You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सूडान से 360 भारतीयों की वापसी, विदेश मंत्री जयशंकर बोले- 'वेलकम बैक'

सूडान में फंसे भारतीय लोगों को वापस लाने के लिए चलाए गए ऑपरेशन कावेरी के तहत पहला जत्था आ गया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. भारत का हथियारों पर खर्च बढ़ा लेकिन चीन के मुक़ाबले क्या स्थिति

    दुनिया पर अपना प्रभाव बढ़ाने और बनाए रखने के लिए विभिन्न देशों के बीच की हथियारों की होड़ लगातार बढ़ती जा रही है.

    हाल में आई 'स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट' (SIPRI) की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से दुनिया में हथियारों पर होने वाला खर्च आसमान छू रहा है.

    पिछले साल दुनिया भर में डिफेंस सेक्टर पर खर्च 2.24 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच गया, जो एक रिकॉर्ड है. यूरोप में रक्षा खर्च में हुई बढ़ोतरी पिछले 30 सालों में सबसे ज़्यादा थी.

    हथियारों पर हो रहे खर्च के मामले में अभी भी अमेरिका, चीन और रूस का दबदबा है. इन तीनों देशों की रक्षा पर होने वाले कुल खर्च में 56 प्रतिशत की हिस्सेदारी है. इन तीनों देशों के बाद चौथा नंबर भारत का है. भारत ने पिछले साल डिफेंस सेक्टर पर 8,140 करोड़ डॉलर का खर्च किया.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा में नक्सली हमला, डीआरजी के 10 जवान और एक ड्राइवर की मौत

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में माओवादियों के हमले में सुरक्षाबलों के 10 जवान और एक वाहन चालक की मौत हो गई है.

    मारे जाने वाले जवान डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड (डीआरजी) के थे.

    पुलिस के अनुसार दंतेवाड़ा के अरनपुर क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की खबर के बाद दन्तेवाड़ा से डीआरजी बल नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था.

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से बात करके दंतेवाड़ा ज़िले के अरनपुर के पास नक्सली हमले में 10 डीआरजी जवानों की जानकारी ली.

    उन्होंने छत्तीसगढ़ सीएंम को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मारे गए जवानों के परिवार के प्रति संवेदना ज़ाहिर करते हुए कहा कि नक्सलियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा.

    भूपेश बघेल ने कहा, "दंतेवाड़ा के थाना अरनपुर क्षेत्र अंतर्गत माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर आईईडी विस्फोट से हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है."

    "हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं. उनके परिवारों के साथ दुःख में हम सब साझेदार हैं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें."

    माओवादियों के ख़िलाफ़ ऑपरेशन के बाद लौटते समय संदिग्ध माओवादियों द्वारा अरनपुर मार्ग पर आईईडी विस्फोट किया गया, जिससे अभियान में शामिल डीआरजी के जवानों का एक वाहन चपेट में आ गया.

    इस वाहन में सवार 10 जवान और वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई.

    पुलिस का कहना है कि इलाके में तलाशी अभियान के लिए अतिरिक्त जवानों को रवाना किया गया है.

  3. इंग्लैंड: रेप की वजह से जन्में बच्चों को मिलेगा पीड़ित का दर्जा

    जिन बच्चों का जन्म बलात्कार की वजह से हुआ, उन्हें भी इंग्लैंड और वेल्स में क़ानूनी रूप से पीड़ित माना जाएगा.

    यूके गवर्नमेंट का मानना है कि क़ानूनी मान्यता मिलने से इन लोगों को भी दूसरे पीड़ितों जैसे अधिकार मिल सकेंगे.

    बीबीसी की एक डॉक्यूमेंट्री में रेप की शिकार कई मांओं ने बात की और उन बच्चों ने अपनी बात कही जिनका जन्म रेप की वजह से हुआ. इस रिपोर्ट के कुछ हिस्से आपको विचलित कर सकते हैं.

  4. योगी आदित्यनाथ ने कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

    कर्नाटक में मुस्लिमों को दिए जाने वाला चार फ़ीसदी आरक्षण ख़त्म करने के फ़ैसले से छिड़ी बहस के बीच बीजेपी के दिग्गज नेता और मंत्री राज्य में चुनावी प्रचार के दौरान इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस को घेरने की कोशिश रहे हैं.

    यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण देना भारत के संविधान के ख़िलाफ़ है. वहीं, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा कि कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण देकर संविधान की अवमानना की है.

    योगी आदित्यनाथ कर्नाटक के मांड्या में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, "एक ओर डबल इंजन की सरकार पीएफ़आई को बैन करती है और दूसरी तरफ़ कांग्रेस पीएफ़आई के तुष्टिकरण का काम करती है. धर्म के आधार पर आरक्षण देती है. धर्म के आधार पर आरक्षण असंवैधानिक है."

    उन्होंने कहा, "हमने अनुसूचित जाति-जनजाति, विकलांगों के आरक्षण के दायरे को बढ़ाया है. अन्य ज़रूरतमंदों को आरक्षण का लाभ दिया है, लेकिन धर्म के आधार पर 1947 में भारत का विभाजन हो चुका है. भारत धर्म के आधार पर आरक्षण की वकालत नहीं कर सकता है. अन्य विभाजन के लिए हम तैयार नहीं हैं. ये भारतीय जनता पार्टी का मानना है. क्योंकि हम सब मानते हैं कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना से ही ये देश आगे बढ़ सकता है."

    वहीं, राजनाथ सिंह बेलगावी में एक सभा के दौरान कहा कि 1975 में मनमाने तरीके से संविधान में संशोधन कर आपातकाल लगाकर लाखों की संख्या में लोगों को जेल में डाल दिया गया.

    ये बयान ऐसे समय आया है जब सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को ही कर्नाटक सरकार को निर्देश दिया है कि मुस्लिमों के लिए चार फ़ीसदी आरक्षण ख़त्म करने का फ़ैसला 9 मई तक लागू नहीं होगा.

    कर्नाटक में बसवराज बोम्मई की सरकार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अन्य पिछड़ा वर्ग के मुसलमानों के लिए आरक्षण खत्म करने का फैसला किया था. इसकी जगह सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण की दो नई श्रेणियों की घोषणा की गई थी.ओबीसी मुसलमानों के चार फ़ीसदी कोटे को वोक्कालिगा और लिंगायत समुदाय के बीच बांट दिया गया है.

    राज्य में 10 मई को विधानसभा चुनाव हैं.

  5. डिमेंशिया मरीज़ों के लिए ख़ास पब

    डिमेंशिया ऐसी बीमारी है जिसका आसानी से पता नहीं चल पाता.

    मरीज़ के परिवार के सामने कई चुनौतियां होती हैं.

    इनमें से एक दिक्कत ये है कि परिवार वाले इस बीमारी से जूझ रहे अपनों को कहां लेकर जाएं.

    इंग्लैंड में एक महिला ने डिमेंशिया मरीज़ों के लिए एक पब की शुरुआत की है.

  6. व्हाट्सऐप का नया फ़ीचर, एक साथ कई फोन में खुल सकेगा अकाउंट

    मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने नया फ़ीचर जारी किया है जिसके तहत अब यूज़र्स एक ही अकाउंट को कई फ़ोन पर चला सकेंगे.

    इस फ़ीचर के रोलआउट होने के बाद एक अकाउंट से चार फ़ोन को लिंक किया जा सकता है. हर डिवाइस पर मैसेज, तस्वीरे और किसी भी तरह का मीडिया एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होगा.

    लेकिन अगर प्राइमरी डिवाइस में व्हाट्सएप अकाउंट लंबे वक्त तक एक्टिव नहीं रहा तो ऐसी स्थिति में बाकी डिवाइस से भी ये खुद-ब-खुद लॉगआउट हो जाएगा.

    इससे यूज़र्स को पहले जिस तरहएक अकाउंट लॉग-आउट करके दूसरे डिवाइस में अकाउंट खोलना पड़ता था अब वो नहीं करना पड़ेगा.

    अगर यूज़र का अकाउंट एक फ़ोन में चल रहा है तो भी उसे लॉग आउट किए बिना भी दूसरे फ़ोन में व्हाट्सएप अकाउंट चलेगा.

  7. मल्लिकार्जुन खड़गे : 'नरेंद्र मोदी को कर्नाटक का मुख्यमंत्री नहीं बनना'

    कर्नाटक चुनाव से पहले मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीबीसी हिन्दी से ख़ास बातचीत की है. इस दौरान उन्होंने चुनाव में 'मोदी फैक्टर' पर भी अपनी राय रखी है.

    उनका कहना है, "नरेंद्र मोदी को कर्नाटक का सीएम नहीं बनना. ऐसे में राज्य के चुनाव में असर नहीं होगा."

  8. पीएम मोदी ने चंडीगढ़ जाकर प्रकाश सिंह बादल को दी अंतिम श्रद्धांजलि

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे.

    पीएम मोदी बादल को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शिरोमणि अकाली दल के दफ़्तर भी गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 95 वर्षीय प्रकाश सिंह बादल का मोहाली के एक प्राइवेट अस्पताल में मंगलवार को शाम आठ बजे निधन हो गया था.

    16 अप्रैल को सांस लेने में शिकायत के बाद प्रकाश सिंह को बादल को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल कराया गया था.

    पंजाब की राजनीति पर सात दशकों तक अपना असर रखने वाले प्रकाश सिंह बादल का शव पार्टी कार्यालय में शोकाकुल लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था.

    पीएम मोदी ने बादल के निधन को 'व्यक्तिगत क्षति' कहा है.

  9. जान जोखिम में डालकर नदी पार करने वाले शिक्षकों की कहानी

    अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत नांगरहार में कई टीचर सुबह-सुबह बहुत ही ख़तरनाक तरीके से नदी पार करे बच्चों को पढ़ाने स्कूल जाते हैं.

    ये टीचर नदी पर ट्यूब के सहारे नदी पार करते हैं क्योंकि नदी के ऊपर कोई पुल नहीं है.

    जिस स्कूल में वो पढ़ाने जाते हैं वहां 1040 बच्चे पढ़ते हैं जिनमें कुछ लड़कियां भी हैं. देखिए यह कहानी.

  10. असम: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे हैं सवाल, महिला आयोग में शिकायत

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के तिनसुकिया जिले के बोरदुबी थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित बलात्कार की घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहें है.

    दरअसल, यह घटना बीते 20 मार्च की है. इस संदर्भ में पीड़ित परिवार ने पुलिस में एक मामला दर्ज कराया है लेकिन अबतक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है.

    इस बीच पीड़ित लड़की की मां ने अपनी बेटी के साथ हुई इस घटना के बाद 14 अप्रैल को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है.

    पीड़ित नाबालिग चाय बागान में काम करने वाले आदिवासी समुदाय से है, ऐसे में ऑल आदिवासी छात्र संघ ने घटना में पुलिस की धीमी कार्रवाई को लेकर नाराजगी व्यक्त की है.

    आदिवासी छात्र संघ के नेता रामानुस लाकड़ा ने कहा, "13 साल की नाबालिग के साथ बलात्कार की इस घटना को एक महीने से ज्यादा हो गया है लेकिन पुलिस अब तक अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. इस सदमे में लड़की की मां ने भी आत्महत्या कर ली. हमारे संगठन ने इस घटना को लेकर तिनसुकिया जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया है. अगर पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो हम व्यापक स्तर पर आंदोलन करेंगे."

    पुलिस में दर्ज की गई शिकायत के अनुसार अभियुक्त की पहचान सोमेंद्र राय के रूप में की गई है.

    पीड़ित परिवार का आरोप है कि 60 साल के इस व्यक्ति ने नाबालिग लड़की को चॉकलेट का लालच देकर तालाप बाईपास के पास स्थित एक चाय बागान में ले गया और फिर उसके साथ बलात्कार किया.

    इस घटना के बाद से अभियुक्त फरार है.

    इस बीच असम प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर गोस्वामी ने मंगलवार को नाबालिग के साथ हुई इस घटना को लेकर राज्य महिला आयोग को एक ज्ञापन सौंपा हैं.

    कांग्रेस आरोप लगा रही है कि बलात्कार के मामले में अभियुक्त एक स्थानीय भाजपा बूथ समिति का अध्यक्ष है, जिसने जघन्य अपराध किया है.

    हालांकि पुलिस का कहना है कि उनकी टीम अभियुक्त की तलाश में कई जगह छापामारी कर रही है.

    पुलिस पर धीमी कार्रवाई को लेकर लग रहे आरोपों का जवाब देते हुए तिनसुकिया जिले के डीएसपी हिरण्य बोरा ने बीबीसी से कहा, "इस मामले में पुलिस की कार्रवाई धीमी नहीं हुई है. हमने पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून) के तहत मामला दर्ज किया है. दरअसल, फरार हुए अभियुक्त की तलाश में हमारी टीम कई जगह अभियान चला रही है. हमने अभियुक्त की मौजूदा लोकेशन का पता लगाने के लिए कई लोगों से पूछताछ की है."

  11. संयुक्त राष्ट्र में भारत के इस भाषण की हो रही ख़ूब चर्चा

    भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता पर बयान दिया है.

    यूएन में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने यह भाषण दिया उन्होंने अपने संबोधन में तीन अहम सवाल पूछे.

  12. जर्मन मैगज़ीन में सबसे बड़ी आबादी वाले देश पर कार्टून, भारत में नाराज़गी

    जर्मन मैगज़ीन 'डेर स्पीगल' में भारत की आबादी को लेकर छपे एक कार्टून को लेकर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर समेत कई भारतीयों ने नाराज़गी जताई है.

    नाराज़ लोगों का कहना है कि 'डेर स्पीगल' का ये कार्टून नस्लवादी और ख़राब है. इस कार्टून में यात्रियों से लदे एक ट्रेन को दिखाया गया है जिसमें रेलगाड़ी की छत पर भी लोग बैठे हुए हैं.

    ये भारतीय ट्रेन समांतर रेल लाइन पर जाती हुई एक आधुनिक सी चीनी रेलगाड़ी को पीछे छोड़ती हुई आगे निकल रही है.

    कार्टून में दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश के रूप में चीन से भारत के आगे निकलने पर व्यंग्य किया गया है. 'डेर स्पीगल' एक साप्ताहिक न्यूज़ मैगज़ीन है.

    बहुत से भारतीयों ने इसे लेकर ट्वीट किया है.

    उनका कहना है कि मैगज़ीन भारत को लेकर पुराने विचारों में फंसा हुआ है और हाल के दशकों में भारत ने जो तरक्की की है, उसके बारे में वो बेख़बर है.

    केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ट्वीट किया है, "भारत का मजाक उड़ाने की आपकी कोशिश के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले भारत के ख़िलाफ़ दाव लगाना समझदारी नहीं है. कुछ सालों में भारत की अर्थव्यवस्था जर्मनी की अर्थव्यवस्था से बड़ी हो जाएगी."

    केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार कंचन गुप्ता ने ट्विटर पर लिखा है कि ये कार्टून 'बुरी तरह से नस्लवादी' है.

    एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा है कि ये कार्टून 'अभिजात्य वर्ग की मानसिकता' को दिखलाता है. 'डेर स्पीगल' ने इन आलोचनाओं पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  13. पंजाब : 89 साल का रिक्शावाला, रातों-रात बना करोड़पति

    पंजाब के मोगा में रहने वाले 89 साल गुरदेव सिंह ने अपना पूरा जीवन ग़रीबी में बिताया. वो मजदूरी करते थे और बीते 25-26 साल से रिक्शा चला रहे थे.

    लेकिन गुरदेव सिंह अब करोड़पति हैं. उन्होंने 2.5 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती है. यह पंजाब सरकार का बैसाखी बम्पर लॉटरी है. उनके परिवार में सभी बेहद खुश हैं.

    गुरदेव बीते 40-50 सालों से लाटरी टिकट खरीद रहे थे, उन्होंने इतनी बड़ी लॉटरी जीत ही ली. देखिए वीडियो.

  14. आमिर ख़ान ने पीएम मोदी के शो 'मन की बात' पर क्या कहा

    अभिनेता आमिर ख़ान ने कहा है कि 'मन की बात' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनता से संवाद करने का एक अहम तरीका है.

    ये बात उन्होंने 'नेशनल कॉन्क्लेव ऑन मन की बात @100' के मौके पर कही.

    इस एक दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया. 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री के रोडियो शो के 100वें एपिसोड का प्रसारण किया जाएगा.

    इस आयोजन में शामिल हो रहे अभिनेता आमिर ख़ान ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "यह संवाद का एक बहुत ही महत्वपूर्ण तरीका है जो देश के नेता लोगों के साथ करते हैं, महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हैं, अपने विचार रखते हैं, सुझाव देते हैं, संवाद के ज़रिए नेतृत्व करते हैं. इस तरह नेता देश के लोगों को बताते हैं कि वे देश का भविष्य कैसे देखें और बतौर नेता वो इसमें लोगों की कैसे मदद कर रहे हैं, मन की बात एक अहम प्रोग्राम है."

  15. हॉन्ग कॉन्ग: विरोध की आवाज़ दबाने की कोशिश

    हॉन्ग कॉन्ग कभी ब्रितानी कॉलोनी हुआ करता था. लेकिन चीन के हिस्से में आने के बाद उसने यहां अपने कड़े क़ानून लागू करने शुरू कर दिए.

    अब आरोप लग रहे हैं कि हॉन्ग कॉन्ग में इन कानूनों के सहारे विरोध की आवाज़ों को दबाया जा रहा है. इसी की बात आज कवर स्टोरी में.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, शैली ओबरॉय दिल्ली नगर निगम के मेयर पद पर निर्विरोध निर्वाचित

    आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार और दिल्ली नगर निगम की मौजूदा मेयर शैली ओबरॉय एमसीडी मेयर पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं.

    इससे पहले भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार शिखा राय ने अपना नामांकन वापस ले लिया था.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, डिप्टी मेयर पद के लिए बीजेपी उम्मीदवार ने भी अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है. इसके साथ ही आले मोहम्मद इक़बाल की निर्विरोध जीत तय हो गई है.

    शैली ओबरॉय और आले मोहम्मद इक़बाल की जीत पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बधाई दी है.

    उन्होंने कहा, "शैली ओबरॉय और आले मोहम्मद इक़बाल को एक बार फिर से मेयर और डिप्टी मेयर बनने के लिए शुभकामनाएं. दोनों की बधाई. लोगों को हमसे ढेर सारी उम्मीदें हैं. उनकी उम्मीदों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कीजिए."

  17. गुजरात: अभियुक्तों के बरी होने पर क्या बोले नरोडा के दंगा पीड़ित

    2002 में गुजरात सांप्रदायिक दंगों का गवाह बना. उसी दौरान अहमदाबाद के नरोडा में अल्पसंख्यक समुदाय के 11 लोगों को ज़िंदा जला दिया गया था.

    उस वक़्त की बीजेपी सरकार में मंत्री रहीं माया कोडनानी और बजरंग दल के नेता बाबू बजरंगी समेत 68 लोगों पर आपराधिक साज़िश रचने का आरोप लगा.

    लेकिन इस मामले में अहमदाबाद की एक स्थानीय अदालत ने सभी अभियुक्तों को बरी कर दिया है, जिसके बाद बीबीसी संवाददाता तेजस वैद्य पीड़ित परिवारों और मामले के चश्मदीदों से मिलने पहुंचे.

    इस रिपोर्ट के कुछ हिस्से आपको विचलित कर सकते हैं.

  18. कोरोना संक्रमण के 9629 नए मामले, कुल सक्रिय मामलों में गिरावट

    बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए कोरोना संक्रमण के आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में 9629 मामले रिपोर्ट हुए हैं.

    हालांकि कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है और ये 63,380 से गिरकर 61,013 पर पहुंच गया है.

    सुबह आठ बजे के आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 29 लोगों की मौत हुई है और इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,31,398 हो गई.

    रोज़ाना की पॉज़िटिविटी रेट 5.38 प्रतिशत दर्ज की गई है जबकि साप्ताहिक पॉज़िटिविटी रेट 5.61 दर्ज की गई है. देश में अब तक 4.49 करोड़ लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं.

  19. सूडान में क्या करते हैं भारतीय और भारत के साथ कैसे हैं रिश्ते

    ''हमें भारत सरकार से संदेश मिला है कि हमारी वापसी का इंतजाम हो गया है, लेकिन अभी बस हमारे पास नहीं पहुँची है.''

    ये शब्द हैं प्रभु एस के, जो सूडान के अलफशर में फँसे हुए हैं.

    वाट्सऐप कॉल पर बीबीसी से बातचीत में वो बताते हैं, "मैं अपने गाँव में गरम मसाला बेचने, प्लास्टिक, कपड़ों से बने फूलों को बेचने का काम करता था. लेकिन वो नहीं चला. मेरे गाँव से सूडान में लोग गए थे और उन्होंने बताया कि वो वहाँ आयुर्वेदिक दवा बेचने का काम करते हैं. इसके बाद मैं अपनी बीवी के साथ यहाँ आ गया.''

    प्रभु कर्नाटक के चन्नागिरी से आते हैं और 10 महीने पहले ही सूडान आए हैं.

  20. सूडान संकट के बीच युद्ध अपराध के संदिग्धों को जेल से रिहा किया गया

    मानवता के ख़िलाफ़ कथित अपराधों के लिए वॉन्टेड एक पूर्व सूडानी राजनेता ने बताया है कि वह और अन्य पूर्व अधिकारी अब जेल में नहीं हैं.

    अहमद हारुन सूडान की राजधानी ख़ार्तूम के कोबर जेल में बंद उन लोगों में शामिल थे, जिन पर अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) में केस चल रहा है.

    सूडान की सेना और अर्धसैनिक समूह के बीच संघर्ष विराम अभी भी काफी हद तक कायम है लेकिन इस बात को लेकर संदेश है कि दोनों पक्ष हाल-फ़िलहाल में शांति बहाल करने के पक्ष में हैं.

    भारत ने सूडान में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए 'ऑपरेशन कावेरी' की शुरुआत कर दी है. अब यहां से भारतीयों की तीसरी खेप लाई जा रही है.

    सूडान में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत वोल्कर पर्थेस ने कहा है कि ऐसा लगता है कि सूडान के कुछ हिस्सों में 72 घंटे का संघर्षविराम अभी भी जारी है. लेकिन ख़ार्तूम और पास के शहर ओमडुरमैन में गोलियों और विस्फोटों की जानकारी मिल रही है.

    15 अप्रैल से सूडान में सेना और अर्धसैनिक बल आरएएफ़ के बीच गृहयुद्ध चल रहा है. लेकिन अभी वहां सीज़फ़ायर लागू किया गया है ताकि विदेशी नागरिकों को दुनिया के देश सुरक्षित बाहर निकल सकें.