You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सुप्रीम कोर्ट का बिहार में जाति आधारित सर्वे पर रोक लगाने से इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को बिहार सरकार के जाति सर्वे पर रोक लगाने से इनकार कर दिया.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and अभिनव गोयल

  1. टीम इंडिया के वेस्टइंडीज़ से हारने पर भड़के वेंकटेश प्रसाद

    वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ भारत को पांचवें टी-20 मैच में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इसी के साथ सात साल बाद वेस्टइंडीज ने टी20 सीरीज़ जीती.

    टी-20 सीरीज में मिली हार के बाद भारत के पूर्व गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने एक बार फिर टीम इंडिया की आलोचना की है.

    उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “बीते कुछ समय से भारत का टी20 और वनडे में परफॉर्मेंस बेहद साधारण रहा है. भारत वेस्टइंडीज़ से हार गया जो टीम कुछ महीने पहले खुद टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफ़ाई नहीं कर सकी. हम बांग्लादेश से ओडीआई सीरीज़ भी हार चुके हैं. मुझे उम्मीद है कि टीम बेवकूफ़ाना बयान देने की की जगह आत्मचिंतन करेगी.”

    “सिर्फ 50 ओवर ही नहीं, वेस्टइंडीज पिछले अक्टूबर-नवंबर में टी20 विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई करने में फेल हुई थी. भारत को ख़राब प्रदर्शन करके मुद्दे की बातों को ढकते हुए देखकर दुख होता है. रन बनाने की भूख भारत के पास नज़र नहीं आती.”

    वेस्टइंडीज़ की टीम ने भारत के ख़िलाफ़ पांच मैचों की टी20 सीरीज़ के आख़िरी मुक़ाबले को आठ विकेट से जीतने के साथ सीरीज़ को 3-2 से अपने नाम कर लिया.

    वेस्टइंडीज़ टीम को पांचवें टी20 मैच में भारतीय टीम ने 166 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे उन्होंने 18 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.

    टीम की तरफ से ब्रैंडन किंग ने नाबाद 85 रनों की पारी खेली. वहीं निकोलस ने 47 रनों की पारी देखने को मिली.166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज़ की टीम की शुरुआत इस मुकाबले में अच्छी नहीं रही.

    ब्रैंडन किंग और निकोलस पूरन ने मिलकर पहले 6 ओवर में टीम का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 61 रनों तक पहुंचा दिया था.

  2. प्रियंका गांधी अगर वाराणसी से चुनाव लड़ लें तो मोदी हार सकते हैं: संजय राउत

    शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कहा है कि अगर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आने वाला लोकसभा चुनाव वाराणसी से लड़ेंगी तो मोदी चुनाव हार सकते हैं.

    वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकसभा सीट है और दो बार से वह इस सीट से सांसद हैं.

    उन्होंने कहा, “भारत में राजनीतिक हालात तेज़ी से बदल रहे हैं और कांग्रेस को लोगों का समर्थन मिल रहा है. अगर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाराणसी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ती हैं, तो पीएम मोदी के लिए चुनाव जीतना मुश्किल हो जाएगा और प्रियंका उन पर भारी पड़ सकती हैं.”

    उन्होंने ये भी कहा कि महाराष्ट्र के दोनों उप मुख्यमंत्री राज्य की मौजूदा सरकार से खुश नहीं हैं.

    राउत ने कहा, “राजनीति में कुछ भी हो सकता है. अजित पवार, देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र की जनता इस मौजूदा सरकार से खुश नहीं है.”

    इससे पहले शरद पवार ने कहा था कि उनकी पार्टी बीजेपी के साथ नहीं जाएगी, हालांकि कुछ "शुभचिंतक" उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं कि वो बीजेपी के साथ चले जाएं.

    महाराष्ट्र के सोलापुर में पत्रकारों से बात करते हुए पवार ने कहा कि बीजेपी के साथ कोई भी जुड़ाव एनसीपी की राजनीतिक नीति में फिट नहीं बैठता है.

    उन्होंने कहा, “एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर मैं यह स्पष्ट कर रहा हूं कि मेरी पार्टी (एनसीपी) बीजेपी के साथ नहीं जाएगी. भारतीय जनता पार्टी के साथ कोई भी जुड़ाव एनसीपी की राजनीतिक नीति में फिट नहीं बैठता.”

  3. हिमाचल प्रदेश: बादल फटने से सात लोगों की मौत, कई लोग फंसे

    हिमाचल प्रदेश के सोलन ज़िले में बादल फटने से कई जगहों पर भूस्खलन हुए हैं.

    इसमें सात लोगों की मौत हुई है और तीन लोग गायब है. प्रशासन का कहना है कि एक मंदिर में हुए भूस्खलन में कई लोग फंसे हुए हैं.

    एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि भूस्खलन से एक मंदिर ढह गया, जिससे आसपास की इमारतों को ख़तरा पैदा हो गया. कई लोग फंसे.

    राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “सोलन ज़िले की धवला उप-तहसील के गांव जादोन में बादल फटने की दुखद घटना में 7 लोगों की मौत की ख़बर से बेहद दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएँ .इस कठिन समय में हम आपके दर्द और दुःख में हम साथ हैं. हमने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. ”

    हिमाचल में सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे. सीएम ने कहा है कि वो हर ज़िले के कलेक्टर के साथ लगातार संपर्क में हैं.

    इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया.

  4. नूंह में प्रशासन ने शुरू किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

    "हर घर तिरंगा" अभियान रविवार को हरियाणा के नूंह ज़िले में शुरू किया गया.

    31 जुलाई को नूंह में सांप्रदायिक हिंसा शुरू हुई थी जो गुड़गांव, सोहना और आसपास के इलाके में फैल गई थी.

    इस बीच उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत ज़िले के सभी घरों के साथ-साथ प्रतिष्ठानों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि रविवार को इंद्री ब्लॉक के हिलालपुर गांव में लोगों ने यात्रा निकाली. यह अभियान 15 अगस्त तक ज़िले में जारी रहेगा.

    प्रशासन ने कहा है कि 14 और 15 अगस्त को नूंह में कर्फ्यू में ढील दी जाएगी.

    खड़गटा ने कहा, "दोनों दिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक लोगों को आवाजाही की अनुमति होगी."

    रविवार को हरियाणा के पलवल में विश्व हिंदू परिषद ने एक महापंचायत की और आह्वान किया कि “नूंह में अधूरी रह गई यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा.”

    नूंह में हुई हिंसा और पलवल की महापंचायत

    31 जुलाई से शुरू हुई हिंसा में छह लोगों की मौत हुई है. इसमें एक इमाम, दो होमगार्ड शामिल हैं.

    रविवार को पलवल में एक महापंचायत हुई जिसमें विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि मेवात में जो यात्रा अधूरी रह गई थी, उसे जल्द पूरा किया जाएगा.

    महापंचायत में ये भी कहा गया कि लोगों को ‘आत्म रक्षा’ के लिए हथियार बांटे जाएं.

  5. शरद पवार ने कहा- 'मेरे शुभचिंतक चाहते हैं कि मैं बीजेपी के साथ चला जाऊं'

    एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी बीजेपी के साथ नहीं जाएगी, हालांकि कुछ "शुभचिंतक" उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं कि वो बीजेपी के साथ चले जाएं.

    महाराष्ट्र के सोलापुर में पत्रकारों से बात करते हुए पवार ने कहा कि बीजेपी के साथ कोई भी जुड़ाव एनसीपी की राजनीतिक नीति में फिट नहीं बैठता है.

    उन्होंने कहा, “एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर मैं यह स्पष्ट कर रहा हूं कि मेरी पार्टी (एनसीपी) बीजेपी के साथ नहीं जाएगी. भारतीय जनता पार्टी के साथ कोई भी जुड़ाव एनसीपी की राजनीतिक नीति में फिट नहीं बैठता.”

    पवार ने ये भी कहा कि कुछ "शुभचिंतक" उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं कि वो बीजेपी के साथ चले जाएं लेकिन वह कभी भी बीजेपी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे.

    "हममें से कुछ (अजित पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी समूह) ने एक अलग रुख अपनाया है. हमारे कुछ शुभचिंतक यह देखने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या हमारे रुख में कोई बदलाव हो सकता है.”

    शनिवार को पुणे में अपने भतीजे और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के साथ उनकी “गुप्त” बैठक के बारे में पूछे जाने पर शरद पवार ने कहा, “मैं आपको एक तथ्य बताना चाहता हूं कि वह मेरे भतीजे हैं. भतीजे से मिलने में क्या बुराई है? यदि परिवार का कोई वरिष्ठ व्यक्ति परिवार के किसी अन्य सदस्य से मिलना चाहता है तो इसमें कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए.”

  6. वेस्टइंडीज़ ने भारत को हराकर सात साल बाद जीती टी20 सीरीज़

    वेस्टइंडीज़ की टीम ने भारत के ख़िलाफ़ पांच मैचों की टी20 सीरीज़ के आख़िरी मुक़ाबले को आठ विकेट से जीतने के साथ सीरीज़ को 3-2 से अपने नाम कर लिया.

    वेस्टइंडीज़ टीम को पांचवें टी20 मैच में भारतीय टीम ने 166 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे उन्होंने 18 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.

    टीम की तरफ से ब्रैंडन किंग ने नाबाद 85 रनों की पारी खेली.वहीं निकोलस ने 47 रनों की पारी देखने को मिली.166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज़ की टीम की शुरुआत इस मुकाबले में अच्छी नहीं रही.

    टीम का अपना पहला विकेट सिर्फ़ 12 रन के स्कोर पर गिरा. इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरे निकोलस पूरन ने पिछली 2 पारियों के मुकाबले इस मैच में बेहतर शुरुआत की.

    पूरन ने आते ही पहले अर्शदीप सिंह के ओवर में छक्का लगाया, वहीं इसके बाद हार्दिक पांड्या के ओवर में लगातार 2 छक्के लगाने के साथ स्कोर को तेज़ी के साथ आगे बढ़ाना शुरू किया.

    पूरन और किंग ने मिलकर पहले 6 ओवर में टीम का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 61 रनों तक पहुंचा दिया. 47 रन पर तिलक वर्मा की गेंद पर पूरन आउट हो गए.

    निकोलस पूरन के पवेलियन लौटने के बाद ब्रैंडन किंग का साथ देने मैदान पर उतरे शाई होप. ब्रैंडन किंग ने मैदान पर तेज़ी के साथ रन बनाने का सिलसिला जारी रखा और टीम को 18 ओवरों में लक्ष्य तक पहुंचा दिया.

  7. नमस्कार.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.यह पेज चौबीस घंटे उपलब्ध रहेगा.

    13 अगस्त की ख़बरों के लिए यहांक्लिककरें.