्रदर्शन कर रहे किसानों के ऊपर उन्होंने गाड़ी चलाई. इस घटना में चार किसानों सहित आठ लोगों की मौत हुई थी.

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 26 जुलाई 2022 को केंद्रीय मंत्री आशीष मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा की बेल याचिका खारिज कर दी थी. इस आदेश को आशीष मिश्रा ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.

  4. देव आनंद जब पाकिस्तान के लाहौर कॉलेज में दीवारों से लिपटकर रोए

    सदाबहार देवानंद का पाकिस्तान के लाहौर से गहरा नाता रहा. वो मुंबई आने से पहले यहीं थे.

    जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में वो पाकिस्तान गए, तो लाहौर में अपने कॉलेज जाना नहीं भूले और उन्होंने वहां क्या किया?

  5. नागोर्नो-काराबाख: तेल डिपो में धमाके से 20 लोगों की मौत, 200 से अधिक घायल

    अज़रबैजान के नागोर्नो-काराबाख़ में एक तेल डिपो में हुए धमाके से 20 लोगों की मौत हो गई है. आर्मीनिया के स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि इस धमाके में सैकड़ों लोग घायल भी हुए हैं.

    लगभग 300 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें दर्जनों लोगों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है.

    इस घटना से कुछ समय पहले आर्मीनिया की सरकार ने कहा था कि नागोर्नो-काराबाख से 13,350 शरणार्थी उनके यहां दाखिल हुए हैं.

    नागोर्नो काराबाख के विवादित इलाके में बहुसंख्यक आर्मीनिया मूल के लगभग 120,000 लोग रहते हैं. ये अभी तक साफ़ नहीं हो पाया है कि स्टीपनाकेर्ट शहर में सोमवार शाम को हुए इस धमाके की आख़िर वजह क्या थी.

    ह्यूमन राइट्स ओम्बुड्समैन गेग़म स्टीपयान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, "ईंधन डीपो पर हुए धमाके की वजह से घायल हुए लोगों की संख्या 200 से अधिक है."

    "इनमें से ज़्यादातर लोगों के स्वास्थ्य की स्थिति ख़राब या फिर बेहद ख़राब है. नागोर्नो-काराबाख में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं इस स्थिति से निपटने के लिए काफी नहीं है."

    मंगलवार को स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर 13 अज्ञात लोगों के शव बरामद हुए हैं और अस्पताल में सात अन्य लोगों की मौत हो गई है.

    पिछले हफ़्ते नागोर्नो-काराबाख पर अज़रबैजान के कब्ज़े के बाद येरेवान में आर्मीनिया की सरकार ने जंग की वजह से बेघर हुए लोगों को बसाने की योजना की थी.

    इसके बाद हज़ारों लोगों ने उस इलाके को छोड़ दिया है.

    आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान ने कहा है कि नागोर्नो काराबाख में 'जातीय नरसंहार' किया जा रहा है.

    निकोल पाशिनयान ने संवाददाताओं से कहा, "ये अब हो रहा है. ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस मुद्दे पर समझाने की कोशिश कर रहे हैं."

    अज़रबैजान ने कहा है कि वो आर्मीनिया मूल के लोगों को अपने नागरिकों के साथ बराबरी के स्तर पर जोड़ना चाहता है.

  6. दानिश अली ने कहा- बीजेपी ने की है मेरी 'ज़बानी लिंचिंग'

  7. पंजाब सरकार के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के ख़िलाफ़ लुकआउट नोटिस

    पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के ख़िलाफ़ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया है कि मनप्रीत सिंह बादल पर बठिण्डा में संपत्ति खरीदने के लिए कथित तौर पर वित्तीय अनियमितता बरतने के आरोप हैं.

    मनप्रीत बादल इस साल जनवरी में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे. पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने मनप्रीत बादल को गिरफ़्तार करने के लिए मुक़्तसर में उनके घर पर छापेमारी की थी.

    इस छापेमारी के बाद सोमवार को उनके ख़िलाफ़ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है. पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने प्रॉपर्टी खरीद के इस मामले में मनप्रीत बादल और पांच लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया है.

    मनप्रीत बादल के अलावा इस मामले में बठिण्डा डेवेलपमेंट अथॉरिटी (बीडीए) के चीफ़ एडमिनिस्ट्रेटर बिक्रमजीत शेरगिल, राजीव कुमार, अमनदीप सिंह, विकास अरोड़ा और पंकज को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. राजीव कुमार, अमनदीप सिंह और विकास अरोड़ा पहले ही गिरफ़्तार किए जा चुके हैं.

  8. उल्का पिंड की धूल में छिपे हैं कौन से राज़?

    सौर मंडल के लिए सबसे ख़तरनाक माने जाने वाले उल्का पिंड की धूल को अमेरिकी राज्य टेक्सस की एक स्पेशलिस्ट लैब में ले जाया जा रहा है.

    अरबों किलोमीटर का सफ़र तय करके, इस उल्का पिंड की धूल लाने वाले कैप्सूल की अमेरिका के यूटा में रविवार शाम को लैंडिंग हुई.

    वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस धूल के अध्ययन से, सौर मंडल से जुड़ी नई जानकारियां सामने आएंगी. देखिए बीबीसी संवाददाता रेबेका मोरेल की रिपोर्ट.

  9. अयोध्या में 22 जनवरी को होगी राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा: नृपेंद्र मिश्रा

    अयोध्या में राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष ने कहा है कि 22 जनवरी को भव्य और दिव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के दिए गए इंटरव्यू में राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने कहा, "मंदिर के भू-तल का काम 31 दिसंबर, 2023 तक निश्चय ही पूर्ण होगा. ट्रस्ट के साथ हमारी यही योजना भी थी."

    उन्होंने कहा, "22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा होगी. ट्रस्ट ने पूरे देश से ये निवेदन किया है कि यथासंभव अपने गांव में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा को मनाएं. प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को निश्चित रूप से दूरदर्शन के माध्यम से दिखाया जाएगा लेकिन सभी श्रद्धालुओं से निवेदन है कि वो 22 जनवरी को मंदिर आने का प्रयास ना करें."

    इससे पहले खबरें सामने आई थीं कि अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का उद्घाटन जनवरी, 2024 में होगा. मंदिर के निर्माण कार्य की कई तस्वीरें भी सामने आई थीं.

  10. भारत-कनाडा तनाव पर पंजाब के राजनीतिक दल इतने सतर्क क्यों हैं?

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, वहीदा रहमान को प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के सम्मान देने का एलान

    मशहूर अभिनेत्री वहीदा रहमान को इस साल प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देने की घोषणा की गई है.

    केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसकी घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की.

    इस अवॉर्ड की घोषण करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक्स पर लिखा, "मुझे एलान करते हुए बेहद खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है कि वहीदा रहमान जी को भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए इस साल प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है."

    "वहीदा जी को हिंदी फिल्मों में उनकी भूमिकाओं के लिए समीक्षकों ने भरपूर सराहा. उन्होंने प्यासा, कागज के फूल, चौदहवी का चांद, साहेब बीवी और गुलाम, गाइड, खामोशी और कई अन्य फिल्मों में बेहतरीन काम किया."

    "अपने पांच दशकों से लंबे करियर मेंउन्होंने अपनी भूमिकाओं को बेहद खूबसूरती से निभाया है. उन्हें फिल्म रेशमा और शेरा में एक कुलवधू की भूमिका के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया."

    "पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित वहीदा जी ने एक भारतीय नारी के समर्पण, प्रतिबद्धता और ताकत का उदाहरण प्रस्तुत किया है जो अपनी कड़ी मेहनत से पेशेवर उत्कृष्टता के उच्चतम स्तर को हासिल कर सकती है."

  12. नेपाल-चीन में हुए 12 समझौते, प्रचंड ने चीन में भारत के सवाल पर दिया यह जवाब

  13. कनाडा-भारत तनाव: दिल्ली दौरे पर आए कनाडा के फौजी कमांडर ने क्या कहा

    दिल्ली में चल रही इंडो-पैसेफ़िक आर्मी के प्रमुखों की कॉन्फ्रेंस में शिरकत करने आए कनाडा की सेना के डिप्टी कमांडर मेजर जनरल पीटर स्कॉट ने कहा है भारत-कनाडा के बीच चल रहा तनाव राजनीतिक मुद्दा है, उसके इतर हम दोनों देश एक दूसरे से सीखना जारी रखेंगे.

    स्कॉट ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "प्रधानमंत्री ट्रूडो ने संसद में जो भी कहा है मुझे उसकी पूरी जानकारी है. इस मामले पर स्वतंत्र जांच चल रही है, भारत से उस जांच में सहयोग देने की अपील की गई है. लेकिन उसका सेना से कोई लेना-देना नहीं है. ये सेनाओं की साझेदारी है. दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे से सीखने, एक साथ प्रशिक्षण और अभ्यास करने के अवसर तलाशने पर फोकस रखेंगी."

    इस कॉन्फ्रेंस में ही शामिल होने आए कनाडा के चीफ़ वारंट आफ़िसर जेम्स स्मिथ ने कहा है, "हमारे कमांडर ने भारत-कनाडा के राजनयिक संबंधों पर कोई टिप्पणी नहीं की है. मैं यहां सिर्फ सैन्य साझेदारी के लिए आया हूं और खुश हूं कि भारतीय सेना ने अच्छी मेजबानी की है."

    आर्मी चीफ़ कॉन्फ्रेंस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है, "इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को सुरक्षा की जटिल चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. जिसमें सीमा विवाद, समुद्री डकैती जैसी गतिविधियां शामिल हैं. इन चुनौतियों से व्यापक रूप से निपटने की ज़रुरत को देखते हुए इस क्षेत्र के देशों ने सभी स्तर पर साझेदारी बढ़ायी है जिसमें सेनाओं की साझेदारी भी शामिल है."

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा है कि खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत के एजेंट शामिल हो सकते हैं.

    भारत ने कनाडा के इन आरोपों को साफ़ ख़ारिज करते हुए इसे बेतुका और प्रेरित आरोप बताया है.

    कनाडा ने इन आरोपों के बाद भारत के एक राजनायिक को निष्कासित कर दिया, इसके जवाब में भारत ने भी कनाडा के एक राजनयिक को निकाल दिया.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने कनाडा स्थित वीज़ा सेंटर में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए कनाडा में वीज़ा सेवा फिलहाल रोक दी है.

  14. तमिलनाडु में एआईएडीएमके ने बीजेपी से गठबंधन क्यों तोड़ा, क्या होगा इसका असर?

  15. साल 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी टूट सकती है: संजय राउत

    शिवसेना के उद्धव बाला साहेब ठाकरे धड़े के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि साल 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी टूट सकती है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में संजय राउत कहा, "जिस एनडीए में शिवसेना और अकाली दल नहीं है, वो एनडीए नहीं है. एनडीए की असली ताक़त भी शिवसेना और अकाली दल थी. बाक़ी के सब आते रहे-जाते रहे. हम ही उनके साथ 25-25 साल तक रहे. सिर्फ़ एआईएडीएमके ही नहीं और भी लोग (एनडीए के अन्य घटक दल) उन्हें छोड़ कर जाएंगे. साल 2024 से पहले बीजेपी भी टूटेगी."

    संजय राउत का कहना है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया के गठन के बाद ही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को एनडीए को पुनर्जीवित करने की याद आई.

    उन्होंने कहा, "जब हम लोगों ने इंडिया अलायंस का गठन किया तब ये बीजेपी वालों को एनडीए की याद आ गई. जब हम लोग पटना में थे तब अचानक से उन्हें याद आया कि एनडीए बनाया जाना चाहिए. तब तक तो 'मोदी काफी है...' 'अकेला मोदी काफी है...' लेकिन जब इंडिया गठबंधन का निर्माण हो गया तो मोदी अकेले नहीं बल्कि उनके साथ और भी लोग चाहिए. लेकिन ये बहुत कमज़ोर एनडीए है."

  16. भवानी देवी: तलवारबाज़ी में इतिहास बनाने वाली चैंपियन

  17. कनाडा की संसद में नाज़ियों के लिए लड़ने वाले को सम्मान दिए जाने पर जस्टिन ट्रूडो बोले- ये शर्मनाक है

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सोमवार को कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाज़ियों के लिए लड़ने वाले शख़्स का खड़े होकर अभिवादन करना शर्मनाक वाकया था और ऐसे इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.

    समाचार एजेंसी एफ़पी के मुताबिक़ प्रधानमंत्री ट्रूडो ने कहा कि ये 'ज़ाहिर तौर पर अस्वीकार्य है.'

    पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "ये कनाडा की संसद और सभी कनाडाई लोगों के लिए शर्मिंदगी की बात है."

    इस गलती के लिए कनाडा की संसद के स्पीकर ने माफ़ी मांगी है.

    स्पीकर एंथनी रोटा ने 98 साल के यारोस्लाव हुंका को यूक्रेनवॉर का हीरो बताया था और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की उपस्थिति में कनाडा की संसद में उन्हें सभी ने खड़े होकर सम्मान दिया.

    बाद में सामने आया कि हुंका हिटलर की फ़ौज़ में थे और नाज़ियों की तरफ़ से दूसरे विश्व युद्ध में लड़े थे.

    इस घटना के बाद कनाडा के कई नेता ट्रूडो प्रशासन की निंदा करते हुए रोटा के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं. जबकि कनाडा की मुख्य विपक्षी कंज़र्वेटिव पार्टी ने हुंका की पृष्ठभूमि की ठीक से जांच करने में फेल साबित हुई ट्रूडो प्रशासन की आलोचना की.

  18. राजस्थान में मेवाड़ की सीटों पर क्यों है मोदी और राहुल गांधी की नज़र?- ग्राउंड रिपोर्ट

  19. भारत-कनाडा तनाव पर श्रीलंका के विदेश मंत्री ने खुल कर दिया भारत का साथ

    श्रीलंका के विदेश मंत्री अली साबरी ने कहा कि कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर बिना सबूतों के अपमानजनक आरोप लगाए हैं. श्रीलंका को लेकर भी उन्होंने कहा था कि हमारे यहां नरसंहार हो रहा है जो बिलकुल झूठ था.

    न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे अली साबरी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा- “कुछ आतंकवादियों को कनाडा में सुरक्षित ठिकाना मिल गया है. कनाडाई प्रधानमंत्री ने बिना किसी सबूत के अपमानजनक आरोप भारत पर लगाए हैं और ये उनका तरीका है.”

    “यही बात उन्होंने श्रीलंका के लिए भी की थी,कनाडा ने कहा था कि श्रीलंका में नरसंहार हुआ जो सरासर झूठ था. सभी जानते हैं कि हमारे देश में कोई नरसंहार नहीं हुआ. ये आरोप संदेहास्पद है और हम अतीत में इससे निपट चुके है."

    “भारत ने सीधे तौर पर इस मामले को ख़ारिज कर दिया है. मुझे इस बात पर आश्चर्य नहीं है, कभी-कभी प्रधानमंत्री ट्रूडो अपमानजनक और अपुष्ट आरोप लगाते हैं.”

    "हमने देखा कि पीएम ट्रूडो ने बीते दिनों दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नाज़ियों से जुड़े एक व्यक्ति का ज़ोरदार स्वागत किया था.”

    इससे पहले भारत में श्रीलंका के उच्चायुक्त मिलिंडा मोरागोड़ा ने कहा था कि कनाडा के आरोपों पर भारत की प्रतिक्रिया "दृढ़ और सीधी" रही है. श्रीलंका इस मामले पर भारत का समर्थन करता है.

    दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलिंडा मोरागोड़ा से भारत और कनाडा के बीच चल रहे तनाव पर सवाल पूछा गया जिसके जवाब में उन्होंने कहा- “ मुझे लगता है कि कनाडा के आरोपों पर भारत की प्रतिक्रिया बहुत स्पष्ट, दृढ़ और सीधी रही है. जहां तक हमारी बात है हम भारत को इस मामले पर समर्थन करते हैं.”

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा है कि खलिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत के एजेंट शामिल हो सकते हैं.

    भारत ने कनाडा के इन आरोपों को साफ़ ख़ारिज करते हुए इसे बेतुका और प्रेरित आरोप बताया है.

    कनाडा ने इन आरोपों के बाद भारत के एक राजनायिक को निष्कासित कर दिया, इसके जवाब में भारत ने भी कनाडा के एक राजनयिक को निकाल दिया.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने कनाडा स्थित वीज़ा सेंटर में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए कनाडा में वीज़ा सेवा फिलहाल रोक दी है.

    इसके अलावा भारत ने कनाडा को भारत में अपने उच्चायोग के स्टाफ़ को भी कम करने को कहा है.

    भारत का कहना है कि दोनों देशों के स्टाफ़ की संख्या और रैंक समान होनी चाहिए. भारत में कनाडा उच्चायोग के स्टॉफ़ की संख्या भारत के कनाडा में स्थित उच्चायोग के मुकाबले काफ़ी ज़्यादा है.

  20. आधार को लेकर मूडीज़ के सवाल पर अब सरकार ने दिया जवाब

    ग्लोबल रेटिंग एजेंसी मूडीज़ ने बीते दिनों आधर कार्ड के बायोमैट्रिक वैरिफ़िकेशन को अविश्वसनीय बताते हुए कहा कि गर्मी और आर्द्रता के समय में इसका बायोमैट्रिक सिस्टम काम नहीं करता.

    इस रिपोर्ट पर अब भारत सरकार ने जवाब देते हुए कहा है कि डिजिटल पहचान प्रणाली,आधार एक भरोसेमंद व्यवस्था है.

    मूडीज़ की रिपोर्ट में आधार को यूज़र्स की सिक्योरिटी और प्राइवेसी के लिए भी ख़तरा बताया गया था.

    इस रिपोर्ट पर भारत सरकार के आईटी मंत्रालय ने कहा है कि “मूडीज़ की रिपोर्ट में कोई प्राइमरी या सेकेंड्री डेटा या रिसर्च इस विचार के समर्थन में नहीं पेश किया गया है.”

    मूडीज ने अपनी रिपोर्ट में आधार की बायोमेट्रिक तकनीक की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया था, रिपोर्ट में कहा गया था कि खासकर गर्म इलाकों में मज़दूरों के लिए ये अक्सर फेल होता है.

    इस पर भारत सरकार ने कहा- “महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) जैसी योजनाओं के तहत मज़दूरों को भुगतान सीधे उनके खाते में किया जाता है और इसके लिए उनके बायोमेट्रिक्स की ज़रूरत नहीं होती हैं.”

    “ मूडीज़ ने फिंगर बायोमैट्रिक की बात की लेकिन आधार में फेस आइडेंटिफिकेशन और आइरिस का भी बायोमैट्रिक होता है. आज तक आधार के डेटाबेस में कोई ब्रीच नहीं हुआ है.”

    सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में आधार की वैधता को बरक़रार रखा, लेकिन इससे यूज़र की प्राइवेसी के ख़तरे को लेकर चिंता ज़ाहिर की थी. कोर्ट ने आधार को हर जगह अनिवार्य बनाने की मांग को ख़ारिज कर दिया था.