You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिपः भारत का स्कोर 164/3, अब जीतने के लिए 280 रनों की ज़रूरत

लंदन के ओवल मैदान में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल मैच में भारत ने चौथे दिन, दूसरी पारी में तीन विकेट खो कर 164 रन बना लिए हैं.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and अंशुल सिंह

  1. राहुल गांधी की तुलना ओसामा बिन लादेन से करते हुए बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?

    बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना ओसामा बिन लादेन से की है.

    उन्होंने कहा, "एक तरफ़ राहुल गांधी हैं. राहुल गांधी आजकल ओसामा बिना लादेन की तरह दाढ़ी बढ़ाकर सोच रहे हैं कि कहीं मोदी जी की तरह प्रधानमंत्री हो जाएं."

    इससे पहले नवंबर 2022 में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी की दाढ़ी की तुलना सद्दाम हुसैन से की थी.

    गुजरात की एक रैली में उन्होंने कहा था कि राहुल जी आपका चेहरा ऐसा होना चाहिए, जिसमें लोगों को महात्मा गांधी दिखाई दे, सरदार पटेल दिखाई दे, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए जिसमें सद्दाम हुसैन दिखाई दे.

    सद्दाम हुसैन दो दशक से ज्यादा समय तक इराक़ के शासक रहे थे, जिन्हें बग़दाद में फांसी दी गई थी. इराक़ की एक अदालत ने उन्हें मानवता के ख़िलाफ़ अपराध करने का दोषी पाया था.

    सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "उनका कैरेक्टर समझिए. गजनी फिल्म देखे होंगे. गजनी फिल्म का हीरो आमिर खान बीच बीच में नाम भूल जाता था. वही हाल नीतीश बाबू का है. दरभंगा में उन्होंने कहा कि मैं देश का प्रधानमंत्री नीतीश कुमार. क्या नीतीश कुमार प्रधानमंत्री हैं? बताइये ये रात में सपना देखे होंगे. सपने में शपथ ले लिए होंगे. बताइये, ये मानसिक स्थिति उनकी खराब है या मेरी खराब है?"

    "यहां विधानसभा के तीन-तीन सदस्य मौजूद हैं. विधानसभा में उन्होंने कहा कि जब हम देश के गृह मंत्री थे. कब थे भैया ये तो बता दीजिए? गृह मंत्री कब बने, वो रेल मंत्री थे. मेरे हिसाब से नीतीश कुमार बीमार हैं. पिछले चुनाव में उन्होंने कहा था कि ये मेरी अंतिम चुनाव की लड़ाई है. फिर पलट गए बात से और कहते हैं कि प्रधानमंत्री बनना है."

  2. ओडिशा के बालासोर में स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे में लगी आग

      • Author, सुब्रत कुमार पति
      • पदनाम, भुवनेश्वर से बीबीसी हिंदी के लिए

    ओडिशा में बालासोर के रुपसा रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी की बोगी में आग लगने की खबर सामने आई है.

    ईस्ट कोस्ट रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी निहार मोहन्ती ने बीबीसी को कहा की यह घटना आज सुबह की है. हाई टेम्परेचर की वजह से ऐसी घटनाएं होती हैं. फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है.

    शुक्रवार शाम को भी खोरधा के बालूगां स्टेशन पर एक मालगाड़ी के कुछ डिब्बों में आग लगी थी.

    2 जून को ही बालासोर में तीन ट्रेनों के चपेट में आने से भीषण ट्रेन हादसा हुआ था. दुर्घटना में 288 लोगों ने जान गंवाई है.

    कैसे हुआ था बालासोर में भीषण रेल हादसा

    यह हादसा कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन की एक मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मारने की वजह से हुआ था.

    रेलवे की तकनीकी भाषा में इसे हेड ऑन कॉलिज़न कहते हैं. ऐसे हादसे आमतौर पर बहुत कम देखने को मिलते हैं.

    इस दुर्घटना में कोरोमंडल एक्सप्रेस के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए थे. इनमें से कुछ डिब्बे दूसरी पटरी पर चले गए थे, ठीक उसी समय दूसरी पटरी से बेंगलुरु से आ रही यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस गुज़र रही थी.

    पटरी से उतरने के बाद कोरोमंडल एक्सप्रेस के जो डिब्बे दूसरी पटरी पर गए थे वो वहां से गुज़र रही यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस से टकरा गए. इसके साथ ही यह भीषण हादसा हुआ.

    यह हादसा रेलवे के साउथ इस्टर्न ज़ोन के खड़गपुर डिवीजन में ब्रॉड गेज नेटवर्क पर हुआ था.

  3. पाकिस्तान: जैन मुनि की समाधि पर गूंजे मंत्र

    बंटवारे के बाद पहली बार पाकिस्तान के गुजरांवाला में जैन मुनि की समाधि पर मंत्र गूंजे.

    जैन मुनि की समाधि पर हुए एक विशेष कार्यक्रम में भारत से गए 18 लोग भी शामिल हुए.

    पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने 19वीं सदी में पैदा हुए जैन धर्म गुरु आचार्य विजयनंद सूरी की इस समाधि के पुनरुद्धार का ज़िम्मा उठाया है.

    बीबीसी संवाददाता शुमाइला ख़ान की रिपोर्ट.

  4. गिरिराज सिंह के नाथूराम गोडसे को ‘भारत मां का सपूत’ बताने पर बोले टीएमसी नेता

    बीजेपी नेता गिरिराज सिंह के नाथूराम गोडसे को भारत मां का सपूतबताने पर टीएमसी सांसद सौगत राय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह ने जो कुछ भी कहा वो उसको सिरे से ख़ारिज करते हैं.

    सौगत रॉय ने कहा, “उन्होंने एक सांप्रदायिक टिप्पणी की है, उन्होंने ऐसे शख़्स की तारीफ़ की है जिसने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या की थी. उन्होंने मुग़ल शासकों के लिए कहा कि वो भारत के लोगों के ख़िलाफ़ थे.”

    उन्होंने कहा कि ‘बाबर की औलाद’ वाक्य को सांप्रदायिक लोग इस्तेमाल करते हैं.

    केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की हत्या के दोषी नाथूराम गोडसे को 'भारत माता का सपूत' बताया था.

    छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि गोडसे अगर गांधी के हत्यारे हैं तो वो भारत के सपूत भी हैं.

    उन्होंने कहा, "वो भारत में ही पैदा हुए हैं. औरंगज़ेब और बाबर की तरह आक्रांता नहीं हैं और जिसको बाबर की औलाद कहलाने में ख़ुशी महसूस होती है वो भारत माता का सही सपूत नहीं हो सकता.”

    • महात्मा गांधी और नाथूराम गोडसे 30 जनवरी, 1948 को क्या कर रहे थे?
  5. कोलंबिया: प्लेन क्रैश के बाद 40 दिनों तक जंगल में भटकते रहे 4 बच्चे

    कोलंबिया में प्लेन क्रैश के क़रीब एक महीने बाद चार बच्चे जीवित पाए गए हैं.

    यह विमान दुर्घटना ओक मई को अमेज़न के जंगलों में हुई थी. बच्चों के जीवित पाए जाने की जानकारी देश के राष्ट्रपति ने दी है.

    दुर्घटना के वक्त ये चार भाई बहन अपनी मां, एक पायलट और एक सह-पायलट के साथ विमान में सवार थे. बच्चों की उम्र 13, 9, 4 और एक साल बताई गई है.

    विमान में सवार बच्चों की मां और दूसरे लोगों की मौत हो गई है.

    कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने कहा कि हफ्तों की खोज के बाद बच्चों को ढूंढ निकालना पूरे देश के लिए खुशी की बात है.

    उन्होंने कहा कि बच्चे अकेले थे और इस दौरान उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए खुद को जिंदा रखा, जिसे हमेशा याद किया जाएगा.

    दुर्घटना के वक्त प्लेन अमेज]न प्रांत के अरराकुआरा से सैन जोस डेल ग्वावियारे जा रहा था. हादसा इंजन ख़राब होने की वजह से हुआ.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने शुरुआती जानकारी में बच्चों के दुर्घटना में बच जाने की तरफ इशारा किया था और कहा था कि वे मदद के लिए जंगल में भटक रहे हैं.

    बच्चों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर खोज अभियान शुरू किया गया. रेस्क्यू अभियान में लगे लोगों ने उन चीज़ों को बरामद किया, जो बच्चों ने अपने पीछे छोड़ी थी. इनमें एक पानी की बोतल, एक कैंची, एक टाई और अस्थाई शेल्टर शामिल था.

    शुरुआत में खोज के दौरान छोटे पैरों के निशान भी मिले जिसके बाद बचाव दल को यह विश्वास हो गया कि बच्चे जिंदा हैं.

    बच्चे ह्यूटोटो समूह के हैं जो यहां के मूल निवासी हैं. इस समुदाय के लोगों को उम्मीद थी कि फलों और जंगल में जीवित रहने के कौशल के बारे में उनका ज्ञान उन्हें जीवित रखेगा.

  6. सूडान में संघर्ष के बीच बच्चों को बचाने की कोशिश

    सूडान में हिंसक संघर्ष जारी है. इस बीच सैकड़ों बच्चों को ख़तरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन के ज़रिए बचाया गया है.

    क़रीब 300 बच्चों को ख़ार्तूम के मायगोमा अनाथालय से दक्षिणी शहर वाड मदनी ले जाया गया है.

    नैरोबी से बीबीसी संवाददाता बारबारा प्लेट अशर की रिपोर्ट.

  7. हनुमान भी आदिवासी थे, आदिवासियों ने राम को लंका पहुंचाया - कांग्रेस विधायक

    मध्य प्रदेश से कांग्रेस विधायक और पूर्व वन मंत्री उमंग सिंघार ने 'हनुमान जी' को आदिवासी बताया है, जिसके बाद से उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

    भोपाल से बीबीसी के सहयोगी पत्रकार शुरैह नियाज़ी ने बताया कि यह बयान उन्होंने शुक्रवार को धार जिले में जननायक बिरसा मुंडा की 123वीं पुण्यतिथि के मौक़े पर आयोजित एक कार्यक्रम में दिया.

    उन्होंने कहा, "श्रीराम को लंका तक पहुंचाने वाले आदिवासी थे. कुछ लोगों ने कहानियों में लिख दिया कि वानर सेना थी. वानर नहीं थे. सब आदिवासी थे. सब जंगल में रहते थे. बेर खिलाने के लिए राम जी के लिए आ गए. लेकिन जब लंका की बात आई तो उस समय वानर आ गए. आदिवासी ग़ायब हो गए."

    "जो कहानी लिखने वाले हैं, वो घूमाते हैं, लेकिन मैं तो कहता हूं कि हनुमान भी आदिवासी थे. उन्होंने ही भगवान राम को लंका तक पहुंचाया था. हम उनके वंशज हैं, टंट्या मामा, बिरसा मुंडा के वंशज हैं, उस हनुमान के वंशज हैं. गर्व से कहो कि हम आदिवासी हैं."

  8. अमेरिका: पहाड़ों में गुम हुई 10 साल की अफ़ग़ान बच्ची मिली

    अमेरिका के सिएटल मे ठंड में अकेले रात गुजारने के बाद लापता हुई 10 साल की अफ़ग़ान शरणार्थी बच्ची को बचा लिया गया है.

    रविवार को बच्ची अपने परिवार के साथ पहाड़ों पर गई थी, जहां वह अपने परिवार से बिछड़ गई थी.

    बच्ची की खोज में वॉशिंगटन राज्य की बचाव टीमों ने एक रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके बाद उसे ढूंढ लिया गया.

    अधिकारियों के मुताबिक़ तीन डिग्री तक के ठंडे मौसम में बच्ची खुद को गर्म रखने के लिए दो पेड़ों के बीच सो रही थी. यह लड़की दो साल पहले ही अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिका आई है.

    पुलिस अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि बच्ची होशियार और दिलेर है. उसके सर पर मामूली खरोंच के अलावा किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं.

    उन्होंने कहा कि बच्ची काफी समझदार है क्योंकि उसे पता था कि मुश्किल स्थिति में नदी किनारे चलना उसके लिए ठीक होगा.

    बच्ची की तलाश रविवार को तब शुरू हुई, जब एक स्थानीय निवासी ने इस दूरदराज के इलाक़े में कुछ लोगों को बच्ची की तलाश करते हुए पाया. इस इलाक़े में मोबाइल नेटवर्क कवरेज नहीं था. इस व्यक्ति ने पीड़ित परिवार को अपना सैटेलाइट फ़ोन इस्तेमाल करने के लिए दिया, जिसके बाद पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली.

    रेस्क्यू अभियान में 100 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया. अभियान में दो हेलीकॉप्टर और ग्राउंड मैपिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया था.

    सोमवार को दोपहर तीन बजे बच्ची को दो खोजी दलों ने ढूंढ लिया.

  9. नोवाक जोकोविच फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचे, वर्ल्ड रिकॉर्ड से एक कदम दूर

    जानेमाने टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने शुक्रवार को फ्रेंच ओपन 2023 के फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली है.

    22 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक ने सेमीफ़ाइनल में स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ को 6-3, 5-7, 6-1 और 6-1 से हराया.

    फ़ाइनल में उनका मुक़ाबला कैस्पर रूड से होगा या एलेक्जेंडर ज्वेरेज से, यह अभी तय नहीं है.

    अगर नोवाक जोकोविच रविवार को होने वाला फ़ाइनल जीत लेते हैं तो वे 22 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता रफ़ाएल नडाल को पीछे छोड़ देंगे.

  10. अगले 24 घंटे में तेज़ होने वाला है चक्रवाती तूफ़ान बिपरजोय, कहां-कहां होगा असर?

    मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे में चक्रवाती तूफ़ान बिपरजोय के और तेज़ होने की बात कही है.

    अरब सागर में आए इस शक्तिशाली तूफ़ान के चलते आज गुजरात के तटीय इलाकों में इसका असर दिखाई देने लगा है. वलसाड में समुद्र किनारे तेज़ लहरें उठ रही हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक वलसाड की तहसीलदार टीसी पटेल ने कहा कि 14 जून तक तीथल बीच को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है.

    मौसम विभाग ने 14 जून तक सौराष्ट्र-कच्छ और गुजरात के अन्य हिस्सों में इस कारण छिटपुट बारिश की संभावना जताई है.

    दूसरी ओर, गुजरात के तट को अलर्ट कर दिया गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

    गुजरात की मौजूदा स्थिति के अनुसार चक्रवात का कोई सीधा ख़तरा नहीं है लेकिन अगर स्थिति बदलती है तो सिस्टम को अलर्ट कर दिया गया है.

    मौसम विभाग के वेदर मॉडल के मुताबिक़ तूफ़ान के गुजरात से होते हुए पाकिस्तान के तट की ओर जाने की संभावना है.

    जबकि ECMWF का वेदर मॉडल दिखा रहा है कि चक्रवात पाकिस्तान के तट और गुजरात के तट की ओर बढ़ रहा है, यानी ये पूरे गुजरात से होकर गुज़रेगा.

  11. डोनाल्ड ट्रंप ने शॉवर और बॉलरूम में रखे थे परमाणु हथियारों की जानकारी वाले दस्तावेज़- रिपोर्ट

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर परमाणु राज़ और सैन्य योजनाओं की जानकारी वाले सहित सैकड़ों गोपनीय दस्तावेज़ों को ग़लत तरीक़े से संभालने का आरोप लगाया गया है.

    ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने फ्लोरिडा एस्टेट में गोपनीय दस्तावेज़ों को बॉलरूम और शॉवर में रखा और जांच करने वालों से झूठ बोल रहे हैं.

    उन पर जांच में बाधा डालने की कोशिश करने का भी आरोप है.

    ट्रंप ने 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की घोषणा की है और उन्होंने किसी भी ग़लत काम से इनकार किया है.

    ट्रंप के सहयोगी वॉल्ट नौटा के ख़िलाफ़ भी आरोप दायर किए गए हैं. व्हाइट हाउस के पूर्व सैन्य वैलेट पर एफ़बीआई से फाइलों को छिपाने के लिए उन्हें ट्रांसफ़र करने का आरोप है.

    49 पन्नों के अभियोग में किसी भी अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति पर इस तरह के आरोप नहीं लगे हैं. इसमें कहा गया है कि उन्होंने जिन डिब्बों में गोपनीय जानकारियां रखी हुई थी, जिसमें अमेरिका के परमाणु प्रोग्राम, अमेरिका और दूसरे देशों की रक्षा और हथियार क्षमता, सैन्य हमले के लिए अमेरिका और उसके सहयोगियों की संभावित कमी, किसी विदेशी हमले के जवाब में अटैक कैसे करना है उसकी योजना शामिल है.

    गए.

    अभियोजकों का कहना है कि जब ट्रंप ने ऑफ़िस छोड़ा तो वे करीब 300 गोपनीय फ़ाइलों को अपने पाम बीच स्थित अपने घर ले गए थे, जो एक महंगा प्राइवेट मेंबर क्लब भी है.

    चार्जशीट में कहा गया है कि घर में मौजूद बॉलरूम में कई प्रोग्राम हुए है जिसमें हज़ारों लोगों ने हिस्सा लिया है. यह वही बॉलरूम है जिसमें गोपनीय दस्तावेज़ पाए गए थे.

    कुछ गोपनीय फाइलें कथित तौर पर बॉलरूम में बने मंच पर रखी हुई थी, जहां कार्यक्रम होते थे. आरोप है कि ट्रंप ने साल 2021 में बिना सुरक्षा मंज़ूरी के एक लेखक और दो अपने कर्मचारियों को गोपनीय दस्तावेज़ दिखाए थे.

    चार्जशीट में कहा गया है कि बैडमिंस्टर के अपने गोल्फ़ क्लब में ट्रंप ने लोगों को विदेशी हमले से निपटने की योजना दिखाई थी, जिसके बारे में उन्होंने लोगों से कहा था कि यह उनके लिए रक्षा विभाग ने तैयार की है.

    एक ऑडियो रिकॉर्डिंग के अनुसार ट्रंप ने कथित तौर पर कहा, “राष्ट्रपति के रूप में मै इसे सार्वजनिक कर सकता था, लेकिन अब मैं नहीं कर सकता, बावजूद इसके यह अभी भी एक राज़ है.”

    अभियोजकों का कहना है कि ट्रंप ने बैडमिंस्टर क्लब में अगस्त या सितंबर 2021 में फिर से गोपनीय दस्तावेज़ दिखाए

  12. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 9 जून के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.