कश्मीर में बीते 48 घंटे से जारी सर्च ऑपरेशन, जानिए अब तक क्या-क्या हुआ
- Author, माजिद जहांगीर
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, श्रीनगर से

इमेज स्रोत, Getty Images
शुक्रवार को तीसरे दिन भी अनंतनाग में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है.
गुरुवार को भी दिनभर सेना और पुलिस ने अनंतनाग में एनकाउंटर स्थल के इर्द गिर्द के इलाके में बड़े पैमाने पर चरमपंथियों को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया.
सुरक्षा बलों की ओर से सर्च ऑपरेशन में ड्रोन्स का इस्तेमाल कर किया गया.
इस ऑपरेशन की निगरानी सेना और पुलिस के आला अधिकारी कर रहे हैं.
बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को सर्च ऑपरेशन के लिए तैनात किया गया है. जहां ये एनकाउंटर चल रहा है वो जंगल का इलाका है.
गुरुवार को जब ऑपरेशन शुरू हुआ तो जम्मू -कश्मीर पुलिस ने बताया कि लश्कर-ए- तैयबा के दो चरमपंथियों को घेरा गया है.
सेना और पुलिस ने बुधवार की रात को सूचना मिलने पर अनंतनाग के गाडोल इलाके में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अभियान शुरू किया था.
अब तक इस अभियान में सेना के एक कर्नल, मेजर औरजम्मू-कश्मीर पुलिस के एक डीएसपी की मौत हुई है.
गुरुवार को जम्मू -कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सेना के मारे गए दो अधिकारियों को श्रीनगर में श्रद्धांजलि अर्पित की थी.







