You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वागनर ग्रुप चीफ़ ने जारी किया ऑडियो, कहा- निशाने पर नहीं थे राष्ट्रपति पुतिन

वागनर समूह के अध्यक्ष येवगेनी प्रिगोज़िन ने कहा है कि जब उन्होंने मॉस्को की तरफ़ मार्च का एलान किया था, तो उनका निशाना रूसी राष्ट्रपति पुतिन नहीं थे.

लाइव कवरेज

  1. वागनर ग्रुप चीफ़ ने जारी किया ऑडियो, कहा- निशाने पर नहीं थे राष्ट्रपति पुतिन

    वागनर समूह के अध्यक्ष येवगेनी प्रिगोज़िन ने कहा है कि जब उन्होंने मॉस्को की तरफ़ मार्च का एलान किया था, तो उनका निशाना रूसी राष्ट्रपति पुतिन नहीं थे.

    वागनर समूह का विरोध ख़त्म होने के बाद पहली बार उनका बयान आया है. 11 मिनट के एक ऑडियो में उन्होंने कहा, "मार्च का मक़सद वागनर को बर्बाद होने से बचाना और उन लोगों की जवाबदेही तय करना था जिनके उठाए गए ग़ैर-ज़िम्मेदाराना क़दम से कई ग़लतियां हुईं."

    उन्होंने कहा कि वागनर को अफ़सोस है कि "उन्हें रूसी वायुसेना को निशाना बनाना पड़ा" और वो पीछे मुड़े क्योंकि वो "रूसी सैनिकों का खून नहीं बहाना चाहते थे."

    उन्होंने कहा, "हम विरोध जताने के लिए मार्च कर रहे थे, सरकार गिराने के लिए नहीं."

    वागनर विद्रोह को रोकने के लिए की गई डील की शर्तों के बारे में बोलते हुए, उन्होंने दावा किया कि समूह "1 जुलाई 2023 को वागनर को बंद करने और इसे रक्षा मंत्रालय में शामिल करने के निर्णय के स्पष्ट रूप से ख़िलाफ़ था."

    उन्होंने कहा कि कमांडरों ने रूसी रक्षा मंत्रालय के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के अनुरोध को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. उनका दावा है उनके लगभग 30 लोग "रूसी हमलों में मारे गए" - बीबीसी ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है.

    प्रिगोज़िन ने कहा कि बेलारूसी नेता अलेग्जेंडर लुकाशेंको ने डील में अहम भूमिका निभाई. उनके मुताबिक लुकाशेंको ने "अपना हाथ बढ़ाया और वागनर को अपना काम कानूनी रूप से जारी रखने के तरीके खोजने की पेशकश की." उन्होंने इससे जुड़ी ज़्यादा जानकारी नहीं दी.

    प्रिगोज़िन ने टेलीग्राम पर शेयर किए गए ऑडियो संदेश में यह नहीं बताया कि वह कहां हैं. पहले ये बताया गया था कि डील के तहत प्रिगोज़िन बेलारूस जाने के लिए तैयार हो गए थे.

    पिछले हफ़्ते प्रिगोज़िन ने घोषणा की थी कि वो रूसी सेना के ख़िलाफ़ विद्रोह का रास्ता लेने जा रहे हैं.

    येवगेनी प्रिगोज़िन की घोषणा से तिलमिलाए राष्ट्रपति पुतिन ने इसे ‘पीठ में छुरा घोंपने’ जैसा बताया था और रूस को ‘धोखा’ देने वालों को सज़ा देने की बात कही थी.

    इसके बाद मॉस्को की ओर मार्च करने के लिए निकले प्रिगोज़िन ने वापस लौटने का फ़ैसला किया था.

    वागनर ग्रुप भाड़े के लड़ाकों की एक प्राइवेट आर्मी है जो यूक्रेन में रूसी सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ती रही है. एक अनुमान के मुताबिक वहां वागनर ग्रुप के दसियों हज़ार लड़ाके मौजूद हैं.

  2. कॉमेडियन देवराज पटेल का सड़क हादसे में निधन, छत्तीसगढ़ के सीएम बघेल ने ऐसे किया याद

    कॉमेडियन और यूट्यूबर देवराज पटेल का छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुई एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने पुलिस अधिकारी मनोज ध्रुव के हवाले से बताया है कि उनकी बाइक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी. इस हादसे में देवराज के एक दोस्त को भी चोटें आई हैं.

    पुलिस अधिकारी मनोज ने बताया, "अग्रसेन धाम सिग्नल के थोड़ा आगे देवराज पटेल का ट्रक से एक्सिडेंट में निधन हो गया. उसके साथ एक दोस्त भी था. जो हमें जानकारी मिली है, वो कुछ वीडियो बनाकर आ रहा था और शायद बाइक पर वो पीछे बैठा हुआ था. ट्रक के सामने से उसे हल्के से ठोकर लगी. चोट के कारण उसकी मृत्यु हो गई है."

    उन्होंने बताया कि ट्रक ड्राइवर को गिरफ़्तार कर लिया गया है. ट्रक भी पुलिस के कब्ज़े में है.

    पुलिस अधिकारी मनोज ने बताया कि देवराज के साथ मौजूद उनके दोस्त को ज़्यादा चोटें नहीं आई हैं.

    छत्तीसगढ़ के सीएम ने जताया दुख

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कॉमेडियन देवराज पटेल की मौत पर दुख ज़ाहिर किया है. उन्होंने देवराज के साथ अपना एक वीडियो भी साझा किया है.

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्विटर पर लिखा है, " 'दिल से बुरा लगता है' से करोड़ों लोगों के बीच अपनी जगह बनाने वाले, हम सबको हंसाने वाले देवराज पटेल आज हमारे बीच से चले गए. इस बाल उम्र में अद्भुत प्रतिभा की क्षति बहुत दुखदायी है."

    प्रशंसकों की बड़ी संख्या

    मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक 22 साल के देवराज पटेल अपने वीडियो के ज़रिए कम ही वक़्त में काफी लोकप्रिय हो गए थे.

    सोशल मीडिया पर उन्हें बड़ी संख्या में लोग फॉलो करते हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 55 हज़ार से ज़्यादा फॉलोअर हैं.

    वो वेब सिरीज़ और डॉक्यूमेंट्री फ़िल्मों में भी काम कर चुके थे.

  3. वागनर ग्रुप में फिर से शुरू हुईं भर्तियां - रिपोर्ट

    वागनर ग्रुप के मॉस्को से पीछे हटने और इसके प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन के बेलारूस जाने की ख़बरों के बाद इस ग्रुप के भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं, वहीं रूसी सरकार न्यूज़ एजेंसी ताश ने कहा है कि ग्रुप फिर से लड़ाकों की भर्ती कर रहा है.

    उन्होंने एक कार्यकर्ता के हवाले से बताया है कि "भर्तियां चल रही हैं."

    ताश के एक संवाददाता ने बताया है कि कई जगहों पर वागनर में भर्ती से जुड़े पोस्टर फिर से लगा दिए गए हैं, उन्हें शनिवार को हटा दिया गया था.

    टेलीग्राम ऐप के एक चैनल में जो कि खुद को वागनर ग्रुप का आधिकारिक चैनल बताता है, उन्होंने कहा, "इस समय वागनर ग्रुप में स्पेशल ऑपरेशन ज़ोन के लिए भर्तियां चल रही हैं."

    उसमें लिखा गया है कि अप्लाई करने के लिए आवेदक को अपना पासपोर्ट लेकर आना होगा और भर्ती की प्रक्रिया मोलकिमो में होगी जो कि एक मिलिट्री ट्रेनिंग मैदान हैं.

    येवगेनी प्रिगोज़िन ने घोषणा की थी कि वो रूसी सेना के ख़िलाफ़ विद्रोह का रास्ता लेने जा रहे हैं.

    येवगेनी प्रिगोज़िन की घोषणा से तिलमिलाए राष्ट्रपति पुतिन ने इसे ‘पीठ में छुरा घोंपने’ जैसा बताया था और रूस को ‘धोखा’ देने वालों को सज़ा देने की बात कही थी.

    इसके बाद मॉस्को की ओर मार्च करने के लिए निकले प्रिगोज़िन ने वापस लौटने का फ़ैसला किया था.

    वागनर ग्रुप भाड़े के लड़ाकों की एक प्राइवेट आर्मी है जो यूक्रेन में रूसी सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ती रही है. एक अनुमान के मुताबिक वहां वागनर ग्रुप के दसियों हज़ार लड़ाके मौजूद हैं.

  4. चुनावी चंदे पर सीएम गहलोत ने बीजेपी को ऐसे घेरा

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को डूंगरपुर के थाणा में एक सभा को संबोधित करते हुए केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा, "देश के अंदर अभी हालात ऐसे हो रहे हैं कि जो सरकार है वो संस्थाओं पर हावी हो रही है. ख़ास तौर पर ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई का दुरुपयोग हो रहा है."

    सीएम अशोक गहलोत ने कहा, "चुनावों में चंदा अकेले बीजेपी लेती है, बाक़ी लोगों को लेने नहीं देती. वो उद्योगपतियों को परेशान करते हैं जो कांग्रेस को चंदा देना चाहते हैं."

    उन्होंने कहा, "वोट का अधिकार कांग्रेस ने आपको दिया है. महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और मौलाना आज़ाद ने दिया है. संविधान निर्माता के रूप में डॉ अंबेडकर ने दिया है ."

    उन्होंने कहा, " हम वोटों के मालिक नहीं होते तो हमें कोई नहीं पूछता, न सरपंच, न एमपी, न एमएलए. ये लोग आपको इसलिए पूछते हैं ,आशीर्वाद मांगते हैं , आपके पैर छूते हैं, वोट मांगते हैं, कहते हैं जीताओ मुझे मैं आपकी सेवा करूंगा. यह अधिकार आपको कांग्रेस का दिया हुआ है."

    "आने वाले समय में मोदी और अमित शाह बड़ी बड़ी मीटिंग करेंगे. आपके पड़ोस के गुजरात से कई लोग आएंगे. आप उनकी बात सुन लीजिएगा. लेकिन, जो योजनाएं हमने बनाई हैं वो चुनाव के बाद भी लागू रहेंगी."

  5. दिनभर पूरा दिन पूरी ख़बर, सुनिए मोहन लाल शर्मा और गुरप्रीत सैनी के साथ

  6. भारतीय मुसलमानों पर दिए बराक ओबामा के बयान पर बोलीं महबूबा मुफ्ती

    जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि मुस्लिमों पर बीजेपी दोहरी बयानबाजी कर रही है.

    मुफ्ती ने ट्विटर पर लिखा, "भारतीय अल्पसंख्यकों के सुरक्षित होने के बारे में प्रधानमंत्री के अमेरिका में दिए गए आश्वासन के बाद बीजेपी के मंत्रियों के बेतुके बयान सामने आए हैं."

    "एक ने ओबामा के मुस्लिम उपनाम का मज़ाक उड़ाया और अप्रत्यक्ष धमकियाँ दीं. दूसरा मुस्लिम देशों पर बमबारी का ज़िक्र कर बीजेपी द्वारा अल्पसंख्यकों के साथ दुर्व्यवहार को उचित ठहराता है. ये बीजेपी की दोहरी बयानबाज़ी है."

    मुफ्ती का इशारा असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और राजनाथ सिंह के बयानों की तरफ़ था.

    हिमंता बिस्वा सरमा ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के बयानों के बाद एक ट्वीट में 'हुसैन ओबामा' कह तंज कसा था.

    वहीं राजनाथ सिंह ने कहा है कि ओबामा को सोचना चाहिए कि अमेरिका ने कितने मुस्लिम देशों पर आक्रमण किए हैं.

    ओबामा ने क्या कहा था?

    पीएम मोदी की अमेरिकी यात्रा के दौरान बराक ओबामा ने सीएनएन को एक इंटरव्यू दिया था.

    इस इंटरव्यू में जर्नलिस्ट क्रिस्चियन अमनपोर ने ओबामा से सवाल किया था, “बाइडन इस वक्त अमेरिका में मोदी का स्वागत कर रहे हैं जिन्हें ऑटोक्रेटिक माना जाता है. किसी राष्ट्रपति को ऐसे नेताओं के साथ किस तरह से पेश आना चाहिए? "

    भारत और मोदी पर पूछे गए सवाल पर जवाब देते हुए पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने कहा, "हिंदू बहुसंख्यक भारत में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा काबिले-ज़िक्र है. अगर मेरी मोदी से बात होती तो मेरा तर्क होता कि अगर आप (नस्लीय) अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा नहीं करते हैं तो मुमकिन है कि भविष्य में भारत में विभाजन बढ़े. ये भारत के हितों के विपरीत होगा"

  7. अमेरिका: विमान के इंजन में फंसने से कर्मचारी की मौत

    अमेरिका के टेक्सस में विमान के इंजन में फंसने से एक कर्मचारी की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि विमान के इंजन ने कर्मचारी को अपने अंदर खींच लिया.

    डेल्टा कंपनी का ये यात्री विमान एयरपोर्ट पर गेट की तरफ बढ़ रहा था और इसका एक इंजन चालू था.

    कंपनी का कहना है कि मामला सुरक्षा मानदंडों से जुड़ा हुआ नहीं है लेकिन अभी ये साफ़ नहीं है कि हादसा कैसे हुआ.

    सरकारी एजेंसी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ़्टी बोर्ड भी इस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि वो अभी घटना से जुड़ी जानकारियां जुटा रहे हैं.

    डेल्टा की सहयोगी कंपनी यूनिफ़ाई एविएशन के साथ बतौर ग्राउंड स्टाफ़ काम करने वाले इस कर्मचारी का नाम कंपनी ने अभी तक साझा नहीं किया है.

    शुक्रवार को एयरबस ए 319 लॉस एंजलिस एयरपोर्ट से सैन एंटोनियो पहुंचा था. इसे ऑपरेट करने वाली कंपनी डेल्टा ने अपने एक बयान में कहा, "हमारी शुरुआती जांच से पता चला है कि ऑपरेशन या सेफ्टी प्रावधानों और पॉलिसियों से जुड़ा मामला नहीं है."

    कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि वे बहुत दुखी है और पीड़ित परिवार के साथ उनकी संवेदनाएं हैं.

  8. पाकिस्तान सेना की बड़ी कार्रवाई: लेफ्टिनेंट जनरल समेत कई अधिकारी बर्खास्त

    पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने बताया कि 9 मई को हुई हिंसक घटनाओं पर चल रही जांच को सेना ने पूरा कर लिया है.

    सेना के प्रवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोमवार को बताया कि जांच के बाद एक लेफ्टिनेंट जनरल सहित तीन अधिकारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है.

    बर्खास्त किए गए अधिकारियों पर 9 मई के दिन सैन्य प्रतिष्ठानों की रक्षा करने की ज़िम्मेदारी थी.

    उन्होंने बताया कि तीन मेजर जनरल और सात ब्रिगेडियर समेत 18 अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है.

    अहमद शरीफ़ ने बताया कि 102 उपद्रवियों पर सैन्य अदालतों में मुकदमा चलाया जा रहा है.

    9 मई को क्या हुआ था

    9 मई को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को पाकिस्तान की नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (नैब) ने मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट के पास गिरफ़्तार कर लिया था.

    इमरान ख़ान की पार्टी ने उनकी गिरफ़्तारी को 'अग़वा' करना कऱार दिया था.

    उनकी गिरफ्तारी के बाद हज़ारों समर्थक पाकिस्तान के कई शहरों में सड़कों पर उतर आए थे.

    पीटीआई कार्यकर्ता रावलपिंडी स्थित पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय के गेट नंबर एक पर पहुंच गए थे और उसे तोड़ कर अंदर घुस गए थे.

    लाहौर में इमरान ख़ान के समर्थक कैंट में कोर कमांडर के घर के पास पहुंच गए थे और उन्होंने वहां खड़ी कई गाड़ियों को आग लगा दी थी.

  9. बकरीद को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने जारी किए ये दिशानिर्देश

      • Author, अनंत झणाणें
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ से

    बकरीद और उस दिन दी जाने वाली कुर्बानी को लेकर उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक आयोग ने दिशा निर्देश जारी किए हैं.

    आयोग के अध्यक्ष अश्फ़ाक सैफ़ी ने एक पत्र जारी किया है, जिसमें लोगों से दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

    पत्र में कहा गया है कि 29 जून को ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जाएगा, जिसे देखते हुए कुछ खास बातों का ध्यान रखने की जरूरत है:

    • कुर्बानी निर्धारित स्थान पर ही की जाए और साफ़ सफ़ाई की अच्छी व्यवस्था हो. कुर्बानी के बाद जानवरों के अवशेषों को डस्टबिन में डालें.
    • ईद-उल-अजहा के तीनों दिन यानी 29 से 1 जुलाई तक नियमित जलापूर्ति और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.
    • किसी भी हाल में सरकार द्वारा प्रतिबंधित जानवारों की कुर्बानी न की जाए.
    • ईद की नमाज़ सिर्फ ईदगाह के अंदर और मस्जिद परिसर में पढ़ी जाए. सड़कों पर नमाज हरगिज न अदा की जाए. मस्जिद और ईदगाह के आस-सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
    • कुर्बानी किसी भी हाल में खुले में न की जाए.
  10. वागनर ग्रुप के पीछे हटने के बाद पहली बार नज़र आए रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु

    प्राइवेट मिलिट्री कॉन्ट्रेक्टर वागनर ग्रुप के 'बग़ावत' के बाद पीछे हटने के बाद आज पहली बार रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु नज़र आए हैं.

    रूस की सरकारी मीडिया ने वीडियो जारी किया है जिसमें शोइगु एक विमान में और कमांडरों के साथ बैठक करते हुए दिखाई दे रहे हैं.

    हालांकि ये बैठक कहां हो रही है और ये कब का वीडियो है, ये साफ़ नहीं है, लेकिन इसमें छुपे संदेश को पढ़ें तो फिलहाल के लिए ये साफ़ है कि व्लादिमीर पुतिन ने अपने रक्षा मंत्री को बर्ख़ास्त नहीं किया है.

    वागनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन ने शनिवार देर रात मॉस्को में विद्रोह शुरू करने पर रूसी रक्षा मंत्री को हटाने की मांग की थी, लेकिन वीडियो में साफ़ है कि शोइगु अभी भी अपने पद पर बने हुए हैं.

    येवगेनी कहां हैं?

    वागनर प्रमुख येवगेनी इस व़क्त कहां है इसकी कोई ख़बर नहीं है. रूस ने कहा था कि वो बेलारूस जा रहे हैं.

    हालांकि येवगेनी जो आमतौर पर काफ़ी मुखर हैं. उन्होंने अब तक इस मामले में कुछ भी नहीं कहा है.

  11. वो देश जहां एक कुत्ता लड़ रहा है मेयर का चुनाव

    कनाडा के टोरंटो में मेयर के चुनाव होने वाले हैं और 102 प्रत्याशियों में इस बार एक कुत्ते का नाम भी शामिल है.

    सात साल की मौली और उनके मालिक टॉपी हीप्स "स्टॉप द साल्ट असाल्ट" के वादे के साथ मैदान में हैं.

    हीप्स का दावा है कि ठंड के समय सड़कों पर बहुत बड़ी मात्रा में नमक के इस्तेमाल से कुत्तों समेत दूसरे जानवरों के पैरों को नुकसान होता है.

    उनके कैंपेन में किफ़ायती घर का वादा, बड़े बिज़सेस पर टैक्स बढ़ाना, घरों और दफ़्तरों के लिए इस्तेमाल होने वाले ईंधन वाले हीटिंग सिस्टम पर बैन का वादा भी शामिल है.

    हीप्स का कहना है कि अगर वो जीते तो मॉली को पहला 'ऑनरेरी डॉग मेयर' बनाएंगे.

    बीबीसी से बातचीत में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि सिटी हाल बेहतर फैसले लेगा अगर वहां एक जानवर मौजूद हो."

  12. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अशोक गहलोत पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए.

    गोयल ने रविवार को जयपुर में एक कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी कटघरे में खड़ी है, अशोक गहलोत कटघरे में खड़े हैं. उनका भ्रष्टाचार रोज़ उजागर हो रहा है."

    "आज हर चीज़ में राजस्थान में भ्रष्टाचार से चल रहा है, जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं."

    गोयल ने कहा, "मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई पर आरोप लगे कि जिस फर्टिलाइजर को किसानों के पास जाना था उसे कहीं और डायवर्ट कर दिया. शायद देश से बाहर भेजने की भी कोशिश की हो."

    उन्होंने कहा, "सीएम से लेकर मंत्री, विधायकों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं. सीएम ख़ुद पहले अपने विधायकों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं, फिर उन्हीं विधायकों को मंत्री बना कर खजाने की चाबी ही दे देते हैं."

    "2018 घोषणा पत्र के वादे आजतक पूरे नहीं किए गए हैं. मैं अशोक गहलोत को ज़िम्मेदार ठहराता हूं. राजस्थान को पिछड़ा बनाने और पीछे ले कर जाने में. राजस्थान की पूरी व्यवस्था चरमरा गई है."

    इससे पहले पीयूष गोयल 18 जून को भी जयपुर पहुंचे थे. इस दौरान भी उन्होंने मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत सरकार पर सवाल खड़े किए थे.

  13. पीएम मोदी की चुप्पी और छह मांगें, मणिपुर हिंसा पर बोले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे

    मणिपुर में जारी हिंसा पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं.

    उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "ऐसी ख़बर चल रही है कि आख़िरकार मणिपुर पर गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी जी से बात की है. पिछले 55 दिनों से मोदी जी ने मणिपुर पर एक शब्द नहीं कहा. पूरा देश उनकी ‘मणिपुर की बात’ सुनने का इंतज़ार कर रहा है."

    खड़गे ने पीएम मोदी से मणिपुर के हालात सुधारने के लिए कुछ मांगें भी की हैं.

    - सबसे पहले अपने मुख्यमंत्री को बर्ख़ास्त कीजिये

    -उग्रवादी संगठनों व असामाजिक तत्वों से चुराए हुए हथियार ज़ब्त करें.

    -सभी पक्षों से बातचीत शुरू करें और साझा राजनैतिक रास्ता निकाला जाए.

    -सुरक्षा बलों की मदद से ब्लॉकेड ख़त्म करें.

    -राष्ट्रीय राजमार्गों को खोलकर और सुरक्षित रखकर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें.

    -प्रभावित लोगों के लिए राहत, पुनर्वास और आजीविका का पैकेज बिना देरी किए तैयार किया जाना चाहिए. घोषित राहत पैकेज अपर्याप्त हैं.

    • अमित शाह की सर्वदलीय बैठक क्या मणिपुर में हिंसा रोक सकेगी

    शनिवार, 24 जून को संसद भवन में गृह मंत्री अमित ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी. इस बैठक में मणिपुर के मौजूदा हालात और सरकार की तरफ से किए जा रहे उपायों पर चर्चा की गई थी.

    एक दिन बाद यानी 25 जून को नई दिल्ली में मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर ज़मीनी हालात के बारे में जानकारी दी थी.

  14. बराक ओबामा के मुस्लिमों वाले बयान पर क्या बोले राजनाथ सिंह

    रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के मुसलमानों पर दिए बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि उन्हें खुद सोचना चाहिए कि उन्होंने कितने मुस्लिम देशों पर हमला किया है.

    एक पत्रकार के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "ओबामा साहब को मैं कहता हूं कि उन्हें ये नहीं भूलना चाहिए कि भारत दुनिया का इकलौता देश है जहां के रहने वाले ऋषियों ने सिर्फ़ भारत की सीमा में रहने वालों को ही परिवार नहीं माना, पूरी दुनिया में रहने वालों को अपना परिवार माना और वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दिया."

    उन्होंने कहा, "हम हिंदू, मुस्लिम ईसाई, यहूदी, इस नाम पर कभी भेदभाव नहीं कर सकते. भारत के सेकुलर कैरेक्टर को समझने की लोगों को कोशिश करनी चाहिए. मैं दावे के साथ कह सकता हूं, इस्लाम के तो 72 फिरके होते हैं वो किसी मुस्लिम देश में नहीं मिलेंगे, मिलेंगे तो केवल और केवल भारत में."

    "कुछ ताकतों ने एक धारणा बनाने की कोशिश की है, उनको अपने बारे में भी सोचना चाहिए कि कितने मुस्लिम देशों में उन्होंने अटैक किया है."

    इससे पहले बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने भी टिप्पणी की थी.

    नकवी ने कहा, "कुछ लोगों ने जो विदेश से भी बोला है उस पर भी हमें अफ़सोस हुआ कि विपक्ष के किसी भी नेता ने उसकी न निंदा की और न उसके बारे में एक शब्द बोला. ये सुनियोजित सोच है, जो भारत को बदनाम करने की कोशिशों में लगी रहती है और नाकाम होती है."

    पीएम मोदी की अमेरिकी यात्रा के दौरान बराक ओबामा ने सीएनएन को एक इंटरव्यू दिया था.

    इस इंटरव्यू में जर्नलिस्ट क्रिस्चियन अमनपोर ने ओबामा से सवाल किया था, “बाइडन इस वक्त अमेरिका में मोदी का स्वागत कर रहे हैं जिन्हें ऑटोक्रेटिक माना जाता है. किसी राष्ट्रपति को ऐसे नेताओं के साथ किस तरह से पेश आना चाहिए? "

    भारत और मोदी पर पूछे गए सवाल पर जवाब देते हुए पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने कहा, "हिंदू बहुसंख्यक भारत में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा काबिले-ज़िक्र है. अगर मेरी मोदी से बात होती तो मेरा तर्क होता कि अगर आप (नस्लीय) अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा नहीं करते हैं तो मुमकिन है कि भविष्य में भारत में विभाजन बढ़े. ये भारत के हितों के विपरीत होगा"

  15. बिहार सरकार के इशारे पर यू-ट्यूबर मनीष कश्यप पर लगा राजद्रोह- सुशील कुमार मोदी

      • Author, विष्णु नारायण
      • पदनाम, बिहार से बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व राज्य सभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने बिहार सरकार के काम करने के तरीके, विपक्षी एकता की बैठक पर हमला बोलने के साथ ही बिहार के चर्चित यू-ट्यूबर मनीष शर्मा की गिरफ़्तारी को लेकर सवाल खड़े किए हैं.

    उन्होंने मनीष कश्यप की गिरफ़्तारी और एनएसए लगाए जाने पर भी सवाल खड़े किए हैं.

    सुशील मोदी ने ट्विटर के जरिए राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी एकता सम्मेलन के दौरान भाजपा के 100 से ज्यादा होर्डिंग हटा दिए गए.

    उन्होंने कहा कि विज्ञापन कंपनी को धमकी देकर जो बड़े होर्डिंग लगाए गए थे उन्हें भी उतरवा दिया गया. लालू-नीतीश सरकार ने राज्य के भीतर आपातकाल जैसी स्तिथियां पैदा कर दी हैं.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि प्रेस की स्वतंत्रता वाली बिहार सरकार के इशारे पर यू-ट्यूबर मनीष कश्यप को तमिलनाडु सरकार ने राजद्रोह की धारा लगाकर जेल में बंद कर दिया है. सूचना के अधिकार से जुड़े एक दर्जन लोगों की हत्या की जा चुकी है.

    गौरतलब है कि बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप (असल नाम - त्रिपुरारी तिवारी) को कल (27 जून) को बेतिया कोर्ट में सशरीर पेश होना है, वो भी किन्हीं हालत में.

    उन्हें साल 2020 में भाजपा विधायक उमाकांत सिंह से मारपीट और रंगदारी के मामले में पेश होना है. कोर्ट ने उनके ख़िलाफ़ प्रोडक्शन वारंट भी जारी किया है.

    मनीष कश्यप के कल (27 जून) को बेतिया कोर्ट में हाजिर होने के संदर्भ में बीबीसी ने आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार से संपर्क किया.

    पुलिस अधीक्षक ने कहा, “अभी (27 जून) को तो वे दूसरे मामले में बेतिया कोर्ट में हाजिर हो रहे हैं. ईओयू ने भी मनीष के रिमांड के लिए पटना कोर्ट से कहा था और रिमांड के लिए (29 जून) तारीख कोर्ट ने दी है.”

    मनीष कश्यप तमिलनाडु में बिहारी मज़दूरों के साथ कथित हिंसा को लेकर बनाए गए फेक वीडियो और उसके सर्कुलेशन को लेकर मदुरै जेल में बंद हैं. उन पर NSA लगा है, साथ ही ईओयू ने भी उन पर रुपये-पैसे के हेरफेर के मामले दर्ज किए हैं.

  16. भारत के मुसलमानों पर दिए बराक ओबामा के बयान पर बोले मुख़्तार अब्बास नकवी

    भारत में मुसलमानों और पीएम मोदी पर दिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के बयान को लेकर बीजेपी नेता मुख़्तार अब्बास नकवी ने पलटवार किया है.

    उन्होंने कहा कि अगर कोई देश के ख़िलाफ़ बोलता है तो विपक्ष के लोग उसके सुर में सुर मिलाते हुए दिखाई देते हैं.

    नकवी ने कहा, "कुछ लोगों ने जो विदेश से भी बोला है उस पर भी हमें अफ़सोस हुआ कि विपक्ष के किसी भी नेता ने उसकी न निंदा की और न उसके बारे में एक शब्द बोला. ये सुनियोजित सोच है, जो भारत को बदनाम करने की कोशिशों में लगी रहती है और नाकाम होती है."

    उन्होंने कहा, "भारत बैशिंग ब्रिगेड से प्रभावित लोगों को हिंदुस्तान की समृद्धि, सुरक्षा और समावेशी, सशक्तिकरण की जो ज़मीनी हकीकत को देखने के लिए हिंदुस्तान की ज़मीन को देखना होगा. अगर आप भारत बैशिंग ब्रिगेड के दुष्प्रचारों के आधार पर भारत को बदनाम करने के हिस्सेदार बनेंगे तो निश्चित तौर पर कोई उसे स्वीकार नहीं करेगा."

    नकवी ने कहा, "आज समाज के सभी वर्ग बराबर से विकास का हिस्सेदार बन रहे हैं, उसमें अल्पसंख्यक समाज भी है. आज इस देश में कोई भागलपुर, भिवंडी, मलयाना, मालेगांव, हैदराबाद, इलाहाबाद जैसे महीनों चलने वाले सांप्रदायिक उन्माद और नरसंहार नहीं हो रहे हैं."

    पीएम मोदी की अमेरिकी यात्रा के दौरान बराक ओबामा ने सीएनएन को एक इंटरव्यू दिया था.

    इस इंटरव्यू में जर्नलिस्ट क्रिस्चियन अमनपोर ने ओबामा से सवाल किया था, “बाइडन इस वक्त अमेरिका में मोदी का स्वागत कर रहे हैं जिन्हें ऑटोक्रेटिक माना जाता है. किसी राष्ट्रपति को ऐसे नेताओं के साथ किस तरह से पेश आना चाहिए? "

    भारत और मोदी पर पूछे गए सवाल पर जवाब देते हुए पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने कहा, "हिंदू बहुसंख्यक भारत में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा काबिले-ज़िक्र है. अगर मेरी मोदी से बात होती तो मेरा तर्क होता कि अगर आप (नस्लीय) अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा नहीं करते हैं तो मुमकिन है कि भविष्य में भारत में विभाजन बढ़े. ये भारत के हितों के विपरीत होगा"

    • ओबामा ने भारत में मुसलमानों को लेकर जताई थी चिंता, निर्मला सीतारमण का यह जवाब
  17. दिल्ली: टनल के अंदर दिनदहाड़े लूट का वीडियो वायरल, केजरीवाल ने उठाए सवाल

    दिल्ली के प्रगति मैदान टनल में चलती कार को रोककर दिनदहाड़े हुई लूट मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से लेकर कांग्रेस तक ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना से संबंधित वीडियो ट्वीट करते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल के इस्तीफ़े की मांग की है.

    केजरीवाल ने लिखा, ''उपराज्यपाल को इस्तीफ़ा देना चाहिए और किसी ऐसे को जगह देनी चाहिए जो दिल्ली की जनता को सुरक्षा मुहैया करा सके.''

    ''अगर केंद्र सरकार दिल्ली को सुरक्षित नहीं बना सकती तो इसे हमें सौंप दें. हम आपको दिखाएंगे कि किसी शहर को उसके नागरिकों के लिए कैसे सुरक्षित बनाया जा सकता है.''

    कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

    कांग्रेस पार्टी ने घटना के वीडियो में गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए लिखा, ''दिल्ली के प्रगति मैदान टनल में दिन दहाड़े कुछ बाइक सवार आते हैं. कार रोकते हैं और कार सवार से 2 लाख रुपए लूट ले जाते हैं.''

    ''देश की राजधानी में ये हो रहा है. देख रहे हैं ना आप?''

    दिनदहाड़े हुई लूट

    दिल्ली के प्रगति मैदान टनल में दिनदहाड़े एक डिलीवरी एजेंट के साथ कुछ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने बताया, "24 जून को प्रगति मैदान टनल के अंदर अज्ञात हमलावरों के एक ग्रुप ने एक डिलीवरी एजेंट और उसके सहयोगी से बंदूक की नोक पर 1.5 से 2 लाख रुपये लूट की. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है."

  18. हज के लिए 4,000 किलोमीटर पैदल चला युवक

    पाकिस्तान के एक युवक उस्मान अरशद ने हज करने के लिए चार हज़ार किलोमीटर की पैदल यात्रा की है.

    वे पाकिस्तान, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब से पैदल चलकर मक्का पहुंचे.

    अरशद के लिए यह यात्रा आसान नहीं थी. उन्हें काफ़ी मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा.

    बीबीसी उर्दू से बात करते हुए उन्होंने बताया, "हर इंसान ये चाहता है कि वह जिंदगी में एक बार मक्का जाए. अल्लाह का घर देखे. बस मेरी ख़्वाहिश थी पैदल जाकर अल्लाह का घर देखना."

    अरशद ने कहा, "रास्ते में मौसम की वजह से मुश्किलें आईं, मेरे पैर में छाले भी पड़ गए थे. कई कई किलोमीटर तक कोई बस्ती नहीं दिखाई देती थी. रास्ते में मिलने वाले लोग हौसला बढ़ाते थे, जिसकी वजह से वो सफ़र मुझे महसूस नहीं होता था."

    वे कहते हैं, "मुझे रास्ते में जो भी मस्जिद, होटल या किसी दोस्त की तरफ़ से ठहरने का ऑफर मिला तो मैं वहां रुक जाता था. बहुत बार तो कुछ नहीं मिलता था, तो मैं टेंट के अंदर रात गुजारता था."

  19. ट्विटर पर भिड़े पी. चिदंबरम और अमित मालवीय, क्या है पूरा मामला

    पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के बीच ट्विटर पर जुबानी जंग छिड़ गई है.

    असल में चिदंबरम ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को घेरते हुए एक ट्वीट किया है. इस ट्वीट में वो मोदी सरकार की उपलब्धियों पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के लिखे लेख की आलोचना कर रहे हैं.

    उन्होंने क्रमबद्ध तरीके से इस लेख से जुड़े कुछ प्वाइंट्स ट्वीट किए हैं और उन्हें ग़लत बताया है.

    जैसे वो लिखते हैं, ''माननीय वित्त मंत्री ने भारत को दूध, शहद और फल और सब्जियों के उत्पादन में शीर्ष स्थान हासिल करने का श्रेय दिया. ये रैंक वर्षों पहले हासिल की गई थीं और हम उन रैंकों को बरकरार रखते हैं.''

    ''संसद द्वारा कानून पारित करने से पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक को अवैध घोषित कर दिया था. अनुच्छेद 370 मामले पर अभी तक कोर्ट में सुनवाई नहीं हुई है, जीएसटी कानूनों के तहत कई मामले लंबित हैं.''

    ''माननीय वित्त मंत्री डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर का श्रेय लेती हैं. वो भूल गईं कि 'आधार' की परिकल्पना, निर्माण और कार्यान्वयन यूपीए सरकार द्वारा किया गया था और डीबीटी के तहत पहला हस्तांतरण यूपीए सरकार द्वारा किया गया था.''

    कांग्रेस नेता ने अपने ट्वीट में ऐसे कुल पांच बिंदुओं को रेखांकित किया है.

    अमित मालवीय ने दिया जवाब

    चिदंबरम के इस ट्वीट को कोट करते हुए अमित मालवीय ने एक जवाबी ट्वीट किया है.

    इस ट्वीट में वो लिखते हैं कि आख़िरकार ज़मानत पर चल रहे पूर्व वित्त मंत्री की दुनियाभर की यात्राएं और बिजनेस क्लास फ्लाइट की टिकटों के बढ़ते दामों पर चिंता जताने के बाद नींद खुल गई.

    ''कांग्रेस ने केवल योजनाओं की शुरुआत और घोषणा करने में विश्वास किया, उन्हें लागू करने की कोई वास्तविक योजना नहीं बनाई. जो कुछ भी लागू हुईं, वह पूरी तरह भ्रष्टाचार से ग्रस्त योजनाएं हैं.''

    ''इसके ठीक उलट मोदी सरकार पारदर्शी तरीके से योजनाओं को लागू करने और पुरानी योजनाओं में सुधार लाने में विश्वास रखती है.''

    ''डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर का असल प्रभाव मोदी सरकार के कार्यकाल में नज़र आया है. साल 2013-14 तक केवल 43 ज़िले ही इसमें कवर होते थे और महज़ 28 करोड़ रुपए भुगतान होते थे.''

    ''साल 2022-23 में अब इसके अंतर्गत 750 ज़िले कवर हो रहे हैं और 29.84 लाख करोड़ का भुगतान हो रहा है.''

  20. हज के लिए अब तक इतने लाख लोग पहुंचे सऊदी अरब

    हज करने के लिए अब तक 16 लाख 55 हज़ार के करीब लोग सऊदी अरब पहुंच चुके हैं.

    सऊदी अरब के पासपोर्ट महानिदेशालय ने बताया है कि इस साल शनिवार तक 16 लाख 55 हजार 188 विदेशी हज करने के लिए यहां पहुंचे हैं.

    निदेशालय ने कहा कि इनमें से 15 लाख 87 हजार 590 विमान से आए हैं. वहीं 60 हजार 768 सड़क के माध्यम और और 6 हजार 830 यात्री समुद्र के रास्ते यहां पहुंचे हैं.

    कोविड महामारी के बाद ये पहली बार है जब हज बिना किसी प्रतिबंध के आयोजित हो रही है.

    हज के बारे में जानकारी

    इस साल हज यात्रा 21 मई से शुरू हुई है. सऊदी अरब के अधिकारियों के मुताबिक़ क़रीब 20 लाख लोग हज करेंगे. भारत से 1 लाख 75 हजार 25 हज यात्री जा रहे हैं.

    सऊदी अरब हर देश के हिसाब से हज का कोटा तैयार करता है. इंडोनेशिया का कोटा सबसे ज्यादा है. इसके बाद पाकिस्तान, भारत, बांग्लादेश, नाइजीरिया का नंबर आता है. इसके अलावा ईरान, तुर्की, मिस्त्र, इथियोपिया समेत कई देशों से हज यात्री आते हैं.

    हज क्या है?

    इस्लाम के 5 फर्ज़ में से एक फर्ज़ हज है. बाकी के चार फर्ज़ हैं- कलमा, रोज़ा, नमाज़ और ज़कात.