इंदिरा गांधी की हत्या के जश्न पर भड़के जयशंकर, बोले– ‘यह कनाडा के लिए ठीक नहीं’
भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कनाडा में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का जश्न मनाए जाने पर कड़ी टिप्पणी की है.
ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी (छह जून) से कुछ दिन पहले कनाडा के ब्रैंपटन शहर में पांच किलोमीटर लंबी झांकी निकाली गयी थी जिसमें एक चलती हुई गाड़ी पर इंदिरा गांधी की हत्या का दृश्य दिखाया गया.
इस पर कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा और जयराम रमेश की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज कराई गयी है.
देवड़ा ने कहा है कि ‘मैं एक भारतीय होने के नाते कनाडा में निकाली गयी झांकी देखकर दंग हूं. ये इस तरफ़ या उस तरफ़ का पक्ष लेने की बात नहीं है. ये एक देश के इतिहास और उसके प्रधानमंत्री की हत्या से हुए दर्द के प्रति सम्मान का भाव रखने की बात है. इसके लिए एकजुट प्रतिक्रिया और सार्वभौमिक निंदा की जानी चाहिए.’
मिलिंद देवड़ा की बात पर सहमति जताते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि यह निंदनीय है और जयशंकर को इस मामले में कनाडा की सरकार से विरोध दर्ज कराना चाहिए.
एस. जयशंकर ने इस मुद्दे पर कहा है, “मुझे लगता है कि ये घटना एक बड़ी समस्या से जुड़ी है. कनाडा लगातार अलगाववादियों, चरमपंथियों और हिंसा का समर्थन करने वालों को (फलने-फूलने का) मौका दे रहा है. हमें इसकी वजह समझ नहीं आती...सिवाए इसके कि ये वोट बैंक की ज़रूरत है. मुझे लगता है कि ये आपसी रिश्तों और कनाडा के लिए ठीक नहीं है.”
वहीं, कनाडा के उच्चायोग ने इस मामले की निंदा करते हुए कहा है कि कनाडा में नफ़रत और हिंसा के महिमामंडन के लिए कोई जगह नहीं है.
कनाडा के उच्चायुक्त कैमरन मेके ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है, “मैं कनाडा में आयोजित उस कार्यक्रम की ख़बरें सुनकर दंग हूं जिसमें दिवंगत भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का जश्न मनाया गया है. कनाडा में नफ़रत और हिंसा के महिमामंडन की जगह नहीं है. मैं इस तरह की गतिविधियों की स्पष्ट रूप से निंदा करता हूं.”