You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कनाडा में खालिस्तानी पोस्टरों पर भारत ने जताई सख़्त आपत्ति, पढ़िए क्या कहा

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कनाडा में भारतीय राजनयिकों के ख़िलाफ़ हिंसा का आह्वान करने वाले खालिस्तानी पोस्टरों पर गुरुवार शाम आपत्ति दर्ज कराई है.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and अनुराग कुमार

  1. जेनिन कैंप क्या है और इसराइली सेना यहां रेड क्यों मारती है?

    वेस्ट बैंक के जेनिन कैंप में इन दिनों हंगामा बरपा है, हज़ारों की तादाद में फ़लस्तीनी नागरिक जेनिन शरणार्थी कैंप को छोड़कर जा रहे हैं.

    इन लोगों का कहना है कि इसराइली सेना यहां के रिहायशी इलाकों को निशाना बना रही है.

    इसराइली सैन्य अभियान के बाद यहां रहने वाले कम से कम 10 फ़लस्तीनियों की मौत हो गई है और 100 के क़रीब घायल हैं.

    इसराइली सेना और सरकार का कहना है कि उन्होंने जेनिन कैंप में स्थित और वहां से संचालित हो रहे 'आतंकवादी संस्थाओं को भारी नुकसान' पहुंचा है.

  2. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटल पहुंचा रिकॉर्ड स्तर पर

    बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटल गुरुवार सुबह की ट्रेडिंग के वक्त 301.10 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू बाज़ार में सकारात्मक रुझान की वजह से ये बाज़ार में तेज़ी का दौर देखा जा रहा है.

    सुबह के कारोबारी सत्र में 30 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स में 185.37 अंकों (0.28 फीसदी) के उछाल के साथ 65,631.41 पर पहुंच गया था.

    कंपनियों के शेयर कीमतों में तेजी की वजह से बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों की कुल बाज़ार पूंजी अब तक के उच्चतम शिखर 3,01,10,526.12 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया.

    26 जून से 4 जुलाई के बीच सेंसेक्स में 2500 अंकों का उछाल दर्ज किया गया जा चुका है.

    जुलाई को सेंसेक्स 65,672.97 के साथ अपने रिकॉर्ड स्तर पर था. बुधवार को बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटल 299 लाख करोड़ रुपये पर था.

  3. इसराइल ने जेनिन में सैन्य कार्रवाई कर क्या हासिल किया

    इसराइल ने क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक के जेनिन रिफ्यूजी कैंप पर अपनी सैन्य कार्रवाई ख़त्म कर दी है. उसके सैनिक वापस लौट गए हैं. ताज़ा हमले में 12 फ़लस्तीनियों और एक इसराइली सैनिक की मौत हुई है.

    इसराइल का कहना है कि फ़लस्तीनी चरमपंथी समूहों को बर्बाद करने के लिए उसने यह अभियान चलाया था. जबकि फ़लस्तीनी नेतृत्व का कहना है कि यह साफ़ तौर पर इसराइल की तरफ़ से जंग है. कवर स्टोरी में आज बात इसी की.

  4. '72 हूरें' के निर्माताओं के ख़िलाफ़ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज

    मुंबई के एक सोशल एक्टिविस्ट ने हिंदी फिल्म '72 हूरें' के निर्माताओं के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

    शिकायतकर्ता का कहना है कि इस फिल्म से एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और ये फिल्म देश को बांटने की कोशिश है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में इस फिल्म को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है.

    सोशल एक्टिविस्ट ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ फिल्म सर्टिफिकेशन के समक्ष अलग से एक शिकायत दर्ज कराई है.

    उनके वकील अली काशिफ़ ख़ान ने बताया है कि सेंसर बोर्ड को भेजी गई शिकायत में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है.

    संजय पूरन सिंह चौहान के निर्देशन में बनी ये फिल्म 7 जुलाई को थिएटर में रिलीज होने वाली है.

    अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस फिल्म को लेकर शिकायत मिली है लेकिन अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.

  5. कितना बँटा हुआ है फ़्रांस का समाज

    पुलिस की गोलीबारी में एक युवक की मौत के बाद फ़्रांस में पिछले हफ़्ते शुरू हुई हिंसा अब शांत होती दिख रही है.

    लेकिन इस हिंसा ने फ़्रांस के समाज में जारी बंटवारे को दिखाया है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता जेनी हिंसा प्रभावित मार्से पहुंचीं और वहां के लोगों से बात की.

  6. आदिवासी युवक पर पेशाब का मामला: पैर धोकर पीड़ित से शिवराज सिंह चौहान ने पूछे ये सवाल

    मध्य प्रदेश के सीधी में आदिवासी युवक पर पेशाब किए जाने की चर्चा बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर हो रही है.

    इस मामले में विपक्ष एमपी की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साध रहा है.

    ऐसे में शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार सुबह आदिवासी युवक दशमत से भोपाल में मुलाक़ात की. शिवराज सिंह ने पैर धोकर, माला और शॉल पहनाकर दशरत का सम्मान किया.

    इस मौक़े पर शिवराज सिंह चौहान ने दशमत से माफ़ी मांगी और इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की.

    इस मुलाक़ात का वीडियो समाचार एजेंसी एएनआई ने साझा किया है.

    इस वीडियो में शिवराज सिंह चौहान दशमत से कुछ सवाल पूछते और बात करते हुए दिखाई देते हैं.

    शिवराज ने दशमत से पूछा कि आपको राशन मिलता है, क्या करते हैं आप और क्या बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं?

    इन सबके जवाब दशमत देते हैं.

    शिवराज सिंह ये कहते हुए दिखते हैं कि अगर आपको कोई परेशानी हो तो मुझे बताना.

    शिवराज सिंह चौहान दशमत से बोले- ''मुझे बहुत दुख हुआ वो घटना देखकर, मैं माफ़ी चाहता हूं. ये मेरी ड्यूटी है, मेरे लिए तो जनता ही भगवान जैसी है.''

    सोशल मीडिया पर शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ''मन दुखी है. दशमत जी आपकी पीड़ा बाँटने का यह प्रयास है, आपसे माफी भी माँगता हूँ, मेरे लिए जनता ही भगवान है!''

    मध्य प्रदेश में इस साल चुनाव होने हैं.

  7. जिस आदिवासी शख़्स पर की गई थी पेशाब, शिवराज सिंह ने बुलाकर उनके पैर धोए

    मध्य प्रदेश के सीधी ज़िले में जिस आदिवासी युवक पर प्रवेश शुक्ला नाम के शख़्स ने पेशाब की थी, अब उनका सम्मान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किया है.

    एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को दशमत नाम के इन पीड़ित शख़्स को भोपाल में बुलाया और उनसे मुलाक़ात की.

    शिवराज सिंह चौहान दशमत के पैर धोते हुए भी वीडियो में देखे जा सकते हैं.

    शिवराज ने दशमत को माला पहनाकर भी उनका सम्मान किया.

    दो दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

    इस वीडियो में प्रवेश शुक्ला नाम का व्यकित आदिवासी युवक दशमत पर पेशाब करते हुए दिखे थे. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई.

    पुलिस ने प्रवेश को गिरफ़्तार किया. इस मामले में शिवराज सिंह चौहान ने आदेश किया था कि ज़िम्मेदारी व्यक्ति के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी और एनएसए लगाया जाएगा.

  8. महाराष्ट्र की सियासी लड़ाई दिल्ली में पोस्टर तक आई, कटप्पा-बाहुबली का ज़िक्र

    महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उठापटक के बाद आज यानी गुरुवार को शरद पवार दिल्ली आएंगे.

    दिल्ली में एनसीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होनी है.

    महाराष्ट्र में अजित पवार की एनसीपी बनाम शरद पवार की एनसीपी को लेकर बुधवार को दो अलग बैठकें हुईं.

    इन दोनों बैठकों में अलग-अलग दावे किए गए और एक-दूसरे पर टिप्पणियां भी की गईं.

    अब ये तकरार दिल्ली की सड़कों पर भी देखने को मिल रही है.

    एनसीपी की स्टूडेंट विंग की ओर से दिल्ली में पोस्टर लगाए गए हैं. ये पोस्टर शरद पवार के घर के बाहर लगाए गए हैं.

    इन पोस्टर्स में लिखा है- सच और झूठ की लड़ाई में पूरा देश शरद पवार साहेब के साथ हैं. भारत देश का इतिहास है कि उसने कभी धोखा देने वालों को माफ़ नहीं किया है.

    एक दूसरे पोस्टर में बाहुबली फ़िल्म में कटप्पा के बाहुबी को पीठ पीछे तलवार मारने की तस्वीर को दिखाया गया है.

    इस पोस्टर में लिखा है- सारा देश देख रहा है अपनों में छिपे गद्दारों को, माफ़ नहीं करेगी जनता, माफ़ नहीं करेगी जनता, ऐसे फ़र्ज़ी मक्कारों को.

    इस पोस्टर पर टिप्पणी करते हुए कुछ लोगों ने लिखा- पार्ट 2 में पता चलेगा कि कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा था.

    हालांकि समाचार एजेंसी एएनआई के शेयर किए वीडियो में देखा जा सकता है कि इन पोस्टर को एनडीएमसी की ओर से हटाया जा रहा है.

  9. सैफ़ चैंपियनशिप: मेतई झंडे के साथ दिखे मणिपुर के फुटबॉलर ने ये दी सफ़ाई

    सैफ़ चैंपियनशिप फ़ाइनल में भारतीय फुटबॉल टीम जीती थी.

    इस मैच में जीत की चर्चा के साथ एक और बात की चर्चा हुई. जीत के बाद मणिपुर से फुटबॉल खिलाड़ी जिक्सन सिंह मेतई झंडे के साथ दिखे थे.

    मणिपुर में मेतई और कुकी समुदाय के बीच बीते दो महीनों से हिंसक झड़पें हो रही हैं.

    दोनों समुदायों के बीच दूरियां ख़त्म करने और हिंसा की घटनाओं को रोकने की सारी कोशिशें नाकाम साबित हो रही हैं.

    ऐसे में जब मेतई झंडे के साथ जिक्सन दिखे तो इसकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी रही.

    जिक्सन के इस कदम की सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आलोचना भी की.

    अब जिक्सन ने ट्विटर पर इस बारे में सफ़ाई दी है.

    जिक्सन ने लिखा, ''प्यारे फैंस, ध्वज के साथ जश्न मनाकर मैं किसी का दिल नहीं दुखाना चाहता था. मैं बस अपने गृह राज्य मणिपुर की ओर लोगों का ध्यान लाना चाहता था. मैच की जीत सभी भारतीयों को समर्पित है.''

    जिक्सन ने और क्या कहा?

    ईएसपीएन को दिए इंटरव्यू में जैक्सन ने मणिपुर में लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी.

    जिक्सन ने कहा था, ''ये मेरे मणिपुर का झंडा है. मैं मणिपुर और भारत के लोगों से बस ये कहना चाहता हूं कि लड़ाई ना करें और शांति से रहें. मैं शांति चाहता हूं. दो महीने हो गए हैं और लड़ाई अब भी जारी है.

    जिक्सन बोले, ''मेरा परिवार सुरक्षित है पर वहां कितने परिवार हैं जो अपने घर और जान से हिंसा की कीमत चुका रहा हूं. हालात मुश्किल हैं. मेरे लिए भी ऐसे हालात में घर लौटना मुश्किल है. मैं नहीं जानता कि आख़िर हो क्या रहा है. उम्मीद करता हूं कि सब जल्द सही हो.''

    फ़ीफ़ा नियमों के मुताबिक़, कोई टीम किसी राजनीतिक, धार्मिक या निजी नारों, बयान या तस्वीर का इस्तेमाल नहीं कर सकती है.

  10. साउथ अफ़्रीका: गैस लीक के कारण 16 लोगों की मौत

    साउथ अफ़्रीका में गैस लीक के कारण 16 लोगों की मौत हो गई है. ये हादसा जोहानिसबर्ग के बोक्सबर्ग में हुआ है.

    स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों में बच्चे और औरतें शामिल हैं.

    माना जा रहा है कि ये हादसा नाइट्रेट ऑक्साइड गैस लीक के चलते हुआ है. गैस जहां से लीक हुई है, उसे अवैध गोल्ड खनन से जोड़कर देखा जा रहा है.

    नाइट्रेट ऑक्साइड गैस आमतौर पर सोने का अवैध खनन करने वाले लोग इस्तेमाल करते हैं. इसे ज़ामा ज़मास कहा जाता है.

    बोक्सबर्ग के घनी आबादी वाले क्षेत्र में एक सिलेंडर बरामद किया गया है, जिससे गैस लीक हो रही थी.

    सभी पीड़ित इसी जगह से 100 मीटर की रेंज में पाए गए. इमरजेंसी सेवाओं ने बीबीसी को बताया कि किसी को अस्पताल नहीं ले जाया गया.

    आशंका जताई जा रही है कि कई और लोगों के शव मिल सकते हैं. मौक़े पर बचाव दल मौजूद हैं.

  11. काजोल ने बताई- शाहरुख़ ख़ान की 'एक कमाल की बात'

    अभिनेत्री काजोल ने एक्टर शाहरुख़ ख़ान और माधुरी दीक्षित के बारे में एक इंटरव्यू में कुछ बातें कही हैं.

    ज़ूम टीवी को दिए इंटरव्यू में काजोल से पूछा गया कि आपकी नज़र में कौन ऐसी अभिनेत्री रहीं, जो अंटररेटेड हैं.

    इसके जवाब में काजोल बोलीं, ''अगर वैराइटी के हिसाब की बात करूं तो माधुरी दीक्षित मेरी नज़र में काफ़ी अंडररेटेड रहीं. माधुरी को वो मौक़े नहीं मिले, जिनके वो काबिल थीं जो उनकी रेंज थी.''

    इसी इंटरव्यू में काजोल से पूछा गया कि वो शाहरुख़ ख़ान से क्या सीखना चाहेंगी?

    इसके जवाब में काजोल बोलीं, ''मैं शाहरुख़ से ये सीखना चाहूंगी कि वो कैसे सबके डायलॉग याद कर लेते हैं. शाहरुख़ की याददाश्त कमाल की है. शाहरुख़ की फोटोग्राफिक यादाश्त है. शाहरुख़ सेट पर आते हैं और उनको सबके डायलॉग पता होते हैं. मैं हमेशा हैरान रहती हूं कि वो ये कैसे कर लेता है.''

    काजोल ने कहा, ''मुझे किसी किरदार या फ़िल्म को करने का आज तक अफ़सोस नहीं है. अगर आज मुझे कोई किरदार करने को कहा जाए तो मैं तब से बिल्कुल अलग करूंगी. क्योंकि तब मैं कुछ और थी, आज कुछ और हूं.''

    इंडस्ट्री में आने वाली नई लड़कियों को सलाह देते हुए काजोल बोलीं, ''भगवान ने आपको जैसा बनाया है और जैसा आपने चाहा वैसा नहीं बनाया है तो इसके लिए मेकअप करने की सुविधा हमेशा है. पर सर्जरी नहीं. ये आपकी मर्ज़ी से है तो ठीक है. पर इस वजह से नहीं होना चाहिए कि कुछ लोगों ने आपको कह दिया.''

  12. संजय राउत ने कहा था- शिंदे ज़्यादा दिन नहीं रहेंगे सीएम, अब बीजेपी ने दिया जवाब

    महाराष्ट्र में हुए सियासी फेरबदल के बाद से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिव सेना के कुछ नेता कह रहे थे कि एकनाथ शिंदे सीएम की कुर्सी छोड़ सकते हैं.

    संजय राउत इस तरह की बातें लगातार कर रहे थे.

    संजय राउत ने दावा किया था कि एकनाथ शिंदे ज़्यादा दिन तक मुख्यमंत्री नहीं रहने वाले हैं.

    राउत की टिप्पणी पर महाराष्ट्र बीजेपी की ओर से प्रतिक्रिया आई है.

    बीजेपी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, ''देवेंद्र फडणवीस और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही कहा है कि एकनाथ शिंदे ही राज्य के मुख्यमंत्री रहेंगे. वे अच्छा काम कर रहे हैं, उनको बदलाव की ज़रूरत नहीं है. हमारे नेता एकनाथ शिंदे हैं और वही मुख्यमंत्री रहने वाले हैं.''

    महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिव सेना नेता उदय सामंत ने भी इस्तीफ़े की ख़बरों को ख़ारिज किया.

    सामंत ने कहा, ''एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में एक बैठक हुई. बैठक लोकसभा चुनावों और विधानसभा सत्र के मद्देनज़र हुई. विधायकों के बीच अजित पवार के आने से किसी तरह का असंतोष नहीं है. हम सबको एकनाथ शिंदे पर भरोसा है. एकनाथ शिंदे के इस्तीफ़े की ख़बरें अफवाह हैं. सभी विधायक, सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व के साथ हैं.''

    महाराष्ट्र सरकार में मंत्री शंभुराज देसाई ने कहा- शिंदे के इस्तीफ़े का सवाल ही नहीं होता, हमारे पास 200 से ज़्यादा विधायकों का समर्थन है. कोई नेता शिंदे के नेतृत्व से नाख़ुश नहीं है.

  13. शरद पवार को गुरु मानने वाले प्रफुल्ल पटेल ने साथ क्यों छोड़ा

  14. व्हाइट हाउस में कोकीन मिलने पर डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

    अमेरिका के राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस में कोकीन मिलने के मामले में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निशाना साधा है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल के अपने अकाउंट से ट्रंप ने राष्ट्रपति बाइडन और अमेरिकी जनता को भी कोसा.

    ट्रंप ने लिखा, ''व्हाइट हाउस के सिक्योरिटी टेप कहां हैं? ये टेप साफ़ बता देंगे कि कोकीन कहाँ से आई. ये लोग पहले से ही जवाब जानते हैं लेकिन जवाब शायद पसंद नहीं आएगा.''

    ट्रंप ने कहा, ''क्या किसी को इस बात पर भरोसा है कि व्हाइट हाउस के वेस्ट विंग में जो कोकीन मिली है, वो जो बाइडन और हंटर के इस्तेमाल के लिए थी. लेकिन देखिएगा, ये फ़ेक न्यूज़ मीडिया जल्द ये कहना शुरू करेंगे कि कोकीन की मात्रा काफ़ी कम थी और ये कोकीन नहीं थी. पब्लिक एस्प्रिन थी. ये ख़बर जल्द ग़ायब हो जाएगी.''

    व्हाइट हाउस के स्पेशल काउंसिल जैक स्मिथ पर आरोप लगाते हुए ट्रंप ने कहा, ''मुझसे नफ़रत करने वाले जैक स्मिथ को क्या किसी ने इस इलाक़े में कोकीन के साथ देखा? वो मुझे सिरफिरा लगता है.''

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि कोकीन जहां मिली है वो जगह वेस्ट विंग की उस जगह से मिली है, जहां व्हाइट हाउस घूमने आने वाले लोग अपना इलैक्ट्रॉनिक सामान रखते हैं.

    इस मामले की सीक्रेट सर्विस जांच कर रही है.

    व्हाइट हाउस ने बताया कि एजेंसी विज़िटर लॉग की जांच कर रही हैं और कैमरों को देख रही हैं.

    व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने बताया, ''कोकीन जहां से मिली है, वहां काफ़ी लोग आते-जाते हैं.''

    क्या अभी तक किसी का ड्रग टेस्ट किया गया है? इस सवाल के जवाब में व्हाइट हाउस की ओर से बताया गया कि सीक्रेट सर्विस की जांच अभी चल रही है. जो भी सही और ज़रूरी होगा, वो एक्शन लिया जाएगा.''

    व्हाइट हाउस में वेस्ट विंग वो जगह है, जहां से राष्ट्रपति बाइडन का एक्ज़ीक्यूटिव मेंशन काफ़ी पास है. इसमें ओवल ऑफिस, कैबिनेट रूम और राष्ट्रपति कार्यालय के स्टाफ के बैठने की जगहें भी शामिल हैं.

    व्हाइट हाउस के इस क्षेत्र से हर रोज़ सैकड़ों लोग गुज़रते हैं.

  15. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    5 जुलाई के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.