You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हरियाणा: पलवल महापंचायत में वीएचपी बोली- पूरी करेंगे यात्रा, नूंह प्रशासन ने की कर्फ़्यू में ढील देने की घोषणा

बीते दिनों हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा के बाद रविवार को पलवल में एक महापंचायत हुई जिसमें विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि मेवात में जो यात्रा अधूरी रह गई थी, उसे जल्द पूरा किया जाएगा.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. हरियाणा: पलवल महापंचायत में वीएचपी बोली- पूरी करेंगे यात्रा, नूंह प्रशासन ने की कर्फ़्यू में ढील देने की घोषणा

    बीते दिनों हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा के बाद रविवार को पलवल में एक महापंचायत हुई जिसमें विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि मेवात में जो यात्रा अधूरी रह गई थी, उसे जल्द पूरा किया जाएगा.

    नूंह में हंदु समाज की एक यात्रा के बाद हुए संप्रदायिक हिंसा के बाद से वहां तनाव का माहौल है. वहां अब तक इंटरनेट पर रोक लगाई गई थी, साथ ही कर्फ़्यू भी लगाई गई थी. शनिवार को ही वहां प्रशासन ने कर्फ्यू में ढील देने की घोषणा भी की है.

    पलवल में हुई सर्व हिंदू समाज की महापंचायत में रविवार को विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा जो पूरी हो नहीं हो पाई, उसे सावन के महीने के आख़िरी सोमवार यानी 28 अगस्त को पूरा किया जाएगा.

    हरियाणा के मेवात के नूंह में 31 जुलाई को बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा हुई थी. इसी दौरान हिंसा हुई थी जो बाद में राजधानी की सीमा के पास गुरुग्राम तक पहुंच गई थी.

    हिंसा के बाद नूंह में कर्फ़्यू लगाया गया था जो अब तक लागू है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार नूंह के ज़िला मजिस्ट्रेट धीरेंद्र खड़गटा ने 14 और 15 अगस्त को ज़िले में सवेरे से शाम तक (सवेरे 6 बजे से लेकर शाम के 8 बजे तक) कर्फ़्यू में ढील देने की घोषणा की है.

    शनिवार को क्या हुआ?

    अगस्त के पहले सप्ताह में मेवात के नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद शनिवार को पलवल के पोंडरी में महापंचायत हुई.

    हाल के दिनों में हुई हिंसा के मद्देनज़र यहां महापंचायत से पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी.

    महापंचायत के बाद हिंदू महापंचायत से सदस्य रतन सिंह ने कहा कि पंचायत से 28 अगस्त को फिर से यात्रा निकालने का अनुरोध किया गया है जिसे पंचायत ने स्वीकार कर लिया है.

    इसके बाद विश्व हिंदू परिषद ने भी एक बयान जारी कर कहा कि पलवल में हुई महापंचायत के फ़ैसला किया गया है कि मेवात में हुई हिंसा में जिन हिंदुओं की मौत हुई है उनके परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और घायलों को 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे.

    परिषद ने नूंह की घटना की जांच एनआईए से कराने की मांग की और कहा कि दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाए.

    साथ ही परिषद ने हिंदुओं के दुकान, मकान व गाड़ियों को हुए नुक़सान की 100 फ़ीसदी क्षतिपूर्ति की भी मांग की.

    नूंह हिंसा: कब-कब क्या-क्या हुआ?

    30 जुलाई: गौ-रक्षक मोनू मानेसर ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया और हिंदुओं से अपील की कि वो नूंह ब्रजमंडल जलाभिषेक में शामिल हों. उन्होंने खुद भी यात्रा में शामिल होने की बात की. कुछ इसी दौरान एक और गौ-रक्षक बिट्टू बजरंगी ने भी कई वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि वो मेवात आ रहे हैं.

    31 जुलाई: नूंह के नल्हर महादेव मंदिर में विश्व हिंदू परिषद के एक नेता का भाषण हुआ. उन्होंने दावा किया कि भारतीय मुसलमान दरअसल हिंदू थे, उनका जबरन धर्मांतरण कराया गया था. इसी दिन यात्रा के दौरान पथराव शुरू हुआ. कुछ देर बाद यहां गोलियां भी चलीं.

    01 अगस्त: गुरुग्राम के सेक्टर 57 में भीड़ ने एक मस्जिद को आग लगा दी और यहां के डिप्टी इमाम को मार दिया. कुछ इलाक़ों में दुकानें भी जलाई गईं.

    02 अगस्त: नूंह और गुरुग्राम में दंगों के विरोध में दिल्ली में हिंदुत्व संगठनों ने प्रदर्शन किए. दूसरी तरफ नूंह में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी.

    स्थिति पर काबू पाने के लिए 13 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी लगाई गई थी.

    प्रशासन ने 13 अगस्त को कहा कि 14 और 15 अगस्त को सवेरे 6 बजे से शाम 8 बजे तक कर्फ़्यू में ढील दी जाएगी.

  2. असम में कथित 'मवेशी चोरी' के संदेह में एक शख़्स की पीट-पीट कर हत्या

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के होजाई ज़िले में चोरी के संदेह में हिजबुर रहमान नामक एक व्यक्ति की कुछ लोगों ने कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी है. यह घटना शनिवार की देर रात लंका पुलिस थाने के तहत बामुन गांव की है.

    लंका पुलिस स्टेशन के अधिकारी सुभाष बैश्य ने बीबीसी हिंदी से इस घटना की पुष्टि की है.

    उन्होंने बताया, "यह चोरी का मामला था जिसमें स्थानीय लोगों ने उससे मारपीट की जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस घटना में शामिल आठ लोगों को पकड़ा है. हम इनसे पूछताछ के बाद गिरफ़्तारियां करेंगे.

    उन्होंने कहा, "इस बीच मृतक के परिवार वालों ने भी एफ़आईआर दर्ज कराया है. पुलिस को शुरुआती जांच में कुछ लोगों ने बताया है कि मृतक मानसिक बीमारी से ग्रसित था. हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं."

    वहीं गांव के एक शख़्स ने बताया कि मृतक को गांव के कुछ लोगों ने उस वक़्त पकड़ा जब वह एक व्यक्ति के कैटल शेड से मवेशी चुराने की कोशिश कर रहा था. उस दौरान वहां मौजूद भीड़ ने उसे बुरी तरह पीटा जिससे उनकी मौत हो गई.

  3. शरद पवार बीजेपी के साथ जाने और अजीत पवार के साथ 'सीक्रेट मीटिंग' पर क्या बोले?

    महाराष्ट्र के राजनीतिक हलके में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक शरद पवार की उनके भतीजे और राज्य के उपमुख्यमंत्री के बीच 'सीक्रेट मीटिंग' की चर्चा हो रही है.

    न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जयंत पाटील ने रविवार को कहा था कि उन्हें नहीं पता कि शरद पवार और अजीत पवार के बीच हुआ क्या था. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वो मुलाक़ात कोई 'सीक्रेट मीटिंग' नहीं थी. उन्होंने यह भी बताया था कि उस दौरान वे (जयंत पाटील) वहां मौजूद थे.

    रविवार को ख़ुद शरद पवार ने इस बारे में बात की. शरद पवार रविवार को सोलापुर में बोल रहे थे.

    इस दौरान उन्होंने साफ़ लहजों में कहा है कि उनकी पार्टी बीजेपी के साथ कभी नहीं जाएगी. पवार ने कहा कि उनके कुछ शुभचिंतक इसके लिए उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन वो बीजेपी के साथ कभी नहीं जाउंगा.

    उन्होंने कहा, "एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरी पार्टी (एनसीपी) बीजेपी के साथ कभी नहीं जाएगी. एनसीपी की राजनीतिक नीति में भारतीय जनता पार्टी के साथ काम करने की कोई भी स्थिति फिट नहीं बैठती."

    इस दौरान उन्होंने अजीत पवार के साथ हुई मुलाक़ात के बारे में भी कहा. उन्होंने कहा, "अजीत पवार के साथ मेरी मुलाक़ात सीक्रेट नहीं थी. वे मेरे भतीजे हैं और मैं परिवार का सबसे वरिष्ठ सदस्य हूं."

    बताया जा रहा है कि शरद पवार और राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की शनिवार को पुणे में एक बिजनेसमैन के घर मुलाक़ात हुई थी.

    क्षेत्रीय न्यूज़ चैनलों ने इस मुलाक़ात के फ़ुटेज चलाए जिसमें कोरेगांव पार्क स्थित बिजनेसमैन के घर पर दोपहर क़रीब एक बजे शरद पवार के पहुंचने को दिखाया गया.

    वो वहां से शाम पांच बजे वापस निकले थे. बाद में उसी परिसर में अजीत पवार को भी शाम 6.45 बजे देखा गया, तब वो कैमरों से बचने की कोशिश कर रहे थे.

  4. शाहरुख़ की फ़िल्म 'जवान' की क्लिप चोरी के आरोप में पुलिस ने दर्ज किया केस

    मुंबई पुलिस ने शाहरुख़ ख़ान की आने वाली फ़िल्म जवान की क्लिप चोरी कर इसे सोशल मीडिया पर इस्तेमाल करने के आरोप में केस दर्ज किया है. पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 397 और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है.

    मुंबई पुलिस ने कहा है इस मामले में और छानबीन की जा रही है. पिछले महीने शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म जवान का प्री-व्यू रिलीज़ हुआ था. नौ घंटे के भीतर उस प्री-व्यू को डेढ़ करोड़ व्यूज मिल चुके थे.

    प्री-व्यू के रिलीज होते ही ये ट्विटर पर नंबर वन ट्रेंड करने लगा. रिलीज होने के नौ घंटे के भीतर इस प्री-व्यू को डेढ़ करोड़ व्यूज मिल चुके थे. प्री-व्यू के रिलीज होते ही ये ट्विटर पर नंबर वन ट्रेंड करने लगा था.

    शाहरुख खान के जवान के इस प्री-व्यू में भरपूर एक्शन दिख रहा है. साउथ की फिल्मों के चर्चित डायरेक्टर एटली की इस फिल्म का एक्शन भी वहां की फिल्मों की तरह ही है. '

    जवान' रेड चिलीज एंटरटेनमेंट का प्रोडक्शन है जिसे एटली ने डायरेक्ट किया है. शाहरुख़ ख़ान की पत्नी गौरी ख़ान इसकी प्रोड्यूसर और गौरव वर्मा को-प्रोड्यूसर हैं. जवान 7 सितंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी. पहले फ़िल्म 2 जून को रिलीज होनी थी, लेकिन फिल्म की मेकिंग लंबा खिंचने की वजह से रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई.

  5. असम: कछार के मदरसा हॉस्टल में नाबालिग छात्र की हत्या, इलाके में तनाव

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के कछार ज़िले में रविवार तड़के एक मदरसे के छात्रावास के कमरे में एक 11 साल के छात्र की हत्या का मामला सामने आया है.धोलाई पुलिस थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से इलाके में तनाव बना हुआ है.

    घटनास्थल पर मौजूद कछार ज़िले के पुलिस अधीक्षक नुमुल महत्ता ने फ़ोन पर बीबीसी से कहा, "यह घटना धोलाई के दारूच सलाम हाफ़िज़िया एंड आलिया मदरसे की है. मदरसे के छात्रावास में जहां सभी बच्चे सोते है वहां एक नाबालिग का शव बरामद किया गया है."

    उन्होंने बताया, "पिछली रात खाना खाने के बाद कुल 20 छात्र सोने के लिए कमरे में गए थे. वहीं रविवार तड़के क़रीब साढ़े तीन बजे नाबालिग लड़के की गला रेत कर हत्या की गई है. हमने काफी लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल लोगों को जल्द पकड़ा जा सके."

    पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर दावा किया कि जिस कमरे में नाबालिग की हत्या की गई थी उसमें उसका बड़ा भाई भी सोया हुआ था. जिस इलाके में यह घटना हुई है वह मुसलमान आबादी बहुल गांव है.

    घटना के बाद सैकड़ों की तादाद में वहां पहुंचे स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है. मृतक नाबालिग फ्रेंच नगर गांव के एक बहुत ही ग़रीब परिवार से था.

    मदरसे के एक शिक्षक ने मीडिया को बताया, "रविवार सुबह हमें हॉस्टल के एक कमरे में एक छात्र का शव पड़ा मिला. हमने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. साल 2013 में स्थानीय मौलाना फ़खरुल इस्लाम ने दारूच सलाम हाफिजिया एंड आलिया नामक इस मदरसे को शुरू किया था."

    "इससे पहले हमारे मदरसे में ऐसी घटना कभी नहीं हुई थी. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच के लिए जिला प्रशासन द्वारा मदरसे को सील करवा दिया गया है."

  6. 'भूपेश बघेल के पास अलादीन का चिराग़', ऐसा क्यों बोले कांग्रेस चीफ़ मल्लिकार्जुन खड़गे?

    कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ़ करते हुए कहा कि उनके पास अलादीन का चिराग़ है, इसलिए उनसे जो मांगेंगे वो मिलेगा.

    कांग्रेस चीफ़ ने रविवार को छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान ये बात कही. छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "भूपेश बघेल के पास शायद अलादीन का चिराग है. जो भी मांगोगे वो आपको मिलेगा. ऐसा अलादीन का चिराग़ लेकर वो बैठे हैं."

    वे बोले, "छत्तीसगढ़ के लोग, ख़ासकर ग़रीब, किसान, महिला, युवा, एससी, एसटी सभी को कुछ न कुछ दिया है. इसीलिए वो संतुष्ट हैं. यहां गड़बड़ी नहीं है. मैं आपसे यही कहूंगा कि ये जो शांति के साथ यहां डेवलेपमेंट हो रहा है, उसे आप ऐसे ही संभालकर रखें और आने वाले चुनाव में इससे भारी बहुमत में आप (कांग्रेस को) चुनकर लाएंगे ऐसा मुझे विश्वास है."

    कांग्रेस अध्यक्ष ने इस दौरान मणिपुर की हिंसा की तुलना छत्तीसगढ़ से करने को भी राज्य के लोगों का अपमान बताया.

  7. 'सीमा हैदर पर फ़िल्म बनाई तो...', राज ठाकरे की पार्टी के नेता ने दी ये चेतावनी

    पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आईं सीमा हैदर पर फ़िल्म बनाने की ख़बरों के बीच राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के एक नेता ने चेतावनी दी है.

    प्रोड्यूसर और एमएनएस के सिनेमा विंग के अध्यक्ष अमेय खोपकर ने एक ट्वीट में कहा है कि अगर सीमा हैदर पर फिल्म को नहीं रोका गया तो उनकी पार्टी इस पर सख्त कार्रवाई करेगी.

    अमेया खोपकर ने मराठी में ट्वीट किया है, "पाकिस्तानी नागरिकों की भारतीय फ़िल्म इंडस्ट्री में कोई जगह नहीं है. हम अब भी इस रुख पर कायम हैं. पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर इस समय भारत में हैं. ऐसी भी रिपोर्ट हैं कि वो आईएसआई एजेंट हैं. हमारी इंडस्ट्री में नाम कमाने के लिए कुछ लोग इसी सीमा हैदर को अभिनेत्री बना रहे हैं. इन देशद्रोही निर्माताओं को शर्म कैसे नहीं आती? इसे तुरंत रोकें, नहीं तो एमएनएस की ओर से एक्शन के लिए तैयार रहें."

    सीमा हैदर ने बताया कि उनके और भारत के सचिन मीणा के बीच पब्जी खेलते समय प्रेम हुआ. इसके बाद सीमा हैदर अपने तीन बच्चों के साथ भारत में आईं. फिलहाल सीमा और सचिन मीणा ग्रेटर नोएडा के एक गाँव में रह रहे हैं.

    कई मीडिया रिपोर्टों में ये कहा जा रहा है की अमित जानी सीमा हैदर और सचिन मीणा की कहानी पर 'कराची टु नोएडा' फ़िल्म बना रहे हैं. इस फ़िल्म के ऑडिशन के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए गए.

    इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार ये फ़िल्म जानी फ़ायरफॉक्स फ़िल्म प्रोडक्शन के तहत बनाई जा रही है.

  8. '70 सालों में क्या किया' के सवाल पर खड़गे बोले- 'मोदी-शाह हमारे बनाए स्कूलों में ही पढ़े'

    मणिपुर हिंसा को लेकर संसद में लाए अविश्वास प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब की आलोचना करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि पीएम ने उनसे पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया.

    मल्लिकार्जुन खड़गे छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "मोदी जी ने मणिपुर पर उन सवालों का जवाब नहीं दिया जो राहुल गांधी या इंडिया गठबंधन ने उनसे पूछे थे. उल्टा उन्होंने नेहरू जी और कांग्रेस नेता, कांग्रेस का मज़ाक उड़ाया. वो बार-बार कहते हैं कि मैंने सबकुछ किया."

    "देश में लाइट (बिजली) नहीं थी, मैंने लगा दिया. क्या देश में मोदी के आने के बाद रायपुर में लाइट दिखी? स्कूल क्या मोदी के आने से पहले नहीं थे? मोदी-शाह सब हमारे स्कूल में ही पढ़े. नहीं तो क्या ये लंदन जाकर पढ़े? क्या ऑक्सफोर्ड जाकर पढ़े? अरे यहीं के सरकारी स्कूलों में ही पढ़े. ये लोग हमको पूछते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने 70 साल में क्या किया?"

    खड़गे ने कहा, "70 साल में हमने यही किया. तुम लोगों को पढ़ाया-लिखाया, मंत्री बनाया, मुख्यमंत्री बनाया और अब देश के प्रधानमंत्री भी बन गए. हमसे पूछते हो क्या किया. हमने तो सबकुछ कर के रखा है."

  9. बीजेपी के इस पुराने साथी ने किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला

    पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी से मौजूदा लोकसभा सदस्य शत्रुघ्न सिन्हा ने कई मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा और उन पर तीखे वार किए.

    शत्रुघ्न सिन्हा पहले बीजेपी में थे और पटना से सांसद रह चुके हैं.

    उन्होंने एक एक कर पीएम मोदी पर हमले किए. सबसे पहले उन्होंने मणिपुर पर प्रधानमंत्री के बयान को लेकर घेरा.

    उन्होंने कहा, "जब सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई तब संसद सत्र शुरू होने से ठीक पहले आपने अपनी पीड़ा ज़ाहिर की."

    "जब संसद के अंदर बोले तो दो मिनट या उससे भी कम. लोग अवाक रह गए कि देश के प्रधानमंत्री क्या बोल रहे हैं. आप मणिपुर के संरक्षक हैं. आपने क्या समाधान किया, क्या मरहम लगाया. बात की भी या नहीं. देश विदेश में पीएम मोदी के बयान की बहुत ठिठोली हुई. एक तरफ मणिपुर में महिलाओं के साथ जघन्य अपराध हुए, बड़े स्तर पर हिंसा हुई, कई लोग मारे गए हैं, घायल हैं और हज़ारों लोग विस्थापित हुए हैं. तो अगर ताली कप्तान को मिलती है तो गाली भी कप्तान को ही मिलेगी. वहां के मुख्यमंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं की."

    "आपने संसद में जो कहा उसका असर होना शुरू हुआ है. लोगों ने कहा कि पीएम मणिपुर पर कुछ बोले नहीं तो मुद्दे से भटकाने के लिए फ्लाइंग किस के मुद्दे को उछाला गया. क्या राहुल गांधी महिलाओं की सुरक्षा की बात नहीं करते. क्या राहुल गांधी के फ्लाइंग किस को कहीं दिखाया गया, क्या कोई क्लोजअप शॉट दिखाया गया."

    "राहुल गांधी लोगों के बीच बहुत सम्माननीय हैं. लोग, महिलाएं, बुजुर्ग सभी राहुल गांधी का साथ दे रहे हैं. आज वायनाड में भी देखा होगा कि उन्हें जिस तरह से प्यार मिल रहा है उसे आपने भी देखा होगा."

    "प्रधानमंत्री इंडिया को घमंडिया कहते हैं. वो मेरे दोस्त रहे हैं. अच्छे आदमी हैं लेकिन आज थोड़ा घबराए हुए दिख रहे हैं."

    "उन्हें बौखलाहट है. अपने गठबंधन को वो देखें. कई तो ऐसे दल हैं जिनके पास एक सांसद भी नहीं हैं. इंडिया को घमंडिया कहते हैं, आप बहुत सारी बातें करवा रहे हैं. घमंड तो आपका दिख रहा है. मणिपुर के ज्वलंत मुद्दे पर कुछ कहते नहीं हैं.

    संसद में कह दिए होते कि मैं ख़ुद मणिपुर जा रहा हूं तो उनकी मान मर्यादा बढ़ जाती."

    "आपके गठबंधन को हम तो एनडीए ही कहते हैं. हमारे यहां भी बहुत से विद्वान लोग बैठे हैं वो भी कोई नामकरण (एनडीए का) कर सकते हैं."

    "चुनाव आने वाले हैं और ये घबरा गए हैं. ममता जी के ऊपर कहते हैं कि खूनी खेल हुआ."

    "गली गली में ममता जी के लिए श्रद्धा भाव है. उन्हें लोग दीदी दीदी कहते हैं. रक्षाबंधन से ठीक पहले आप यह कह कर उनका अपमान कर रहे हैं. खूनी खेल का जो आरोप लगाया है तो हम कह रहे हैं खैला होबे. वहां के लोग कभी माफ़ नहीं करेंगे."

  10. तस्वीरें: जंगल में लगी आग के बाद खूबसूरती के लिए मशहूर शहर राख़ में बदल गया

    अमेरिका के हवाई द्वीप के जंगल में लगी आग से बड़े पैमाने पर जान-माल का नुक़सान हुआ है. अब तक इसमें 93 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

    राज्य के गवर्नर जॉस ग्रीन ने अपनी चेतावनी को दोहराते हुए कहा कि यह संख्या अभी और अधिक बढ़ सकती है.

    हवाई पब्लिक रेडियो की न्यूज़ टीम के सदस्य बिल डोरमैन ने कहा कि हवाई में जो नुकसान हुआ है उसे ठीक करने में कई साल लगेंगे और करोड़ों पाउंड का खर्च आएगा.

    गवर्नर ग्रीन ने बताया कि इस आग के बाद से जहां सैकड़ों की संख्या में लोग लापता हैं वहीं बड़ी तादाद में लोग माउइ के विभिन्न रैनबसेरों में ठहरे हैं.

    उन्होंने कहा, "निश्चित रूप से यह हवाई का अब तक की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा है."

    गवर्नर ग्रीन ने कहा, "हम केवल इंतज़ार कर रहे हैं और जो जीवित हैं उनकी मदद कर रहे हैं. अब हमारा पूरा ध्यान उन लोगों को मिलाना है जो इस आग की वजह से बिछड़ गए हैं. उन्हें घर दिलवाना और हेल्थ केयर देने पर हमारा फ़ोकस रहेगा."

    द्वीप पर फ़ैले इस आग को पूरी तरह से बुझाने की कोशिश जारी है हालांकि इस पर अब बहुत हद तक काबू पा लिया गया है.

  11. 'ग़दर 2' फ़िल्म ने रिलीज़ के बाद अब तक की इतने करोड़ रुपये की कमाई

    अभिनेता सनी देओल स्टारर फ़िल्म 'ग़दर 2' ने रिलीज़ के दो दिनों के भीतर 83 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.

    22 साल पहले आई 'ग़दर एक प्रेम कथा' फ़िल्म के सीक्वल में भी सनी देओल तारा सिंह की भूमिका में हैं.

    फ़िल्म मेकर्स ने रविवार को बताया कि बॉक्स ऑफ़िस पर फिल्म ने रिलीज़ होने के बाद पहले दो दिनों में कुल 18 करोड़ रुपये कमाए.

    फ़िल्म को अनिल शर्मा ने निर्देशित किया है.

    जहां पहले दिन इस फिल्म ने 40 करोड़ का बिजनेस किया था वहीं दूसरे दिन इस फिल्म ने 43 करोड़ की दमदार कमाई की.

    ज़ी स्टूडियोज़ की निर्मित इस फ़िल्म में अभिनेत्री अमीशा पटेल ने भी सकीना के किरदार में वापसी की है.

    ग़दर 2 फ़िल्म साल 1971 पर आधारित है. फ़िल्म अपने बेटे चरणजीत सिंह को पाकिस्तानी सेना से छुड़ाने के लिए तारा सिंह की पाकिस्तान यात्रा की कहानी बताती है.

    वहीं, ग़दर एक प्रेम कथा फ़िल्म भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के समय की कहानी थी.

  12. प्रियंका गांधी पर एफ़आईआर: आरजेडी सांसद मनोज झा बोले- "मुक़दमा क्यों जेल में डाल दें"

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के ट्विटर हैंडलर्स के ख़िलाफ़ इंदौर पुलिस के एफ़आईआर पर 'इंडिया' गंठबंधन के नेता सांसद मनोज झा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है.

    आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "मुक़दमा क्यों किया गया जेल में डाल दें... इसका मतलब तो यही है कि आप कुछ भी कह सकते हैं. कल प्रधानमंत्री कहते हैं कि दरभंगा में एम्स खुल गया. वहां नींव तक नहीं पड़ी है. दूसरी बात यह कि अगर उनसे सवाल पूछ लिए जाए तो एफ़आईआर हो जाती है."

    उन्होंने कहा, "अगर व्यक्ति किसी सदन का सदस्य है तो उसकी सदस्यता चली जाती है. लोकतंत्र की आड़ में यह खतरनाक खेल हो रहा है कि अपने विरोधियों के ईडी, आईटी से सीबीआई से लेकर अब इस तरह के मुक़दमों से प्रताड़ित करने की राजनीति शुरू कर रहे हैं. ये आपके लिए अच्छा संकेत नहीं है."

    मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट किया, "यदि आपको देश की सबसे भ्रष्ट सरकार के बारे में जानकारी चाहिए, तो आपको मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार को खोजना पड़ेगा."

    "इस सरकार ने व्यापम घोटाला किया, ई-टेंडर घोटाला किया, डंपर घोटाला किया, कारम डैम घोटाला किया, पटवारी भर्ती घोटाला किया, महाकाल लोक घोटाला किया और हर बार घोटाला करने के बाद ये लोग साफ मुकर जाते हैं."

    डीसीपी क्राइम ब्रांच श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि आईपीसी की धारा 469, 500 और 501 के तहत एफ़आईआर दर्ज किया गया है.

    उन्होंने बताया, "मानहानी और फ़र्जी पत्र के ज़रिए मानहानी करने की धाराएं लगाई गई हैं. इसमें आरोपी के रूप में ज्ञानेंद्र अवस्थी का नाम है. उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है कि इस नाम के व्यक्ति हैं भी या नहीं. उसके अलावा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, कमलनाथ, अरुण यादव, जयराम रमेश और शोभा ओझा का नाम शामिल किया गया है, जिनके ट्विटर हैंडल से ये ख़बरें चलाई गई थीं. उनके ट्वीटर हैंडल के उपयोगकर्ता के रूप में उनको भी शामिल किया गया है."

    उन्होंने बताया, ये जमानती धाराएं हैं. लेकिन इन सभी लोगों को नोटिस भेजा जाएगा और पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा. इसमें दोनों स्तर पर जांच की जाएगी ये जो संगठन है जिसके नाम से पत्र मुख्य न्यायाधीश को लिखा गया है इसकी प्रमाणिकता क्या है. यह कोई संगठन है भी या नहीं यह पता किया जाएगा और जिस व्यक्ति ने ये पत्र लिखा है उसके बारे में पता किया जाएगा और इन लोगों (कांग्रेस नेताओं) से ये पूछा जाएगा कि इन्होंने इसे शेयर करने से पहले इसका सत्यापन क्यों नहीं किया."

    जिन नेताओं पर एफ़आईआर किया गया है उनमें से एक शोभा ओझा हैं. उन्होंने कहा, राज्य में चल रहे भ्रष्टाचार से सभी अवगत हैं. वो (बीजेपी) पार्टी के उन लोगों पर निशाना साध रहे हैं जो देश की आज़ादी के लिए लड़े. उन्हें एफ़आईआर करने दें हम इसके ख़िलाफ़ लड़ेंगे और राज्य की जनता भ्रष्ट लोगों को राज्य से बाहर फेंक देगी."

    प्रियंका गांधी के इस ट्वीट से विवाद खड़ा हुआ

    प्रियंका गांधी के ट्विटर हैंडल से शुक्रवार (11 अगस्त 2023) की शाम एक ट्वीट किया था.

    इसमें सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट का हवाला देते हुए अख़बार की एक ख़बर को ट्वीट करते हुए लिखा गया था, "मध्य प्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50% कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है. कर्नाटक में भ्रष्ट BJP सरकार 40% कमीशन की वसूली करती थी. मध्य प्रदेश में BJP भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है. कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी."

    बीजेपी हमलावर, मांगे सबूत

    इस मामले में बीजेपी के नेताओं ने प्रियंका गांधी के ख़िलाफ़ कार्रवाई की चेतावनी दी थी.

    मध्य प्रदेश के गृह मंत्री ने प्रियंका गांधी के आरोपों को लेकर सबूत मांगे थे. उन्होंने कहा था कि प्रियंका जी सबूत दें, अन्यथा हमारे पास कार्रवाई करने के सभी विकल्प खुले हैं.

    साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि प्रियंका गांधी को हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस को लेटर लिखने वाले उस शख़्स या ठेकेदार का नाम बताना चाहिए जिसका ज़िक्र उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किया है.

    वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि उनकी पार्टी यह साबित कर देगी कि भाजपा सरकार भ्रष्ट है. उन्होंने कहा, "भाजपा को वास्तविकता स्वीकार करनी चाहिए, लेकिन सत्तारूढ़ दल राजनीतिक आतंक पैदा कर रहा है. यह असंवैधानिक तरीके अपना रहा है. हम साबित कर देंगे कि सरकार भ्रष्ट है."

  13. एनसीईआरटी की नई किताबें तैयार करने वाली समिति में सुधा मूर्ति और शंकर महादेवन जैसी हस्तियां

    भारत के चर्चित गायक-संगीतकार शंकर महादेवन, इन्फोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष सुधा मूर्ति और अर्थशास्त्री संजीव सान्याल जैसे कई प्रतिष्ठित हस्तियां राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत देश में कक्षा 3 से 12वीं तक के छात्रों के लिए सिलेबस तैयार करेंगी.

    नए पाठ्यक्रम के अनुसार किताबों में बदलाव करने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की ओर से गठित की गई एक नई समिति में कुल 19 लोगों को शामिल किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (एनआईईपीए) के कुलाधिपति महेश चंद्र पंत इस 19 सदस्यों वाली 'नेशनल सिलेबस एंड टीचिंग लर्निंग मेटेरियल कमेटी' की अध्यक्षता करेंगे.

    कमेटी को किताबें और अन्य पठन-पाठन सामग्री तैयार करने की ज़िम्मेदारी दी गई है, जिन्हें एनसीईआरटी प्रकाशित व उपयोग करेगा.

    कमेटी के उपाध्यक्ष प्रिंसटन यूनिवर्सिटी में गणित के प्राध्यापक मंजुल भार्गव होंगे. अन्य सदस्यों में गणितज्ञ सुजाता रामदोरई, बैडमिंटन खिलाड़ी वी विमल कुमार, सेंटर फॉर पॉलिटी स्टडीज़ के अध्यक्ष एमडी श्रीनिवास और भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री शामिल हैं.

  14. पाकिस्तान के ग्वादर में हमला, अब तक जो पता है

    पाकिस्तान में बलूचिस्तान के ग्वादर में चीन के इंजीनियरों के काफ़िले पर हमले की जानकारी मिली है. समाचार एजेंसी एएफ़पी ने इस हमले की जानकारी दी है. वहीं ग्लोबल टाइम्स ने भी अपने ट्वीटर हैंडल से वहां के फुटेज शेयर किए.

    पाकिस्तान के अख़बार डॉन की वेबसाइट ने आईएसपीआर के हवाले से बताया है कि इस हमले में एक चरमपंथी की मौत हुई है जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं.

    डॉन ने आईएसपीआर के हवाले से लिखा है कि चरमपंथियों की खोजबीन चल रही है और इलाके को खाली करवा लिया गया है.

    हालांकि सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही कुछ ख़बरों में ये बताया जा रहा है कि चीनी नागरिकों को ले जा रहे सात वाहनों वाले काफ़िले पर चरमपंथियों ने हमला कर दिया है.

    इस दौरान कई धमाके और गोलीबारी की आवाज़ें सुनी गई हैं. एक ट्वीट में ये कहा गया है कि बलूचिस्तान लिब्रेशन आर्मी (बीएलए) ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

    स्थानीय लोगों के मुताबिक़ फ़कीर ब्रिज के पास भारी गोलीबारी और धमाकों की आवाज़ें सुनी जा रही हैं और यह पिछले एक घंटे से जारी है.

    गौरतलब है कि इस क्षेत्र में न्यायिक परिसर के अलावा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवन भी स्थित हैं.

    ये पहला मौक़ा नहीं है, जब पाकिस्तान में चीनी नागरिकों को निशाना बनाया गया हो. बीते साल कराची यूनिवर्सिटी के कनफ़्यूशियस सेंटर में आत्मघाती धमाका हुआ था, जिसमें तीन चीनी शिक्षकों की मौत हुई थी.

    बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार हमले के मद्देनज़र पाकिस्तान में चीन के वाणिज्य दूतावासों ने बलूचिस्तान और सिंध में अपने नागरिकों को घरों के अंदर रहने का आदेश दिया है.

    गौरतलब है कि बीते साल नवंबर में टीटीपी का सरकार के साथ सीज़फ़ायर ख़त्म करने के बाद से ख़ैबर पख़्तूनख़्वा और बलूचिस्तान में चरमपंथी घटनाओं में तेज़ी आई है.

    पाकिस्तान में चीनी नागरिक कब-कब निशाना बनाए गए

    26 अप्रैल, 2022: कराची आत्मघाती बम धमाके में तीन चीनी नागरिकों की मौत

    14 जुलाई, 2021: ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में बम धमाके में दस चीनी नागरिकों की मौत

    14 जुलाई, 2021: ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में बम धमाके में 26 अन्य चीनी नागरिक घायल हुए

    28 जुलाई, 2021: कराची में चीनी नागरिक की गाड़ी पर गोलियां बरसाई गईं

    11 मई, 2019: ग्वादर के पांच सितारा होटल पर चरमपंथियों का हमला हुआ जिसमें चीनी लोग ठहरे हुए थे

    23 नवंबर, 2018: चीनी वाणिज्य दूतावास पर हमला, चार लोगों की मौत

    11 अगस्त, 2018: दालबंदीन, बलुचिस्तान में हुए आत्मघाती में तीन चीनी इंजीनियर घायल हुए

    फ़रवरी 2018: कराची में दो चीनी नागरिकों पर गोलियां चलाई गयीं, एक चीनी नागरिक की सिर पर गोली मारकर हत्या

    मई 2017: क्वेटा से अगवा करने के बाद चीनी दंपति की हत्या

    जुलाई 2007: पेशावर में तीन चीनी नागरिकों की हत्या

  15. 'मोदी जी के हर शब्द में केवल झूठ ही 'कंठस्थ', खड़गे ने 'नए एम्स' के दावों पर पीएम को घेरा

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश में नए एम्स खोले जाने के दावे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है.

    कांग्रेस चीफ़ ने एक रिपोर्ट के हवाले से पीएम पर निशाना साधा है.

    इस रिपोर्ट में देश के 19 एम्स में डॉक्टर और अन्य स्टाफ़ की कमी के बारे में जानकारी दी गई है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, "लूट और जुमलों ने देश को किया अस्वस्थ, मोदी जी के हर शब्द में केवल झूठ ही कंठस्थ. दावा किया कि बनाएं हैं एम्स कई सारे, सच्चाई है कि डॉक्टर स्टाफ़ की भारी कमी से जूझे एम्स हमारे."

    खड़गे ने ये भी कहा कि मोदी सरकार ने देश के स्वास्थ्य सिस्टम को बीमार बनाया है. उन्होंने कहा कि जनता इस छल कपट को पहचान चुकी है और अब 'आपकी सरकार की विदाई की घड़ी आ चुकी है.'

    पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था, "बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए असम के गुवाहाटी से लेकर पश्चिम बंगाल के कल्याणी तक, झारखंड के देवघर से लेकर बिहार में दरभंगा तक इस प्लानिंग के साथ नए-नए एम्स खोले गए हैं ताकि लोगों को इलाज के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर न जाना पड़े."

  16. नूंह हिंसा : बृजमंडल यात्रा जारी रखने के लिए बुलाई गई महापंचायत में जुटने लगे हैं लोग

    हरियाणा के नूंह में हिंदूवादी संगठनों की ओर से बुलाई गई महापंचायत के लिए लोग जुटने लगे हैं.

    सर्व हिंदू समाज नाम के सामाजिक संगठन ने ये पंचायत नूंह और पलवल बॉर्डर के पास एक गांव पोंडरी में बुलाई है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़ आयोजकों का कहना है कि इस पंचायत में 15 हज़ार तक लोग इकट्ठा हो सकते हैं. इस पंचायत में विश्व हिंदू परिषद की बृजमंडल यात्रा फिर शुरू करने पर फैसला किया जाएगा.

    31 जुलाई को नूंह में सांप्रदायिक हिंसा भड़कने के बाद ये यात्रा रोक दी गई थी. 31 जुलाई को इस धार्मिक यात्रा के दौरान हिंदुओं और मुसलमानों में टकराव हो गया था जिसमें दो होमगार्ड समेत छह लोग मारे गए थे और बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी.

    सर्वजातीय महापंचायत के नाम से बुलाई गई ये महा पंचायत पहले नूंह जिले के कीरा गांव में आयोजित करने का फैसला किया था. लेकिन कानून-व्यवस्था को देखते हुए इसकी इजाजत नहीं दी गई थी.

    सर्व हिंदू समाज के नेताओं का कहना है कि धार्मिक यात्रा को 28 अगस्त को फिर से नूंह के नल्हड़ गांव से निकालने की तैयारियां की जा रही हैं. ये महापंचायत रविवार को पोंडरी-कीरा सीमावर्ती गांव में हो रही है. पोंडरी पलवल ज़िले में है और कीरा नूंह ज़िले में है.

  17. गौतम अदानी की कंपनी ने डेलॉयट के इस्तीफ़े के बाद नया ऑडिटर नियुक्त किया

    अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (एपीएसईजेड) ने एमएसकेए एंड एसोसिएट्स चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को अपना नया ऑडिटर नियुक्त करने का ऐलान किया है. ये फैसला 12 अगस्त से लागू हो गया है.

    कंपनी ने ये फैसला अपनी पहली वैधानिक ऑडिटर डेलॉयट के इस्तीफा देने के बाद लिया है. मई में डेलॉयट की भारतीय इकाई ने अदानी पोर्ट और तीन कंपनियों के बीच लेनदेन पर सवाल उठाए थे.

    हालांकि अदानी पोर्ट्स की ओर से कहा गया था उनका इनसे संबंध नहीं रहा है. डेलॉयट ने हिन्डनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में कुछ लेनदेन पर चिंता जताए जाने कुछ हफ्तों बाद कंपनी में वैधानिक ऑडिटर का काम छोड़ने का ऐलान किया है.

    शॉर्ट सेलर कंपनी हिन्डनबर्ग ने इस साल जनवरी में रिपोर्ट जारी कर अदानी समूह पर टैक्स में गड़बड़ी करने और इस पर बहुत अधिक कर्ज होने की चिंता जताई थी. हालांकि मगर अदानी समूह ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था.

  18. ब्रिटेन ने खालिस्तान समर्थकों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, चरमपंथियों से निपटने के लिए नया फंड भी बनाया

    ब्रिटेन सरकार ने 'खालिस्तान समर्थक चरमपंथ' से निपटने की क्षमता को बढ़ाने के इरादे से करीब एक करोड़ रुपये के नए फंड का एलान किया है.

    इस नए फंड की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब ब्रिटेन में खालिस्तान समर्थक गतिविधियों के बढ़ने पर भारत कई बार अपनी चिंता और नाराज़गी ज़ाहिर कर चुका है. ब्रिटेन के सुरक्षा मंत्री ने टॉम टुगेन्डहाट कहा कि करीब 95000 पाउंड का ये निवेश खालिस्तान समर्थकों से संभावित खतरों को समझने में ब्रिटेन सरकार की क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा.

    ब्रिटेन ने कहा है कि वो लंदन में भारतीय उच्चायोग और इसके कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए गए एक ख़ास इंटरव्यू में ब्रिटेन के सुरक्षा मंत्री टॉम टुगेन्डहाट ने कहा है कि ब्रिटेन में अगर भारतीय उच्चायोग पर हमला होता है तो ये उसकी परेशानी है भारत की नहीं. अगर ब्रिटेन या ब्रिटेन के नागरिकों को अतिवाद की ओर उकसाया जाता है तो ये उसकी समस्या है. इसलिए किसी भी ब्रिटिश नागरिक को इस तरफ मोड़ने की कोशिश की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

    टॉम टुगेन्डहाट ने अपने तीन दिवसीय भारतीय दौरे के दौरान ये बात कही. वो 10 से 12 अगस्त तक भारत के दौरे पर थे.

    टुगेन्डहाट कोलकाता में जी-20 देशों की भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ सदस्य देशों के मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने आए थे.

    लंदन में पांच महीने पहले भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तानी समर्थकों ने हमला किया था. उस दौरान वहां फहरा रहे तिरंगे को खिसकाने की कोशिश की गई थी.

    प्रदर्शनकारियों उच्चायोग की खिड़की का कांच भी तोड़ डाला था. इसके बाद भारत ने ब्रिटिश सरकार कड़ी आपत्ति जताई थी. भारत ने कनाडा में भी भारत सरकार के ख़िलाफ़ खालिस्तानी समर्थकों के प्रदर्शन पर भी नाराज़गी जताई थी.

  19. रॉबर्ट वाड्रा ने कहा- प्रियंका गांधी को संसद में होना चाहिए, उनके पास सारी योग्यताएं

    कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि उनकी पत्नी प्रियंका गांधी के पास संसद जाने की सभी योग्यताएं हैं और उन्हें संसद में होना चाहिए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में रॉबर्ट वाड्रा ने प्रियंका गांधी के लिए ये बातें कहीं.

    रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, "उन्हें बिल्कुल संसद में होना चाहिए. उनके पास इसकी सारी योग्यताएं हैं. वो संसद में बहुत अच्छा करेंगी और वो वहां जाने के योग्य हैं. मैं उम्मीद करता हूं कि कांग्रेस पार्टी ये स्वीकार करेगी और पार्टी के पास उनके लिए बेहतर योजना होगी."

    रॉबर्ट वाड्रा ने संसद में अपनी और कारोबारी गौतम अडानी की तस्वीर दिखाने पर केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को भी घेरा.

    स्मृति इरानी ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान गौतम अडानी और रॉबर्ट वाड्रा की तस्वीर दिखाई थी.

    वाड्रा ने कहा कि वो राजनीति से दूर रहते हैं लेकिन वो "अपना नाम बचाने के लिए आवाज़ उठाएंगे क्योंकि अगर कोई कुछ कहता है तो उन्हें साबित भी करना होगा."

    उन्होंने कहा, "मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि अगर आप मेरा नाम ले रहे हैं और आप मेरी तस्वीर दिखा रहे हैं तो प्लीज़ मुझे इस बारे में बताइए कि मैंने अडानी के साथ मिलकर क्या किया है. अगर कोई गड़बड़ है तो मैं इससे निपटूंगा और अगर नहीं है तो उन्हें माफ़ी मांगनी पड़ेगी और अपना कहा वापस लेना पड़ेगा."

    "हमारे पीएम की अडानी के प्लेन में बैठी तस्वीर है. हम उस बारे में सवाल क्यों नहीं करते और राहुल (गांधी) जो लगातार पूछते आ रहे हैं? इन सवालों के जवाब क्यों नहीं दिए जाते?"

    रॉबर्ट वाड्रा ने ये भी कहा, "जब से ये सरकार (बीजेपी) सत्ता में आई है, वो जब भी अलग थलग महसूस करती हैं और असल मुद्दों से भटकाना चाहती है तो मेरे ख़िलाफ़ कुछ लेकर आ जाती है. लेकिन वो कभी मेरे ख़िलाफ़ कुछ साबित नहीं कर सके."

  20. असम में बीजेपी महिला नेता की खुदकुशी के मामले में पार्टी नेता बर्खास्त

    असम में बीजेपी के एक नेता को पार्टी की एक महिला नेता की खुदकुशी में नाम आने पर बर्खास्त कर दिया गया.

    बीजेपी किसान मोर्चा की एक महिला नेता ने शुक्रवार को गुवाहाटी में अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक़ महिला नेता ने नींद की ढेर सारी गोलियां खा कर आत्महत्या की थी.

    बीजेपी के सूत्रों के मुताबिक़ महिला नेता ने अपनी अंतरंग तस्वीरें सार्वजनिक होने के बाद आत्महत्या कर ली.

    पुलिस की जांच के दौरान बीजेपी के ही नेता के साथ उनकी तस्वीरें पाई गईं. पार्टी ने इस आधार पर बीजेपी नेता को बर्खास्त कर दिया.

    बीजेपी के असम अध्यक्ष भावेश कलिता ने बीजेपी नेता को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश दिए.

    पुलिस ने कहा है कि इस मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया गया है. हालांकि अभी तक किसी की गिरफ़्तारी नहीं हुई है.