You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस: सेंट पीटर्सबर्ग के कैफ़े में धमाका, मिलिट्री ब्लॉगर की मौत, कई घायल

रूस के गृह मंत्रालय ने ब्लॉगर व्लादलेन ततार्स्की की मौत की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक स्ट्रीट बार कैफ़े में हुए धमाके में कम से कम 16 लोग घायल हुए हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. जापान: ये है समंदर में सबसे गहराई में तैरती मछली, कैमरे में हुई कैद

    वैज्ञानिकों ने समुद्र के अंदर एक असाधारण गहराई में तैरती हुई मछली का वीडियो बनाया है.

    ये मछली स्यूडोसिपारिस जीनस प्रजाति की एक स्नेलफ़िश है. इसे समुद्र में 8 हज़ार 336 मीटर (27,349 फ़ीट) पर तैरते हुए पाया गया था.

    इस मछली का वीडियो एक स्वचालित "लैंडर" से बना, जिसे दक्षिणी जापान के इज़ु-ओगसवारा में छोड़ा गया था.

    वैज्ञानिकों ने बताया कि कोई मछली अधिकतम जितनी गहराई में ज़िंदा रह सकती है, ये मछली उतनी ही गहराई में तैर रही थी.

    इससे पहले कोई मछली 8,178 मीटर की गहराई में तैरती पाई गई थी.

  2. समलैंगिक शादी के विरोध में SC पहुंचा जमीयत उलेमा-ए-हिंद, इसे पारिवारिक व्यवस्था पर हमला बताया

    समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने की मांग संबंधी याचिकाओं का विरोध करते हुए मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.

    जमीयत ने कहा है कि समलैंगिक विवाह पारिवारिक व्यवस्था पर हमला है और ये सभी 'पर्सनल लॉ' का पूरी तरह से उल्लंघन है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, शीर्ष अदालत में लंबित याचिकाओं में हस्तक्षेप का अनुरोध करते हुए जमीयत ने हिंदू परंपराओं का भी हवाला दिया. जमीयत ने कहा कि हिंदुओं में शादी का मक़सद सिर्फ़ भौतिक सुख या संतानोत्पत्ति नहीं बल्कि आध्यात्मिक उन्नति है.

    जमीयत ने कहा कि शादी हिंदुओं के 16 'संस्कारों' में से एक है और "समलैंगिक विवाह पारिवारिक व्यवस्था पर एक हमला है."

    सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता दिए जाने की मांग वाली याचिकाओं को बीती 13 मार्च को पांच जजों वाली संविधान पीठ के पास भेज दिया था और कहा था कि ये मुद्दा 'बुनियादी महत्व' का है.

    जमीयत ने कहा, "समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने की मांग वाली याचिकाओं के ज़रिए समलैंगिक विवाह की अवधारणा पेश की है, जिससे विवाह की मूल अवधारणा कमज़ोर हो सकती है."

    समलैंगिक विवाह को क़ानूनी मान्यता देने के अनुरोध वाली याचिकाओं का केंद्र ने भी सुप्रीम कोर्ट में विरोध किया है.

    6 सितंबर 2018 को एक ऐतिहासिक फ़ैसले में सुप्रीम कोर्ट ने दो व्यस्कों के बीच सहमति से बनाए समलैंगिक संबंधों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया था.

  3. शरद पवार ने कहा, 'सावरकर के बलिदान की अनदेखी नहीं कर सकते लेकिन...'

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि विनायक दामोदर सावरकर के देश की आज़ादी के लिए दिए गए बलिदान की कोई अनदेखी नहीं कर सकता है, लेकिन उनसे असहमति को राष्ट्रीय मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए.

    पवार ने कहा कि आज देश के सामने ऐसे कई और ज्वलंत मुद्दे हैं, जिनपर ध्यान देने की ज़रूरत है.

    पवार का ये बयान ऐसे समय आया है जब राहुल गांधी के सावरकर पर दिए गए बयान के बाद वो न सिर्फ़ बीजेपी के निशाने पर हैं बल्कि महाराष्ट्र में कांग्रेस की सहयोगी शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने भी इसका विरोध किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार शरद पवार ने हालांकि राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान का बचाव किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले भारतीय नहीं है जिन्होंने देश के मुद्दों पर विदेश में बात की है.

    नागपुर प्रेस क्लब में जब पवार से पूछा गया कि क्या उन्होंने सावरकर के मुद्दे पर राहुल गांधी से बात की है और क्या राहुल सावरकर की आलोचना में कमी लाएंगे तो पवार ने कहा कि हाल में 18-20 पार्टियां एक साथ बैठीं और देश के सामने मौजूद मुद्दों पर चर्चा की.

    राहुल गांधी ने अपनी संसद सदस्यता रद्द होने के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था कि वो माफ़ी नहीं मांगेंगे.

    उन्होंने कहा, "मेरा नाम सावरकर नहीं, मेरा नाम गांधी है और गांधी किसी से माफ़ी नहीं मांगते."

    बीजेपी और शिवसेना ने राहुल गांधी के सावरकर पर दिए इस बयान की आलोचना की थी.

    पवार ने कहा, "आज सावरकर राष्ट्रीय मुद्दा नहीं हैं, ये पुरानी चीज़ हो गई है. हमने सावरकर के बारे में कुछ बातें कहीं हैं, लेकिन वो व्यक्तिगत नहीं हैं. मैं हिंदू महासभा के ख़िलाफ़ था, लेकिन दूसरा पक्ष भी है. हम देश की आज़ादी के लिए दिए गए सावरकर के बलिदान की अनदेखी नहीं कर सकते हैं."

    उन्होंने कहा कि क]रीब 32 साल पहले उन्होंने संसद में सावरकर के प्रगतिशील विचारों के बारे में बात की थी. पवार ने कहा कि सावरकर ने रत्नागिरी में मकान बनाया था और उसी के सामने छोटे से मंदिर का भी निर्माण कराया था.

    पवार ने बताया, "सावरकर ने मंदिर में पूजा की जिम्मेदारी बाल्मिकी समाज के व्यक्ति को दी थी. मेरा मनाना है कि वह बहुत ही प्रगतिशील बात थी."

  4. अफ़ग़ानिस्तान: तीन ब्रितानी नागरिकों को तालिबान ने हिरासत में लिया

    तीन ब्रितानी नागरिकों को तालिबान ने अफ़ग़ानिस्तान में हिरासत में रखा हुआ है. बीबीसी को एक मानवाधिकार कार्यों से जुड़े संगठन ने इसकी जानकारी दी है.

    प्रीसिडियम नेटवर्क के स्कॉट रिचर्ड्स ने उनमें से एक का नाम मिडिल्सब्रा के रहने वाले 53 वर्षीय केविन कॉर्नवेल बताया.

    रिचर्ड्स ने कहा कि केविन और एक अन्य अज्ञात शख्स 11 जनवरी को गिरफ़्तार किये गए थे. वहीं, एक अन्य ब्रिटिश नागरिक को भी अलग तारीख पर हिरासत में लिया गया.

    ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वो इन तीनों लोगों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं.

    प्रीसिडियम नेटवर्क ब्रिटेन का गैर-लाभकारी संगठन है जो हिंसा, ग़रीबी की मार से संकट में घिरे लोगों को मदद करता है.

    रिचर्ड्स ने बताया कि उनका संगठन पेशे से पेरामेडिक कॉर्नवेल और एक अन्य अनाम व्यक्ति का प्रतिनिधित्व कर रहा है, लेकिन तीसरे ब्रिटिश नागरिक का नहीं.

    उन्होंने ये भी बताया कि इन तीनों पर अभी तक औपचारिक तौर पर आरोप नहीं है लेकिन दो लोगों को शायद कॉर्नवेल के कमरे की अलमारी में एक हथियार मिलने पर हिरासत में लिया गया है. कॉर्नवेल का कहना है कि उन्होंने ये हथियार अफ़ग़ानिस्तान के गृह मंत्रालय से मिले लाइसेंस के बाद रखा है.

    उन्होंने कहा, "लाइसेंस गायब है, लेकिन हमने ऐसे कई गवाहों के बयान दर्ज किए हैं, जिन्होंने लाइसेंस देखा है और इसके होने की पुष्टि की है."

    "ये पूरी तरह संभव है कि तलाशी के दौरान लाइसेंस हथियार से अलग हो गया हो और ये सब एक गलतफ़हमी का नतीजा हो."

    तीसरे शख़्स की पहचान माइल्स रॉटलेज के तौर पर हुई है. 23 साल के रॉटलेज बर्मिंगम के रहने वाले हैं और उन्हें अगस्त 2021 में ब्रिटिश सेना ने अफ़ग़ानिस्तान से सुरक्षित बाहर निकाला था.

    रॉटलेज ने ख़तरनाक देशों का दौरा करके और उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर लोगों का ध्यान खींचा था.

    रिचर्ड्स ने स्काई न्यूज़ को बताया, "हमारी जानकारी के मुताबिक़ हमें लगता है कि वो तीनों स्वस्थ हैं और उनके साथ अच्छा बर्ताव किया जा रहा है."

  5. ईरान में दो महिलाओं को बाल न ढंकने पर किया गया गिरफ़्तार, सिर पर फेंका दही

    ईरान में दो महिलाओं पर दही फेंकने के बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया. माना जा रहा है कि महिलाओं के बाल ढंके न होने की वजह से ये गिरफ़्तारी हुई है.

    इस घटना से जुड़े वायरल वीडियो में दो महिला ग्राहकों से एक शख़्स बात करने के लिए आता है और कुछ ही देर में दुकान में रखी दही को गुस्से में दोनों महिलाओं के सिर पर फेंकता है.

    ईरान की न्यायपालिका ने कहा कि दोनों महिलाओं को अपने बाल सार्वजनिक तौर पर दिखाने के लिए हिरासत में लिया गया है, जो ईरान में अवैध है.

    वहीं, दही फेंकने वाले शख़्स को भी सार्वजनिक जगह पर हंगामा करने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

    ईरान में ये गिरफ़्तारी देश में महीनों तक चले हिजाब विरोधी प्रदर्शन के बाद हुई है.

    ईरान की न्यायपालिका ने कहा है कि इस मामले में दुकान के मालिक को भी नोटिस जारी किया गया है ताकि क़ानून का पालन सुनिश्चित किया जा सके.

    ईरान में हिजाब के बिना महिलाओं का बाहर निकलना अवैध है. हालांकि, कुछ बड़े शहरों में इस नियम के बावजूद महिलाएं बिना हिजाब पहने घूमते देखी जा सकती हैं.

    बीते साल सितंबर महीने में 22 साल की महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में हुई मौत के बाद ईरान में हिजाब के ख़िलाफ़ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए थे. ऐसा दावा किया गया कि म्हासा अमीनी को ढंग से हिजाब न पहनने की वजह से हिरासत में लिया गया था.

    हज़ारों प्रदर्शनकारियों को अब तक गिरफ़्तार किया जा चुका है और दिसंबर में चार प्रदर्शनकारियों को फांसी की सज़ा भी दी गई.

  6. नमस्ते!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 01 अप्रैल के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीते कल दिन भर क्या कुछ घटा, एक नज़र उस पर-

    • रामनवमी के मौक़े पर बिहार में कम से कम दो जगह हिंसा की घटना हुई है. एक घटना रोहतास ज़िले के सासाराम में हुई है जबकि दूसरी घटना नालंदा ज़िले के बिहार शरीफ़ में हुई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुःख जताया है और कहा है कि जैसे ही सासाराम हिंसा के बारे में पता चला उसे तुरंत कंट्रोल किया गया था.
    • यूक्रेन की आपत्तियों के बावजूद रूस को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की अध्यक्षता मिल गई है. यूक्रेन ने सदस्य देशों से कहा था कि वो रूस को इसकी अध्यक्षता लेने से रोकें. लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
    • भारत की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने स्पेन मास्टर्स सुपर 300 के फ़ाइनल में जगह बना ली है. सिंधु ने सिंगापुर की खिलाड़ी यो जिया मिन को 24-22, 22-20 से हराया.
    • जेल से रिहा होने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि देश में जब-जब तानाशाही आई है तो एक क्रांति भी आई है और इस बार इस क्रांति का नाम राहुल गांधी है. उन्होंने कहा, ''हम सरकार को हिला कर रख देंगे.''
    • दिल्ली हज कमेटी ने शनिवार को लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना से मिलकर समिति को दफ़्तर की जगह खाली करने के लिए दिए गए नोटिस के मामले में दखल देने की अपील की है.
    • भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक 3 से 5 अप्रैल तक भारत की आधिकारिक दौरे पर होंगे. अपनी यात्रा के दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे.
    • दिल्ली पुलिस ने कंझावला केस में सात अभियुक्तों के ख़िलाफ़ 117 गवाहों के आधार पर 800 पेज का आरोप पत्र दाखिल किया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सात लोगों को गिरफ़्तार किया गया था.