महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों
से घिरे भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को गोंडा में एक बड़ी रैली का आयोजन किया.
इस रैली में उन्होंने घोषणा की कि वह 2024 का चुनाव एक बार फिर अपने लोकसभा क्षेत्र से लड़ेंगे.
बृजभूषण शरण सिंह ने नरेंद्र मोदी
सरकार के नौ साल पूरे होने के मौक़े पर आयोजित की गई रैली में ये बात कही.
बृजभूषण शरण सिंह ने रैली के दौरान ख़ुद
पर लगे गए यौन शोषण के आरोपों का सीधा उल्लेख तो नहीं किया हालांकि एक कविता के
ज़रिए उन्होंने इशारों में अपनी बात कही.
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "कभी अश्क, कभी गम, तो कभी ज़हर पिया जाता है...तब जा कर ज़माने में जिया
जाता है. ये मिला मुझे मोहब्बत का सिला, बेवफ़ा कह कर मुझे याद किया जाता है."
बृजभूषण शरण सिंह ने रैली के दौरान शक्ति प्रदर्शन भी किया, जिसके तहत उन्होंने गोंडा स्थित अपने आवास से एक हज़ार से अधिक कारों और दोपहिया वाहनों की
एक रैली गोंडा-लखनऊ मार्ग पर स्थित सभा स्थल श्री रघुराज शरण सिंह महाविद्यालय तक ले
कर गए.
रैली में जनता को संबोधित करते हुए
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “कांग्रेस के दौर
में जब जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे, तब भारत की ज़मीन पर पाकिस्तान ने कब्ज़ा
कर लिया था.1962 में चीन ने ज़मीन पर कब्जा कर
लिया. 1971 के युद्ध के बाद भारत के पास पाकिस्तानी युद्ध बंदी थे. भारत के पास मौक़ा था कि वो इन युद्ध बंदियों के बदले पाकिस्तान के कब्जे वाली ज़मीन मांग ले.अगर मोदी जी देश के प्रधानमंत्री होते तो भारत
को ज़मीन मिल गई होती.”
छह बार सांसद रहे सिंह ने कश्मीर से
अनुच्छेद 370 हटाए जाने, राम मंदिर निर्माण की तारीफ़ की और सरकार की उपलब्धि
बताई.
दिल्ली में देश के शीर्ष पहलवान विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया के नेतृत्व में बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ़ प्रदर्शन कर रहे हैं. उनका आरोप है कि बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों, जिसमें नाबालिग पहलवान भी शामिल हैं, उनका यौन शोषण किया है. पहलवानों की मांग है कि बृजभूषण शरण को तुरंत गिरफ्तार किया जाए.
बीते सप्ताह पहलवानों की मुलाकात खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और गृह मंत्री अमित शाह से हुई थी. इन दो मुलाकातों के बाद पहलवानों और केंद्र सरकार के बीच तय हुआ कि 15 जून तक बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ़ जांच पूरी कर ली जाएगी और तब तक के लिए पहलवानों ने विरोध प्रदर्शन रोके हैं.