पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे से जुड़े सवाल पर शाहरुख़ ख़ान का दिलचस्प जवाब
एक्टर शाहरुख़ ख़ान ने फ़िल्म इंडस्ट्री में अपने 31 साल पूरे कर लिए हैं.
25 जून 1992 को शाहरुख़ ख़ान की पहली फ़िल्म 'दीवाना' रिलीज़ हुई थी. इस मौक़े पर शाहरुख़ ख़ान ने ट्विटर पर #AskSrk हैशटैग के साथ फैंस के सवालों के जवाब दिए.
शाहरुख़ ख़ान अपने एक्टिंग, रोमेंटिक छवि के साथ-साथ हाज़िर जवाबी के लिए भी जाने जाते हैं.
ऐसे में जब रविवार को एक फैन ने पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे से जुड़ा एक सवाल पूछा तो शाहरुख़ का वही अंदाज़ फिर नज़र आया.
दरअसल, अमेरिकी व्हाइट हाउस के बाहर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में साउथ एशिया के एक ग्रुप ने परफॉर्म किया था. इस समूह ने जिस गाने पर अपनी परफॉर्मेंस दी, वो शाहरुख ख़ान की फिल्म 'दिल से' का एक मशहूर गाना 'छैयां-छैयां' था.
इसी परफॉर्मेंस के संदर्भ में शाहरुख़ ख़ान से सवाल करते हुए एक प्रशंसक ने उनसे ट्विटर पर पूछा, ''आप इस पर क्या कहना चाहते हैं?''
जवाब में शाहरुख़ ने लिखा, ''काश! मैं वहां इस पर डांस करने के लिए मौजूद होता...लेकिन शायद वो अंदर ट्रेन लाने की अनुमति नहीं देंगे.''
छैयां-छैयां गाने में शाहरुख़ ख़ान और मलाइका अरोड़ा ट्रेन के डिब्बे पर थिरकते नज़र आए थे.