केएल राहुल आईपीएल से बाहर, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल में भी नहीं खेल पाएंगे
आरसीबी के ख़िलाफ़ मैच में चोटिल होने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के कैप्टन केएल राहुल आईपीएल से बाहर हो गए हैं.
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि टेस्ट और स्कैन से इस बात की पुष्टि हुई है कि उन्हें चोट लगी है और सर्जरी की ज़रूरत है.
बयान में कहा गया है, "हम इस मुश्किल वक़्त में केएल राहुल को हर मुमकिन मदद देना जारी रखेंगे. उनके बेहतर इलाज के हर संभव उपाय सुनिश्चित करेंगे. हालांकि, उनकी चोट को देखते हुए यह स्पष्ट है कि उन्हें ठीक होने में लंबा समय लगेगा और इसका मतलब है कि वह आईपीएल के इस सीजन से अब बाहर रहेंगे. हम उन्हें मिस करेंगे. आशा करते हैं कि वो जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगे.''
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में केएल राहुल ने कहा कि मेडिकल टीम ने उन्हें सर्जरी की सलाह दी है और अब उनका पूरा ध्यान ठीक होने पर रहेगा.
उन्होंने लिखा, ''टीम के कैप्टन के तौर पर मुझे दुख हो रहा है कि मैं अहम समय में टीम के साथ नहीं रहूंगा. लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि ये खिलाड़ी अच्छा खेलेंगे और हमेशा की तरह अपना बेस्ट देंगे.''
वह अगले महीने इंग्लैंड में वर्ल़्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल का भी हिस्सा नहीं होंगे. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होना है.
उन्होंने साथ देने के लिए अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, '' चोट से उबरना कभी आसान नहीं रहा है लेकिन मैं अपना बेस्ट दूंगा. ''