You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पीएम बताएं कि 2016 की नोटबंदी से क्या हासिल हुआ: सिद्धारमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने जा रहे कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा है कि 2000 के नोट पर रोक लगाकर भाजपा अपनी विफ़लताओं से लोगों का ध्यान हटाना चाहती है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and स्नेहा

  1. सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण के लिए न्योता मिलने के बाद विपक्षी एकता पर क्या बोले नीतीश

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वह कर्नाटक में सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "उनकी जबरदस्त जीत (कर्नाटक) हुई है. और जो बने हैं मुख्यमंत्री, उनसे हमारा पहले से संपर्क है. उन्होंने भी और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी फोन करके बुलाया है तो हमने कहा कि हम आ जाएंगे.''

    लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकता को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, "हम तो इसी में लगे हुए हैं. जब हो जाएगा हम तब तो बताएंगे. विपक्षी दल के लोग एकजुट हो जाएंगे तो यह देश के हित में ही है. इसके लिए प्रयास तो चल रहा है.''

    विपक्षी एकता के लिए अहम मानी जा रहीं ममता बनर्जी सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं जाएंगी. उनकी जगह तृणमूल कांग्रेस की नेता काकोली घोष दस्तीदार जा रही हैं.

    इसी बीच कर्नाटक का उप मुख्यमंत्री बनने जा रहे डी के शिवकुमार दिल्ली पहुंचे हैं.

    उनका कहना है कि वो व्यक्तिगत तौर पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को आमंत्रित करना चाहते हैं.

  2. जब एक बच्चा खेलते हुए भीषण बवंडर के बीच फंस गया

    फर्ज कीजिए कि आप खेल रहे हैं और अचानक वहां भीषण बवंडर आ जाए.

    एक बच्चे के साथ कुछ ऐसा ही हुआ लेकिन ठीक उसी समय अंपायर की सूझबूझ से बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया.

  3. सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं शामिल होंगी ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कर्नाटक में कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगी. उनकी जगह पार्टी की नेता काकोली घोष दस्तीदार शामिल होंगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तरफ से 20 मई को बेंगलुरु में होने वाले समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला था.

    तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ ब्रायन ने एक ट्वीट में कहा, "कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने जा रहे सिद्धारमैया और उनके अन्य साथियों ने तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था. उन्होंने (बनर्जी) उन्हें (सिद्धारमैया) को शुभकामनाएं दी हैं और काकोली घोष दस्तीदार को समारोह में शामिल होने के लिए कहा है."

    लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर विपक्षी एकता दिखाने के लिए सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में ममता बनर्जी का शामिल होना अहम था.

    बनर्जी ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद यह बयान भी दिया था कि कांग्रेस जहां मजबूत होगी, वो उसका समर्थन करेंगी.

  4. हरियाणा की इस लड़की ने दुनिया में मनवाया अपने निशाने का लोहा

    हरियाणा की रहने वाली नैन्सी ने आईएसएसएफ़ शूटिंग वर्ल्ड कप में 10 मीटर कैटेगरी में सिल्वर मेडल हासिल किया है. हाल ही में बाकू में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.

    19 साल की नैन्सी की इस कामयाबी पर उनके पूरे परिवार को गर्व है. नैन्सी ने शूटिंग के अनुभव और इस गेम से जुड़ने के पीछे अपनी प्रेरणा के बारे में बीबीसी से बात की.

  5. जापान को पीछे छोड़कर चीन बना सबसे बड़ा कार निर्यातक देश

    चीन ने कहा है कि वो कार निर्यात करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा देश बन गया है.

    इस साल के पहले तीन महीनों में कार निर्यात करने के मामले में चीन जापान से आगे निकल गया है.

    इससे पहले तक जापान दुनिया का सबसे बड़ा कार निर्यातक देश था.

    पिछले सप्ताह चीन जो आंकड़े जारी किए हैं उनके मुताबिक़ इस साल के शुरुआती तीन महीनों में 10.07 लाख कारें निर्यात की.

    साल 2022 के पहले तीन महीनों में किए गए आंकड़ों से ये 58 फीसदी अधिक है.

    जापान ने इस साल के पहले तीन महीनों में जापान ने 9,54,185 कारों का निर्यात किया है.

    2022 के पहले तीन महीनों में किए गए निर्यात से ये छह फीसदी अधिक है.

    चीन का निर्यात इलेक्ट्रिक कारों की मांग में इजाफे और रूस में कारों की बिक्री बढ़ने की वजह से बढ़ा है.

    पिछले साल चीन जर्मनी को पछाड़ कर कार निर्यात करने वाला दुनिया का दूसरा बड़ा देश बन गया था.

    जनरल एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ कस्टम्स के मुताबिक़ 2022 में चीन ने 32 लाख गाड़ियों का निर्यात किया गया था.

    जबकि जर्मनी ने 26 लाख गाड़ियों का निर्यात किया था.

    दरअसल, दुनिया भर में इलेक्ट्रिक कारों की मांग बढ़ने का फायदा चीन के कार बाज़ार को मिल रहा है.

    टेस्ला की चीनी यूनिट एसएआईसी चीन की सबसे बड़ी न्यू एनर्जी व्हेकिल गाड़ियों की निर्यातक है.

    टेस्ला का शंघाई में काफी बड़ा इलेक्ट्रिक कार प्लांट है.

    यहां से जापान और यूरोपीय बाज़ार में कार निर्यात किए जाते हैं.

  6. महाराष्ट्र में इस ऑयल रिफ़ाइनरी का विरोध क्यों

    दुनिया की सबसे बड़ी ऑयल रिफ़ाइनरी प्रोजेक्ट को लेकर विरोध प्रदर्शन क्यों हो रहा है. वेस्ट कोस्ट रिफ़ाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स प्रोजेक्ट महाराष्ट्र के रत्नागिरि ज़िले में प्रस्तावित है.

    लेकिन स्थानीय लोग इसका ज़बर्दस्त विरोध कर रहे हैं. इस विरोध प्रदर्शन की वजह क्या है. देखिए बीबीसी संवाददाता दीपाली जगताप की रिपोर्ट.

  7. इमरान ख़ान को तीन मामलों में मिली अग्रिम ज़मानत, कहा- सिर्फ अदालत...

    लाहौर की आतंकरोधी अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को 9 मई से जुड़े हिंसा के तीन मामलों में अग्रिम जमानत दे दी है.

    अल कादिर ट्रस्ट मामले में इमरान ख़ान के समर्थक सड़कों पर उतर पड़े थे.

    हिंसा पर उतारू भीड़ का कई जगह पुलिस से सामना हुआ था.

    हिंसा के जिन तीन मामलों में आज सुनवाई हुई, उनमें से एक लाहौर में सेना हेडक्वॉर्टर पर हमले से जुड़ा है.

    शुक्रवार को विशेष आतंकरोधी अदालत में इन मामलों की सुनवाई के दौरान न्यायाधीश एजाज अहमद बत्तर ने इमरान खान को 100,000 रुपये का जमानत मुचलका जमा करने का निर्देश दिया.

    जिस पर इमरान खान ने यकीन दिलाते हुए जवाब दिया कि 'चिंता मत करो.'

    इमरान ख़ान ने लोगों के ख़िलाफ़ पुलिस कार्रवाई पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पिछले 35 साल में उन्होंने दमन का ऐसा उदाहरण नहीं देखा है.

    उन्होंने कहा, "सारे मानवाधिकार, लगता है खत्म कर दिए गए हैं. सिर्फ अदालत मानवाधिकारों की रक्षा कर रही है. इमरान ख़ान ने कहा कि वो आखिरी जमानत तक लड़ेंगे.

  8. दुनिया में भारतीय संस्कृति का लोहा मनवाने वाले स्वामी विवेकानंद के अनजाने पहलू

    छोटी उम्र, बड़ी जिंदगी... दुनिया में भारतीय संस्कृति का लोहा मनवाने वाले स्वामी विवेकानंद.

    जब शिकागो की धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद ने अपना पहला वाक्य कहा, सिस्टर्स एंड ब्रदर्स ऑफ अमेरिका, तो वहां मौजूद सारे लोग खड़े हो गए और दो मिनट तक लगातार ताली बजाते रहे.

    छोटी उम्र, बड़ी जिंदगी की पहली कड़ी में सुनिए स्वामी विवेकानंद की कहानी रेहान फ़ज़ल और प्रेरणा से... याद करेंगे उन्हीं अनूठी प्रतिभाओं को, जिनके जीवन में दिन कम थे, लेकिन हमारे जीवन में उनकी यादें बहुत हैं.

  9. आनंद मोहन मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दिया बिहार सरकार को ये निर्देश

    बिहार के बाहुबली राजनेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह की सज़ा माफ़ी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को इस केस से जुड़े सभी दस्तावेज़ अदालत के समक्ष पेश करने के लिए कहा है.

    आईएएस अफ़सर जी कृष्णैया की हत्या मामले में उम्र क़ैद की सज़ा काट रहे आनंद मोहन को बिहार सरकार ने रिहा कर दिया था.

    जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने बिहार सरकार के इस फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.

    इस केस में सुप्रीम कोर्ट ने 8 मई को बिहार सरकार को दो हफ़्ते के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा था.

    शुक्रवार की सुनवाई में बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से जवाब दाखिल करने के लिए और समय मांगा था, जिसे अदालत ने मंज़ूर कर लिया.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अब इस मामले में और तारीखें नहीं दी जाएंगी. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने अब केस की सुनवाई की अगली तारीख 8 अगस्त को तय की है.

  10. भारत का दूल्हा, लाहौर की दुल्हन... इस शादी के चर्चे दूर-दूर तक हैं

    पाकिस्तान के शहर लाहौर में रहने वालीं शहलीन को भारत में पंजाब के गुरदासपुर के नमन से मोहब्बत हुई और दोनों ने शादी करने का फ़ैसला कर लिया.

    लेकिन वीज़ा हासिल करना बड़ी दिक्कत थी. सात साल इंतज़ार के बाद आख़िरकार दोनों एक-दूसरे से शादी करने में कामयाब रहे. देखिए, ये ख़ूबसूरत सी कहानी...

  11. संजय राउत का दावा- महाराष्ट्र में लोकसभा की 18 सीटों पर शिवसेना लड़ेगी चुनाव

    शिवसेना के उद्धव बाला साहेब ठाकरे धड़े के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा है कि महाविकास अघाड़ी गठबंधन में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए सीटों का भले ही बंटवारा न हुआ हो लेकिन उनकी पार्टी के हिस्से में 19 सीटें रहेंगी.

    शिवसेना ने पार्टी टूटने से पहले पिछले लोकसभा चुनाव में 19 सीटें जीती थीं. संजय राउत का दावा इसी नंबर से जुड़ा हुआ है.

    नांदेड़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा, "साल 2019 के लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में शिवसेना (अविभाजित) ने 18 सीटें और दमन और दिउ की एक सीट जीती थीं."

    हालांकि पार्टी टूटने के बाद महाराष्ट्र से शिवसेना के 18 सांसदों में 13 अपनी वफादारी बदलकर एकनाथ शिंदे खेमे में चले गए.

    उन्होंने कहा, "भले ही हमारे कुछ सांसद दल बदलकर चले गए हों, शिवसेना की जीती सीटें हमारे साथ रहेंगी."

    संजय राउत ने ये भी कहा कि महाविकास अधाड़ी के घटक दल एनसीपी और कांग्रेस की जीती चार सीटें भी उनके साथ रहेगी.

    राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि महाविकास अघाड़ी के तीनों घटक दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है.

    उन्होंने कहा, "लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हम एक होकर लड़ेंगे. महाविकास अघाड़ी का वज्रमूठ मौजूदा सरकार को हरा देगा."

    संजय राउत ने ये भी माना कि सीटों के बंटवारे को लेकर गठबंधन में अभी तक कोई फ़ैसला नहीं हुआ है और इस सिलसिले में बातचीत अभी शुरुआती दौर में है.

    लोकसभा चुनाव 2024 के अप्रैल-मई में होने हैं और अगले साल के अक्टूबर-नवंबर में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव भी होना है.

  12. जिस पेड़ के नीचे कभी बैठते थे जुआरी-शराबी, अब वहां हो रहा कमाल

    पश्चिम बंगाल की ये एक अनोखी लाइब्रेरी है. इस तने को लाइब्रेरी शेल्फ़ के रूप में बनाया गया है.

    हर रविवार को बच्चे और युवा छात्र-छात्राएं यहां जमा होते हैं. वो यहां पेड़ की छांव में बैठकर पढ़ने के लिए आते हैं.

    यह अनोखी लाइब्रेरी पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार ज़िले के बेसधुरा और गोदामधुरा के बीच स्थित है.

    ये पेड़ एक समय में जुआ खेलने वालों, शराबियों और ऐसे ही लोगों का ठिकाना हुआ करता था.

  13. अर्थ साइंसेज मिनिस्ट्री कोई सज़ा वाली पोस्टिंग नहीं है: किरेन रिजिजू

    किरेन रिजिजू ने कानून मंत्रालय से हटने के बाद प्रतिक्रिया दी है. शुक्रवार को उन्होंने अर्थ साइसेंज मंत्रालय का कार्यभार संभाला.

    मंत्रालय का जिम्मा संभालने के बाद रिजिजू ने कहा, "विपक्ष तो हमेशा ही मेरी आलोचना करेगा. विपक्ष का मेरे बारे में बोलना नई बात नहीं है. मुझे कानून मंत्रालय से अर्थ साइंसेज मिनिस्ट्री में भेजना कोई सज़ा वाली पोस्टिंग नहीं है. ये सरकार की प्लानिंग के तहत हुआ है.''

    ''अर्थ साइंस को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी का एक विज़न है. इसी के तहत मुझे इस मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है.''

    रिजिजू कॉलेजियम समेत कई मुद्दों पर न्यायपालिका के ख़िलाफ बयान देकर चर्चा में रहे हैं.

    बीते साल किरेन रिजिजू ने जजों की नियुक्ति की पूरी प्रक्रिया को ही 'संविधान से परे' बताया था.

    उन्होंने कहा था, "मैं न्यायपालिका या न्यायाधीशों की आलोचना नहीं कर रहा हूँ. मैं सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की मौजूदा प्रणाली से ख़ुश नहीं हूँ. कोई भी प्रणाली सही नहीं है. हमें हमेशा एक बेहतर प्रणाली की दिशा में प्रयास करना और काम करना है."

    उनका कहना था कि व्यवस्था को जवाबदेह होना चाहिए और अगर ये सिस्टम पारदर्शी नहीं है, तो इसके बारे में क़ानून मंत्री नहीं बोलेगा तो कौन बोलेगा.

    इसी साल 27 अप्रैल को समलैंगिक शादी को लेकर कोर्ट में चल रही सुनवाई पर उन्होंने कहा, "शादी जैसे मामलों को निपटाने के लिए अदालतें मंच नहीं हो सकतीं."

    एक टीवी कार्यक्रम में शामिल हुए रिजिजू ने कहा, "शादी जैसे महत्वपूर्ण मामलों पर फ़ैसला देश के लोगों को करना है क्योंकि इस तरह के फ़ैसलों से सभी प्रभावित होते हैं. ये लोगों की इच्छा पर निर्भर करता है और उनकी इच्छा संसद या विधानसभा में दिखती है."

    केंद्र सरकार समलैंगिक शादी को इजाज़त देने के विचार के ख़िलाफ रही है.

    केंद्र सरकार ने कोर्ट से गुज़ारिश की थी कि ये मामला संसद पर छोड़ दिया जाए.

    कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि शायद रिजिजू को न्यायपालिका के साथ टकराव की वजह से ही कानून मंत्रालय से हटाया गया.

  14. ममता बनर्जी क्या कांग्रेस से नज़दीकियां बढ़ा रही हैं, पर क्यों?

    "यूपीए क्या है? देश में यूपीए का कोई अस्तित्व नहीं है."

    01 दिसंबर, 2021 को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाक़ात के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बयान दिया था.

    उस समय ममता बनर्जी के इस बयान को कांग्रेस के साथ उनकी बढ़ती दूरियों से जोड़ कर देखा गया था.

    लेकिन कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद ममता बनर्जी का एक और बयान आया.

    "कांग्रेस जहां मज़बूत है, वहां लड़े. हम उसका समर्थन करेंगे. इसमें कुछ ग़लत नहीं है. लेकिन उसे भी (कांग्रेस को) दूसरे दलों का समर्थन करना होगा."

  15. झारखंड विधानसभा ने नमाज़ के लिए कमरा आवंटित करने के मामले में हाई कोर्ट से क्या कहा

    झारखंड विधानसभा ने असेंबली भवन में नमाज़ के लिए कमरा आवंटित करने के ख़िलाफ़ दाखिल याचिका पर सुनवाई के दौरान अपना जवाब दाखिल किया है.

    झारखंड विधानसभा ने हाई कोर्ट से कहा है कि असेंबली भवन में नमाज़ के लिए कमरा आवंटित करने के मुद्दे पर रिपोर्ट देने के लिए सात विधायकों की कमेटी बनाई गई है.

    विधानसभा की ओर से कहा गया कि कमेटी नमाज़ के लिए कमरा आवंटित करने के मामले में दूसरे राज्यों से भी जानकारी मंगा रही है.

    विधानसभा में नमाज़ आवंटित किए जाने के ख़िलाफ़ एक शख्स आसित कुमार मोदी ने जनहित याचिका दायर की थी. इस केस पर 22 जून को दोबारा सुनवाई होगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट को बताया गया कि कमेटी अपनी रिपोर्ट 31 जुलाई तक दाखिल करेगी.

    इससे पहले 2 मई को जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच के जस्टिस संजय कुमार मिश्रा और जस्टिस आनंद सेन ने शपथ पत्र दाखिल करने को कहा था.

    जनहित याचिका में कहा गया है कि किसी ख़ास समुदाय के सदस्यों को प्रार्थना करने के लिए कमरा देना दूसरे समुदाय के लोगों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है.

    झारखंड सरकार ने 2021 अपने एक आदेश में झारखंड विधानसभा भवन में नमाज़ कक्ष बनाने का एलान किया था.

    विधानसभा भवन के कमरा संख्या टीडब्ल्यू- 348 को नमाज़ कक्ष बनाया गया था. यहां मुस्लिम विधायक और अन्य मुस्लिम कर्मचारियों के नमाज़ पढ़ने की व्यवस्था की गई थी.

    यह आदेश विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की तरफ़ से विधानसभा सचिवालय ने जारी किया था.

    इस आदेश के बाद विपक्षी पार्टी ख़ासतौर पर बीजेपी ने इसका ज़ोरदार विरोध किया था.

  16. जी-7 सम्मेलन: चीन के बढ़ते असर पर होगी बात?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत दुनिया भर के कई बड़े नेता जी-7 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जापान के हिरोशिमा में इकट्ठा हो रहे हैं.

    जी-7 की ये बैठक 19 मई से 21 मई तक चलेगी... पूर्वी एशिया में ज़बर्दस्त तनाव के बीच ये सम्मेलन हो रहा है.

    इस क्षेत्र में चीन के बढ़ते असर पर बात हो सकती है.

    सुरक्षा तैयारियों को लेकर जापान और अमेरिका कौन से क़दम उठा रहे हैं. देखिए जापान के एक एयरबेस से ये ख़ास रिपोर्ट.

  17. #Tiger3 के सेट पर चोटिल हुए सलमान ख़ान, कहा- 'टाइगर ज़ख़्मी है...'

    बॉलीवुड एक्टर सलमान ख़ान ने गुरुवार को कहा है कि उनके कंधे में चोट आई है.

    उन्होंने एक ट्वीट में ये संकेत दिया कि आने वाली फिल्म 'टाइगर 3' के सेट पर वो चोटिल हो गए हैं.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, "जब आपको ये लगता है कि आपके कंधों पर दुनिया का बोझ है, वो कहता है कि दुनिया को छोड़ो, पांच किलो का डंबल उठाकर दिखाओ. टाइगर ज़ख़्मी है."

    इस पोस्ट में उन्होंने एक तस्वीर भी शेयर की है जिसमें उनकी पीठ पर दर्द से राहत दिलाने वाला पैच लगा हुआ है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यशराज फ़िल्म्स की 'टाइगर 3' में सलमान ख़ान के साथ कटरीना कैफ़ काम कर रही है.

    मनीष शर्मा के निर्देशन में बन रही ये एक्शन थ्रिलर नवंबर में बड़े पर्दे पर रिलीज़ होगी.

  18. पीएम मोदी के जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया दौरे से ये हासिल होगा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 मई से 24 मई के बीच जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे.

    इस शुक्रवार से जापान के हिरोशिमा में जी-7 का सम्मेलन हो रहा है जो 21 मई तक चलेगा. पीएम मोदी शुक्रवार को जापान पहुंच जाएंगे.

    जी-7 के सदस्य देश हैं - जापान, इटली, कनाडा, फ़्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन और जर्मनी.

    भारतीय विदेश मंत्रालय का कहना है कि जी-7 की बैठक में पीएम मोदी अन्य देशों के साथ शांति, स्थिरता, खाद्यान्न, ऊर्जा और उर्वरक जैसे मुद्दों पर बात करेंगे.

  19. आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस और सीनियर एडवोकेट केवी विश्वनाथन बने सुप्रीम कोर्ट जज

    आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और सीनियर एडवोकेट केवी विश्वनाथन ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट जज के रूप में शपथ ली.

    भारत के प्रधान न्यायाधीश चीफ़ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने आज उन्हें शपथ दिलाई.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुचित्र मोहंती के मुताबिक़, जस्टिस मिश्रा छत्तीसगढ़ से सुप्रीम कोर्ट पहुंचने वाले पहले जज हैं.

    जस्टिस केवी विश्वनाथन अगस्त, 2030 में भारत के चीफ़ जस्टिस बनेंगे.

  20. विदेश में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल होगा महंगा, देना पड़ेगा 20 फ़ीसदी का टैक्स

    भारत सरकार ने इंटरनेशनल क्रेडिट कार्ड पर विदेश में किए गए ख़र्च को अब लिबरलाइज़्ड रेमिटेन्स स्कीम के तहत लाने का फ़ैसला किया है.

    इसके तहत देश के बाहर इस्तेमाल किए गए क्रेडिट कार्ड पर अब 20 फ़ीसदी का टीसीएस (टैक्स कलेक्टेड ऐट सोर्स) लगाया जाएगा.

    इस ख़बर को दिल्ली से छपने वाले कई अख़बारों ने प्रमुखता से छापा है. आज प्रेस रिव्यू में शुरुआत करते हैं इसी ख़बर से.

    दैनिक भास्करने लिखा है कि लिबरलाइज़्ड रेमिटेन्स स्कीम के तहत कोई भी भारतीय नागरिक रिज़र्व बैंक की इजाज़त लिए बग़ैर विदेश में सालाना ढाई लाख डॉलर यानी क़रीब दो करोड़ रुपये तक खर्च कर सकता है.