बिहार: बालू माफिया ने महिला अधिकारी पर किया हमला, घसीटे जाने का वीडियो वायरल

बिहार पुलिस ने बताया है कि इस मामले में 44 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. अन्य अभियुक्तों को पकड़ने के लिए छापे की कार्रवाई की जा रही है.

लाइव कवरेज

कुमारी स्नेहा and दीपक मंडल

  1. सेना ने बताया- बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में जवान ने कैसे की फ़ायरिंग

    बठिंडा

    इमेज स्रोत, ANI

    पंजाब के बठिंडा मिलिट्री स्टेशन पर गोलीबारी के मामले में सेना के साउथ वेस्टर्न कमांड मुख्यालय ने बयान जारी कर एक जवान की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है.

    सेना ने बताया है कि आर्टिलरी यूनिट के गनर देसाई मोहन ने इंसास राइफ़ल की चोरी और अपने चार साथियों की हत्या की बात पुलिस के सामने स्वीकार की है.

    सेना ने बताया है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि जवान ने ऐसा व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण किया है.

    बयान में आगे कहा गया है, “9 अप्रैल 2023 की सुबह उसने मैगज़ीन से भरा हथियार चुराया था और उसे छिपा दिया. 12 अप्रैल 2023 की सुबह साढ़े चार बजे वो संतरी ड्यूटी पर था, उसने छिपाए हुए हथियार को निकाला और पहली मंज़िल पर गया और सो रहे चार जवानों को मार दिया.”

    जवान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    “इसके बाद जवान ने सीवेज पिट में हथियार फेंक दिया. हथियार और अतिरिक्त गोलियों को सीवेज पिट से बरामद किया गया है.12 अप्रैल को शुरुआती एफ़आईआर में जवान ने बताया था कि सिविल ड्रेस में दो शख़्स इंसास राइफ़ल और कुल्हाड़ी लिए हुए थे, यह बयान जांच एजेंसियों का ध्यान भटकाने के लिए था.”

    जवान पुलिस की हिरासत में है और बाक़ी की जानकारियां उससे ली जा रही हैं.

    सेना ने दोहराया है कि इस घटना में कोई आतंकी एंगल नहीं है और मीडिया से किसी भी अफ़वाह पर ध्यान न देने को कहा गया है.

  2. इंडोनेशिया: न्यूज़ीलैंड के किडनैप पायलट के तलाशी अभियान में एक सैनिक की मौत

    इंडोनेशिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इंडोनेशिया के पापुआ में न्यूज़ीलैंड के एक अपहृत पायलट की तलाश के दौरान विद्रोहियों ने हमला कर दिया. इसमें एक इंडोनेशियाई सैनिक की मौत हो गई.

    हालांकि विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने 11 इंडोनेशियाई सैनिकों को मारा है.

    एसोसिएटेड प्रेस ने सेना के सूत्रों के हवाले से कहा है कि कम से कम छह लोगों की मौत हुई है.

    ये सैनिक न्यूज़ीलैंड के अपहृत एक पायलट फिलीप मर्टन्स को तलाशने के अभियान पर थे. उनका इस साल फरवरी में अपहरण किया गया था.

    दरअसल पापुआ कि विद्रोही दशकों से इंडोनेशिया से अपनी आज़ादी की मांग कर रहे हैं. इंडोनेशियाई सैनिकों पर उस समय हमला किया गया जब वे मर्टन्स को तलाश रहे थे.

    इस तलाशी अभियान पर उस समय हमला किया गया था जब टीम एनड्यू पहाड़ियों में खोजबीन कर रही थी. वेस्ट पापुआ नेशनल लिबरेशन आर्मी ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है.

    उसने कहा है कि ये हमला उसके ख़िलाफ़ चलाए जा रहे अभियान की वजह से किया गया.

  3. यूपी में अतीक़ जी का नहीं बल्कि क़ानून का जनाज़ा निकला है: तेजस्वी यादव

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    बाहुबली नेता अतीक़ अहमद और उनके भाई अशरफ़ अहमद की हत्या के मामले में बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने टिप्पणी की है.

    उन्होंने कहा, “अपराध और अपराधियों से हमें कोई सहानुभूति नहीं है लेकिन इस देश में क़ानून है. अगर अपराध का ख़ात्मा करना है तो उसके लिए क़ानून है, कोर्ट है.”

    “हमने इस देश में देखा है कि प्रधानमंत्री के हत्यारों का भी ट्रायल हुआ और उन्हें सज़ा मिली. यूपी में अतीक़ जी का नहीं बल्कि क़ानून का जनाज़ा निकला है. पुलिस कस्टडी में जहां सबसे ज़्यादा हत्याएं हुई हैं तो वो यूपी में हुई हैं.”

    तेजस्वी ने इसके साथ ही कहा कि सस्ती लोकप्रियता को देखते हुए ये काम किया गया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    “कस्टडी में गोली मारने का मामला अगर यही किसी विपक्षी दलों के राज्यों में होता तो कोई भी चुप नहीं रहता, और हल्ला मचता, मानवाधिकर वाले सामने आते और स्वतः संज्ञान लिया जाता.”

    “चाहे अतीक़ हों या उनका परिवार हो, हत्यारा हत्यारा होता है उनके लिए कोई हमदर्दी नहीं होनी चाहिए लेकिन इस प्रकार से कोई कस्टडी में हत्या करता है तो सवाल तो उठने लाज़िमी हैं. देखकर लगता था सब स्क्रिप्टेड है. अपराधियों का ख़ात्मा होना चाहिए लेकिन यह कोई तरीक़ा नहीं है.”

  4. बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में गोलीबारी के मामले में एक जवान गिरफ़्तार

    बठिंडा

    इमेज स्रोत, ANI

    पंजाब में बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में हुई चार जवानों की मौत के मामले में पंजाब पुलिस ने सेना के एक जवान को गिरफ़्तार है.

    एसएसपी बठिंडा गुलनीत सिंह खुराना ने बताया है कि एक जवान को गिरफ़्तार किया गया है जबकि चार जवानों से पूछताछ की गई है.

    12 अप्रैल को बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में गोलीबारी में चार जवानों की मौत हुई थी. गोलीबारी की क्या वजह से ये अभी तक साफ़ नहीं हो पाई है.

  5. पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाले में एक और टीएमसी विधायक गिरफ़्तार

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
    कृष्ण साहा

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS/BBC

    इमेज कैप्शन, कृष्ण साहा

    पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित शिक्षक भर्ती घोटाले में सीबीआई ने सोमवार सुबह मुर्शिदाबाद ज़िले के बड़ंचा के तृणमूल कांग्रेस विधायक जीवन कृष्ण साहा को गिरफ़्तार कर लिया.

    उनको कोलकाता के निजाम पैलेस स्थित सीबीआई के दफ़्तर में लाया जा रहा है. इससे पहले क़रीब 65 घंटे तक उनके घर की तलाशी ली गई.

    सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि साहा को मुख्त रूप से घोटाले की जांच में असहयोग और सुबूत नष्ट करने के प्रयास के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

    साहा इस मामले में गिरफ्तार होने वाले सत्तारूढ़ पार्टी के तीसरे विधायक हैं.

    उनसे पहले बेहला पश्चिम के विधायक और शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के अलावा पलासीपाड़ा के विधायक मानिक भट्टाचार्य को भी गिरफ़्तार किया जा चुका है और दोनों फ़िलहाल जेल में हैं.

    सीबीआई की टीम ने शुक्रवार दोपहर को जीवन कृष्ण के बड़ंचा स्थित आवास पर उससे पूछताछ शुरू की थी. उसके साथ ही उसके कई ठिकानों पर भी छापे मारे गए.

    कोलकाता

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS/BBC

    सीबीआई सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान ही साहा के आवास से उनकी सिफ़ारिश पर भर्ती होने वाले उम्मीदवारों की सूची के साथ कई अन्य दस्तावेज़ भी बरामद किए गए.

    शुक्रवार को ही विधायक के दो नोट पैड भी ज़ब्त किए गए.उनके आवास पर कई कंप्यूटर, हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन समेत कई लैपटॉप भी बरामद किए गए.

    सीबीआई ने साहा पर पूछताछ में असहयोग का आरोप लगाया था.

    बाद में शौचालय जाने के बहाने उन्होंने अपने दो फ़ोन, दो पेन ड्राइव और एक हार्ड डिस्क नज़दीक के तालाब में फेंक दिए थे.

    शनिवार को पूरे दिन की तलाशी के बाद एक फ़ोन बरामद किया गया जो उनकी पत्नी के नाम पर था.

    शनिवार रात तक उनकी गिरफ़्तारी के संकेत मिलने लगे थे. उनके घर के सामने सुरक्षा बढ़ा दी गई थी.

    कोलकाता से देर रात सीबीआई के चार अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद सुबह क़रीब पांच बजे उनको गिरफ़्तार कर लिया गया.

    दुर्गापुर स्थित सीबीआई के कैंप ऑफिस ले जाने के बाद उनके स्वास्थ्य की जांच कराई गई और फिर छह गाड़ियों का काफ़िला उनको लेकर कोलकाता रवाना हो गया.

  6. हम अपने लोगों का ध्यान नहीं रखते इसलिए मिशनरी फ़ायदा उठाती हैं : मोहन भागवत

    भागवत

    इमेज स्रोत, ANI

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि मिशनरी उस स्थिति का फ़ायदा उठाती हैं जहां लोगों को लगता है उनका समाज उनके साथ नहीं है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक कार्यक्रम में उन्होंने धर्मांतरण की ओर इशारा करते हुए कहा, ''हम अपने लोगों को नहीं देखते हैं. हम उनसे न मिलने जाते हैं और न उनके बारे में पूछते हैं. लेकिन कुछ मिशनरी हज़ारों किलोमीटर दूर से आती हैं. उनके साथ रहती हैं. उनके साथ खाना खाती हैं और उनकी भाषा बोलती हैं. फिर उनका धर्मांतरण करा लेतेी हैं.''

    उन्होंने कहा, ''पिछले 100 साल से लोग यहां सबकुछ बदल देने के लिए आते रहे हैं. यहां वो सदियों से काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ पाने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं क्योंकि हमारी जड़ें बहुत मज़बूत हैं. यह हमारे पूर्वजों की हम पर कृपा है.''

    भागवत ने कहा,'' हमारे लोगों को जड़ों से उखाड़ने की कोशिश की जा रही है. इसलिए समाज को इस धोखे को समझना होगा. हमें उनके विश्वास को मज़बूत करना होगा.''

  7. कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार बीजेपी छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए

    कर्नाटक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जगदीश शेट्टार कांग्रेस में शामिल होने के बाद

    टिकट न मिलने से नाराज़ कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. शेट्टार ने कल बीजेपी से इस्तीफ़ा दे दिया था. उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं.

    आज शेट्टार बेंगलुरू में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए. उन्होंने कहा, ''मैं पूरे दिल से कांग्रेस ज्वाइन कर रहा हूं. कांग्रेस के नेताओं डीके शिवकुमार, सिद्धरमैया, रणदीप सिंह सुरेजवाला और एमबी पाटिल ने मुझसे संपर्क किया था. जब उन्होंने मुझे कांग्रेस में आमंत्रित किया तो मैंने पार्टी ज्वाइन कर ली.''

  8. कर्नाटक में बीजेपी जल्द जारी करेगी उम्मीदवारों की तीसरी सूची, शेट्टार से मिले कांग्रेस नेता

    कर्नाटक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय जनता पार्टी जल्द ही कर्नाटक में अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर सकती है.

    बेंगलुरू में बीजेपी नेताओं की बैठक के बाद मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा है कि उम्मीदवारों की तीसरी सूची पर चर्चा की गई है जिसे जल्द ही जारी किया जाएगा.

    उन्होंने कहा,''अपनी सिफारिशें संसदीय बोर्ड को भेज दी हैं, वे इस पर फैसला लेंगे...जगदीश शेट्टार के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई.''

    कर्नाटक

    इमेज स्रोत, ANI

    इसी बीच, कर्नाटक के कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार ने पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार से उनके घर पर मुलाकात की.

    टिकट न मिलने से नाराज शेट्टार ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया था. उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं.

    बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा देने के बाद उन्होंने कहा था कि वह अपने साथियों से विचार-विमर्श करने के बाद अगले कदम का एलान करेंगे.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ शेट्टार सोमवार को कांग्रेस दफ्तर पहुंचे. उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे. उम्मीद है कि आज वो कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान कर सकते हैं.

  9. महाराष्ट्र: महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में लू लगने से 11 लोगों की मौत

    महाराष्ट्र

    इमेज स्रोत, ANI

    शनिवार को महाराष्ट्र के नवी मुंबई में वरिष्ठ संगीतकार अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए आयोजित समारोह में लू लगने से 11 लोगों की मौत हो गई.

    नवी मुंबई के खारघर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. नवी मुंबई में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था. इससे कुछ लोगों को लू लग गई.

    हीट स्ट्रोक से पीड़ित लोगों को अस्पताल ले जा गया, उनमें से 11 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई. चौबीस लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया.

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कामोठे के एमजीएम अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों का हाल लेने पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों से भी चर्चा की और इलाज के बारे में जानकारी ली.

    उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर दुख जताया है.

    उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक है कि आज सुबह महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में भाग लेने वाले कुछ सदस्यों की लू लगने से मौत हो गई." "मैं इन इनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. हम उनके परिवारों के दुख में सहभागी हैं. ''

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे के अलावा एनसीपी नेता अजीत पवार ने अस्पताल पहुंचकर इलाज करा रहे लोगों से मुलाकात की.

    उद्धव ठाकरे ने भी मरने वालों लोगों के परिवार वालों के प्रति संवेदना जताई है.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  10. सूडान: सेना और अर्द्धसैनिक बलों में संघर्ष- 97 की मौत

    सूडान

    सूडान में सैन्य गुटों में आपसी संघर्ष और टकराव अब पूरे देश में फैल गया है. कई जगहों से हिंसा की ख़बरें आ रही हैं.

    संघर्ष के केंद्र ख़ार्तूम शहर की सड़कें वीरान दिख रही हैं. रविवार को दोनों गुटों ने यहां की मुख्य सड़कें बंद कर दी थीं.

    अब तक इस संघर्ष में 97 लोगों की मौत हो गई और 1000 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    रैपिड सपोर्ट फ़ोर्स (आरएसएफ) और सेना के बीच का संघर्ष अब लगभग देशव्यापी हो गया है. चश्मदीदों का कहना है इस संघर्ष में आगे चल कर सेना को बढ़त मिल सकती है.

    हालांकि रविवार को आरएसएफ़ ने राजधानी ख़ार्तूम और इससे सटे शहर ओमदुरमैन के अलावा पश्चिम में दारफ़ुर और मिरोये एयरपोर्ट पर क़ब्ज़े का दावा किया.

    सूडान
    इमेज कैप्शन, खारतुम शहर छोड़ कर जाते लोग

    रविवार को कुछ देर के लिए दोनों गुटों ने थोड़ी देर के लिए युद्धविराम घोषित किया था ताकि घायलों को संघर्ष स्थल से हटाया जा सके.

    हालांकि इसका कड़ाई से पालन नहीं हो रहा था.

    सूडान में ये संघर्ष प्रतिद्वंद्वी गुटों के राजनीतिक वर्चस्व कायम करने का नतीजा हैं.

    देश के सैन्य नेतृत्व के अंदर वर्चस्व की लड़ाई की वजह से यह संघर्ष काफ़ी पेचीदा हो गया है.

  11. अतीक़ हत्याकांड की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट से स्वतंत्र कमेटी बनाने की मांग

    अतीक अहमद

    इमेज स्रोत, ANI

    पूर्व सांसद और गैंगस्टर अतीक़ अहमद और उनके भाई अशरफ़ की हत्या की जांच के लिए एक स्वतंत्र एक्सपर्ट कमेटी बनाने की मांग की गई है.

    सुप्रीम कोर्ट में दायर एक याचिका में कहा गया है कि इस हत्याकांड की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज की अगुआई में एक विशेषज्ञ कमेटी गठित की जाए.

    याचिका एडवोकेट विशाल तिवारी ने दायर की है. अपनी याचिका में उन्होंने यूपी में 2017 से अब तक हुई 183 पुलिस मुठभेड़ों की जांच की भी मांग की है.

    उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार पूर्व सासंद अतीक़ अहमद और उनके भाई अशरफ़ की गोली मार कर हत्या कर दी गई.

    पुलिस के मुताबिक हमलावर पत्रकार बनकर आए थे.

    पुलिस का कहना है कि तीनों हमलावरों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है और उच्चस्तरीय बैठक की है.

  12. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 16 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.