You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अविश्वास प्रस्ताव: मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को किस बात पर धन्यवाद कहा?

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार शाम लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद पीएम मोदी के लिए एक लंबा ट्वीट लिखा है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and अनंत प्रकाश

  1. इक्वाडोर में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की गोली मारकर हत्या

    इक्वाडोर में राष्ट्रपति चुनावों के लिए चल रहे चुनावी कैंपेन में एक उम्मीदवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.

    देश की नेशनल असेंबली के सदस्य फर्नांडो विलाविसेंशियो पर बुधवार को तब हमला हुआ, जब वे उत्तरी शहर क्विटो में एक चुनावी कार्यक्रम से निकलकर अपनी कार में बैठ रहे थे.

    जैसे ही वे कार में बैठे, उन पर गोलियां चलने लगीं. उनके चुनावी टीम से जुड़े एक सदस्य ने स्थानीय मीडिया को बताया कि विलाविसेंशियो कार में बैठ रहे थे, तभी एक व्यक्ति आगे बढ़ा और उसने उनके सर में गोली मार दी.

    राष्ट्रपति गुलेरमो लासो ने कसम खाते हुए कहा कि अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.

    चश्मदीदों के मुताबिक 59 साल के विलाविसेंशियो को तीन बार गोली मारी गई. इक्वाडोर के अटॉर्नी जनरल ने सोशल मीडिया पर बताया कि सुरक्षाकर्मियों की तरफ से जवाबी फायरिंग में संदिग्ध को भी गोली लगी और बाद में उनकी मौत हो गई.

    देश में राष्ट्रपति चुनाव का पहला दौर 20 अगस्त से शुरू होगा.

    राष्ट्रपति लासो ने कहा कि वे इस घटना से स्तब्ध हैं. उन्होंने कहा कि देश में संगठित अपराध बहुत बढ़ गया है और इसे निपटने का सारा भार उन पर पड़ने वाला है.

    इक्वाडोर में ड्रग कार्टेल की बढ़ती मौजूदगी के चलते हिंसक अपराधों में बढ़ोतरी हुई है जो इस साल के राष्ट्रपति चुनाव में भी एक केंद्रीय मुद्दा है.

    पिछले महीने संगठित अपराध से जुड़ी कई हत्याओं के बाद राष्ट्रपति को तीन प्रांतों में आपातकाल और रात में कर्फ्यू की घोषणा करनी पड़ी थी.

  2. पाकिस्तान की संसद भंग, पीएम शहबाज़ की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने लगाई मुहर

    पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की सलाह पर बुधवार, 9 अगस्त को नेशनल असेंबली को भंग कर दिया है.

    राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 58-1 के तहत ऐसा किया है.

    नेशनल असेंबली के भंग होते ही प्रधानमंत्री का मंत्रिमंडल भी भंग हो गया है, लेकिन कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त होने तक प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ अपने पद पर बने रहेंगे.

    असेंबली भंग होने के बाद तीन दिन के भीतर कार्यवाहक प्रधानमंत्री का चुनाव किया जाएगा.

    नाम का चुनाव करने के लिए गुरुवार को नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता राजा रियाज़, पीएम शहबाज़ शरीफ़ से मुलाकात करेंगे.

    उनका कहना है कि एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई है कि कार्यवाहक प्रधानमंत्री का नाम सभी को स्वीकार्य होगा.

    पाकिस्तानी संसद का कार्यकाल 12 अगस्त को समाप्त होने जा रहा था, लेकिन तीन दिन पहले ही असेंबली को भंग करने का फैसला ले लिया गया.

    अब केयरटेकर सरकार के पास पाकिस्तान में चुनाव कराने के लिए 90 दिनों का वक्त होगा.

  3. अमेरिकी राष्ट्रपति को धमकी देने वाले व्यक्ति की एफबीआई रेड में मौत

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और दूसरे अधिकारियों को ऑनलाइन हिंसक धमकियां देने वाले एक व्यक्ति की एफबीआर रेड के दौरान गोली लगने से मौत हो गई है.

    यूटा राज्य में राष्ट्रपति की यात्रा से कुछ घंटे पहले एफबीआई के लोग, क्रेग रॉबर्टसन को उनके घर गिरफ्तारी का वॉरंट देने की कोशिश कर रहे थे.

    एक आपराधिक शिकायत में कहा गया है कि रॉबर्टसन ने राष्ट्रपति बाइडन और डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ केस में जांच का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति के लिए फेसबुक पर धमकियां पोस्ट की थीं.

    इससे ज़्यादा जानकारी फ़िलहाल एफबीआई ने नहीं दी है. यह रेड एजेंसी ने स्थानीय समयानुसार क़रीब 6.15 पर डाली थी.

    आपराधिक शिकायत में रॉबर्टसन के उन पोस्टों का विवरण है, जिसमें वे बंदूकों के साथ बाइडन और एल्विन ब्रैग को मारने की धमकी दे रहे थे.

    मैनहट्टन के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी एल्विन ब्रैग, उस केस में जांच का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप पर एक फ़िल्म स्टार को पैसे देकर अपना मुंह बंद रखने के आरोप लगे थे.

    शिकायत के मुताबिक व्यक्ति ने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैंड और न्यूयॉर्क अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स को भी ऑनलाइन निशाना बनाया था.

    उन्होंने फ़ेसबुक पर पोस्ट किया था, “मैंने सुना है कि बाइडन यूटा आ रहे हैं. मैं अपना पुराना गिला सूट निकाल रहा हूं और एम24 स्नाइपर राइफल से धूल साफ़ कर रहा हूं.”

    शिकायत के मुताबिक़ रॉबर्टसन एफबीआई के निशाने पर मार्च महीने में तब आए जब उन्होंने सोशल नेटवर्क ट्रुथ सोशल पर ब्रैग के खिलाफ हिंसक पोस्ट किया था.

    इसके बाद एफबीआई के एजेंटों ने रॉबर्टसन से मुलाकात की थी और तब उन्होंने इस धमकी भरे पोस्ट को महज एक सपना बताया था और कहा था कि अगली बार बिना वारंट के मत आना.

    रॉबर्टसन इसके बाद नहीं रुके. उन्होंने बंदूकों के साथ कई अधिकारियों को धमकी दी और ये मैसेज मंगलवार देर रात तक जारी रहे, जिसके बाद एफबीआई ने यह कार्रवाई की.

  4. आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    9 अगस्त के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.