लापता पनडुब्बी टाइटन की खोज जारी, पढ़िए अब तक क्या-क्या हुआ?

इमेज स्रोत, PA MEDIA
रीयर एडमिरल जॉन मॉगर ने बीबीसी से कहा है कि टाइटैनिक जहाज़ देखने के लिए यात्रियों को लेकर गहरे समुद्र में गई पनडुब्बी टाइटन के पास अब क़रीब 20 घंटे से कम वक्त का ही ऑक्सीजन बचा हो सकता है.
- जॉन मॉगर अमेरिकी कोस्ट गार्ड की तरफ से खोज अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने 96 घंटों के लिए लगाए गए आकलन के आधार पर कहा कि हो सकता है कि अब क़रीब 20 घंटों का ही ऑक्सीजन बचा रह गया हो. 96 घंटे पहले पनडुब्बी का संपर्क मदर शिप से कट गया था.
- हालांकि उन्होंने कहा है कि सही-सही ये कह पाना मुश्किल है कि उनके पास अब कितना वक्त है लेकिन वक्त तेज़ी से हाथ से निकल रहा है.
- इससे पहले आज दिन के वक्त अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने कहा था कि टाइटन की तलाश में जुटे एक कनाडाई विमान को समुद्र के बीतर कुछ आवाज़ें सुनाई दी हैं. ये आवाज़ें "किसी एक चीज़ से बार-बार दूसरी चीज़ के टकराने की है."
- बीबीसी विज्ञान संवाददाता पल्लब घोष कहते हैं समुद्र में कई तरह की आवाज़ें सुनाई देती हैं लेकिन विमान ने जो आवाज़ें सुन हैं वो लगातार आ रही हैं, हो सकता है कि ये आवाज़ इंसान पैदा कर रहे हों.
- हालांकि जॉन मॉगर का कहना है टाइटैनिक जहाज़ जिस जगह डूबा था उस जगर बड़ी मात्रा में धातु के टुकड़े मौजूद हैं, ये आवाज़ उनकी भी हो सकती है.
- जॉन मॉगर का कहना है कि पनडुब्बी टाइटन की तलाश के लिए और भी जहाज़ों को लगाया गया है.

इमेज स्रोत, US Coast Guard
- पनडुब्बी टाइटन में पांच लोग हैं. ये लोग समुद्र में 3,800 मीटर की गहराई में 1912 में डूबे टाइटैनिक जहाज़ का मलबा देखने गए थे.
- बीबीसी की विज्ञान संवाददता विक्टोरिया गिल कहती हैं कि जानकारों का मानना है कि अगर पनडुब्बी को नुक़सान हुआ होगा, उसमें क्रैक आया होगा या आग लगी होगी तो वो या तो समुद्रतल में रहेगी या फिर सतह पर आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है. हो सकता है तेज़ बहाव के कारण ये कहीं टाइटैनिक के मलबे के पास फंस गई हो.
- पनडुब्बी की खोज में विक्टर-6000 नाम के मानवरहित अंडरवाटर व्हीकल (आरओवी) को भी लगाया गया है.

इमेज स्रोत, SUPPLIED
टाइटन पनडुब्बी में कौन-कौन हैं?
- 58 साल के ब्रितानी अरबपति व्यवसायी हामिश हार्डिंग जो पहले स्पेस जा चुके हैं और कई बार दक्षिणी ध्रुव की यात्रा पर गए हैं.
- 48 साल के ब्रितानी व्यापारी अरबपति शहज़ादा दाऊद जो पाकिस्तान के जानेमाने क्रिकेट परिवार के सदस्य हैं और ब्रितानी किंग चार्ल्स की बनाई दो चैरिटी को सपोर्ट करते हैं.
- उनके 19 साल के बेटे सुलेमान जो एक छात्र हैं.
- 77 साल के फ़्रेंच एक्सप्लोरर पॉल आनरी नार्जेलेट जो नौसेना डाइवर हैं. पॉल 1987 में टाइटैनिक देखने जाने वाले पहले अभियान का हिस्सा रहे थे और पहले भी कई बार टाइटैनिक देखने जा चुके हैं.
- पनडुब्बी का संचालन करने वाली कंपनी ओशनगेट के सीईओ स्टॉकटन रश.
















