You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पीएम बताएं कि 2016 की नोटबंदी से क्या हासिल हुआ: सिद्धारमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने जा रहे कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा है कि 2000 के नोट पर रोक लगाकर भाजपा अपनी विफ़लताओं से लोगों का ध्यान हटाना चाहती है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and स्नेहा

  1. अरब लीग से निकाले जाने के 12 साल बाद इसके सम्मेलन में हिस्सा लेगा सीरिया

    अरब लीग ने सीरिया को 12 साल पहले अपने संगठन से निकाल दिया था. लेकिन अब सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद इस सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहे हैं.

    सीरिया में लोकतंत्र समर्थकों पर दमन के बाद अरब लीग ने सीरिया की सदस्यता ख़त्म कर दी थी. सीरिया में लोकतंत्र समर्थकों के प्रदर्शन के बाद भड़के गृह युद्ध में पांच लाख लोगों की मौत हो चुकी है.

    गृह युद्ध की वजह से सीरिया की 2.20 करोड़ की आबादी में से आधी को अपना घर छोड़ कर भागना पड़ा था. देश के अंदर ही लगभग 68 लाख लोग विस्थापित हुए हैं.

    सीरिया को इस महीने अरब लीग में फिर से शामिल किया गया था क्योंकि विपक्ष का समर्थन करने वाले देशों ने अब ये मान लिया है कि सत्ता पर असद की पकड़ काफ़ी मज़बूत है. इनमें सम्मेलन का मेज़बान देश सऊदी अरब भी शामिल है.

    अरब लीग के देशों में समझौते का दौर तब शुरू हुआ जब इस साल फ़रवरी में आए भूकंप ने तुर्की और उत्तरी-पश्चिमी सीरिया में भारी तबाई मचाई. इस दौरान सीरिया के ख़िलाफ़ रहे कई देशों ने उसे मानवीय सहायता पहुंचाना शुरू किया था.

    इस बीच, चीन ने सऊदी अरब और ईरान के बीच समझौता करवा कर खाड़ी के देशों की आपसी दुश्मनी कम करने की दिशा में अहम पहल की.

  2. स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाने वालों से क्या बोले विराट कोहली

    गुरुवार को हैदराबाद सनराइज़र्स के ख़िलाफ़ शतक बनाने के बाद विराट कोहली बोले कि बाहर कोई क्या कह रहा है उससे उन्हें कोई फ़र्क पड़ता .

    रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के स्टार बल्लेबाज़ अपने स्ट्राइक रेट पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब दे रहे थे.

    कोहली ने गुरुवार को सनराइज़र्स के ख़िलाफ़ 63 गेंदों में 100 रन बनाए. उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फ़ाफ़ डुप्लेसी के साथ 172 रन की साझेदारी की थी.

    कोहली ने पोस्ट मैच प्रेज़ेंटेशन में सनराइज़र्स के ख़िलाफ़ अब तक अपने साधारण प्रदर्शन के बारे में कहा,'' मैं पिछले नंबरों को नहीं देखता हूं. मैंने अपने ऊपर बहुत ज़्यादा दबाव डाल लिया है. कई बार असरदार पारी खेलने के बावजूद मैं ख़ुद को ही श्रेय नहीं दे पाता हूं. इसलिए बाहर कोई क्या कह रहा है इसकी ज़्यादा परवाह नहीं करता क्योंकि वो उनकी राय है.''

    कोहली ने कहा,'' जब आप ख़ुद इस स्थिति में हैं तो आप जानते हैं कि क्रिकेट का खेल कैसे जीता जाए. मैंने ये सब लंबे समय तक किया है. ऐसा नहीं है कि जब मैं खेलता हूं, मेरी टीम नहीं जीतती है. मैं परिस्थिति के हिसाब से खेलने में गर्व महसूस करता हूं.''

    कोहली की ये कह कर आलोचना की जाती रही है कि वो मिडिल ओवर्स में धीमा खेलते हैं.

    उन्होंने कहा, ''मैं अपना तकनीक सही रखना चाहता हूं. मैं फ़ैंसी शॉर्ट खेलने से बचता हूं.''

    विराट ने कहा, ''मैं ऐसा खिलाड़ी नहीं रहा हूं जो बहुत सारे फ़ैसी शॉट खेलता हो. हमें बारहों महीने क्रिकेट खेलना होता है. मैं फ़ैंसी शॉट खेलकर विकेट नहीं गंवाना चाहता. आईपीएल के बाद टेस्ट क्रिकेट होगा. मुझे अपनी तकनीक सही रखनी होगी. मुझे अपनी टीम के लिए मैच जीतने हैं.''

  3. जी-7 की बैठक में हिस्सा ले सकते हैं यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की जापान में होने वाली जी-7 देशों की बैठक में हिस्सा ले सकते हैं.

    रिपोर्टों के मुताबिक़ जेलेंस्की रविवार को इस सम्मेलन में हिस्सा ले सकते हैं.

    ब्लूमबर्ग और फ़ाइनेंशियल टाइम्स ने अनाम सूत्रों के हवाले से यह ख़बर दी है.

    ख़बरों में कहा गया है कि ज़ेलेंस्की की ओर से रविवार को जी-7 की बैठक को संबोधित करने की उम्मीद है.

    हालांकि वो इस बैठक को वीडियो लिंक के ज़रिये संबोधित कर सकते हैं. हालांकि ऐसी अटकलें भी लग रही हैं वो हिरोशिमा पहुंच सकते हैं.

    इस बार जी-7 के बाहर के देशों में ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कोमोरोस, कुक आइलैंड्स, भारत, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया और वियतनाम के नेताओं को आमंत्रित किया गया है.

  4. महंगे डॉलर ने घटाए तेल के दाम, महंगाई ज़्यादा रही तो और कम होंगी कीमतें

    डॉलर की मज़बूती और महंगाई के ऊंचे स्तर पर बरकरार रहने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल के दाम में गिरावट आई है.

    शुक्रवार को एशियाई बाज़ार में कच्चे तेल के दाम में इसलिए भी गिरावट आई क्योंकि माना जा रहा है कि अमेरिका खुद को डिफ़ॉल्ट से बचा लेगा. इससे डॉलर में और मज़बूती आ सकती है.

    दूसरी ओर महंगाई दर ऊंची रहने की वजह से अमेरिकी बैंक ब्याज दरों में और बढ़ोतरी भी कर सकते हैं.

    इससे कच्चे तेल की मांग में और गिरावट आ सकती है क्योंकि महंगे डॉलर की वजह से आयातकों के लिए लागत बढ़ जाएगी.

    महंगे डॉलर की वजह से आगे जाकर कच्चे तेल की मांग में भी गिरावट आ सकती है, जिससे इसकी कीमतें घट सकती हैं. फिलहाल तेल के दाम पर अमेरिकी डिफ़ॉल्ट की समस्या का असर दिख सकता है.

    हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन हाउस ऑफ़ रिप्रज़ेंटेटिव्स के स्पीकर केविन मैकार्थी ने कहा है कि फ़ेडरल सरकार कर्ज़ लेने की सिलिंग को बढ़ा कर 31.4 ट्रिलियन डॉलर तक कर सकते हैं.

  5. हिरोशिमा शहर में जी-7 की बैठक, पीएम मोदी भी होंगे शामिल

    जापान के हिरोशिमा शहर में 19 से 21 मई के बीच होने वाले जी-7 देशों का सम्मेलन हो रहा है.

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिरोशिमा के लिए रवाना हो गए हैं. जापान की ओर से हिरोशिमा में जी-7 की बैठक कराने का ख़ास मक़सद है. जापान इसके ज़रिये शांति और परमाणु निरस्त्रीकरण का संदेश देना चाहता है.

    अगस्त 1945 में हिरोशिमा पर ही दुनिया का पहला परमाणु बम गिराया गया था. इसमें हज़ारों लोग मारे गए थे और कई हज़ार शारीरिक रूप से विकलांग हो गए थे.

    हिरोशिमा जापान के प्रधानमंत्री फ़ुमियो किशिदा का गृह नगर भी है.

    जी-7 की बैठक ऐसे वक्त में हो रही है जब पश्चिमी देश रूस को लगातार परमाणु हथियार का इस्तेमाल न करने के लिए चेता रहे हैं.

    दूसरी ओर उत्तर कोरिया ने भी अपनी परमाणु मिसाइलों की टेस्टिंग तेज़ कर रखी है.

    जी-7 प्रमुख औद्योगिक देशों का संगठन है. इसमें अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और ब्रिटेन शामिल हैं. इसमें यूरोपियन यूनियन के भी दो प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं.

    परंपरा के मुताबिक़ जी-7 के गैर सदस्य देशों के नेता और अंतरराष्ट्रीय संगठन भी सम्मेलन में हिस्सा लेते हैं.

  6. 'द केरला स्टोरी': बैन पर रोक हटने के बाद तृणमूल बोली, 'कुछ हुआ तो विपक्ष सरकार को दोष न दे'

    पश्चिम बंगाल में फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' के बैन पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद तृणमूल कांग्रेस ने कहा है अब अगर कुछ हुआ तो विपक्षी दल सत्ताधारी पार्टी को दोषी न ठहराएं.

    तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि राज्य सरकार ने ख़ुफ़िया जानकारियों के आधार पर पश्चिम बंगाल में 'विवादास्पद' फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' को दिखाने पर रोक लगाई थी. पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है.

    तृणमूल के वरिष्ठ नेता शशि पांजा ने गुरुवार को कोलकाता में कहा, ''राज्य सरकार को आशंका थी कि फ़िल्म के प्रदर्शन के बाद तनाव हो सकता है. अब माननीय सुप्रीम कोर्ट ने एक आदेश जारी किया है. राज्य सरकार इसका पालन करेगी. विपक्ष को इसे अपनी जीत और सरकार की हार के तौर पर नहीं देखना चाहिए.''.

    राज्य में विपक्षी दल बीजेपी ने फ़िल्म पर लगे बैन को हटाने का स्वागत किया है. पार्टी का कहना है कि इसने तृणमूल कांग्रेस की सांप्रदायिक राजनीति का 'पर्दाफ़ाश' कर दिया है.

    वहीं सीपीएम ने कहा है कि ममता बनर्जी ने फ़िल्म पर बैन लगाने का फ़ैसला राजनीतिक फ़ायदे के लिए किया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को 'द केरला स्टोरी' पर पश्चिम बंगाल सरकार के प्रतिबंध पर रोक लगा दी थी.

    8 मई को पश्चिम बंगाल सरकार ने 'द केरला स्टोरी' के राज्य में रिलीज़ पर प्रतिबंध लगा दिया था.

    साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को सिनेमा देखने जाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सिनेमा हॉल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के इंतज़ाम के भी निर्देश दिए थे.

    इससे पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दायर अपने हलफ़नामे में 'द केरला स्टोरी' पर लगाए गए प्रतिबंध का बचाव किया था.

  7. नमस्कार! आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    18 मई के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.