You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सूडान से 360 भारतीयों की वापसी, विदेश मंत्री जयशंकर बोले- 'वेलकम बैक'
सूडान में फंसे भारतीय लोगों को वापस लाने के लिए चलाए गए ऑपरेशन कावेरी के तहत पहला जत्था आ गया है.
लाइव कवरेज
कीर्ति दुबे and प्रियंका झा
प्रकाश सिंह बादल: सरपंच से राजनीति शुरू की, कभी कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था चुनाव
पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार को मोहाली के एक अस्पताल में निधन हो गया. वे 95 साल के थे.
प्रकाश सिंह बादल उम्र के लिहाज़ से भारत के वरिष्ठ नेताओं में से एक थे. वे 1996 से 2008 तक शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष भी रहे.
1970 में 43 साल की उम्र में जब वे पंजाब के मुख्यमंत्री बने, तब वे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने वाले भारत के सबसे युवा नेता थे.
वहीं 2017 में मुख्यमंत्री का उनका पांचवां कार्यकाल जब पूरा हुआ, तब वे 90 साल के थे. इस तरह वे भारत के किसी भी राज्य के सबसे उम्रदराज़ मुख्यमंत्री बने. अभी भी यह रिकॉर्ड उन्हीं के नाम है.
डीपीएस मथुरा रोड को मिली कैंपस में बम होने की धमकी
दिल्ली के मथुरा रोड पर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रशासन को ई-मेल के ज़रिए परिसर में बम होने की धमकी मिली है.
बुधवार को आए इस ई-मेल के बाद स्कूल के परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू हो गया.
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजेश देव ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा है, “ख़तरे की कोई बात नहीं है क्योंकि हमें सर्च ऑपरेशन में अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. बम को निष्क्रिय करने वाला दस्ता, खोजी कुत्ते, स्वैट की टीम स्कूल की इमारत में तलाशी कर रही हैं.”
इस महीने की शुरुआत में, दिल्ली के ही 'द इंडियन स्कूल' को एक ई-मेल के ज़रिए परिसर में बम की धमकी मिली थी.
इसके बाद स्कूल को खाली करा लिया गया, बम दस्ते और अन्य एजेंसियों ने किसी परिसर का निरीक्षण किया और पता चला कि मेल में झूठी धमकी दी जा रही है.
प्रदर्शन कर रहे पहलवान जंतर-मंतर पर कर रहे कुश्ती का भी अभ्यास
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कुश्ती पहलवान वहीं पर एक्सरसाइज़ और कुश्ती का अभ्यास भी कर रहे हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई ने बुधवार की सुबह उनके एक्सरसाइज़ करने और साथ ही कुश्ती का अभ्यास करने का वीडियो ट्वीट किया.
ओलंपिक पहलवान बजरंग पूनिया ने एएनआई से कहा कि ‘हम शांतिपूर्ण तरीक़े से यहां प्रदर्शन और ट्रेनिंग कर रहे हैं.’
उन्होंने कहा, “देश के लोगों ने हमें देश के लिए मेडल जीतने की ज़िम्मेदारी दी थी और हमने उसे पूरा किया. पुलिस ने अभी तक एफ़आईआर दर्ज नहीं की है. तो हमें पुलिस प्रदर्शन करने या ट्रेनिंग करने से कैसे रोक सकती है.”
ऑपरेशन कावेरी: सूडान में फंसे 135 भारतीयों का तीसरा जत्था सऊदी अरब पहुंचा
सूडान में फंसे 135 लोगों को लेकर भारतीय वायुसेना का विमान IAF C-130J सूडान के सऊदी अरब के जेद्दा पहुंच गया है. सूडान से निकाले जाने वाले भारतीयों की ये तीसरी खेप है.
इससे पहले विदेश मंत्रालय के राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने दूसरे खेप में आए 148 लोगों की अगुवाई की.
साथ ही नौसेना का आईएनएस सुमेधा जेद्दा पोर्ट पर 278 लोगों के साथ पहुंचा.
विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया, "ऑपरेशन कावेरी पूरी रफ़्तार से चल रहा है. दूसरा विमान IAF C-130J सूडान के बंदरगाह से जेद्दा के लिए रवाना किया गया है. ऑपरेशन कावेरी के तहत बचा कर लाई जाने वाले भारतीयों की ये तीसरी खेप है."
बीते दस दिन से सूडान की राजधानी खार्तूम और देश के अन्य हिस्सों में दो सैन्य बल आपस में भिड़ गए हैं.
इस टकराव के केंद्र में दो जनरल हैं. सूडानी आर्म्ड फ़ोर्सेस (एफ़एएस) के प्रमुख अब्देल फ़तह अल बुरहान और अर्द्धसैनिक बल रैपिड सपोर्स फ़ोर्सेस (आरएसएफ़) के लीडर मोहम्मद हमदान दगालो जिन्हें हेमेदती के नाम से भी जाना जाता है.
साल 2021 में दोनों ने एक साथ काम किया और मिलकर देश में तख़्तापलट किया था लेकिन अब दबदबे के लिए दोनों के बीच की लड़ाई ने सूडान को बदहाल कर दिया है.
ब्रेकिंग न्यूज़, तंगराजू सुपैया को सिंगापुर ने दी फांसी, 1 किलो गांजा रखने के पाए गए थे दोषी
सिंगापुर में एक किलो गांजे की तस्करी करने के मामले में तंगराजू सुपैया को फाँसी दे दी गई है.
तंगराजू सुपैया को फांसी दिए जाने का विरोध संयुक्त राष्ट्र, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिवार की ओर से किया जा रहा था. इसके बावजूद 45 साल के तंगराजू सुपैया को बुधवार को जेल में फाँसी दे दी गई.
सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना था कि तंगराजू सुपैया को कमज़ोर सबूतों के आधार पर सज़ा दी गई और उनको सीमित क़ानूनी मदद मुहैया करवाई गई थी.
सिंगापुर प्रशासन का कहना है कि क़ानून का पालन हुआ है.
प्रशासन ने अदालत के फ़ैसले पर सवाल उठाने वाले कार्यकर्ताओं की आलोचना की है.
सिंगापुर में दुनिया का सबसे कड़ा नशा विरोधी क़ानून है. सिंगापुर के अधिकारियों का कहना है कि ये समाज की सुरक्षा के लिए ज़रूरी है. लेकिन सामाजिक कार्यकर्ता इस तरह की मौत की सज़ा का विरोध करते रहे हैं.
क्या था आरोप
46 साल के तंगराजू सुपैया को एक किलो गांजा सिंगापुर से मलेशिया पहुंचाने में दोषी पाया गया था.
हालांकि गांजे के साथ उन्हें नहीं पकड़ा गया लेकिन अभियोजन पक्ष का कहना था कि इस पूरी तस्करी का मास्टरमाइंड वही थे. सरकारी वकील का ये भी कहना था कि जो दो मोबाइल नंबर ट्रेस किए गए थे, वे भी तंगराजू के ही थे.
लेकिन तंगराजू का दावा था कि इस मामले से जुड़े अन्य लोगों से उनकी कोई बात नहीं हुई. उनका एक फ़ोन खो गया था और इस बात से भी इनकार किया कि दूसरा फ़ोन उनका था.
बीते साल भी 22 अप्रैल 2022 को एक अन्य ड्रग तस्कर नागेंद्रन धर्मलिंगम को फांसी दे दी गई थी.
नागेंद्रन को तीन चम्मच हिरोइन के साथ पकड़ा गया था और वो 2010 से ही मौत की सज़ा का इंतज़ार कर रहे थे.
क्वाड देशों के नेताओं की बैठक सिडनी में होगी, ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने बताया
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने घोषणा की है कि 24 मई को सिडनी में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक होगी.
उन्होंने बताया है कि ऑस्ट्रेलिया पहली बार क्वाड नेताओं का सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है.
वहीं व्हाइट हाउस ने घोषणा की है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन जापान के हिरोशिमा में जी-7 देशों की बैठक के बाद क्वाड की बैठक में शामिल होंगे.
व्हाइट हाउस ने अपने बयान में बताया है कि बाइडन 19 से 21 मई तक हिरोशिमा में रहेंगे उसके बाद वो सिडनी में होने जा रहे तीसरे क्वाड नेताओं के सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां पर जापान के प्रधानमंत्री फ़्यूमियो किशिदा, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मेज़बान ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ भी होंगे.
क्या है क्वाड
क्वाड शब्द 'क्वाड्रीलेटरल सुरक्षा वार्ता' के क्वाड्रीलेटरल (चतुर्भुज) से लिया गया है. इस समूह में भारत के साथ अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं.
क्वाड जैसे समूह को बनाने की बात पहली बार 2004 की सुनामी के बाद हुई थी जब भारत ने अपने और अन्य प्रभावित पड़ोसी देशों के लिए बचाव और राहत के प्रयास किए और इसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान भी शामिल हो गए थे.
लेकिन इस आइडिया का श्रेय जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे को दिया जाता है. 2006 और 2007 के बीच आबे क्वाड की नींव रखने में कामयाब हुए और चतुर्भुज सुरक्षा वार्ता की पहली अनौपचारिक बैठक वरिष्ठ अधिकारीयों के स्तर पर अगस्त 2007 में मनीला में आयोजित की गई.
चीन शुरू से ही क्वाड को चार विरोधी देशों का समूह मानता रहा है. उसे लगता है कि क्वाड के ये चार देश उसकी बढ़ती ताकत के खिलाफ गुटबंदी कर रहे हैं.
तालिबान ने काबुल हमले के लिए ज़िम्मेदार आईएस कमांडर को मारा
साल 2021 में काबुल एयरपोर्ट पर हुए बम धमाकों के लिए ज़िम्मेदार माने जाने वाले इस्लामिक स्टेट के मास्टरमाइंड को तालिबान ने मार दिया है.
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है.
अगस्त 2021 में जब अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान की वापसी हुई थी और कई लोग देश छोड़ रहे थे, उसी दौरान काबुल एयरपोर्ट पर हमला हुआ था. इसमें 170 नागरिक और 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे.
अमेरिकी अधिकारियों ने बीबीसी के अमेरिका में न्यूज़ पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को बताया कि आईएस के कमांडर की मौत हफ्तों पहले हो गई थी, लेकिन उनकी मौत की पुष्टि करने में समय लगा.
इस कमांडर का नाम अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है.
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि जुटाए गए इंटेलिजेंस और मॉनिटरिंग के आधार पर उन्हें इस बात की पुख़्ता जानकारी है कि कमांडर को मारा जा चुका है.
हालांकि उन्होंने कोई और जानकारी साझा नहीं की और ना ही ये बताया कि उन्हें कैसे पता है कि काबुल एयरपोर्ट बम धमाके के लिए यही शख़्स ज़िम्मेदार था.
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने सीबीएस न्यूज़ से कहा, “सरकार के विशेषज्ञों को पूरा यक़ीन है कि यह शख़्स हमले के पीछे शामिल मुख्य लोगों में से एक था.”
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका को अप्रैल की शुरुआत में कमांडर की मौत का पता चला था.
हालांकि ये ठीक ठीक नहीं पता चल सका है कि तालिबान ने इस शख़्स को निशाना बनाकर मारा या ये तालिबान और आईएस के बीच जारी मुठभेड़ में मारा गया.
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.
ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा.
25 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.