आदिपुरुष के वो डायलॉग जिन पर हो रहा है विवाद
- Author, सुप्रिया सोगले
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, मुंबई से

इमेज स्रोत, Communique PR
निर्देशक ओम राउत की रामायण पर बनी फ़िल्म आदिपुरुष रिलीज हो चुकी है.
पौराणिक कथा पर आधारित इस फ़िल्म में प्रभास और कृति सेनन ने राघव और जानकी का किरदार निभाया है. वहीं, सैफ़ अली खान और देवदत्त नाग रावण और बजरंबली के क़िरदार में नज़र आए हैं.
फ़िल्म दर्शकों को लुभाती हुई दिख रही है लेकिन कुछ विवाद भी हो रहे हैं.
आदिपुरुष के डायलॉग को लेकर एक तबके के बीच नाराज़गी का माहौल है. फ़िल्म के डायलॉग की भारी आलोचना हो रही है.

इमेज स्रोत, Communique PR
डायलॉग जिन पर विवाद हैं...
- लंका दहन से पहले इंद्रजीत (वत्सल सेठ) बजरंगबली (देवदत्त नाग) की पूंछ में आग लगाने से पहले कहते हैं -"जली ना अब और जलेगी. .... बेचारा जिसकी जलती है वही जनता है." बजरंबली - "कपड़ा तेरे बाप का! तेल तेरे बाप का! जलेगी भी तेरे बाप की."
- बजरंगबली जब सीता से मिलने अशोक वाटिका जाते हैं, वहाँ उन्हें लंका का एक राक्षसी सैनिक बजरंगबली से कहता है - "तेरी बुआ का बगीचा है क्या जो हवा खाने चला आया."
- लंका दहन के बाद जब बजरंगबली राम सेना के पास पहुँचते हैं तो लंका में हुए दहन की व्याख्या में कहते हैं- "लंका में बोलकर आया हूँ कि जो हमारी बहनों को हाथ लगाएंगे, उनकी लंका लगा देंगे."
- विभीषण (सिद्धार्थ कार्णिक) जब रावण को समझाने जाते हैं, तब कहते है - "भैया आप अपने काल के लिए कालीन बिछा रहे हैं..."
- लक्ष्मण को मूर्छित करने के बाद इंद्रजीत कहते हैं - "मेरे एक सपोले ने तुम्हारे शेषनाग को लंबा कर दिया अभी तो पूरा पिटारा भरा पड़ा है."
- रावण विभीषण से कहता है - "अयोध्या में तो वो रहता नहीं. रहता तो वो जंगल में है. और जंगल का राजा शेर होता है. तो वो कहां का राजा है रे..."

इमेज स्रोत, ANI

























