You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमित शाह कैंपों में शरण लिए कुकी समुदाय से मिले, शांति बहाली का दिया आश्वासन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को मणिपुर में राहत कैंपों का दौरा किया है.

लाइव कवरेज

दिलनवाज़ पाशा and चंदन शर्मा

  1. ऑस्ट्रेलिया में कई दिन से लापता शख़्स का शव मिला, मगर मगरमच्छ के भीतर

    ऑस्ट्रेलिया में दोस्तों के साथ मछली मारने निकले एक मछुआरे का शव कई दिन बाद एक मगरमच्छ के भीतर मिला है.

    65 साल के केविन डारमोडी को आखिरी बार शनिवार को केनेडी बेंड पर देखा गया था.

    उत्तरी क्वीन्सलैंड के सुदूर इलाक़े में स्थित इस जगह पर बहुत मगरमच्छ पाए जाते हैं.

    पुलिस ने दो दिन की खोजबीन के दौरान दो बड़े मगरमच्छों को मारा, तो उनके भीतर इंसानी शरीर के हिस्से मिले.

    केनेडी बेंड से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर 4,1 मीटर और 2.8 मीटर लंबाई के दो मगरमच्छों को सोमवार को मारा गया था.

    हालांकि उनमें से केवल एक मगरमच्छ में ही इंसानी शव के अवशेष पाए गए.

    वैसे वन्य अधिकारियों का मानना है कि डारमोडी को मारने की घटना में दोनों मगरमच्छ शामिल रहे हैं.

    डारमोडी के साथ गए मछुआरों ने हालांकि हमला होते तो नहीं देखा, लेकिन उनकी चिल्लाहट और छपछप की आवाज़ उन्होंने ज़रूर सुनी.

    पुलिस ने बताया है कि डारमोडी का 'दुखद अंत' हो गया है.

    उनके अनुसार, औपचारिक रूप से पहचान का काम जल्द किया जाएगा.

    केप याॅर्क के रहने वाले केविन डारमोडी काफी कुशल मछुआरे माने जाते थे.

  2. COVER STORY: सूडान में मंडराता मानवीय त्रासदी का ख़तरा

    अफ़्रीकी देश सूडान में जारी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है और इसका ख़ामियाज़ा भुगत रहे हैं वहां रहने वाले वे लोग जिनका इस लड़ाई से कोई लेना-देना नहीं है.

    इसकी वजह से उन्हें अपने घरों से विस्थापित होकर पड़ोसी मुल्कों में पनाह लेनी पड़ रही है. कवर स्टोरी में देखिए सूडान में कैसे मंडरा रहा है मानवीय त्रासदी का ख़तरा.

  3. #IPL2023 में #LSGvCSK का मुक़ाबला, चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता टॉस

    आईपीएल में बुधवार को लखनऊ में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच खेला जा रहा है.

    इस मैच में टाॅस चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता है और लखनऊ सुपर जायंट्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    आज मैदान के गीले होने के कारण टाॅस में 30 मिनट की देरी हुई है.

    आईपीएल की अंक तालिका में अभी लखनऊ सुपर जाएंट्स तीसरे नंबर पर है, जबकि चेन्नई चौथे स्थान पर है.

    लखनऊ सुपर जायंट्स अपना पिछला मैच राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार गया था.

    हालांकि वो मैच हार-जीत से ज़्यादा विराट कोहली और लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटॉर गौतम गंभीर के बीच के विवाद के कारण ज़्यादा चर्चित हुआ था.

  4. आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस इंसानों के लिए क्या ख़तरनाक है?

    आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस यानी एआई इंसानों के लिए बहुत बड़ा ख़तरा है. ये कहा है गूगल से जुड़े एक लीडिंग इंजीनियर डॉक्टर ज्यॉफ़्री हिंटन ने. उन्होंने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    ज्यॉफ़्री हिंटन को आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का जनक माना जाता है. डॉक्टर हिंटन ने डीप लर्निंग और न्यूरल नेटवर्क को लेकर रिसर्च की थी और इसी रिसर्च को आधार बनाकर चैटजीपीटी जैसे एआई सिस्टम को बनाया गया.

    अब हिंटन ने कहा है कि उन्हें अफ़सोस है कि वो इस रिसर्च से जुड़े थे. उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि एआई टेक्नोलॉजी की वजह से इंटरनेट पर ग़लत ख़बरों और अफ़वाहों की भरमार हो जाएगी.

  5. रोहिंग्या शरणार्थियों की घर वापसी की उम्मीद जगी, बांग्लादेश से टीम जाएगी म्यांमार

    बांग्लादेश में अधिकारियों का कहना है कि रोहिंग्या शरणार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल इस हफ़्ते म्यांमार के दौरे पर जाएगा.

    जानकारों का कहना है कि रोहिंग्या शरणार्थियों की घर वापसी की कोशिशों के तौर पर इस कदम को देखा जाना चाहिए.

    एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि लगभग 20 रोहिंग्या शरणार्थियों का एक दल शुक्रवार को रवाना हो रहा है.

    इस यात्रा में वे ये देखेंगे कि सीमा पार वापस लौटने वाले शरणार्थियों के लिए किस तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं.

    दक्षिण पूर्वी बांग्लादेश के भीड़ भरे शरणार्थी शिविरों में लगभग दस लाख रोहिंग्या लोग रह रहे हैं.

    उनमें से ज़्यादातर लोगों ने साल 2017 में म्यांमार की सैनिक सरकार की कार्रवाई के बाद मजबूर होकर अपना देश छोड़ा था.

    रोहिंग्या शरणार्थियों की घर वापसी के लिए दोनों देशों के बीच बातचीत हो रही है लेकिन इस मुद्दे पर अब तक मामूली प्रगति ही हुई है.

  6. शाही परिवार की ये सुनहरी बग्घी बेहद ख़ास है

    वीडियो में दिख रहे इन दोनों सुनहरी बग्घी का इस्तेमाल किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक में शोभायात्रा के दौरान किया जाएगा.

    द डायमंड जुबली स्टेट कोच से किंग और क्वीन कंसोर्ट लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे जाएंगे. ऐसा पहली बार होगा कि इस बग्घी का इस्तेमाल राज्याभिषेक के लिए किया जाएगा. देखिए वीडियो.

  7. मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए कांग्रेस ने बजरंग दल पर प्रतिबंध का वादा किया है: कर्नाटक सरकार के मंत्री

    कर्नाटक सरकार के ऊर्जा मंत्री सुनील कुमार ने कहा है कि कांग्रेस ने मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए राज्य में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा किया है.

    दरअसल, राज्य विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि अगर वो सत्ता में आते हैं तो बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाया जाएगा.

    इस पर ऊर्जा मंत्री वी सुनील कुमार ने कई ट्वीट्स किए हैं. इन ट्वीट्स में उन्होंने कहा है कि बजरंग दल कोई असामाजिक संगठन नहीं है और ये हिंदू समाज और गोमाता के संरक्षण के लिए संघर्ष करता है.

    सुनील कुमार कर्नाटक में बजरंग दल के राज्य संयोजक भी हैं. उन्होंने कहा कि उनका संगठन ऐसे कार्यकर्ताओं की टीम है जो हिंदुओं के लिए किसी भी बलिदान को तैयार रहते हैं.

    उन्होंने इस बात पर भी हैरत जताई कि कहीं कांग्रेस बजरंग दल पर इसलिए तो नहीं प्रतिबंध लगाना चाहती है क्योंकि बीजेपी ने पिछले साल पीएफ़आई पर प्रतिबंध लगाया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक के समाज कल्याण मंत्री कोटा श्रीनिवास पूजारी ने कहा है कि कांग्रेस को एक देशभक्त संगठन और एक असामाजिक संगठन के बीच का अंतर नहीं मालूम है.

  8. विराट कोहली और गौतम गंभीर में लड़ाई की ये है वजह

    कभी 'अच्छे दोस्त' और शानदार 'टीममेट्स' के तौर पर देखे गए और बाद में आईपीएल मैदान पर अपनी 'दुश्मनी' के किस्सों के लिए चर्चा में रहे भारतीय क्रिकेट के ये दो दिग्गज क्या फिर से 'तक़रार' की नई कहानी लिखने जा रहे हैं?

    सोशल मीडिया पर कई यूज़र इस सवाल का जवाब जानना चाहते थे. विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच सोमवार का मैच ख़त्म होने के बाद जो तस्वीरें दिखीं, ये सवाल उन्हें ही लेकर उठे.

    धीमी पिच पर खेला गया ये एक औसत मुक़ाबला था जिसमें बैंगलोर ने पहले खेलते हुए जैसे-तैसे नौ विकेट पर 126 रन बनाए और लखनऊ को सिर्फ़ 108 रन पर ऑल आउटकर 18 रन से मैच जीत लिया.

    मैच में खेल का रोमांच उसी वक़्त दम तोड़ने लगा था जब घरेलू मैदान पर खेल रही लखनऊ टीम ने सिर्फ़ 38 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे. लेकिन, इस मैच की कहानी अभी ख़त्म नहीं हुई थी.

    गेंद और बल्ले के मुक़ाबले से बड़ा 'तमाशा' बाकी था. इसमें दोनों टीमों के कई किरदार शामिल थे, लेकिन सबसे ज़्यादा चर्चा जिन तीन नामों की हो रही है, वो हैं विराट कोहली, लखनऊ टीम से खेलने वाले अफ़ग़ानिस्तान के नवीन उल हक़ और गौतम गंभीर.

    बात सिर्फ़ खिलाड़ियों के गेंद और बल्ले से प्रदर्शन की हो रही होती तो ये मैच शायद ख़त्म होने के साथ ही भुला दिया जाता. ऐसा नहीं है कि खिलाड़ियों ने जोश नहीं दिखाया, लेकिन दोनों टीमों में से किसी के खिलाड़ी ने इस मैच में ऐसा प्रदर्शन नहीं किया जो यादगार बन जाता. लेकिन, अब ये तय है कि ये मैच इतनी आसानी से नहीं भुलाया जाएगा.

  9. उत्तराखंड: युवक के साथ मंत्री की मारपीट का वीडियो वायरल, कांग्रेस ने बताया- शर्मनाक घटना

      • Author, आसिफ़ अली
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, देहरादून से

    उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल की सरेआम लड़ाई का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

    वायरल वीडियो में दिख रहा है कि मंत्री, गनर और अन्य लोग एक व्यक्ति की पिटाई कर रहे हैं.

    ऋषिकेश शहर में बीच सड़क पर हुई इस झड़प को लेकर राज्य के शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि एक कार्यक्रम में जाते वक़्त सुरेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति ने उनके साथ बदतमीज़ी करने की कोशिश की.

    प्रेमचंद अग्रवाल का दावा है कि वो शख़्स उन्हें लगातार गलियां दे रहा था. उन्होंने कहा, "मेरे सुरक्षाकर्मी के टोकने पर भी वो नहीं माना. उसने मेरे कुर्ते पर हाथ डालकर फाड़ डाला."

    "मेरे सुरक्षाकर्मी के रोकने पर उसने उसकी वर्दी पर भी हाथ डाला और मुझ पर वार करने के लिए पत्थर लेने भागा जिसके बाद मेरी सुरक्षा के लिए बचाव किया गया."

    इस वीडियो के वायरल होते ही मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल के ख़िलाफ़ विपक्षी दलों ने आक्रामक रवैया अपना लिया है.

    कांग्रेस नेता सूर्यकान्त धस्माना ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा नेता और मंत्री सत्ता के नशे में चूर हैं.

    उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रेमचंद अग्रवाल लगातार आम नागरिकों से दुर्व्यवहार करते हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस बात का संज्ञान लेते हुए मंत्री प्रेमचन्द के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.

    इस बीच, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने प्रेमचंद अग्रवाल को इस मामले में तलब किया है और राज्य के पुलिस महानिदेशक को जांच के आदेश दिए हैं.

  10. विश्व अस्थमा दिवस: 16 साल के रोहन की अस्थमा से जंग

    ग्लोबल अस्थमा रिपोर्ट के मुताबिक़ भारत में 3.5 करोड़ लोग अस्थमा से पीड़ित हैं. डॉक्टर बताते हैं कि अस्थमा की स्थिति किसी भी उम्र में शुरू हो सकती है.

    रोहन के लिए अस्थमा से लड़ाई लड़ना आसान नहीं था. उनके जीवन में कई बार ऐसे पल आए, जब उन्हें अस्थमा के अटैक पड़े और अस्पताल में भर्ती भी होना पड़ा.

    वो इस बीमारी से कैसे लड़ रहे हैं? देखिए ये ख़ास रिपोर्ट.

  11. गो फ़र्स्ट के नाकाम होने से बढ़ सकता है हवाई किराया

    भारत की चौथी सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन गो फ़र्स्ट के दीवालिया होने की कार्रवाई शुरू करने के बाद भारत में ट्रैवल एजेंटों के संगठन टीएएएआई ने हवाई यात्रा का किराया बढ़ने की आशंका ज़ाहिर की है.

    गो फ़र्स्ट ने 3-5 मई के बीच की अपनी पहले से तय सभी उड़ाने रद्द कर दी हैं.

    गो फ़र्स्ट एयरलाइन का कहना है कि विमानों के इंजन में ख़राबी और उनकी मरम्मत न हो पाने की वजह से उसके आधे से अधिक विमान उड़ नहीं पा रहे हैं और उसे भारी नुक़सान उठाना पड़ रहा है.

    इसी बीच वाडिया समूह के स्वामित्व वाली इस एयरलाइन ने खुद को दीवालिया घोषित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.

    ट्रैवल एजेंटों के संगठन टीएएएआई का कहना है कि ताज़ा घटनाक्रम एयरलाइन उद्योग के लिए एक ख़राब संकेत है.

    टीएएआई ने कहा, "ये एक नाज़ुक उद्योग है, किंगफ़िशर एयरलाइन की वजह से हमें करोड़ों रुपये का नुक़सान हुआ, फिर जेट एयरवेज़ के वक़्त नुक़सान हुआ और अब एक और एयरलाइन दीवालिया हो रही है."

    गो फ़र्स्ट एयरलाइन पिछले 17 सालों से घरेलू रूट पर उड़ान सेवाएं दे रही थी. इस एयरलाइन के बंद होने से टिकटों के दाम बढ़ने की आशंका भी ज़ाहिर की गई है.

    वहीं, एयरलाइन के सीईओ कौशिक खोना ने कर्मचारियों से कहा है कि एयरलाइन मौजूदा संकट से निकलने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और कंपनी कर्मचारियों का पूरा ख़्याल रखने की कोशिश करेगी.

    कर्मचारियों को मंगलवार को लिखे पत्र में सीईओ ने कहा है कि मौजूदा संकट अमेरिकी कंपी प्रैट एंड व्हाइटनी के इंजनों की आपूर्ति करने में नाकाम रहने की वजह से है.

  12. COVER STORY: रोज़गार की दौड़ में क्यों पिछड़ रही हैं महिलाएं?

    सारी दुनिया एक मई को विश्व मज़दूर दिवस मनाती है. आपको ये जानकार हैरानी हो सकती है कि भारत में कामकाजी महिलाओं की संख्या कम हो रही है.

    उन्हें पुरुषों के बराबर काम करने के उतने मौके नहीं मिल रहे जिसकी वो हक़दार हैं. आख़िर क्या है इसकी वजह और कैसे मिलेगा महिलाओं को अपने हिस्से का हक़.

  13. LIVE: मध्य प्रदेश में डॉक्टरों की अनिश्चतकालीन हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल, भोपाल के जय प्रकाश अस्पताल से अधिक जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता सलमान रावी.

  14. प्रदर्शनकारी पहलवानों से मिलने जंतर-मंतर पहुंचीं पीटी उषा

    भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मिलने पहुंची हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक बुधवार को पीटी उषा जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंची.

    प्रदर्शनकारी पहलवानों ने भाजपा सांसद और कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर भ्रष्टाचार के अलावा महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं.

    पीटी उषा ने कुछ दिन पहले पहलवानों की जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर आलोचना की थी और कहा था कि पहलवानों के प्रदर्शन करने से पहले समिति के निर्णय का इंतेज़ार करना चाहिए था.

    भारतीय ओलंपिक संघ की एक समिति भी कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ लगे आरोपों की जांच कर रही है.

    पीटी उषा ने कहा था कि 'ये प्रदर्शन अनुशासनहीनता के बराबर है. खिलाड़ियों को सड़कों पर प्रदर्शन करने से पहले समिति की जांच रिपोर्ट का इंतेज़ार करना चाहिए था.'

    इस टिप्पणी के बाद प्रदर्शनकारी पहलवानों ने कहा था कि उन्हें पीटी उषा की टिप्पणी से दुख हुआ है.

    पहलवानों ने कहा था कि उन्हें उम्मीद थी कि पीटी उषा उन्हें समझेंगी और उनका समर्थन करेंगी.

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण पर बलात्कार के मामले में दो एफ़आईआर दर्ज की हैं.

    इनमें एक एफ़आईआर नाबालिग महिला पहलवान के शोषण से संबंधित है.

    बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ख़िलाफ़ लगे सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए ख़ारिज किया है.

    प्रदर्शनकारी पहलवान कुश्ती संघ के अध्यक्ष के इस्तीफ़े और गिरफ़्तारी की मांग पर अड़े हैं.

  15. मोदी बोले – कांग्रेस नेता गाली देते हैं, प्रियंका बोलीं - ऐसा पहला पीएम देखा है

    कर्नाटक चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एंट्री ने चुनाव प्रचार को अलग रफ़्तार दे दी है.

    कांग्रेस भी अपनी तरफ़ से उनके हमलों का जवाब देने की कोशिश कर रही है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस उन्हें गालियां देती रहती है, उसके नेता उन्हें सांप बताते हैं.

    मोदी के हमले का जवाब दूसरी तरफ़ से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दिया.

    प्रियंका ने कहा कि उन्होंने कई प्रधानमंत्री देखे, जिन्होंने देश के लिए काम किया. लेकिन मौजूदा प्रधानमंत्री अपने दुख बताते रहते हैं.

  16. बेअंत सिंह हत्याकांडः बलवंत सिंह राजोआना की याचिका सुप्रीम कोर्ट ने ख़ारिज की

    पंजाब के मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दोषी क़रार दिए गए अभियुक्त की सज़ा को कम करने की याचिका खारिज कर दी है.

    पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के लिए दोषी क़रार दिए गए बलवंत सिंह राजोआना ने सुप्रीम कोर्ट से अपनी फ़ांसी की सज़ा को आजीवन कारावास में बदलने की अपील करते हुए याचिका दायर की थी.

    बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर अपना फ़ैसला सुनाया.

    सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय बेंच ने सुनवाई पूरी करते हुए दो मार्च को अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि राजोआना की दया याचिका पर सक्षम प्राधिकरण सुनवाई करेगा.

    राजोआना की याचिका को ख़ारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा, "सक्षम प्राधिकरण को जब ज़रूरी लगेगा तब वो दया याचिका पर आगे फ़ैसला लेगी."

    पंजाब की एक स्थानीय अदालत ने साल 2007 में राजोआना को फांसी की सज़ा सुनाई थी.

    साल 2010 में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट और फिर बाद में सुप्रीम कोर्ट ने इस सज़ा को बरक़रार रखा था.

    राजोआना साल 1996 से जेल में बंद हैं. 2012 में उन्होंने दया याचिका दायर की थी जिस पर अभी फ़ैसला नहीं हुआ है.

    पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या 31 अगस्त 1995 को कर दी गई थी.

    राजोआना के वकीलों का तर्क था कि वो बहुत लंबे समय से फांसी की सज़ा का सामना कर रहे हैं और लंबा वक़्त जेल में गुज़ार चुके हैं, ऐसे में उन्हें राहत दी जानी चाहिए.

  17. LIVE: एनसीपी चीफ़ पद से इस्तीफ़ा देने के बाद शरद पवार के दफ़्तर में पार्टी नेताओं की बड़ी बैठक, क्या होगा अगले अध्यक्ष के नाम का एलान? ज़्यादा जानकारी दे रही हैं बीबीसी संवाददाता प्राजक्ता पोल

  18. पहलवानों का प्रदर्शनः 11वें दिन केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात, बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ़्तारी पर अड़े पहलवान

    दिल्ली के जंतर मंतर पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ पहलवानों का धरना बुधवार को 11वें दिन भी जारी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक बुधवार को जंतर-मंतर पर सुरक्षा में केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं.

    प्रदर्शनकारी पहलवानों ने भाजपा सांसद और कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर भ्रष्टाचार के अलावा महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं.

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण पर बलात्कार के मामले में दो एफ़आईआर दर्ज की हैं.

    इनमें एक एफ़आईआर नाबालिग महिला पहलवान के शोषण से संबंधित है.

    बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ख़िलाफ़ लगे सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए ख़ारिज किया है.

    प्रदर्शनकारी पहलवान कुश्ती संघ के अध्यक्ष के इस्तीफ़े और गिरफ़्तारी की मांग पर अड़े हैं.

    वहीं, बृजभूषण शरण सिंह का कहना है कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह या बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के कहने पर ही इस्तीफ़ा देंगे.

    कई राजनीतिक दलों ने प्रदर्शनकारी पहलवानों का समर्थन किया है.

    कुछ दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहलवानों से मिलने पहुंची थीं.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी प्रदर्शनकारी पहलवानों से मुलाक़ात की है.

  19. इस आदमी की उम्र बढ़ने के बजाय घट रही है

    ब्रायन जॉनसन एक टेक आंत्रप्रेन्योर हैं जो हर साल लाखों डॉलर अपनी बायोलॉजिकल उम्र को कम करने में खर्च कर रहे हैं.

    वो अपनी उम्र को उतना रखना चाहते हैं जितना वो सोचते हैं ना कि उनके जितने सालों से वो जीवित हैं.

    45 साल के ब्रायन कई तरह के ट्रीटमेंट, एक्सरसाइज़ और डॉक्टर-वैज्ञानिकों की निगरानी में अपनी उम्र को कम करने की कोशिश में लगे हैं.

  20. 'द केरला स्टोरी': सुप्रीम कोर्ट में याचिका ख़ारिज, निर्माता ने कहा किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं

    सुप्रीम कोर्ट ने फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' की थिएटर और ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग करने वाली याचिकाओं को खारिज करते हुए याचिकाकर्ताओं से केरल हाई कोर्ट जाने के लिए कहा है.

    इसी बीच 'द केरला स्टोरी' के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने फ़िल्म में बीजेपी का पैसा लगा होने के आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है.

    विपुल शाह ने कहा कि फ़िल्म को देखे बिना अगर कोई टिप्पणी करता है तो ये सिर्फ़ कयास ही होंगे.

    सुदिप्ते सेन निर्देशित फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' कथित रूप से धर्म परिवर्तन करने के लिए मजबूर की गई हिंदू लड़कियों की सच्ची कहानी कहने का दावा करती है.

    केरल की सत्ताधारी सीपीआई (एम) का आरोप है कि फ़िल्म बीजेपी प्रायोजित है और केरल को बदनाम करने के 'संघ परिवार के एजेंडे' का हिस्सा है.

    इन आरोपों के बाद समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए विपुल शाह ने कहा है कि वो किसी भी राजनीतिक दल के आरोपों पर टिप्पणी नहीं करेंगे.

    उन्होंने कहा, "हम फ़िल्म निर्माता हैं और हमारा किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं हैं. हम किसी राजनीतिक दल की टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे."

    विपुल शाह ने कहा कि फ़िल्म को लेकर हो रहा विवाद उन लोगों के विचारों की वजह से हो रहा है जिन्होंने फ़िल्म को देखा ही नहीं है.

    फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' के ट्रेलर को यूट्यूब पर भी रिलीज़ किया गया है. अब यूट्यूब पर फ़िल्म के विवरण को बदल दिया गया है.

    पहले ट्रेलर के साथ विवरण में दावा किया गया था कि ये केरल की 32 हज़ार लड़कियों की दिल तोड़ने वाली कहानी है.

    लेकिन अब बदले हुए विवरण में कहा गया है, "द केरल स्टोरी केरल के अलग-अलग हिस्सों की तीन लड़कियों की सच्ची कहानी का संकलन हैं."

    विपुल शाह ने कहा है कि फ़िल्म सच्ची कहानी पर आधारित है और तीन लड़कियों की कहानी कहती है.

    केरल हाई कोर्ट में भी फ़िल्म में किए गए दावों के ख़िलाफ़ एक याचिका दायर की गई है. इस याचिका पर अब 5 मई को सुनवाई होगी. ये फ़िल्म इसी दिन रिलीज़ हो रही है.