कर्नाटक सीएम के नाम का कब होगा एलान, कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने बताया

इमेज स्रोत, ANI
बीते शनिवार कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीतने के बाद से कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर लगातार मंथन जारी है. पार्टी ने हालांकि अब कहा है कि एक या दो दिन में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी.
माना जा रहा है कि डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया दोनों ही सीएम पद के लिए अपना दावा ठोक रहे हैं और पीछे हटने को तैयार नहीं हैं.
इस गतिरोध को दूर करने के लिए बुधवार को दिल्ली में हलचल तेज़ रही. दोनों उम्मीदवार सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने शीर्ष अधिकारियों के सामने अपनी-अपनी बातें रखीं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने कर्नाटक में कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के हवाले से ये भी बताया है कि कैबिनेट पर 48 से 72 घंटों में फ़ैसला हो जाएगा. सुरजेवाला ने लोगों से 'फे़क न्यूज़' पर भरोसा न करने का आग्रह भी किया.
बाद में एक ट्वीट के ज़रिए रणदीप सुरजेवाला ने पार्टी के सभी नेताओं को इस मामले में बयानबाज़ी से बचने को भी कहा. साथ ही ये भी चेताया कि अगर अब कोई फ़िज़ूल बयानबाज़ी हुई तो इसे अनुशासनहीनता मानकर कार्रवाई की जाएगी.
कर्नाटक के सीएम पद की दौड़ में सिद्धारमैया को आगे माना जा रहा है. पार्टी के एक धड़े का मानना है कि ग़रीबों, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों सहित कई समुदायों में सिद्धारमैया की लोकप्रियता कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में वोट दिलवा सकती है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास के बाहर एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सुरजेवाला ने कहा, "ये (सीएम पद के नाम पर निर्णय) एक या दो दिन में हो जाएगा और हम विधायक दल का नेता चुन लेंगे. 48 से 72 घंटों के बीच कर्नाटक में नई कैबिनेट होगी और कैबिनेट की पहली बैठक में हम कांग्रेस की दी हुई पाँच गारंटियों को पूरा करेंगे."
"मैं यहाँ सिर्फ़ बहुत-सी अफ़वाहों को ख़ारिज करने के लिए आया हूं, जो कई न्यूज़ चैनल चला रहे हैं. कृपया इन पर भरोसा न करें."
