आम आदमी पार्टी का पीएम पद पर दावा, पार्टी ने कहा- केजरीवाल हों उम्मीदवार

इमेज स्रोत, ANI
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की मुंबई में होने वाली बैठक के पहले आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री पद पर दावेदारी पेश की है. पार्टी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल को गठबंधन की ओर से उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए.
पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, “मुझसे पूछेंगें तो मैं अरविंद केजरीवाल जी का नाम आगे रखूंगी. उन्होंने लगातार जनता के मुद्दे उठाए हैं. लगातार जनता के बीच में गए हैं.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पार्टी प्रवक्ता ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सरकार के जरिए देश के सामने एक बेहतरीन मॉडल पेश किया है.
उन्होंने कहा, “ (अरविंद केजरीवाल ने) एक ऐसा मॉडल दिया है, जिसमें सबसे कम महंगाई है. दिल्ली देश की राजधानी होने के बावजूद एक ऐसा मॉडल दिया है, जहां टैक्स कलेक्शन करके वही टैक्स का पैसा नागरिकों पर खर्च किया है. उन्होंने एक मुनाफे का बजट पेश किया है.”
विपक्षी गठबंधन की बैठक गुरुवार और शुक्रवार को मुंबई में हो रही है. ये तीसरी बैठक है. इसके पहले पटना और बेंगलुरु में बैठक हो चुकी है. बेंगलुरु में हुई बैठक में गठबंधन का नाम तय किया गया था.
मुंबई की बैठक में गठबंधन के संयोजक का नाम तय होने की अटकलें हैं. गठबंधन की अगुवाई कौन करेगा, इस बारे में अभी तक कोई फ़ैसला नहीं लिया गया है.
आम आदमी पार्टी के पहले कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के नेता भी प्रधानमंत्री पद को लेकर अपने नेताओं के नाम आगे बढ़ा चुके हैं.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त























