You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मणिपुर में फिर से मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद, तीन दिन पहले ही हुई थी बहाल

करीब पाँच महीने से हिंसा झेल रहे मणिपुर में एक बार फिर से मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. मणिपुर में फिर से मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद, तीन दिन पहले ही हुई थी बहाल

    करीब पाँच महीने से हिंसा झेल रहे मणिपुर में एक बार फिर से मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई है.

    तीन मई को हिंसा शुरू होने के कुछ दिन बाद से बंद हुई मोबाइल इंटरनेट सेवा 23 सितंबर को ही बहाल हुई थी.

    मणिपुर सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार अगले पाँच दिनों तक ये प्रतिबंध लागू रहेगा.

    आदेश में कहा गया है कि इंटरनेट पर रोक एक अक्टूबर की शाम 7 बजकर 45 मिनट तक रहेगी. समयावधि पूरे होने से 24 घंटे पहले स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आगे इसके बाद निर्णय लिया जाएगा.

    इसमें कहा गया है कि व्हाट्सऐप, फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि के ज़रिए कई अफ़वाहें उड़ाई जा रही हैं, जिससे किसी की जान जा सकती है और निजी-सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंच सकता है या राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है.

  2. भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त का दावा- दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ा सैन्य निर्माण कर रहा चीन

    भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने ये दावा किया है कि चीन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से अब तक के सबसे बड़ा सैन्य निर्माण कर रहा है, वो भी इसके रणनीतिक मकसद पर बगैर स्पष्टीकरण दिए.

    फिलिप ग्रीन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया चीन के साथ मुश्किल दौर के बाद अब रिश्ते स्थिर करने की कोशिश कर रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उन्होंने कोलकाता में हो रहे ऑस्ट्रेलिया और भारत के एक संयुक्त कार्यक्रम में ये दावा किया.

    ग्रीन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और चीन के बीच तीन साल के तनाव के बाद इस महीने उच्च-स्तरीय वार्ता बहाल हुई है. लेकिन हमें वो स्वीकार करना होगा, जो हम दुनिया में देखते हैं.

    इनमें से एक सच्चाई ये सैन्य निर्माण और इसकी अस्थिरता फैलाने की संभावित क्षमता है.

  3. जी-20 से जुड़े इवेंट में बोले पीएम मोदी- सऊदी अरब भारत में...

    जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट के समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि सऊदी अरब भारत में 100 बिलियन डॉलर निवेश करने जा रहा है.

    इस सम्मेलन की सफलता को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले 30 दिनों में भारत की कूटनीति नई ऊंचाई पर पहुंची है.

    इस मौके पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर जी-20 से जुड़ी चार किताबों का विमोचन भी किया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "यह समय त्योहारों का है. आप प्रयास करें कि त्योहारों में गिफ्ट देने के लिए जो भी आप ख़रीददारी करें वह 'मेड इन इंडिया' हो. अपने जीवन में भी आप उन्हीं वस्तुओं का प्रयोग करें जिसमें भारत की मिट्टी की खुशबू हो. आप सूची बनाएं कि आप जिन चीज़ों का उपयोग करते हैं उनमें से कितनी हमारे देश की हैं और कितनी बाहर की."

    उन्होंने कहा, "इस साल भौतिक इन्फ्रास्ट्रक्चर में 10 लाख करोड़ का निवेश किया जा रहा है. इस तरह का निवेश साल-दर-साल बढ़ता जा रहा है. आप जैसे युवाओं के लिए यह अवसरों का दौर है. 2020 के बाद करीब 5 करोड़ साथी ईपीएफओ से जुड़े हैं. इसमें करीब 3.5 करोड़ लोग ऐसे हैं जो पहली बार ईपीएफओ के दायरे में आए हैं. उन्हें पहली बार फॉर्मल जॉब मिली है."

    पीएम मोदी ने कहा, "जी-20 खत्म हुआ तो सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस की राजकीय यात्रा शुरू हुई. सऊदी अरब भारत में 100 बिलियन डॉलर निवेश करने जा रहा है. भारत के प्रधानमंत्री के रूप में बीते 30 दिन में मेरी दुनिया के 85 नेताओं से बैठक हुई है. जब भारत के रिश्ते दूसरे देशों से अच्छे होते हैं और नए रिश्ते जुड़ते हैं तो भारत के लिए भी नई ज़िम्मेदारी, साथी मिलता है और इस सबका फायदा मेरे युवाओं को होता है."

    उन्होंने कहा, "पिछले 30 दिनों में भारत की कूटनीति नई ऊंचाई पर पहुंची है. जी-20 से पहले दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स सम्मेलन हुआ. भारत के प्रयास से ब्रिक्स में 6 नए देश शामिल हुए. आज के ध्रुवीकृत अंतरराष्ट्रीय वातावरण में इतने सारे देशों को एक साथ एक मंच पर लाना, छोटा काम नहीं है. आप एक पिकनिक की तैयारी करें तो भी तय नहीं कर पाते कि कहां जाएं."

    "जी-20 के आयोजन को और भारत ने उसको जिस ऊंचाई पर पहुंचा दिया है यह देखकर दुनिया चकित है. लेकिन मैं बिलकुल हैरान नहीं हुआ क्योंकि जिस कार्यक्रम को सफल बनाने का बेड़ा जब युवा उठा लेते हैं तो उस कार्यक्रम का सफल होना तय हो जाता है."

  4. केरल पुलिस ने कहा- पीटे जाने का 'झूठा' दावा करने वाला सेना का जवान गिरफ़्तार

    केरल के कोल्लम शहर में पुलिस ने सेना के एक जवान और उनके दोस्त को गिरफ़्तार किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, छुट्टी पर कोल्लम में अपने घर आए इस जवान ने सेना की अपनी यूनिट और पुलिस के समक्ष ये शिकायत दर्ज कराई थी कि उन पर पांच-छह लोगों ने हमला किया था और उनकी पीठ पर पीएफआई लिख दिया था.

    कोल्लम रूरल के एडिश्नल पुलिस सुप्रिटेंडेंट आर प्रतापन नायर ने मंगलवार को कहा, "उन्होंने कडक्कल पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराया था. जांच के दौरान ये बात सामने आई कि उनकी शिकायत झूठी थी. इस आधार पर उन्हें आज गिरफ़्तार कर लिया गया. उनके एक दोस्त को भी गिरफ़्तार किया गया है."

    उन्होंने कहा, "वे सेना के एक जवान हैं और वे ऐसा करके देश भर की नज़रों में आना चाहते थे. इसके बाद उन्हें इस घटना से कुछ मिल जाता. वे अपने लिए एक सुटेबल पोस्टिंग चाहते थे."

    कथित हमले का दावा करने वाले सेना के इस जवान के पिता बालन ने कहा, "वो अपने एक दोस्त से मिलने बाहर गया हुआ था. रास्ते में उसने दो लोगों को खड़ा देखा. चूंकि रात का वक़्त था, इसलिए उसने उनसे पूछा कि क्या उन्हें मदद की ज़रूरत है?"

    बालन ने बताया, "उन लोगों ने कहा- हां. वे लोग मेरे बेटे को एक जगह पर ले गए. उसे पीछे से मारा. उसके हाथ बांध दिए. उसके बाद कपड़े फाड़ दिए और फिर उसकी पीठ पर पीएफआई लिख दिया. वे लोग फिर वहां से चले गए. उनके जाने के बाद मेरे बेटे ने किसी तरह अपना बंधा हुआ हाथ खोला."

    "अपना मोबाइल लिया और मदद के लिए फोन किया. इसके बाद वो अस्पताल और पुलिस स्टेशन गया. मुझे मालूम चला है कि पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है लेकिन इसके बारे में मुझे ज़्यादा जानकारी नहीं है."

    सोमवार को भारतीय सेना एक बयान जारी कर कहा था कि वो इस घटना की जांच कर रही स्थानीय पुलिस के साथ मामले पर नज़र रख रहे हैं.

  5. बीजेपी नेता शहनवाज़ हुसैन हार्ट अटैक के बाद मुंबई के अस्पताल में भर्ती

    बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शहनवाज़ हुसैन की तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

    शहनवाज़ हुसैन हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे.

    सामाचर एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ डॉक्टरों ने जांच के बाद पाया कि उन्हें दिल का हल्का दौरा भी पड़ा था.

    उसके बाद शहनवाज़ हुसैन की एंजियोप्लास्टी की गई है.

  6. कनाडा के डिप्टी आर्मी चीफ़ ने बताया, कूटनीतिक विवाद का भारत से सैन्य रिश्तों पर क्या होगा असर?

    कनाडा के डिप्टी आर्मी चीफ़ मेजर जनरल पीटर स्कॉट ने कहा है कि भारत के साथ चल रहे कूटनीतिक विवाद का दोनों देशों के रक्षा सहयोग पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बीते सप्ताह संसद में ये आशंका जताई थी कि खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत के एजेंटों का हाथ हो सकता है. भारत ने इन आरोपों को बेतुका बताया.

    इसके बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के राजनयिकों को निष्कासित किया. फिलहाल दोनों देशों के रिश्ते सबसे बुरे दौर में हैं.

    भारत ने अस्थायी तौर पर कनाडाई नागरिकों को वीज़ा पर रोक लगा दी और कनाडा से भारत में अपने राजनयिकों की संख्या भी कम करने को कहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार मेजर जनरल स्कॉट अभी इंडो-पैसिफ़िक चीफ़ कॉन्फ़्रेंस (आईपीएसीसी) में शामिल होने के लिए भारत दौरे पर हैं. इस कॉन्फ़्रेंस में 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधि पहुंचे हैं.

    पीटीआई से मेजर जनरल स्कॉट नेकहा कि ये मामला राजनीतिक स्तर पर सुलझाना चाहिए और इसका भारत-कनाडा के सैन्य सहयोग पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए.

    उन्होंने कहा, "उसका (विवाद) हमारे ऊपर कोई असर नहीं होने जा रहा. हम ये मामला राजनीतिक स्तर पर छोड़ते हैं कि वो इसे सुलझाने की कोशिश करें. हम यहां आकर खुश हैं और हमें नहीं लगता कि विवाद का कोई असर पड़ रहा है."

    मेजर जनरल स्कॉट ने कहा, "मैंने कल आपके सैन्य प्रमुख जनरल मनोज पांडे से बात की. हम दोनों इस बात पर सहमत थे कि ये एक राजनीतिक मुद्दा है और इसका हमारे सैन्य रिश्ते में कोई दखल नहीं होगा."

  7. दिनभर: संयुक्त राष्ट्र महासभा में विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान के क्या हैं मायने?

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, संयुक्त राष्ट्र महासभा में एस जयशंकर: वे दिन ख़त्म हो गए जब...

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा है कि वे दिन ख़त्म हो गए जब कुछ देश एजेंडा तय करते थे और दूसरों से उसके अनुरूप चलने की उम्मीद करते थे.

    न्यूयॉर्क में उन्होंने कहा, "ऐसे समय में जब पूर्व-पश्चिम ध्रुवीकरण इतना तीव्र है और उत्तर-दक्षिण विभाजन इतना गहरा है, नई दिल्ली शिखर सम्मेलन भी इस बात की पुष्टि करता है कि कूटनीति और संवाद ही एकमात्र प्रभावी समाधान हैं."

    उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में हुए जी-20 सम्मेलन से जो कुछ हासिल हुआ उसकी गूंज आने वाले कई सालों तक सुनने को मिलेगी. गुटनिरपेक्ष आंदोलन के दौर से लेकर अब हम विश्व मित्र के तौर पर उभरे हैं.

    जयशंकर ने कहा कि अब वो दिन बीत चुके हैं जब कुछ देश एक एजेंडा सेट करते थे और दूसरे देशों से उसी पर चलने की उम्मीद करते थे. उन्होंने कहा कि अभी भी कुछ देश ऐसे हैं जो एजेंडा को शेप देते हैं और नियमों गढ़ने की कोशिश करते हैं. ये अनिश्चितकाल तक नही चल सकता.

  9. ये यान क्या है, कहां से आया है और क्या लेकर आया है

    ये अनोखी चीज़ अंतरिक्ष का लंबा सफ़र तय करते हुए धरती पर आई है. अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा का यह स्पेस कैप्सूल रविवार रात को एस्टेरॉयड बेन्नू का सैंपल लेकर अमेरिका के यूटा रेगिस्तान पर उतरा.

    एस्टेरॉयड को क्षुद्रग्रह कहते हैं, ये अंतरिक्ष में मौजूद चट्टानें होती हैं. ये आकार में ग्रहों में छोटे और उल्कापिंड से बड़े होते हैं.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, LIVE: संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर का भाषण, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर का संयुक्त राष्ट्र महासभा में संबोधन, क्या कनाडा पर रखेंगे देश की बात?

  11. गिल, पांड्या, ठाकुर और अक्षर पटेल ऑस्ट्रेलिया के साथ आख़िरी वनडे में नहीं खेलेंगे

    ऑस्ट्रेलिया के साथ जारी तीन एकदिवसीय मैचों के आख़िरी मुकाबले में शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल नहीं खेलेंगे.

    कप्तान रोहित शर्मा ने बताया है कि ये खिलाड़ी तीसरे वन डे में नहीं रहेंगे.

    भारत ने शुरुआती दो मैच जीतकर सिरीज़ भी जीत ली है.

    पहले दो मैचों में टीम की कप्तानी केएल राहुल कर रहे थे.

    पिछले मैच में शुभमन गिल ने शतक जड़ा था.

    वहीं, अक्षर पटेल एशिया कप के मुक़ाबले में लगी चोट के बाद से टीम से बाहर चल रहे हैं.

    तीसरा मुक़ाबला राजकोट में बुधवार को होना है.

  12. तुर्की और भारत के बीच रिश्ते कैसे बिगड़ते जा रहे हैं?

  13. दादा साहेब फाल्के पुरस्कार पाने के बाद वहीदा रहमान ने कहा- दोगुना खुश हूं...

    प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के लाइफ़टाइम अचीवमेंट पुरस्कार पाने के बाद अभिनेत्री वहीदा रहमान ने कहा है कि उन्हें दोगुनी खुशी हुई है क्योंकि ये घोषणा 'गाइड' फ़िल्म में उनके को-स्टार देवानंद के 100वें जन्मदिन के मौके पर हुई है.

    वहीदा रहमान ने वर्ष 1956 में गुरुदत्त की फ़िल्म 'सीआईडी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. फ़िल्म में वो देवानंद के अपॉज़िट भूमिका में थी.

    बाद में वहीदा रहमान ने देवानंद के साथ प्रेम पुजारी और सोलवा साल जैसी कई और फ़िल्मों में काम किया.

    पुरस्कार की घोषणा के बाद वहीदा रहमान ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "मैं बहुत खुश हूं और दोगुना खुशी इसलिए हो रही है क्योंकि आज देवानंद का जन्मदिन है. मुझे लगता है, तोहफ़ा उनको मिलना था, मुझे मिल गया."

    "ये शानदार है कि उनके जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा है और आज मुझे ये सम्मान मिला. मैं वाक़ई बहुत ख़ुश हूं और सरकार के प्रति आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इस सम्मान के लिए चुना."

    85 साल की हो चुकी वहीदा रहमान ने कहा कि उन्हें किसी अवॉर्ड की उम्मीद नहीं रहती.

    उन्होंने कहा, "मैं इन दिनों काम नहीं कर रही. मैं किसी चीज़ की उम्मीद नहीं रखती, मैंने कभी किसी अवॉर्ड की उम्मीद नहीं की. मेरा मानना है कि मिलना है तो मिलेगा. अगर उन्हें मेरे लिए ठीक लगेगा तो मुझे मिल जाएगा."

    केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसकी घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की.

    इस अवॉर्ड की घोषण करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक्स पर लिखा, "मुझे एलान करते हुए बेहद खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है कि वहीदा रहमान जी को भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए इस साल प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है.

  14. एक्ट्रेस मोना सिंह को कैसे मिला था जस्सी का रोल

    टीवी सीरियल 'जस्सी जैसा कोई नहीं है' से शुरुआत करने वालीं एक्ट्रेस मोना सिंह आज फ़िल्मों का जाना-पहचाना चेहरा हैं.

    आख़िर मोना सिंह को कैसे मिला था जस्सी का रोल और क्यों लंबे समय तक मोना सिंह ने कोई मैनेजर नहीं रखा था. टीवी सीरियल से फ़िल्मों तक के सफर पर मोना सिंह ने बीबीसी के लिए नयनदीप रक्षित से बातचीत की है.

  15. पाकिस्तान में तैनात अमेरिकी राजदूत के गिलगित-बाल्टिस्तान के दौरे पर क्या बोले भारत में अमेरिका के ऐम्बैसडर

    पाकिस्तान में अमेरिका के राजदूत की पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के दौरे को लेकर छिड़े विवाद के बीच भारत में यूएस एंबेसेडर एरिक गार्सेटी ने जवाब दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गार्सेटी ने कहा है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने जी-20 की बैठकों के लिए जम्मू और कश्मीर का दौरा भी किया था.

    बीते सप्ताह पाकिस्तान में अमेरिका के राजदूत डोनाल्ड ब्लोम पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के छह दिवसीय दौरे पर थे.

    20वें इंडो-यूएस इकोनॉमिक समिट से इतर मीडिया से बातचीत के दौरान गार्सेटी ने कहा, "पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत से जुड़े सवाल पर मुझे जवाब नहीं देना चाहिए लेकिन वो पहले भी वहां जा चुके हैं और हमारा प्रतिनिधिमंडल जी-20 के दौरान कश्मीर भी गया था."

    हालांकि, गार्सेटी ने ये भी स्पष्ट कर दिया कि जम्मू और कश्मीर का विवाद भारत-पाकिस्तान को द्विपक्षीय स्तर पर सुलझाना चाहिए न कि अमेरिका सहित किसी अन्य तीसरे पक्ष को इसमें पड़ना चाहिए.

    पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों में बताया गया था कि वहां अमेरिका के राजदूत डोनाल्ड ब्लोम ने गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र का दौरा किया था और वहां के स्थानीय लोगों से बातचीत भी की थी.

  16. नागोर्नो-कराबाख़ में आख़िर क्या है विवाद की जड़

    नागोर्नो-काराबाख़ में हालिया संघर्ष के बाद आर्मीनियाई मूल के हज़ार से ज़्यादा लोग इस इलाक़े को छोड़कर जा रहे हैं.

    नागोर्नो-काराबाख़ का इलाक़ा पूर्वी यूरोप और एशिया के पहाड़ी इलाक़ों और ब्लैक-सी-कैस्पियन सागर के बीच में है.

    अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे अज़रबैजान का हिस्सा माना जाता है, लेकिन पिछले तीन दशकों से यहां आर्मीनियाई समूह के लोगों का नियंत्रण है.

  17. मणिपुर में लापता छात्रों के शव मिलने को लेकर प्रियंका गांधी बोलीं- केंद्र सरकार को शर्म आनी चाहिए

    मणिपुर के दो लापता छात्रों के शवों की तस्वीर वायरल होने को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा है कि केंद्र सरकार को अपनी 'निष्क्रियता' पर शर्म आनी चाहिए.

    प्रियंका गांधी ने ये भी आरोप लगाया है कि मणिपुर में अभी भी भयावह अपराध बेरोकटोक जारी हैं.

    जुलाई महीने से लापता छात्रों के शवों की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के कुछ घंटों के बाद ही मणिपुर सरकार ने लोगों से अपील की है कि वो इस मामले में कोई भी जानकारी साझा करने में संयम बरतें ताकि, प्रशासन इन दोनों बच्चों के 'अपहरण और हत्या' की जाँच कर सके.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार इन दोनों छात्रों की पहचान 20 वर्षीय फिजम हेमजित और 17 वर्षीय हिजम लिंथोईनगांबी के रूप में हुई है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर प्रियंका गांधी ने लिखा है, "मणिपुर से एक और दहला देने वाली ख़बर. जातीय हिंसा के सबसे बड़े पीड़ित बच्चे हैं. ये हमारा दायित्व है कि हम उन्हें सुरक्षित रखें. मणिपुर में जो भयावह अपराध हो रहे हैं उन्हें शब्दों में नहीं बयां किया जा सकता, लेकिन फिर भी ये बेरोकटोक जारी हैं."

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "केंद्र सरकार को अपनी निष्क्रियता पर शर्म आनी चाहिए."

    वहीं, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के सचिवालय की ओर से सोमवार रात जारी बयान में कहा गया है कि ये मामला सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंप दिया गया है.

  18. मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्रियों को विधायकी का चुनाव लड़ाना बीजेपी की मजबूरी या रणनीति?

  19. ये कार कंपनी साल 2030 से यूरोप में सिर्फ़ इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेचेगी, सिमॉन जैक, बिज़नेस संपादक

    वाहन निर्माता कंपनी निसान ने कहा है कि साल 2030 से यूरोप में वो केवल इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेचेगी.

    ये घोषणा ऐसे समय में हुई है जब यूनाइटेड किंगडम 2030 से नए पेट्रोल और डीज़ल वाहनों की खरीद पर रोक लगाने की अपनी योजना को अब 2035 तक टालने जा रहा है.

    निसान के मालिक ने कहा है कि कंपनी 'सही कदम' उठा रही है.

    निसान इस दशक के आख़िर तक नई बैटरी तकनीकी भी लाएगा.

    कंपनी का कहना है कि इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग का समय और लागत दोनों घटेंगे.

    निसान के चीफ़ एक्ज़ीक्यूटिव मकोतो उचिंदा ने कहा, "निसान यूरोप में 2030 तक पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहनों पर स्विच हो जाएगी. हमारा मानना है कि हमारे कारोबार, हमारे ग्राहकों और पृथ्वी के लिए ये सही है."

    बीबीसी को दिए इंटरव्यू में मकोतो उचिंदा ने कहा कि कंपनी का मक़सद इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत ग्राहकों के लिए कम करने की है, ताकि ये पेट्रोल और डीज़र गाड़ियों से महंगी न रहें.

    उन्होंने कहा, "इसमें थोड़ा समय लग सकता है लेकिन हम अगले कुछ सालों में ये होते देख रहे हैं."

    जब उनसे पूछा गया कि क्या कीमतें 2030 तक घट सकेंगी तो उन्होंने कहा, "हम इसकी उम्मीद कर रहे हैं."

    निसान अकेली ऐसी कार कंपनी है जिसके बाद ब्रिटेन में बैटरी बनाने की भी क्षमता है.

    कार बनाने वाली अन्य कंपनियां चीन से बैटरी आयात करती हैं.

  20. रूस पर लगे प्रतिबंधों को बेअसर करने की कोशिश

    बीस सितंबर को एंटीगा में उस केस की सुनवाई दोबारा शुरू हुई है, जिसमें ज़ब्त की गई एक प्रतिबंधित सुपरयॉट का भविष्य तय होगा, जो अमेरिका के मुताबिक़ एक रूसी अरबपति की है और उनकी बेटी क़ानूनी लड़ाई लड़ रही हैं.

    इसकी वजह से बीबीसी-आई इंवेस्टिगेशन को उनके परिवार से जुड़ी लगभग 50 करोड़ डॉलर्स से ज़्यादा की संपत्ति का पता चला.

    ये जानकारी एक ब्रितानी वेल्थ मैनेजर से मिली. इन संपत्तियों से जुड़ा अस्पष्ट मालिकाना ढांचा ये दर्शाता है कि ये प्रतिबंधों का रूस पर असर कम करने में सक्षम है.