You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सलमान रुश्दी बोले- जानलेवा हमले के बाद आज भी आते हैं अजीबोगरीब सपने

बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के न्यूज़आवर प्रोग्राम में विशेष बातचीत करते हुए सर सलमान रुश्दी ने कहा कि वो नहीं जानते कि इस तरह के सार्वजनिक कार्यक्रम में वो दोबारा कब शामिल हो पाएंगे.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and संदीप राय

  1. दिल्ली में यमुना नदी उफान पर, जलस्तर ने तोड़ा 45 साल पुराना रिकॉर्ड

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़कर 207.55 मीटर के पार पहुंच गया है. इससे पहले साल 1978 में यमुना में जलस्तर 207.49 मीटर तक पहुंचा था.

    सेंट्रल वॉटर कमिशन (सीडब्लूसी) के फ्लड मॉनिटरिंग पोर्टल के अनुसार, पुरानी दिल्ली के पुल पर सुबह 4 बजे पानी का स्तर 207 मीटर पर था, जो 2013 के बाद पहली बार इतना ज़्यादा है.

    वहीं, सुबह आठ बजे तक ये बढ़कर 207.25 मीटर हो गया. इसकी वजह से दिल्ली के निचले इलाकों में पानी भर गया है.

    दिल्ली में पिछले तीन दिनों से यमुना नदी का जलस्तर तेज़ी से बढ़ रहा है. सोमवार रात 206 मीटर तक जलस्तर पहुंचने के बाद से ही निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाना शुरू कर दिया गया था.

    पुराने लोहे वाले पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है.

    मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हालांकि सोमवार को ही ये कहा था कि दिल्ली में बाढ़ की आशंका न के बराबर है लेकिन सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.

  2. प्रोफ़ेसर जोसेफ़ का हाथ काटने के मामले में छह अभियुक्त दोषी क़रार

    केरल के प्रोफ़ेसर टीजे जोसेफ़ के हाथ काटने के मामले में एनआईए की स्पेशल अदालत ने छह अभियुक्तों को दोषी ठहराया है जबकि पांच को बरी कर दिया है.

    इस घटना के 12 साल के बाद दूसरे चरण का ट्रायल पूरा हुआ है.

    पहले चरण के ट्रायल में 31 लोगों पर केस चला जिसमें साल 2015 में 13 लोगों को दोषी ठहराया गया था.

    12 साल पहले जुलाई महीने मेंथोडुपुज़्ज़ा के न्यूमैन कॉलेज में मलयालम भाषा के 52 साल के प्रोफ़ेसर जोसेफ़ का हाथ कट्टरपंथियों ने काट दिया था.

    प्रोफ़ेसर जोसेफ़ पर हमला विवादित मुस्लिम संगठन पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया यानी पीएफ़आई के लोगों ने किया था.भारत सरकार ने बीते साल इस संगठन पर पाबंदी लगा दी थी.

    प्रोफ़ेसर जोसेफ़ का कहना है, "मेरा कसूर यह था कि मैंने परीक्षा के लिए एक प्रश्न बनाया था. कुछ लोगों के मुताबिक़ इससे इस्लाम का अपमान हुआ था. इसने मेरी ज़िदगी छीन ली थी."

  3. राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने गुजरात और बंगाल से तीन उम्मीदवारों का किया ऐलान

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 24 जुलाई को होने जा रहे राज्यसभा चुनावों के लिए अपने तीन उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है.

    पार्टी ने गुजरात से बाबूभाई जेसंगभाई देसाई और केसरीदेवसिंह जाला, पश्चिम बंगाल से अनंत महाराज को उम्मीदवार बनाया है.

    इससे पहले टीएमसी ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने छह उम्मीदवारों का ऐलान किया था.

    पश्चिम बंगाल की छह, गुजरात की तीन और गोवा की एक सीट पर 24 जुलाई को राज्यसभा चुनाव होने हैं.

    राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की आख़िरी तारीख 13 जुलाई है.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली दंगों से जुड़े पाँच अलग-अलग मामलों में आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता ताहिर हुसैन को मिली बेल

    दिल्ली दंगों से जुड़े पाँच अलग-अलग मामलों में आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को उच्च न्यायालय से बेल मिल गई है.

    साल 2020 में हुए दिल्ली दंगों के बाद ताहिर हुसैन के ख़िलाफ़ ये सभी मामले दयालपुर पुलिस थाने में ही दर्ज किए गए थे.

    हालांकि, इसके बावजूद ताहिर हुसैन हिरासत में ही रहेंगे क्योंकि उनके ख़िलाफ़ दंगे की साज़िश के आरोप में यूएपीए के तहत मामला दर्ज है.

    दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अनीश दयाल ने ताहिर हुसैन की ओर से 2020 और 2021 में लगाई गई बेल याचिकाओं पर आज फ़ैसला सुनाया है.

    लाइव लॉ की ख़बर के अनुसार, ताहिर हुसैन के ख़िलाफ़ 2020 में दिल्ली के दंगों से जुड़े कुल 11 एफ़आईआर दर्ज हैं. बीते महीने ही ताहिर हुसैन ने यूएपीए केस में बेल पाने के लिए ट्रायल कोर्ट का रुख किया था.

    ताहिर हुसैन की ओर से वरिष्ठ वकील सलमान खुर्शीद ने कोर्ट में ये दलील दी थी कि ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे 25 फ़रवरी 2020 को किसी घटनास्थल पर उनके क्लाइंट की उपस्थिति की पुष्टि होती है, जबकि सभी एफ़आईआर में इसी तारीख़ का ज़िक्र है.

    खुर्शीद ने ये भी कहा कि इन मामलों में सभी सह-अभियुक्तों को बेल मिल चुकी है. उनके क्लाइंट ही ऐसे अकेले हैं जिन्हें अभी तक ज़मानत नहीं दी गई.

  5. एशिया कप शेड्यूल फ़ाइनल हुआ, भारतीय टीम नहीं जाएगी पाकिस्तान: आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल

    आईपीएल के चेयरमैन अरुण कुमार धूमल ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मुक़ाबला श्रीलंका में होगा क्योंकि रोहित शर्मा की अगुवाई वाली इंडियन क्रिकेट टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी.

    धूमल फ़िलहाल आईसीसी की चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिवों की बैठक के लिए दक्षिण अफ़्रीका के डर्बन में हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार धूमल ने बताया है कि बीसीसीआई सचिव जय शाह और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे ज़का अशरफ़ ने आईसीसी की बोर्ड मीटिंग से इतर मुलाक़ात की है.

    धूमल ने पीटीआई से कहा, "हमारे सेक्रेटरी (जय शाह) पीसीबी हेड ज़का अशरफ़ से मिले. एशिया कप का शेड्यूल तय हो गया और अब इस पर चर्चा होनी है. पाकिस्तान में लीग स्तर के चार मैच खेले जाएंगे और इसके बाद श्रीलंका में नौ मुक़ाबले होंगे. इसमें भारत बनाम पाकिस्तान के दोनों मैच, और अगर दोनों टीमें फ़ाइनल खेलीं, तो वो भी शामिल होगा."

    धूमल ने पाकिस्तानी मीडिया में बीते कुछ दिनों से आ रही उन ख़बरों का भी खंडन किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि भारतीय टीम पाकिस्तान जाकर खेल सकती है, क्योंकि उनके खेल मंत्री एहसान मज़ारी ने कुछ जगहों पर ऐसे दावे किए हैं.

    धूमल ने कहा, "ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई... जो ख़बरें चल रही हैं उसके उलट न तो भारतीय टीम पाकिस्तान जा रही है न ही हमारे सचिव जा रहे हैं. केवल शेड्यूल फ़ाइनल हुआ है."

    पीटीआई रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तानी टीम सिर्फ़ नेपाल के ख़िलाफ़ अपने मुल्क में एशिया कप का मुक़ाबला खेलेगी.

    इसके अलावा पाकिस्तान में अफ़ग़ानिस्तान बनाम बांग्लादेश, बांग्लादेश बनाम श्रीलंका और श्रीलंका बनाम अफ़ग़ानिस्तान मैच होंगे.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल की पत्नी सीता दाहाल का निधन

    नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल की पत्नी सीता दाहाल का बुधवार को निधन हो गया. वो 69 साल की थीं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सीता दाहाल न्यूरोलॉजिकल बीमारी से जूझ रही थीं.

    बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे के क़रीब काठमांडू के नॉर्विक अस्पताल में उनका निधन हो गया.

    काठमांडू पोस्ट की ख़बर में प्रधानमंत्री के निजी डॉक्टर युवराज शर्मा के हवाले से बताया गया है कि बुधवार को इलाज के दौरान कार्डियक अरेस्ट की वजह से सीता दाहाल का निधन हुआ. कई कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और 8 बजकर 33 मिनट पर उन्हें मृत घोषित किया गया.

    अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार उन्हें प्रोग्रेसिव सुपरन्यूक्लियर पाल्सी, पार्किंसन, मधुमेह और हाइपरटेंशन जैसी दिक़्क़त थी.

    प्रोग्रेसिव सुपरन्यूक्लियर पाल्सी वो न्यूरोलॉजिकल समस्या है जिसकी वजह से मरीज़ को चलने-फिरने, देखने, संतुलन बनाने और यहां तक बोलने में भी दिक्कत होती है.

    सीता दाहाल का स्वास्थ्य खराब होने के बाद बुधवार को ही अस्पताल ले जाया गया.

    उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर को काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर के आर्यघाट पर किया जाएगा.

  7. गृह मंत्री अमित शाह से मिले अमेरिकी राजदूत, क्या हुई बात?

    भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की.

    इस दौरान दोनों के बीच चरमपंथ से मुक़ाबला करने, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और सुरक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई.

    गृह मंत्री के कार्यालय ने इस मुलाकात के बारे में ट्वीट किया, "अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाक़ात के दौरान आतंकवाद का मुक़ाबला करने, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और सुरक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सार्थक बातचीत हुई."

    अमेरिकी राजदूत और अमित शाह के बीच नॉर्थ ब्लॉक में गृह मंत्री के कार्यालय में मुलाकात हुई.

  8. पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की बड़ी जीत, बीजेपी का प्रदर्शन कैसा रहा?

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में बड़े पैमाने पर हुई हिंसा, अदालती मामलों और विपक्ष के चुनावी धांधली के आरोपों के बीच सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की है.

    वोटों की गिनती पूरी नहीं हो सकी है, लेकिन अब तक आए नतीजों में पार्टी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ दिया है.

    टिकटों के लिए आंतरिक कलह और दो बड़े नेताओं, बीरभूम के बाहुबली नेता अणुब्रत मंडल और पूर्व मेदिनीपुर के शुभेंदु अदिकारी, के साथ नहीं होने के बावजूद तृणमूल कांग्रेस अपने प्रदर्शन को दोहराने में कामयाब नजर आ रही है.

    ग्राम पंचायतों में तो उसका प्रदर्शन बेहतर रहा ही था, अब पंचायत समिति और जिला परिषद के वोटों की गिनती शुरू होने के बाद भी वह पहले नंबर पर है. भाजपा दूसरे नंबर पर रही है. लेकिन तृणमूल के साथ उसकी सीटों में काफी फासला है. लेफ्ट-कांग्रेस गठबंधन तीसरे नंबर पर रहा है.

    बंगाल की त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में ज़िला परिषद सबसे ऊपर हैं.

    कहां-कौन आगे?

    ज़िला परिषद की कुल 928 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने 475 सीटें या तो जीत ली हैं या फिर उन पर काफी आगे चल रही है. भाजपा को अब तक 17 सीटें मिली हैं जबकि सीपीएम को सात और कांग्रेस को चार.

    इसी तरह पंचायत समिति की 9,730 सीटों में से तृणमूल ने अब तक 4,938 सीटें जीती हैं. इसमें भाजपा को 511, सीपीएम को 125 और कांग्रेस को अब तक 105 सीटें ही मिली हैं.

    इस चुनाव में बहुचर्चित मुर्शिदाबाद मॉडल को फेल करते हुए तृणमूल उम्मीदवार ने अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद और मालदा जिला में बेहतर प्रदर्शन किया है. बीते मार्च में सागरदीघी उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के बाद इस मॉडल की चर्चा तेज हुई थी.

    कूचबिहार के जिस दिनहाटा इलाके में बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी वहां भी उसने भाजपा को पीछे छोड़ दिया है.

    कोलकाता से सटे भांगड़ इलाके में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने स्थानीय जमीन रक्षा समिति के साथ कुछ सीटें जीती हैं. पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम इलाके में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन किया है.

    कूचबिहार के अलावा उत्तर 24-परगना जिले में केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर के इलाके में भी भाजपा उम्मीदवार की हार हुई है. यह मतुआ बहुल इलाका है.

    भाजपा को दार्जिलिंग पर्वतीय इलाके में भी झटका लगा है. वहां स्थानीय पार्टी भारतीय गोर्खा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) ने भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को बहुत पीछे छोड़ दिया है. दार्जिलिंग लोकसभा सीट पर लंबे समय से भाजपा का ही कब्जा रहा है.

    मतगणना के दौरान भी राज्य के विभिन्न इलाकों से छिटपुट हिंसा की खबरें आती रही हैं. दक्षिण 24-परगना जिले के भांगड़ा में आईएसएफ समर्थकों और पुलिस के बीच भिड़ंत हुई. राज्य के कई स्थानों पर उत्तेजित भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. मंगलवार पूरी रात कई इलाकों में राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच झड़पें जारी रही.

    टीएमसी पर लगे धांधली के आरोप

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बार जीत के लिए राज्य के लोगों के प्रति आभार जताया है. वहीं दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इस चुनाव को एक तमाशा करार देते हुए आरोप लगाया है कि मतगणना में जीतने वाले पार्टी के उम्मीदवारों को धांधली के जरिए हराया जा रहा है.

    सीपीएम के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा है कि इस नतीजे में लोगों का असली जनादेश नहीं झलकता क्योंकि चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है. मतदान के दिन बड़े पैमाने पर हिंसा हुई और केंद्रीय बल के जवान कहीं नजर नहीं आए.

  9. पाकिस्तानी पत्रकार का दावा- पीएम शहबाज़ शरीफ़ से सवाल पूछने पर गई नौकरी

    पाकिस्तान के एक पत्रकार ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुल्क में मीडिया की आज़ादी घटने को लेकर सवाल करने पर उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया.

    आज़म चौधरी नाम के ये पत्रकार पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल पीटीवी (पाकिस्तान टेलीविज़न) से जुड़े हुए थे.

    लाहौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष आज़म चौधरी का दावा है कि 30 जून को पंजाब के गवर्नर हाउस में हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान उन्होंने पीएम शहबाज़ शरीफ़ से सवाल किया था. इस दौरान पाकिस्तान सरकार के दो मंत्री इशाक डार और मरियम औरंगज़ेब भी मौजूद थे.

    पाकिस्तान के एआरवाई न्यूज़ के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार ने शहबाज़ शरीफ़ से अभिव्यक्ति की आज़ादी पर उनके बयान और ज़मीनी हक़ीकत में फ़र्क को लेकर सवाल किया था.

    वहीं, द नेशन पाकिस्तान के अनुसार चौधरी ने ये भी पूछा था कि मीडिया पर लगी अघोषित पाबंदियां कब हटेंगी.

    पाकिस्तान की सूचना मंत्री मरियम औरंगज़ेब ने आज़म चौधरी के दावों को ख़ारिज किया है.

    उन्होंने एक लंबे-चौड़े ट्वीट में ये कहा है कि आज़म चौधरी न तो पीटीवी के कर्मी हैं और न ही कभी रहे थे. वो सिर्फ़ पीटीवी के विश्लेषकों के समूह का हिस्सा थे. उन्हें इस समूह से हटाया नहीं गया है और न ही हटने को कहा गया है.

    मरियम औरंगज़ेब ने ये भी कहा है कि प्रेस कॉन्फ़्रेंस के लिए बुलाते समय भी सरकार को पत्रकार के विचारों की जानकारी थी. अगर सरकार उनकी आवाज़ या सवाल को दबाना चाहती तो उन्हें बुलाया नहीं जाता और न ही सवाल पूछने का मौका दिया जाता. प्रधानमंत्री ने उनके सवाल का पूरा जवाब दिया था और मैंने भी.

  10. बृजभूषण के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न मामला: चार्जशीट में सबूत के तौर पर हैं ये छह चीज़ें- प्रेस रिव्यू

  11. सऊदी अरब ने पाकिस्तान को फिर बड़े संकट से बाहर निकाला

    सऊदी अरब ने पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक को दो अरब डॉलर की बड़ी राशि भेजी है. पाकिस्तान के वित्त मंत्री ने इसकी जानकारी दी है.

    आईएमएफ़ से बेलआउट पैकेज मिलने के बाद पाकिस्तान की गिरती अर्थव्यवस्था को ये दूसरी बड़ी राहत है. जून के आख़िरी दिनों में पाकिस्तान को आईएमएफ़ से 3 अरब डॉलर के राहत पैकेज मिलने पर सहमति बनी थी.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सऊदी अरब को इस मदद के लिए शुक्रिया कहा है.

    उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "पाकिस्तान के लोगों की ओर से, मैं स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान में दो अरब अमेरिकी डॉलर जमा करने के लिए सऊदी अरब साम्राज्य के नेतृत्व और लोगों के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त करता हूं. मैं ख़ासतौर पर अपने भाई सऊदी के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान को पाकिस्तान के लिए ये सहायता सुनिश्चित करने पर शुक्रिया कहना चाहता हूं."

    पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि इस राशि के जमा करने से पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी होगी.

    पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच पाकिस्तान की स्थापना के समय से ही मज़बूत संबंध हैं. 1970 के दशक के बाद से ये संबंध और भी मज़बूत हुए हैं. पाकिस्तान के नेता अपने पहले दौरे पर सऊदी जाते रहे हैं.

    बीते साल इमरान ख़ान की सरकार गिरने के बाद प्रधानमंत्री बने शहबाज़ शरीफ़ ने भी अपना पहला विदेशी दौरा सऊदी अरब का ही किया.

    इस दौरे पर भी शहबाज़ शरीफ़ ने सऊदी से आठ अरब डॉलर का राहत पैकेज लेने में कामयाबी हासिल की थी.

    सऊदी अरब ने पिछले क़र्ज़ समझौते के तहत दिसंबर 2021 में पाकिस्तान स्टेट बैंक में तीन अरब डॉलर जमा कराए थे.

  12. अनिल अंबानी की डिफेंस कंपनी भी हुई दिवालिया, रफ़ाल का क्या होगा?

  13. बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह का महिला पत्रकार से आक्रामक बर्ताव का वीडियो वायरल

    बीजेपी के सांसद और कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का एक महिला पत्रकार पर भड़कने का वीडियो वायरल हो रहा है.

    कांग्रेस पार्टी ने इस वीडियो के ज़रिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.

    बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है.

    इसी कड़ी में महिला पत्रकार ने बीजेपी सांसद से सवाल किया कि क्या वो अब इस्तीफ़ा देंगे?

    इसके तुरंत बाद बृजभूषण शरण सिंह महिला पत्रकार पर भड़क उठे और उन्हें डांटते हुए अपनी गाड़ी में बैठ गए. महिला पत्रकार ने जब माइक सिंह की ओर बढ़ाया तो उन्होंने गाड़ी का दरवाज़ा इतनी तेज़ बंद किया कि माइक गिर गया. इसी दौरान महिला पत्रकार का हाथ भी गाड़ी के दरवाज़े में आते-आते बचा.

    इसी साल जनवरी में विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बबीता फोगाट, बजरंग पुनिया जैसे कई भारतीय पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. सिंह की गिरफ़्तारी की मांग के लिए इन पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर कई दिनों तक धरना भी दिया था.

    महिला पत्रकार के साथ कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष के बर्ताव पर कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    पार्टी ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए साथ में लिखा है, "बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह का अहंकार देखिए..एक महिला पत्रकार सवाल पूछ रही थी तो उसे डांटा और जब इससे भी मन नहीं भरा तो उसका माइक तोड़ दिया. नरेंद्र मोदी जी, अपने इस चहेते सांसद की करतूतों पर कब तक चुप रहेंगे?"

  14. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 11 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.