You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मगरमच्छों की नीलामी क्यों कर रही है नामीबिया की सरकार

मगरमच्छों से क्यों परेशान है नामीबिया की सरकार

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रभात पांडेय

  1. बिपरजोय तूफ़ान के टकराने से पहले ही ज़ोरदार बारिश, कैसा है माहौल?

    अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफ़ान गुरुवार को गुजरात के समुद्र तट से टकराएगा लेकिन उससे पहले उसका असर धीरे-धीरे तटवर्ती इलाक़ों में दिखना शुरू हो गया है.

    इस चक्रवाती तूफ़ान को लेकर गुजरात और केंद्र सरकार ने काफ़ी तैयारियां की हुई हैं. मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह ने इस तूफ़ान के मद्देनज़र गुजरात के मुख्यमंत्री और आपदा प्रबंधन की एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की थी.

    गुजरात के तटीय क्षेत्रों सौराष्ट्र और कच्छ से अब तक सरकारी एजेंसियों ने 30 हज़ार से अधिक लोगों को शेल्टर होम्स में पहुंचा दिया है.

    वहीं अभी भी लोगों को शेल्टर होम्स में भेजा जा रहा है. बिपरजॉय तूफ़ान के टकराने से पहले ही ज़ोरदार बारिश, समुद्र के पास कैसा है माहौल? गुजरात के द्वारका से बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता तेजस वैद्य.

  2. ब्रिटेन: 'बोरिस जॉनसन ने झूठ बोला और संसद को गुमराह किया'

    ब्रितानी सांसदों की एक जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को झूठ बोलने, संसद को गुमराह करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अवमूल्यन करने का दोषी पाया है.

    जब बोरिस जॉनसन प्रधानमंत्री थे तब कोविड लॉकडाउन के दौरान उन पर अपने आधिकारिक निवास 10, डाउनिंग स्ट्रीट में पार्टी करने का आरोप लगा था. जबकि उस दौरान एक ही जगह पर कई लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी थी.

    बोरिस जॉनसन ने इस आरोप से इनकार किया था. लेकिन सांसदों ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि उन्होंने झूठ बोला और जांच समिति को गुमराह करने की कोशिश की.

    जॉनसन ने पिछले सप्ताह ही अपनी संसद सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    जांच कमेटी ने कहा कि अगर जॉनसन ने इस्तीफ़ा नहीं दिया होता तो कमेटी उनको 90 दिनों के लिए सस्पेंड करने की अनुशंसा करती.

    जॉनसन ने इस रिपोर्ट को ग़लत बताया है और कहा है कि इसके ज़रिए उनके राजनीतिक करियर की हत्या करने की कोशिश की जा रही है.

  3. जब भारतीय सेना के बर्ताव के कायल हो गए थे पाकिस्तानी

    चीफ़ ऑफ़ आर्मी स्टाफ़ जनरल मनोज पांडे ने साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध का ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, ''1971 में भारत-पाकिस्तान की जंग के बाद 90 हज़ार युद्ध बंधक सेंट्रल कमांड के कैंप्स में रखा जाना था.

    इसके लिए फौरी तौर पर शेल्टर्स के निर्माण की ज़रूरत थी. मूलभूत ज़रूरतों को यथास्थान मुहैया करवाने की ज़रूरत थी. सिक्योरिटी अरेंजमेंट्स को लेकर आश्वस्त करने की ज़रूरत थी और इन सबमें एक सामंजस्य की ज़रूरत थी.

    जनरल भगत ने यह सुनिश्चित किया कि युद्ध बंधकों को आधिकारिक तौर पर जो कुछ भी मिलना चाहिए, मसलन कैंटीन, पोस्टल-सेवा और मेडिकल कवर उनके लिए उसी रूप में उपलब्ध हो, जैसे जेनेवा कंवेंशन में है.'

  4. दिल्ली पुलिस की चार्जशीट के बाद कांग्रेस बोली- बीजेपी का नारा है 'बेटी डराओ-बृजभूषण बचाओ'

    महिला कुश्ती खिलाड़ियों के यौन शोषण के आरोपों के मामले में दिल्ली पुलिस की चार्जशीट के बाद विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी पर बृज भूषण शरण सिंह को बचाने का आरोप लगाया है.

    कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि सारा तंत्र, पुलिस, सरकार के मंत्री और सांसद मिलकर शिकायत करने वाली लड़की के खिलाफ खड़े हो गए हैं और बृज भूषण शरण सिंह को संरक्षण दिया जा रहा है.

    कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "एक नाबालिग लड़की बृजभूषण शरण सिंह जैसे बड़े आदमी के ख़िलाफ़ पॉक्सो की शिकायत दर्ज करती है, यौन शोषण का आरोप लगाती है."

    "इसके बाद सारा तंत्र, पुलिस, सरकार के मंत्री और सांसद मिलकर उस लड़की के खिलाफ खड़े हो जाते हैं और बृज भूषण शरण सिंह को संरक्षण दिया जाता है और उस लड़की को गलत साबित करने पर तुल जाते हैं. इसके बाद उसके पिता के हवाले से वो बयान वापस ले लिया जाता है."

    कांग्रेस ने पूछा है कि "ये देश की जनता को तय करना चाहिए कि क्या ये प्रभाव के तहत किया गया है? क्या सत्ता का दुरुपयोग किया गया है? क्या सारा तंत्र एक आदमी को बचा रहा था? क्योंकि अब एक बात साफ़ है कि भारतीय जनता पार्टी का जो नारा है- बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ... वो है बेटी डराओ और बृज भूषण बचाओ. पूरी तरह से ये बात साफ़ तौर पर अंकित हो चुकी है."

    पॉक्सो ऐक्ट की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि जब पॉक्सो अधिनियम के तहत किसी के ख़िलाफ़ आरोप लगता है तो तुरंत कार्रवाई की मांग होती है और वो कार्रवाई होती है- तुरंत हिरासत में लिया जाना. 45 दिनों तक दिल्ली पुलिस बृज भूषण शरण सिंह से पूछताछ नहीं करती है."

    कांग्रेस ने इस मामले में दिल्ली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा, "दिल्ली पुलिस इस मामले में एएफ़आईआर तब करती है जब सुप्रीम कोर्ट आदेश देती है. दिल्ली पुलिस हिरासत में नहीं लेती है, पूछताछ नहीं करती है."

    "एक बाहुबली व्यक्ति है, उसे आज़ाद छोड़ दिया जाता है कि वो जाए और किसी भी गवाह को प्रभावित करे, किसी भी विक्टिम को डराए, कोई पूछताछ नहीं होती है. ये मीडिया में इंटरव्यू देकर मेडल को 15-15 रुपये का बताते हैं, ये मीडिया में इंटरव्यू देकर गुड टच और बैड टच की बातें करते हैं, ये अपनी शक्ति का प्रदर्शन रैलियों में करते हैं लेकिन दिल्ली पुलिस 45 दिनों तक इतने गंभीर आरोपी से पूछताछ नहीं करती है."

  5. LIVE: बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ दाखिल की गई चार्जशीट, पॉक्सो एक्ट हटाने की सिफ़ारिश, आगे क्या होगा, ये जानने के लिए बीबीसी के लीगल रिपोर्टर से बात कर रही हैं दिव्या आर्य.

  6. राजनीति में आने के सवाल पर क्या बोले मनोज वाजपेयी

    जानेमाने बॉलीवुड एक्टर मनोज वाजपेयी ने कहा है कि वो राजनीति में कभी नहीं आएंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में उन्होंने कहा, "पिछली बार जब मैं बिहार गया था तो मैं राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद और उनके बेटे और डिप्टी चीफ़ मिनिस्टर तेजस्वी यादव से मिला था."

    "उसके बाद से ही लोगों ने ये अटकलें लगाना शुरू कर दिया कि मैं राजनीति में आऊंगा. मैं 200 फ़ीसदी इस बात को लेकर श्योर हूं कि मैं ऐसा नहीं करूंगा. राजनीति में आने का किसी भी कीमत पर सवाल ही नहीं पैदा होता है."

    पश्चिमी चंपारण के बेलवा गांव से आने वाले मनोज वाजपेयी पिछले दिनों अपनी फ़िल्म 'सिर्फ़ एक बंदा काफी है' के प्रमोशन के लिए पटना में थे.

    इस फ़िल्म में उन्होंने एक वकील का किरदार निभाया है जो खुद को बाबा कहने वाले एक ताक़तवर शख़्स को चुनौती देता है.

    पिछले साल सितंबर में अपनी बिहार यात्रा के समय मनोज वाजपेयी ने पटना में लालू प्रसाद के आवास 10, सर्कुलर रोड पर जाकर उनसे मुलाकात की थी.

    तीन नेशनल अवॉर्ड और चार फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके मनोज वाजपेयी ने कहा, "मैं एक अभिनेता हूं और सिर्फ़ एक एक्टर ही रहूंगा... तो फिर राजनीति में जाने का सवाल कैसे पैदा होता है?"

    बिहार सरकार की नई फ़िल्म नीति की योजना से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, "राज्य सरकार को बिना देरी किए नई फ़िल्म पॉलिसी लानी चाहिए. इससे बिहार के कलाकारों को मौका मिलेगा. जो फिल्ममेकर बिहार में शूटिंग करना चाहते हैं, इसका फायदा उन्हें भी मिलेगा."

  7. बृजभूषण सिंह के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में क्या-क्या है?

  8. गलवान पर कांग्रेस ने पूछे पांच सवाल, कहा- मोदी सरकार की 'लाल आँख' धुँधली पड़ गई है...

    कांग्रेस पार्टी ने गलवान की घटना के तीन साल पूरे होने पर इस संघर्ष में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि दी है और इसके लिए मोदी सरकार की नाकामियों को गिनाया है.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बयान जारी कर कहा है, "तीन साल पहले गलवान घाटी में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले 20 वीर जवानों को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि. मोदी सरकार की नाकामियों के चलते नियंत्रण रेखा पर इन तीन सालों में पूर्व यथास्थिति अब नहीं है. हम 65 में से 26 पेट्रोलिंग प्वॉयंट्स पर अपना अधिकार खो चुके हैं."

    कांग्रेस ने कहा है, "हमने संसद में ये मुद्दा कई बार उठाने की कोशिश की है, पर मोदी सरकार देशवासियों को अंधेरे में रखना चाहती है. गलवान पर मोदी जी की 'क्लीन चिट' की वजह से चीन अपने नापाक़ इरादों में सफ़ल होता दिख रहा है."

    "ये हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की अखंडता पर गहरा आघात है. मोदी सरकार की 'लाल आँख' धुँधली पड़ गई है, जिस पर उसने चीनी चश्मा पहन रखा है. विपक्ष में रहकर हमारा काम है, देश को चीनी विस्तारवादी नीति के ख़िलाफ़ एकजुट रखना और मोदी सरकार के चीनी चश्में उतार फेंकना."

    गलवान की घटना को लेकर कांग्रेस ने कहा है कि चीन को 'लाल आंख' दिखाने का दावा कर 'क्लीन चिट' देने वाले प्रधानमंत्री मोदी का यह चीनी प्रेम देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए विनाशकारी साबित हो रहा है.

    कांग्रेस ने गलवान मामले पर मोदी सरकार से पांच सवाल पूछे हैं और आरोप लगाया है कि "मोदी सरकार की इस राष्ट्र विरोधी नीयत और नाकामी के खिलाफ हम संसद से सड़क तक आवाज बुलंद करते रहेंगे."

    राहुल गांधी ने ट्विटर पर अपने संदेश में कहा, "गलवान घाटी के संघर्ष में शहीद हुए हमारे सभी वीर जवानों को उनके शहादत दिवस पर शत शत नमन. देश की सीमा की रक्षा के लिए उनका दिया सर्वोच्च बलिदान भारत सदैव याद रखेगा."

  9. भारत-पाकिस्तान के बंटवारे में बिछड़े भाई-बहन जब 75 साल बाद मिले

    ये दो तस्वीरें भारत पाकिस्तान के बीच हुए बंटवारे और भाई बहनों के बिछड़ने का दर्द दर्शाती हैं.

    भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के चलते मोहिंदर कौर अपने भाई अब्दुल शेख़ अज़ीज़ से बिछड़ गई थीं.

    अब 75 साल बाद ये दोनों भाई-बहन करतारपुर साहिब में दोबारा मिले. देखिए वीडियो.

  10. दिल्ली पुलिस की चार्जशीट पर बृज भूषण शरण सिंह के वकील ने क्या कहा

    महिला कुश्ती खिलाड़ियों के यौन शोषण के आरोपों के मामले में दिल्ली पुलिस की चार्जशीट के बाद बृज भूषण शरण सिंह के वकील ने उनका पक्ष रखा है.

    बृज भूषण शरण सिंह के वकील एपी सिंह ने बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती को बताया कि इस मामले में उनके मुवक्किल बेकसूर हैं.

    उन्होंने कहा कि ये एक राजनीतिक साज़िश है जो उनके ख़िलाफ़ की जा रही है.

    एडवोकेट एपी सिंह ने कहा, "दिल्ली पुलिस को पोक्सो अधिनियम के तहत बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं मिला और इसलिए उन्होंने पोक्सो केस रद्द करने की सिफ़ारिश की है. वे पूरी तरह से बेकसूर हैं और उन्हें राजनीतिक साज़िश में फंसाया जा रहा है."

    "हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. सच सामने आएगा और हम इस केस में बेकसूर साबित होंगे."

    उन्होंने कहा कि अदालत जब उनके मुवक्किल के ख़िलाफ़ चार्जशीट पर आगे की सुनवाई करेगी तो सब कुछ साफ़ हो जाएगा.

    एडवोकेट एपी सिंह ने कहा, "दिल्ली पुलिस की चार्जशीट बेहद कमज़ोर है. पोक्सो न तो पहले था और न अब है."

  11. रूस पर वाक़ई यूक्रेन ने बढ़त बना ली है? देखिए यह रिपोर्ट

    रूस-यूक्रेन जंग में बीते पंद्रह दिनों में काफ़ी नाटकीय मोड़ आए हैं. यूक्रेन ने कई मोर्चों पर ख़ुद को मज़बूत किया है और रूस के सैनिकों को पीछे धकेलने का दावा किया है.

    इस बीच ऐसे हज़ारों लोग यूक्रेन में वापसी कर रहे हैं, रूसी हमले के बाद देश छोड़कर चले गए थे. कवर स्टोरी में इसी बदलते मंज़र की बात.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ़ चार्जशीट: दिल्ली पुलिस ने क्या बताया

    गुरुवार को बृज भूषण शरण सिंह के मामले में दिल्ली पुलिस ने राउज़ एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट फ़ाइल कर दी है.

    इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में पॉक्सो केस रद्द करने की सिफ़ारिश वाली रिपोर्ट दाखिल की है जिस पर कोर्ट विचार करेगा.

    दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी सुमन नलवा ने बताया है कि पॉक्सो एक्ट रद्द करने की सिफ़ारिश नाबालिग और उनके पिता के बयान को आधार पर की गई है.

    पुलिस ने अब तक इस ममाले पर क्या-क्या कहा है

    • राउज़ एवेन्यू कोर्ट में बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ़ चार्जशीट दायर कर दी गई है. उन पर आईपीसी की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला), 354-ए (यौन टिप्पणी) 354 डी (महिला का पीछा करना) लगाई गई है.
    • 1000 पन्नों की चार्जशीट में दिल्ली पुलिस ने कहा है कि गहन जांच के बाद नाबालिग के आरोपों पर 'कोई पुख़्ता सबूत' नहीं मिले हैं.
    • दिल्ली पुलिस ने नाबालिग के बयान और उनके पिता के बयान के आधार पर पटियाला हाउस कोर्ट में पॉक्सो एक्ट रद्द करने के लिए रिपोर्ट दाख़िल की है.

    12 साल तक भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और छह बार से सासंद चुने जा रहे बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ एक महीने पहले पुलिस ने 'पहलवानों के शोषण' के मामले में एफ़आईआर दर्ज की थी.

    उन पर पुलिस शिकायत में महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के साथ-साथ एक नाबालिग पहलवान के ख़िलाफ़ यौन हिंसा का आरोप भी शामिल है.

    खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से हुई मुलाकात में सरकार ने पहलवानों से 15 जून तक बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ़ जांच पूरी करने का समय मांगा था.

  13. पाकिस्तान से LIVE: बिपरजोय तूफ़ान का ख़तरा, कराची में खाली पड़े समुद्री इलाके, ज़्यादा जानकारी के साथ जुड़ रही बीबीसी संवाददाता सहर बलोच

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ चार्जशीट दायर, जानिए आईपीसी की कौन सी धाराएं लगाई गई हैं

    बृज भूषण शरण सिंह के मामले में दिल्ली पुलिस ने राउज़ एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दायर की है.

    इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख़ 22 जून तय की गई है.

    दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अपनी पहली चार्जशीट में बृज भूषण शरण सिंह पर आईपीसी की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला), 354-ए (यौन टिप्पणी) 354 डी (महिला का पीछा करना) लगाई गई है.

    अभियोजन पक्ष के वकील के मुताबिक़, 1000 पन्नों की चार्जशीट में दिल्ली पुलिस ने कहा है कि गहन जांच के बाद नाबालिग के आरोपों पर 'कोई पुख़्ता सबूत' नहीं मिले हैं.

    इसके साथ ही दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह पर पॉक्सो एक्ट रद्द करने की सिफ़ारिश की है.

    दिल्ली पुलिस का कहना है पॉक्सो केस रद्द करने की सिफ़ारिश लड़की के पिता के बयान के आधार पर पेश है.

    पटियाला हाउस कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई चार जुलाई को होगी.

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया जैसे देश के शीर्ष पहलवानों ने बीजेपी सांसद और कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया था.

    12 साल तक भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और छह बार से सासंद चुने जा रहे बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ एक महीने पहले पुलिस ने 'पहलवानों के शोषण' के मामले में एफ़आईआर दर्ज की.

    उन पर पुलिस शिकायत में महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के साथ-साथ एक नाबालिग़ पहलवान के ख़िलाफ़ यौन हिंसा का आरोप भी शामिल है.

    खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से हुई मुलाकात में सरकार ने पहलवानों से 15 जून तक बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ़ जांच पूरी करने का समय मांगा था.

  15. LIVE: बिपरजोय तूफ़ान से प्रभावित गुजरात के मांडवी में शेल्टर होम का क्या है माहौल, बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता रॉक्सी गागड़ेकर छारा.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ पॉक्सो केस रद्द करने की दिल्ली पुलिस ने की सिफ़ारिश

    दिल्ली पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ पॉक्सो एक्ट का मामला रद्द करने की सिफारिश की है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती के मुताबिक़, दिल्ली पुलिस का कहना है कि बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ़ पॉक्सो के मामले में कोई सबूत नहीं मिला है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ दिल्ली पुलिस ने पॉक्सो केस रद्द करने की सिफ़ारिश लड़की के पिता के बयान के आधार पर पेश है.

    पटियाला हाउस कोर्ट में इस मामले की सुनवाई के लिए चार जुलाई की अगली तारीख तय की गई है.

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया जैसे देश के शीर्ष पहलवानों ने बीजेपी सांसद और कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया था.

    12 साल तक भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और छह बार से सासंद चुने जा रहे बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ एक महीने पहले पुलिस ने 'पहलवानों के शोषण' के मामले में एफ़आईआर दर्ज की.

    उन पर पुलिस शिकायत में महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के साथ-साथ एक नाबालिग़ पहलवान के ख़िलाफ़ यौन हिंसा का आरोप भी शामिल है.

    खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से हुई मुलाकात में सरकार ने पहलवानों से 15 जून तक बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ़ जांच पूरी करने का समय मांगा था.

  17. फ़लस्तीनी युवाओं की नाराज़गी क्यों बढ़ रही है? देखिए यह रिपोर्ट

    पैलेस्टीनियन सेंटर फ़ॉर पॉलिसी एंड सर्वे रिसर्च ने क़रीब एक दशक तक 18 से 28 साल तक के नौजवानों की बदलती राय पर नज़र रखी है.

    इसका कहना है कि उनके रिसर्च से पता चलता है कि इस पीढ़ी के नौजवान जिन्हें फ़लस्तीनी अथॉरिटी के पक्ष या विरोध में वोट डालने का कभी मौक़ा नहीं मिला, वो अपने ही नेतृत्व को ख़त्म किए जाने का समर्थन करते हैं.

    बीबीसी संवाददाता नवाल अल-मक़फ़ी की यह ख़ास रिपोर्ट.

  18. बृजभूषण शरण सिंह के मामले में चार्जशीट लेकर कोर्ट पहुंची दिल्ली पुलिस

    बृजभूषण शरण सिंह के मामले में दिल्ली पुलिस के अधिकारी चार्जशीट लेकर राउज़ एवेन्यू कोर्ट पहुंचे हैं.

    इस मामले में आज ही चार्जशीट दाखिल की जानी है.

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया जैसे देश के शीर्ष पहलवानों ने बीजेपी सांसद और कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया था.

    बृज भूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप है.

    चार महीने पहले शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन को लेकर बीते दिनों दो बार पहलवानों और गृह मंत्री अमित शाह, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के बीच मुलाकात हुई.

    खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से हुई मुलाकात के बाद सरकार ने पहलवानों से 15 जून तक का समय मांगा था.

    पहलवानों से वादा किया गया था कि 15 जून तक बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ जांच पूरी कर ली जाएगी और तब तक पहलवानों ने प्रदर्शन रोकने का फ़ैसला लिया था.

    बृजभूषण शरण सिंह कौन हैं

    बारह साल तक भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और छह बार से सासंद चुने जा रहे बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ एक महीने पहले पुलिस ने 'पहलवानों के शोषण' के मामले में एफ़आईआर दर्ज की.

    उन पर पुलिस शिकायत में महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के साथ-साथ एक नाबालिग पहलवान के ख़िलाफ़ यौन हिंसा का आरोप भी शामिल है.

    हालांकि बृजभूषण ख़ुद पर लगे आरोपों से इनकार करते हैं.

  19. जापान: यौन उत्पीड़न से जुड़े क़ानूनों में बदलाव की मांग

    जापान में यौन उत्पीड़न से संबंधित क़ानून में बड़े बदलाव के लिए इन दिनों संसद में बहस हो रही है.

    जापान में यौन उत्पीड़न से जुड़े क़ानूनों में सुधारों की शुरुआत साल 2019 में हुई थी, जब बलात्कार के मामलों में कई अभियुक्त बरी हो गए.

  20. बिपरजोय तूफ़ान: गुजरात पहुंचने से पहले भारी बारिश और तेज़ लहरें, जानिए क्या है सरकार की तैयारी

    बिपरजोय तूफ़ान आज शाम तक सौराष्ट्र-कच्छ से होते हुए पाकिस्तान के कराची के आस-पास के तटों पर पहुंचेगा. ये जानकारी मौसम विभाग ने दी है.

    'बेहद गंभीर' चक्रवात की श्रेणी में आने वाले बिपरजोय तूफ़ान के भारत पहुंचने से पहले ही गुजरात और मुंबई में भारी बरिश और तेज़ लहरें उठ रही हैं.

    मौसम विभाग ने सौराष्ट्र और कच्छ में रेड अलर्ट जारी किया है.

    मौसम विभाग का अनुमान है कि हवा की गति 120-130 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

    भारतीय मौसम ने सौराष्ट्र और कच्छ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

    यहां बिपरजोय तूफान का असर काफ़ी गंभीर हो सकता है. यहां सड़कों, फसलों और घरों को नुकसान होने की पूरी आशंका है. साथ ही रेल मार्ग को भी नुकसान पहुंच सकता है.

    सरकार क्या तैयारी कर रही है?

    प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय 24 घंटे स्थिति की समीक्षा कर रहा है.

    एनडीआरएफ ने 12 टीमों को तैनात किया है. इसके अलावा 15 टीमों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया है.

    कोस्ट गार्ड और नौसेना ने राहत और बचाव कार्यों के लिए जहाजों और हेलीकाप्टरों को तैनात किया है.

    आर्मी एयर फ़ोर्स और इंजीनियर टास्क फ़ोर्स की इकाइयाँ नावों और बचाव उपकरणों के साथ स्टैंडबाय पर हैं.

    सेना, नौसेना और कोस्ट गार्ड के आपदा राहत दल और चिकित्सा दल भी मदद के लिए तैयार हैं.

    सरकार के बयान के मुताबिक़, गुजरात में मुख्यमंत्री स्तर पर जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक हो चुकी है और पूरा राज्य प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.