ब्रेकिंग न्यूज़, #IPL2023 में #DCvCSK का मुक़ाबला, प्लेऑफ़ के लिए अहम मैच में धोनी की टीम पहले करेगी बल्लेबाज़ी
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और दिल्ली कैपिटल (डीसी) के बीच आईपीएल का 67वां लीग मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है.
टॉस जीत कर महेंद्र सिंह धोनी ने पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.
प्लेऑफ़ की रेस में चेन्नई सुपर किंग्स कहां?
फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 15 अंकों और बेहतर नेट रन के आधार पर पॉइंट टेबल में दूसरे पायदान पर है.
दिल्ली कैपिटल्स पहले ही प्लेऑफ़ की रेस से बाहर हैं. वहीं हार्दिक पंड्या के नेतृत्व वाली गुजरात टाइटंस प्लेऑफ़ में पहुंच चुकी है.
प्लेऑफ़ की टॉप-2 टीमों में आने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स को इस आईपीएल का ये आख़िरी मैच जीतना बेहद ज़रूरी है.
प्लेऑफ़ की बाकी तीन टीमें कौन कौन सी होंगी इसका फ़ैसला आज और रविवार को खेले जाने वाले आख़िरी चार लीग मैचों से होगा.
दिल्ली कैपिटल्स के साथ चेन्नई सुपर किंग्स का रिकॉर्ड कैसा?
वहीं अगर चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल में खेले गए मैचों पर नज़र डालें, तो जीत का रिकॉर्ड धोनी की टीम के पक्ष में है.
दोनों टीमों का आईपीएल में अब तक 28 बार सामना हो चुका है.
इनमें से 18 मैच चेन्नई सुपर किंग्स ने तो 10 मुक़ाबले दिल्ली कैपिटल्स ने जीते हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले तीनों मैच दिल्ली कैपिटल्स से जीते हैं. यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है.
यहां दोनों टीमों के बीच सात मैच खेले जा चुके हैं. यहां भी धोनी की टीम की जीत का पलड़ा 5-2 से कहीं अधिक भारी है.