You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप को जेल नहीं होनी चाहिएःपोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स

इसराइल के क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में हुई गोलीबारी में दो इसराइली महिलाओं की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and शुभम किशोर

  1. तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष बांदी संजय कुमार बेल पर छूटे, जेल से बाहर आने पर कहा...

    तेलंगाना बीजेपी के अध्यक्ष बांदी संजय कुमार, जिन्हें दसवीं कक्षा के पेपर लीक केस में गिरफ़्तार किया गया था, जेल से बाहर आ गए हैं.

    गुरुवार की रात को हनमकोंडा की एक अदालत ने उन्हें ज़मानत दी थी.

    करीमनगर से लोकसभा सांसद बांदी संजय कुमार उस केस के मुख्य अभियुक्त हैं जिसमें कथित तौर पर दसवीं कक्षा के हिंदी के क्वेश्चन पेपर एक मेसेजिंग ऐप पर लीक कर दिए गए थे.

    उन्हें पांच अप्रैल को वारंगल पुलिस ने आपराधिक साजिश और गलत तरीकों के इस्तेमाल सहित दूसरे मामलोंं में गिरफ़्तार किया था.

    जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को किसी सिटिंग जज से एसएससी पेपर लीक की जांच करानी चाहिए और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के बेटे और मंत्री केटी रामा राव को कैबिनेट से बर्खास्त कर देना चाहिए.

    उन्होंने कहा, "राज्य सरकार को उन सभी लोगों को एक लाख रुपये का मुआवज़ा देना चाहिए जिन्हें इस पेपर लीक से नुकसान हुआ है."

    उन्होंने कहा कि एसएससी पेपर लीक का 30 लाख लोगों पर असर पड़ा है.

    उन्होंने कहा,"आपका (केसीआर का) परिवार लीक करने वालों का परिवार है."

  2. पाकिस्तान में जनगणना पर क्यों छिड़ी बहस?

    पाकिस्तान में हो रही जनगणना ने सिंध प्रांत के हिंदूओं के बीच एक बहस छेड़ दी है. गणना में धर्म के कई विकल्पों में से एक है अनुसूचित जाति का विकल्प.

    अब पाकिस्तान में अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले लोगों का मानना है कि उनकी तादाद ज़्यादा है इसलिए कुछ कैंपेनर्स अनुसूचित जाति के अंतर्गत नाम दर्ज कराने पर ज़ोर दे रहे हैं.

    पर कुछ लोगों को लगता है कि ये कैंपेन पाकिस्तान में हिंदू समुदाय को बांटने का है. देखिए कराची से हमारी सहयोगी शुमाएला ख़ान की रिपोर्ट.

  3. बारह लोगों की हत्या के आरोप में जादूगर गिरफ्तार, पैसे डबल करने का देता था झांसा

    इंडोनेशिया की पुलिस ने एक ऐसे जादूगर को गिरफ्तार किया है, जिस पर पैसा दोगुने करने का झांसा देकर 12 लोगों की हत्या करने का आरोप है.

    पुलिस ने जादूगर के बगीचे से कई शव बरामद किए हैं.

    45 साल के जादूगर सलामित टोहरी ने पुलिस को बताया कि कई लोगों के शवों को उसने जमीन में दफनाया है.

    पुलिस का कहना है कि जब ग्राहक अपने पैसे वापस मांगने आते थे तो यह उन्हें पोटेशियम साइनाइड जहर दे देता था.

    एक ग्राहक के बेटे ने पुलिस को बताया कि उनके पिता आखिरी बार जादूगर के यहां गए थे. जब पिता घर नहीं लौटे तो बेटे ने पुलिस में शिकायत की और जांच के लिए पुलिस जादूगर के घर पहुंची.

    पुलिस ने जादूगर के घर के पास कई कब्रें देखीं. कुछ कब्रों में दो से तीन लोगों को एक साथ दफनाया गया था. हर कब्र में मिनरल वाटर की एक बोतल भी मिली है.

    पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की उम्र 25 से 50 साल के बीच रही है और कुछ लोगों को हाल ही में दफनाया गया है. पीड़ितों के शरीर पर पुलिस को हिंसा के निशान नहीं मिले हैं.

    फिलहाल जादूगर ने हत्या से इनकार नहीं किया है. वे 2019 में नकली नोट के धंधे में लिप्त होने के चलते भी जेल गए थे.

  4. सूखे से जूझता स्पेन

    कई लोग छुट्टियों में स्पेन जाना पसंद करते हैं. वजह है उसकी ख़ूबसूरती.

    लेकिन स्पेन का एक बड़ा इलाका इन दिनों मुश्किलों से जूझ रहा है.

    उत्तर पूर्वी स्पेन अब तक के सबसे भयंकर सूखे से जूझ रहा है और इसकी वजह से वहां पानी को लेकर कड़े नियम बनाए गए हैं.

  5. दक्षिणी राज्यों में हिंदू गुरुओं का योगदान ईसाई मिशनरियों से कहीं अधिक है: मोहन भागवत

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि दक्षिण के चार राज्यों में हिंदू आध्यात्मिक गुरुओं ने जो सेवा दी है वो ईसाई मिशनरियों के किए गए कामों से कहीं अधिक है.

    जयपुर में आरएसएस के राष्ट्रीय सेवा संगम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "सेवा करने से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है. अगर समाज का कोई तबका वंचित रह जाता है तो देश की भलाई के लिए उसका उत्थान किया जाना चाहिए."

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, मोहन भागवत ने कहा कि, "सामान्य तौर पर देश के बुद्धिजीवी मिशनरियों का जिक्र उनकी सेवा के लिए करते हैं. लेकिन दक्षिण के चार राज्यों में हिंदू आध्यात्मकि गुरुओं की सेवा मिशनरियों के किए गए काम से कहीं अधिक है."

  6. नमाज़ के दौरान जब बिल्ली इमाम के कंधों पर चढ़ गई

    ये दिलचस्प वीडियो अल्ज़ीरिया से आया है. जहां रमज़ान की तरावीह नमाज़ पढ़ी जा रही थी.

    इसी दौरान वहां एक बिल्ली आ गई और नमाज़ की नुमाइंदगी कर रहे इमाम के कंधे पर चढ़ गई.

    लेकिन इमाम वालिद मेहसास इससे ज़रा भी विचलित नहीं हुए और इबादत जारी रही.

    बिल्ली उनके कंधों पर चढ़ गई और कुछ समय बाद नीचे उतर आई.

    ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

  7. बीजेपी में शामिल हुए आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम किरण रेड्डी, कांग्रेस नेतृत्व से थे नाराज

    आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं.

    पिछले महीने ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ी थी. किरण कुमार रेड्डी अविभाजित आंध्र प्रदेश के आखिरी मुख्यमंत्री थे.

    राज्य में विधानसभा चुनावों में एक साल से कम का वक्त बचा है. ऐसे में किरण रेड्डी ने बीजेपी ज्वाइन की है.

    फिलहाल राज्य में वाईएसआर कांग्रेस सत्ता में है जिसकी कमान मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के हाथों में है.

    बीजेपी में शामिल होने पर किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि "कांग्रेस से मेरे परिवार का जुड़ाव 1952 से शुरू हुआ था. मेरे पिता चार बार विधायक रहे, मैं भी चार बार विधायक रहा. मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं पार्टी छोड़ दूंगा."

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान की गलत फैसलों की वजह से पार्टी को हर राज्य में नुकसान हो रहा है. कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता बातचीत नहीं करते हैं. ये कहानी एक राज्य की नहीं है बल्कि पूरे देश की है.

  8. स्वाति मालीवाल ने कहा, पिता के हाथों यौन हिंसा - ये मेरा सच है

    पिछले दिनों दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने अपने साथ पिता के हाथों हुई यौन हिंसा पर बात की.

    महिला दिवस पर एक खुले मंच से दिए इस बयान पर सवाल कई उठे और उन्होंने जवाब भी दिए.

    बीबीसी से बातचीत में उन्होंने बताया क्यों ज़रूरी है औरतों का अपने साथ हुई यौन हिंसा पर बोलना, भले जब भी हिम्मत बंधे.

    उन्होंने साझा किया कैसे ज़िंदगी बदली इस बात के बाहर आने के बाद.

    स्वाति मालीवाल से बातचीत की बीबीसी में भारतीय भाषाओं की प्रमुख रूपा झा ने.

  9. ग़ज़ा पट्टी और लेबनान पर इसराइल की जवाबी कार्रवाई, निशाने पर फलस्तीनी चरमपंथी गुट हमास

    इसराइल की सेना ने कहा है कि उसने लेबनान और ग़ज़ा पट्टी में फलस्तीनी चरमपंथी गुट हमास के ठिकानों को निशाना बनाया है.

    इसराइल ने बताया है कि उसने दक्षिणी लेबनान से इसराइल पर किए गए बड़े रॉकेट हमलों के जवाब में ग़ज़ा पर भीषण बमबारी की है.

    पिछले अगस्त के बाद से ग़ज़ा पट्टी में इसराइल की ये अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है.

    दक्षिणी लेबनान से हुए रॉकेट हमले के लिए इसराइल ने हमास को जिम्मेदार ठहराया है.

    इसराइल के हमले के जवाब में ग़ज़ा से भी फलस्तीनी चरमपंथियों ने दक्षिणी इसराइल पर रॉकेट दागे.

    लेबनान के केयरटेकर प्रधानमंत्री नाजिब मिकाती ने कहा है कि उनके देश की ज़मीन से ऐसी कोई उकसावे वाली कार्रवाई नहीं हुई है जिससे क्षेत्रीय स्थिरता को ख़तरा पहुंचता हो.

    लेबनान के ताक़तवर मिलिशिया संगठन हेज़बुल्ला की इन हमलों में कोई भूमिका नहीं बताई गई है.

    लेबनान में मौजूद यूएन पीसकीपिंग फोर्स ने कहा है कि उसे इसराइल और लेबनान दोनों ने ही भरोसा दिलाया है कि वे युद्ध नहीं चाहते हैं.

  10. यहां इतनी सारी महिलाएं चलाती हैं ऑटो, कइयों के लिए प्रेरणा बनीं

    एक, दो या तीन नहीं बल्कि लगभग 200 महिला ऑटोरिक्शा ड्राइवर यहां मौजूद हैं. यह आंध्र प्रदेश का तिरुपति है. इनमें से अधिकतर सिंगल विमेन हैं.

    किसी के पति की मौत हो गई तो कोई अपने पति से अलग हो गई. किसी के पति बेरोज़गार हैं तो कोई नशे की लत के शिकार.

    ऐसे में इन महिलाओं ने अपने और परिवार का पेट पालने के लिए ऑटो रिक्शा का सहारा लिया.

  11. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले सिद्धू, क्या हुई बातचीत?

    कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की.

    मुलाकात की तस्वीरें अपने ट्विटर हैंडल से शेयर करते हुए सिद्धू ने लिखा, "9 बार के विधायक, तीन बार सांसद, वंचितों के हितों की बात करने में चैंपियन, सच्चाई की आवाज....विश्वसनीयता का नाम मल्लिकार्जुन खड़गे."

    उन्होंने लिखा, "कांग्रेस अध्यक्ष से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया. वे कांग्रेस पार्टी के लिए सकारात्मक ऊर्जा और किस्मत लेकर आए हैं."

    एक दिन पहले यानी गुरुवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी.

    इस मुलाकात के बाद उन्होंने लिखा था कि आप मुझे जेल में डाल सकते हो, मुझे डरा सकते हो, मेरे वित्तीय खातों को बंद कर सकते हो, लेकिन पंजाब और नेताओं के प्रति मेरी प्रतिबद्धता न तो कम होगी और न ही एक इंच पीछे हटेगी.

    करीब 10 महीने बाद वे एक अप्रैल को पटियाला जेल से रिहा हुए हैं. रोड रेज के मामले में उन्हें एक साल जेल की सजा हुई थी.

  12. रामनवमी पर पश्चिम बंगाल में क्यों भड़की हिंसा की आग? ग्राउंड रिपोर्ट

    पश्चिम बंगाल के कम से कम तीन ज़िलों से सांप्रदायिक हिंसा की ख़बरें सामने आईं. यह हिंसा रामनवमी के दौरान देखने को मिली. कई जगह आगज़नी और पत्थरबाज़ी की घटनाएं हुईं.

    पश्चिम बंगाल में रामनवमी पर यह हिंसा साल 2018 से देखने को मिल रही है. बीबीसी संवाददाता अमिताभ भट्टासाली हिंसाग्रस्त दो जगहों में गए और वहां से यह रिपोर्ट भेजी है.

  13. कड़ी मशक्कत के बाद मिला 'ओबान', पांच दिन पहले कूनो नेशनल पार्क से भाग गया था

    नामीबिया से भारत आए चीतों में से ओबान नाम का चीता पांच दिन बाद कूनो नेशनल पार्क वापस लौट आया है.

    'ओबान' को मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के एक गांव में देखा गया था, जहां से उसे वापिस लाया गया है.

    कूनो वाइल्डलाइफ डिवीजन के डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट ऑफिसर प्रकाश कुमार वर्मा के मुताबिक शाम करीब चार-पांच बजे ओबान को पकड़ा गया, जिसे बाद में कुनो नेशनल पार्क में छोड़ दिया गया.

    अधिकारियों का कहना है कि यह चीता 2 अप्रैल के दिन कुनो नेशनल पार्क से करीब बीस किलोमीटर दूर एक गांव में पहुंच गया था.

    चार दिनों तक जब चीते का कोई सुराग नहीं मिला तो फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

    17 सितंबर, 2022 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को जंगल में छोड़ा था.

  14. पाकिस्तान में रमज़ान पर महंगाई की मार

    रमज़ान का महीना चल रहा है. लेकिन पाकिस्तान में रोज़ेदारों पर मंहगाई की मार पड़ रही है.

    हालात ऐसे हो गए हैं कि कई परिवारों के लिए एक वक्त का खाना जुटाना तक मुश्किल हो रहा है.

    देखिए इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता तरहब असगर की रिपोर्ट.

  15. पिछले 24 घंटे में नए कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6000 पार

    भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6050 पार कर गई है. पिछले 203 दिनों का ये रिकॉर्ड आंकड़ा है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 28,303 हो गई है.

    पिछले साल 16 सितंबर को कोरोना संक्रमण के 6298 मामले रिपोर्ट हुए थे.

    पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के कारण देश में 14 लोगों की मौत भी हुई है जिसमें तीन मामले महाराष्ट्र से रिपोर्ट हुए हैं जबकि दो-दो केस कर्नाटक और राजस्थान में.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.39 और साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 3.02 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया है.

    देश में अब तक 4.47 करोड़ कोरोना केस रिपोर्ट हो चुके हैं.

  16. डोनाल्ड ट्रंप कोर्ट में पेशी के बाद क्या बोले?

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले कुछ दिनों से दुनियाभर में सुर्खियां बटोर रहे हैं. उनके ख़िलाफ़ आपराधिक मामले में कोर्ट में पेशी हुई, वो गिरफ्तार किए गए और फिर रिहा.

    रिहाई के बाद वो अपने समर्थकों के बीच रैली करने पहुंचे. अब क्या होगी ट्रंप की राह की राह, इसी की बात कवर स्टोरी में.

  17. आईएमएफ चीफ की चेतावनी, वैश्विक आर्थिक ग्रोथ रेट तीन प्रतिशत से नीचे रह सकती है

    अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में मंदी की तरफ इशारा किया है.

    गुरुवार को उन्होंने कहा कि ग्लोबल इकोनॉमी की ग्रोथ तीन प्रतिशत से नीचे रह सकती है. इस साल सभी ग्रोथ के आधे हिस्से में भारत और चीन के योगदान का अनुमान लगाया गया है.

    उन्होंने कहा कि ग्लोबल इकोनॉमी में तेजी से गिरावट के पीछे कोविड महामारी और रूस का यूक्रेन में युद्ध को जारी रखना है.

    क्रिस्टालिना का कहना है कि यह काफी लंबे समय तक चलेगा और अगले पांच साल तक हम तीन प्रतिशत से नीचे की ग्लोबल ग्रोथ को देखेंगे.

    ऐसा 1990 के बाद पहली बार ग्रोथ का अनुमान लगाया गया है. इससे पहले हमेशा ग्रोथ तीन प्रतिशत से ज्यादा रही है.

  18. मेंटलिस्ट सुहानी शाह का ख़ास इंटरव्यू देखिए

    जब कोई जादूगर किसी चीज़ को हाथ में लेकर जादू दिखाता है तो सभी अचंभित रह जाते हैं. लेकिन जब कोई सामने बैठे लोगों के दिमाग़ से खेले तो आप क्या कहेंगे?

    आम तौर पर कहा जाता है कि किसी के दिमाग़ में क्या चल रहा है, ये कोई नहीं बता सकता. अगर आप भी इस बात पर भरोसा करते हैं तो एक बार फिर सोचिए.

    मेंटलिज़्म एक ऐसी कला है, जिसमें ठीक यही किया जाता है. और देखने वाले हैरान रह जाते हैं कि ये हुआ कैसे. कुछ ऐसा ही करने वालीं मेंटलिस्ट सुहानी शाह बीबीसी के दफ्तर में आईं.

    अपनी ज़िंदगी के बारे में बहुत कुछ बताया, मेंटलिज़्म के बारे में भी बताया और कुछ 'जादूगरी' भी करके दिखाई. वीडियो: विकास त्रिवेदी, विदित मेहरा और संदीप यादव

  19. आकांक्षा दुबे आत्महत्या केस में अभियुक्त समर सिंह गिरफ़्तार

    भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में पुलिस ने कई दिनों से फ़रार चल रहे अभियुक्त समर सिंह को ग़ाज़ियाबाद से गिरफ़्तार किया है.

    समर सिंह को शुक्रवार को ग़ाज़ियाबाद की कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से ट्रांज़िट रिमांड लेकर उन्हें वाराणसी ले जाया जाएगा.

    26 मार्च को आकांक्षा दुबे का शव वाराणसी के एक होटल में मिला था. आकांक्षा दुबे कथित तौर पर एक फ़िल्म की शूटिंग के लिए वाराणसी गई थीं.

    आकांक्षा दुबे की मौत के बाद उनकी मां की शिकायत पर वाराणसी के सारनाथ थाने में एक केस दर्ज किया गया है.

    इस एफ़आईआर में मां मधु दुबे ने भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह पर अपनी 'बेटी को मारने' का आरोप लगाया है.

  20. मनीष सिसोदिया का जेल से ख़त, पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर क्या कहा?

    दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जेल से चिट्ठी लिखी है जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.

    इस चिट्ठी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्विटर पर शेयर किया है.

    चिट्ठी में मनीष सिसोदिया ने लिखा है कि देश के प्रधानमंत्री का कम पढ़ा-लिखा होना देश के लिए बेहद ख़तरनाक है.

    उन्होंने लिखा कि नरेंद्र मोदी विज्ञान की बातें और शिक्षा का महत्व नहीं समझते हैं. सरकार ने पिछले कुछ सालों में 60 हज़ार स्कूलों को बंद किया है.

    मनीष ने लिखा कि भारत की तरक़्क़ी के लिए पढ़े-लिखे प्रधानमंत्री का होना ज़रूरी है.