प्रिगोज़िन का प्लेन क्रैश: पुतिन के पूर्व सलाहकार और यूक्रेन ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, Getty Images
रूस ने अब तक वागनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन के प्लेन क्रैश होने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
पुतिन के पूर्व सलाहकार सर्गेई मार्कोव ने बीबीसी को बताया है कि रूस के पास प्रिगोज़िन पर हमला करने का कोई कारण नहीं है, लेकिन वह यूक्रेन के लिए ख़तरा थे और इसलिए वो उनकी मौत के लिए ज़िम्मेदार हो सकता है.
मार्कोव ने कहा, ''लोगों का मानना है कि इस आतंकवादी हमले के पीछे यूक्रेनी अधिकारी हैं क्योंकि पुतिन और रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु के लिए, येवगेनी प्रिगोज़िन पहले से ही समस्या नहीं रहे हैं क्योंकि अब उनका वैगनर समूह काफ़ी कमज़ोर हो गया है और प्रिगोज़िन ने रूसी नेतृत्व के प्रति अपनी वफ़ादारी व्यक्त की है. लेकिन यूक्रेन के लिए येवगेनी एक वास्तविक ख़तरा थे.''
यूक्रेन ने क्या कहा?
इधर यूक्रेनी रक्षा मंत्री के एक सलाहकार यूरी साक का कहना है कि येवगेनी प्रिगोज़िन की कथित मौत यूक्रेन के लिए अच्छी ख़बर है.
उन्होंने कहा, "एक आतंकवादी के कम होने का मतलब है रूस में और अधिक अस्थिरता. यह फिर से रूस के एक असफल राज्य बनने का संकेत है, जिसे एक आतंकवादी द्वारा चलाया जाता है और जो अपने ही लोगों से डरता है."
"और जहां से हम इसे देख रहे हैं, जो कुछ भी रूस को कमज़ोर बनाता है वह हमें मजबूत बनाता है."

इमेज स्रोत, Getty Images
तेवेर शहर में हुई दुर्घटना
बुधवार को रूसी शहर तेवेर में प्रिगोज़िन का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. अधिकारियों ने बताया है कि इस विमान में सवार सभी यात्रियों की मौत हो गई है.
विमान में सवार सभी दस यात्रियों के शवों को बरामद कर लिया गया है लेकिन अब तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है.
जब प्रिगोज़िन ने की बगावत
दो महीने पहले प्रिगोज़िन ने रूस के ख़िलाफ़ कुछ वक़्त के लिए 'बगावत' का नेतृत्व किया था.
तब रूसी राष्ट्रपति ने कहा था इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी सज़ा दी जाएगी.
हालांकि रूसी सरकार से समझौते के बाद प्रिगोज़िन के ख़िलाफ़ सभी आरोप वापस ले लिए गए.

























