You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कनाडा में खालिस्तानी पोस्टरों पर भारत ने जताई सख़्त आपत्ति, पढ़िए क्या कहा

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कनाडा में भारतीय राजनयिकों के ख़िलाफ़ हिंसा का आह्वान करने वाले खालिस्तानी पोस्टरों पर गुरुवार शाम आपत्ति दर्ज कराई है.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and अनुराग कुमार

  1. जब क़ैद में रहे चिम्पैंज़ी ने पहली बार खुला आसमान देखा

    सालों तक क़ैद में रहे एक चिम्पैंज़ी ने जब पहली बार खुले आसमान को देखा तो, वो कुछ घबराया हुआ सा था.

    लेकिन थोड़े से प्रोत्साहन के बाद उसकी घबराहट दूर हो गई और उसे नया परिवार भी मिल गया.

  2. 'पेशाब कांड' के पीड़ित की शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात पर क्या बोलीं मायावती

    मध्य प्रदेश के सीधी में आदिवासी युवक पर पेशाब किए जाने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार विपक्षी पार्टियों के निशाने पर है.

    सीएम द्वारा पीड़ित युवक को भोपाल बुलाकर पैर धोने और सम्मानित करने को बीएसपी प्रमुख मायावती ने 'नाटकबाज़ी' करार दिया है.

    उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस पूरे प्रकरण पर ट्वीट कर कहा, "मध्य प्रदेश के सीएम द्वारा सीधी ज़िले के पेशाब कांड के पीड़ित आदिवासी युवक को लगभग 600 किलोमीटर दूर भोपाल बुलाकर सीएम हाउस में कैमरे के घेरे में उसके पैर धोना सरकारी पश्चाताप कम तथा इनकी नाटकबाजी व चुनावी स्वार्थ की राजनीति ज्यादा लगती है. ऐसा नुमाइशी कार्य क्या उचित?"

    उन्होंने आगे कहा, "चूंकि मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव निकट है, इसलिए सरकार की ऐसी बेचैनी स्वाभाविक है. किन्तु पूरे राज्य में खासकर एससी, एसटी, अति पिछड़े व मुस्लिम समाज के साथ ही सर्वसमाज के लोगों का महंगाई व बेरोजगारी आदि से इनका जीवन जितना त्रस्त हुआ है उसका हिसाब वे जरूर ही मांगेंगे.''

    शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भोपाल में पीड़ित युवक दशमत से मुलाक़ात की थी.

    उन्होंने पैर धोकर, माला और शॉल पहनाकर दशरत का सम्मान किया था.

  3. विपक्षी एकजुटता में सेंध से 2024 में बीजेपी को कितना फ़ायदा?

  4. आसमान छू रहे भाव, कर्नाटक में ढाई लाख के टमाटर चोरी

    पिछले कुछ दिनों से देशभर में टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं. इसी बीच अब इसकी चोरी के मामले भी सामने आने लगे हैं.

    कर्नाटक में एक किसान ने ढाई लाख के टमाटर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है. वहीं आंध्र प्रदेश में भी टमाटर चोरी का एक मामला सामने आया है.

    ये मामला कर्नाटक के हासन जिले का है. सोनमहल्ली गांव की रहने वाली किसान धरिणी ने हालेबीडू पुलिस को अपने खेत से 50-60 बोरी टमाटर चोरी किए जाने की शिकायत दी.

    उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, ''हमने लोन लेकर टमाटर की खेती की थी. अच्छी फसल हुई और इस बार कीमत भी अच्छी चल रही थी. 50-60 बोरी टमाटर चुराने के बाद चोरों ने हमारी बाकी की फ़सल बर्बाद कर दी.''

    महिला के बेटे ने सरकार ने इस मामले में मुआवज़े की भी मांग की. स्थानीय पुलिस कहना है कि पहली बार उनके थाने में किसी ने टमाटर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है.

    वहीं एक दूसरे मामले में आंध्र प्रदेश के दोरनाकाल में एक सब्जी विक्रेता ने 20 किलो टमाटर चोरी किए जाने की शिकायत की है.

    इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार लखपति नाम के किसान ने कहा कि बुधवार रात को चोरों ने उसकी दुकान से टमाटर के 3 बॉक्स समेत कुछ और सब्ज़ियां चोरी कर लीं.

  5. पाकिस्तान के क्वेटा में रहने वाली रिक्शा चालक बीबी ज़हरा से मिलिए

    बीबी ज़हरा पाकिस्तान के क्वेटा में रहती हैं.

    बेटी के जन्म के बाद उनके पति ने उनका और बच्ची का ख़र्च उठाने से इनकार कर दिया लेकिन बीबी ज़हरा ने हिम्मत नहीं हारी.

    वो रिक्शा चलाती हैं और इसी के ज़रिए अपना और अपनी बेटी का भरण-पोषण कर रही हैं.

  6. शरद पवार और अजित पवार की लड़ाई पर क्या बोले छगन भुजबल

    महाराष्ट्र की राजनीति में आए नाटकीय बदलाव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सत्ता संघर्ष पर एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने कहा है कि उन्होंने ये कदम इसलिए उठाया है क्योंकि उन्हें इस बात पर भरोसा है कि वे अयोग्य नहीं ठहराए जाएंगे.

    गुरुवार को छगन भुजबल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया.

    उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग, कानूनी सवाल, सुप्रीम कोर्ट के फैसले... अजित पवार के नेतृत्व में इन सभी मुद्दों पर विभिन्न कानूनी विशेषज्ञों के साथ चर्चा की गई है और निर्णय लिए गए हैं. इस रास्ते पर जाने से हम अयोग्य नहीं होंगे. इस पर भरोसा करने के बाद ही आगे कदम उठाया गया है."

    "सरकार में शामिल होने से पहले दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जाते हैं. अजित पवार पार्टी के मुखिया हैं. यह पहले से तय किया गया है कि प्रचलित नियमों और संविधान का पालन किया जाएगा."

    शरद पवार के इस मुद्दे पर कि विरोधी मेरी तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं, छगन भुजबल ने कहा, "शरद पवार ने कहा है कि उनकी तस्वीर का इस्तेमाल नहीं किया जाए. हम इस पर चर्चा करेंगे और फैसला लेंगे."

    उन्होंने आगे कहा, "अगर शरद पवार ने कांग्रेस नहीं छोड़ी होती तो शायद मैं मुख्यमंत्री बन जाता, मुझे लगातार फोन आ रहे थे. मैं कार्यसमिति में था. यह बात उन्हें भी पता है. प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मैंने वह ऑफर ठुकरा दिया."

    क्या शरद पवार के बेटी प्रेम के कारण ऐसा हो रहा है? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "अजित दादा ने कल जो कहा, वही उनके कल के बयान का मतलब है. आप उनसे पूछिए. लेकिन ये सब क्यों हो रहा है, इतने सारे विधायक क्यों आए?"

  7. क्या मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स ख़त्म होने जा रहा है?

    दुनिया को दुष्टों और विलेन से बचाने वाला ऐंटमैन, जो जैसा चाहे अपना आकार बदल सकता है, अब ख़तरे में है. ऐंटमैन ही नहीं बल्कि उसके दूसरे कई सुपरहीरो साथी भी ख़तरे में हैं और हम उन्हें बचाने के लिए कुछ नहीं कर सकते.

    क्योंकि इस बार उन पर यह हमला हो रहा है फ़िल्म समीक्षकों और उनके फ़ैन्स की तरफ़ से. तो इस हफ़्ते दुनिया-जहान के इस अंक में हम यह समझने की कोशिश करेंगे कि क्या मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स की दुनिया ख़त्म होने जा रही है?

  8. राहुल गांधी को शादी की सलाह और विपक्ष के पीएम पद उम्मीदवार पर क्या बोले लालू यादव

    राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव कहा है कि किसी को भी प्रधानमंत्री आवास में बिना पत्नी के नहीं रहना चाहिए.

    राहुल गांधी को शादी की सलाह और विपक्ष की ओर से पीएम पद का उम्मीदवार कौन होगा, इस पर लालू प्रसाद यादव ने कहा, ''उनकी शादी की बात अलग है, पीएम की उम्मीदवारी अलग, लेकिन जो भी पीएम हो उसे पीएम आवास में बिना पत्नी के नहीं रहना चाहिए.''

    आरजेडी प्रमुख ने आगे कहा, ''प्रधानमंत्री की कोठी में बिना पत्नी के जो लोग रहते हैं, वो बहुत गलत है. इसे ख़त्म करना चाहिए. जो भी हो पत्नी के साथ रहना चाहिए.''

    उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर आगे हमला बोलता हुए कहा, ''वो भ्रष्ट लोगों के संयोजक हैं. जिसको भ्रष्ट कहते थे, महाराष्ट्र में उसको मंत्री बना दिया. ये दोमुंहे लोग हैं.''

    लालू प्रसाद यादव ने दावा किया कि महागठबंधन आगामी लोकसभा चुनाव में 300 सीटें जीतने जा रहा है.

    उन्होंने कहा कि 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में विपक्षी पार्टियों की बैठक में शामिल होने वो बेंगलुरु जाएंगे और 2024 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी सरकार को बाहर करने की रणनीति तैयार करेंगे.

  9. भारत-पाकिस्तान की राजनीति से क्या सीख सकते हैं ब्राज़ील के लोग

    ब्राज़ील के भूतपूर्व राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो पर फ़ेडरल चुनाव न्यायालय ने सात साल का बैन लगा दिया है.

    अब ब्राज़ील में दोबारा वापसी के लिए बोलसोनारो को क्या कुछ करने की ज़रूरत है और उन्हें किन देशों की यात्रा करने का सुझाव है...

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्डकप से तीन महीने पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान का बड़ा एलान

    बांग्लादेश वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान तमीम इक़बाल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान किया है.

    ये एलान ऐसे वक़्त में हुआ है, जब तीन महीने बाद क्रिकेट वर्ल्डकप होना है.

    एक दिन पहले ही अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ पहले वनडे मैच में बांग्लादेश की हार हुई थी.

    ईएसपीएन क्रिक इंफो की रिपोर्ट के अनुसार, अपनी रिटायरमेंट के बारे में तमीम इक़बाल ने कहा, "ये मेरे लिए अंत है. मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया. मैं अब इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यासले रहा हूं. मैं अपने सभी साथी खिलाड़ियों, कोच, अधिकारियों और परिवार के सदस्यों का शुक्रिया अदा करता हूं. शुक्रिया उन लोगों का जो इस यात्रा में मेरे साथ रहे और मुझ पर भरोसा किया."

    तमीम इक़बाल बोले, "मैं अपने फैंस का भी शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा किया.. मैं अपनी नई पारी के लिए आप सबकी शुभकामनाएं चाहता हूं. दुआओं में याद रखना."

    तमीम इक़बाल का 16 साल लंबा इंटरनेशल क्रिकेट करियर रहा है.

    बांग्लादेश क्रिकेट टीम का नया कप्तान कौन होगा, इस बारे में कोई एलान अभी तक नहीं हुआ है.

  11. वेस्ट बैंक में इसराइली सैन्य कार्रवाई पर देखिए यह रिपोर्ट

    फ़लस्तीनी अधिकारियों ने दावा किया है कि जेनिन में इसराइली सुरक्षाबलों की कार्रवाई में दस लोग मारे गए हैं और हज़ारों लोगों को जेनिन कैंप से भागना पड़ा है.

    संयुक्त राष्ट्र की सहायता एजेंसियों ने क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इसराइली हमले को ख़ौफ़नाक बताया है.

    लेकिन इसराइली सरकार का कहना है कि जब तक ज़रूरत होगी, चरमपंथ के ख़िलाफ़ उसकी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

  12. भारत के बाहर आईआईटी का पहला कैंपस तंज़ानिया में खुलेगा: विदेश मंत्रालय

    विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया है कि भारत के बाहर आईआईटी का पहला कैंपस पूर्वी अफ्रीकी देश तंज़ानिया के ज़ंज़ीबार में खोला जाएगा.

    इस सिलसिले में बुधवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर और ज़ंज़ीबार के राष्ट्रपति हुसैन अली म्विनयी ने बुधवार को एक मेमोरैंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग पर दस्तखत किए.

    विदेश मंत्री एस जयशंकर इस समय तंज़ानिया के दौरे पर हैं.

    विदेश मंत्रालय ने बताया, "भारत के शिक्षा मंत्रालय, आईआईटी मद्रास और ज़ंज़ीबार के शिक्षा और वोकेशनल ट्रेनिंग विभाग के बीच एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर दस्तखत कर लिए गए हैं."

    विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में साल 2020 की राष्ट्रीय शिक्षा नीति का भी हवाला दिया है जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले भारतीय विश्वविद्यालयों को अन्य देशों में अपने कैंपस शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है.

  13. भारत की अध्यक्षता में एससीओ समिट के मायने

    भारत की अध्यक्षता में एससीओ राष्ट्राध्यक्षों ने नई दिल्ली घोषणा-पत्र का अनुमोदन किया है, जिसमें कट्टरपंथ, अलगाववाद और चरमपंथ का मुक़ाबला करने के लिए सहयोग का आह्वान किया गया है.

    इस वर्चुअल समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ समेत आठ देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए.

    पीएम मोदी ने इन नेताओं की मौजूदगी में चरमपंथ का मुद्दा उठाया.

  14. पेशाब प्रकरण: शिवराज सिंह चौहान से पैर धुलवाने के बाद क्या बोले पीड़ित आदिवासी

    मध्य प्रदेश के सीधी इलाक़े में आदिवासी शख़्स दशमत ने गुरुवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान से मुलाक़ात की है.

    दशमत के ऊपर प्रवेश शुक्ला नाम के शख़्स ने पेशाब की थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

    इसके बाद गुरुवार को शिवराज सिंह चौहान ने दशमत को भोपाल बुलाकर उनका सम्मान किया.

    शिवराज ने दशमत के पैर धोए, माला और शॉल पहनाई. साथ ही शिवराज ने दशमत के साथ जाकर वृक्षारोपण भी किया.

    इस मुलाक़ात के बाद समाचार एजेंसी एएनआई ने दशमत से बात की.

    एएनआई से दशमत ने कहा, ''मंत्री (शिवराज) के पास आए. उनके पास आकर बहुत अच्छा लगा. मंत्री जी ने घर पर फोन लगाया. हमारे परिवार से बात की, हमको यही अच्छा लगा. बहुत दूर से आ रहे हैं और साहब से मिलकर घर जा रहे हैं.''

    दशमत से जब सवाल पूछा गया कि आप उस घटना के बारे में क्या बताना चाहेंगे तो वो जवाब देने से बचते दिखे.

    दशमत ने कहा, ''क्या बताएं. कुछ नहीं कहना. जो हो गया वो हो गया.''

    शिवराज सिंह चौहान ने दशमत संग मुलाकात का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है.

    शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, ''यह वीडियो मैं आपके साथ इसलिए साझा कर रहा हूँ कि सब समझ लें कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान है, तो जनता भगवान है. किसी के साथ भी अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. राज्य के हर नागरिक का सम्मान मेरा सम्मान है.''

    मध्य प्रदेश पुलिस ने दो दिन पहले प्रवेश शुक्ला को गिरफ़्तार कर लिया था. सरकार का कहना है कि प्रवेश शुक्ला पर एनएसए लगाया जाएगा और सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी.

  15. जब कश्मीर के एक लड़के को हुआ क्रोशिया से प्यार

    क्रोशिया बुनना औरतों का काम है, पुरूषों को इससे क्या काम...कुछ ऐसी ही बातें कश्मीर के एक लड़के को भी कहीं गईं जब उन्हें क्रोशिए की बुनाई से प्यार हो गया.

    कइयों ने उनका मज़ाक उड़ाया, फिर भी नज़र नासिर ने इसे पहले शौक से और फिर प्रोफ़ेशनली अपनी ज़िंदगी का हिस्सा बना लिया. देखिए बीबीसी संवाददाता रियाज़ मसरूर की रिपोर्ट.

  16. ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने खालिस्तान समर्थकों को दी ये चेतावनी

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने भारत के उच्चायोग पर हमला करने वालों को चेतावनी दी है.

    जेम्स क्लेवरली ने ट्वीट किया है, "लंदन में भारत के उच्चायोग पर किया कोई हमला पूरी तरह से अस्वीकार्य है. हमने ये बात भारत सरकार और उच्चायुक्त विक्रम दुरैस्वामी से से साफ़ कर दिया है कि उच्चायुक्त के स्टाफ की सुरक्षा पुख्ता है."

    जेम्स क्लेवरली का ये बयान ऐसे वक़्त में आया है जब आठ जुलाई को लंदन में खालिस्तान समर्थकों ने एक बड़ी रैली का एलान किया है.

    कुछ दिन पहले सेनफ्रांसिस्को में भारत के वाणिज्यिक दूतावास पर खालिस्तान समर्थकों ने हमला किया था.

    स्थानीय मीडिया के शेयर किए वीडियो में देखा जा सकता था कि कैसे कुछ लोग दूतावास के बाहर आग लगा रहे थे.

    इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे पोस्टर शेयर किए गए जिनमें लंदन में आठ जुलाई को खालिस्तान समर्थकों के इकट्ठा होने की बात कही गई थी.

    हाल ही में ख़ालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में हत्या कर दी गई थी.

    निज्जर सरे के गुरु नानक सिख गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष थे और भारत सरकार की 'वांटेड' लिस्ट में शामिल थे.

  17. पबजी के ज़रिए हुआ प्यार, भारत पहुंची पाकिस्तानी महिला की कहानी

    पब्जी, प्यार और फिर सीमा पार...ये कहानी सबको हैरान कर रही है.

    हर कोई जानना चाहता है कि कैसे एक पाकिस्तानी महिला चार बच्चों को लेकर भारत अपने प्रेमी के पास आ गई और कई दिनों तक ग्रेटर नोएडा के एक घर में रहती रही.

    आख़िरकार पुलिस को पता चला और अब वो पुलिस की गिरफ़्तर में है.

    लेकिन ये प्यार की कहानी कैसे परवान चढ़ी और अब यहां से कहां जाएगी?

  18. आदिवासी शख़्स पर पेशाब करने वाले प्रवेश शुक्ला का नया वीडियो आया सामने

    मध्य प्रदेश के सीधी ज़िले में आदिवासी युवक दशरत पर पेशाब करने वाले प्रवेश शुक्ला का नया वीडियो सामने आया है.

    इस वीडियो में प्रवेश शुक्ला को पुलिस मेडिकल टेस्ट के लिए ले जाती हुई दिख रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, ये वीडियो पांच जुलाई का है.

    वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस प्रवेश शुक्ला को टीशर्ट से पकड़कर धक्के मारते हुए ले जा रही है.

    प्रवेश शुक्ला की जब गिरफ़्तारी हुई थी, तब जिस तरह से प्रवेश थाने में प्रवेश कर रहे थे उसकी ये कहकर आलोचना हुई थी कि पुलिस के सामने अभियुक्त की अकड़ देखिए.

    शिवराज सिंह चौहान ने दशमत के पैर धोए

    इस बीच मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान का भी एक वीडियो सामने आया है.

    इस वीडियो में शिवराज आदिवासी युवक दशमत के पैर धोते हुए दिख रहे हैं.

    शिवराज ने दशमत से माफ़ी मांगते हुए कहा,''मुझे बहुत दुख हुआ वो घटना देखकर, मैं माफ़ी चाहता हूं. ये मेरी ड्यूटी है, मेरे लिए तो जनता ही भगवान जैसी है.''

    सोशल मीडिया पर शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ''मन दुखी है. दशमत जी आपकी पीड़ा बाँटने का यह प्रयास है, आपसे माफी भी माँगता हूँ, मेरे लिए जनता ही भगवान है!''

    शिवराज सिंह चौहान दशमत के साथ भोपाल में वृक्षारोपण करते हुए भी दिखाई दिए.

  19. LIVE: कल्कि के साथ माई इंडियन लाइफ़, बीबीसी हिंदी का नया पॉडकास्ट

    LIVE: कल्कि के साथ माई इंडियन लाइफ़. बीबीसी हिंदी के इस नए पॉडकास्ट में क्या है ख़ास, कल्कि के साथ बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता विदित मेहरा.

  20. श्रीनगर: उप-राज्यपाल की मौजूदगी में राष्ट्रगान के लिए नहीं खड़े होने पर 14 लोग गिरफ़्तार

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, श्रीनगर में राष्ट्रगान के वक़्त खड़े ना होने के आरोप में 14 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद थे.

    ये घटना जून महीने में हुए एक कार्यक्रम की बताई जा रही है.

    प्रशासन ने राष्ट्रगान के वक़्त लोगों को खड़ा ना कर पाने के चलते कुछ पुलिसवालों को भी सस्पेंड किया है.

    25 जून को जम्मू और कश्मीर पुलिस ने पेडल फोर पीस इवेंट आयोजित किया था.

    इस साइकिल इवेंट में कुछ लोग खड़े नहीं हुए थे.

    प्रशासन ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए इसे राष्ट्रगान का अपमान बताया था और जांच के आदेश दिए थे.

    जिन लोगों को गिरफ़्तार किया है, उन पर धारा 107 और 151 सीआरपीसी के तहत केस दर्ज किया गया है.

    अधिकारियों ने बताया कि गिरफ़्तार किए गए लोगों को सेंट्रल जेल भेज दिया गया है.