राजस्थान के कई ज़िलों में बीती रात से तेज़ बारिश का दौर जारी है.
मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के दस ज़िलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
राजधानी जयपुर में बीते क़रीब आठ घंटे से लगातार हो रही तेज़ बारिश से जलभराव की स्थिति हो गई है.
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय जयपुर से कई रेलगाड़ियों को रद्द किया गया है.
बारिश का जायज़ा लेने जयपुर की सड़कों पर निकले कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है.
उन्होंने नालों के क़रीब रह रहे लोगों से भी हट जाने की अपील की है.
मंत्री खाचरियावास ने कहा है, "तेज़ बारिश से नालों में पानी भर गया है इसलिए नालों के किनारे रहने वाले लोग उस जगह को छोड़कर दूसरी जगह स्थानांतरित हो जाएं. पुलिस-प्रशासन भी लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है."
उन्होंने कहा है, "ज़रूरत होने पर ही घरों से बाहर निकलें. लोगों से अपील है कि घरों में सुरक्षित रहें."
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में जयपुर कलेक्ट्रेट इलाक़े में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई है.
यहां शनिवार सुबह 158 एमएम और पश्चिमी राजस्थान में सर्वाधिक बीकानेर के नोखा में 84 एमएम बारिश दर्ज हुई है.
जयपुर में सीकर रोड पर ढहर के बालाजी में सड़कों पर दो फीट तक पानी है.
जयपुर जंक्शन पर रेल पटरियां भी जलमग्न हैं.
परकोटा इलाक़े, कलेक्ट्रेट समेत शहर की मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति है.
मौसम विभाग ने चार दिन के लिए जयपुर और भरतपुर संभाग में तेज़ बारिश का अलर्ट जारी किया है.
जबकि, सर्वाधिक बारिश एक और दो अगस्त को होने की चेतावनी जारी की है.