You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस: सेंट पीटर्सबर्ग के कैफ़े में धमाका, मिलिट्री ब्लॉगर की मौत, कई घायल

रूस के गृह मंत्रालय ने ब्लॉगर व्लादलेन ततार्स्की की मौत की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक स्ट्रीट बार कैफ़े में हुए धमाके में कम से कम 16 लोग घायल हुए हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. कहां और क्यों किया जा रहा है गधों का स्वागत?

    हम अक्सर घर आए मेहमानों का स्वागत तिलक के साथ करते हैं.

    लेकिन गुजरात में एक गांव है, जहां लोग तिलक और चुनरी के साथ गधों का स्वागत करते हैं.

    ऐसा क्यों, देखिए बीबीसी के सहयोगी पत्रकार बिपिन टंकारिया की रिपोर्ट.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, #IPL2023 : सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग का फ़ैसला किया

    सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीत कर पहले बोलिंग का फ़ैसला किया है.

    आईपीएल 2023 में रविवार को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुक़ाबला हो रहा है.

    राजस्थान रॉयल्स आईपीएल के पिछले सत्र में उप विजेता रही थी.

    संजू सैमसन की अगुआई में पिछले सत्र में इसने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था.

    पिछले सत्र में हैदराबाद सनराइजर्स का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था.

    2022 में केन विलियमसन की कप्तानी में खेलते हुए ये टीम दस में से आठवें स्थान पर रही थी.

  3. आरसीबी और आईपीएल की कहानी: मज़बूत होने के बावजूद कहां चूक रही है टीम

    रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी आईपीएल के किसी भी सीज़न की सबसे रोमांचक टीमों में से एक है. इसी तरह कई आईपीएल सीज़न में ये टीम सबसे निराश करने वाली टीम भी साबित हुई है.

    हर सीज़न की शुरुआत आरसीबी के प्रमुख खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ़ ताज़ा ऊर्जा और आत्मविश्वास भरे बयानों के साथ करते हैं.

    उनके प्रशंसक मैदान और सोशल मीडिया पर आरसीबी की प्रशंसा करते हैं और उनसे बड़ी उम्मीदें पालते हैं.

    आरसीबी को बढ़ावा देने के लिए उनके प्रशंसक अक्सर कन्नड़ भाषा में 'ई साल कप नामदे' (इस साल कप हमारा है) के स्लोगन लगाते हैं.

  4. छत्तीसगढ़: जशपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव फांसी के फंदे पर लटके पाए गए

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के जशपुर ज़िले में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव फांसी के फंदे पर लटके पाए जाने के बाद सनसनी फैल गई है.

    मृतक विशेष संरक्षित पहाड़ी कोरवा आदिवासी समुदाय के हैं.

    छत्तीसगढ़ में सात ऐसी जनजातियां हैं, जिनकी कम जनसंख्या और विशिष्टता को देखते हुए, उन्हें विशेष संरक्षित जनजाति की श्रेणी में रखा गया है. पहाड़ी कोरवा इसी श्रेणी में शामिल हैं.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार की सुबह बगीचा थाना के सामरबहार डुमराडूमर के रहने वाले राजूराम कोरवा, उनकी पत्नी भिनसारी बाई, चार साल की बेटी देवंती और एक साल के पुत्र देवन के शव, घर से लगे हुए अमरूद के पेड़ में अलग-अलग फंदे में लटके हुए थे.

    सुबह-सुबह ग्रामीणों ने शव को देखने के बाद पुलिस को सूचना दी. आरंभिक तौर पर इसे आत्महत्या से जुड़ा मामला बताया जा रहा है.

    हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है.

    गांव वालों के अनुसार मृतक परिवार मज़दूरी कर के अपना जीवन-यापन करता था.

    कुछ ग्रामीणों का कहना है कि एक दिन पहले महुआ बीनने को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से मृतक का विवाद हुआ था.

    लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि घटना इतनी बड़ी नहीं थी कि जान देने की नौबत आ जाए.

    महत्वपूर्ण जानकारी-

    मानसिक समस्याओं का इलाज दवा और थेरेपी से संभव है. इसके लिए आपको मनोचिकित्सक से मदद लेनी चाहिए, आप इन हेल्पलाइन से भी संपर्क कर सकते हैं-

    समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय की हेल्पलाइन- 1800-599-0019 (13 भाषाओं में उपलब्ध)

    इंस्टीट्यूट ऑफ़ ह्यमूनबिहेवियरएंड एलाइड साइंसेज-9868396824, 9868396841, 011-22574820

    हितगुजहेल्पलाइन, मुंबई- 022- 24131212

    नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंस-080 - 26995000

  5. भारतीय संसद की नई बिल्डिंग अंदर से ऐसी दिखती है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर शाम भारतीय संसद की नई निर्माणाधीन बिल्डिंग का दौरा किया.

    इस मौक़े पर पीएम मोदी के साथ लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला भी मौजूद थे.

    पीएम मोदी ने उन मज़दूरों से भी मुलाक़ात की जो संसद के नए परिसर के निर्माण कार्य में लगे हुए हैं.

  6. आईआईटी मद्रास में पीएचडी छात्र ने व्हाट्सऐप पर 'सॉरी' मेसेज भेजने के बाद आत्महत्या की

      • Author, प्रमीला कृष्णन, बीबीसी संवाददाता, चेन्नई से

    आईआईटी मद्रास के एक 31 वर्षीय पीएचडी छात्र ने चेन्नई के वेलाचेरी में अपने किराए के मकान में बीते शुक्रवार कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. मृतक का नाम सचिन कुमार जैन है, जो पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे.

    चेन्नई सिटी पुलिस ने कुछ मेसेज रिकवर किए हैं जो उन्होंने अपने दोस्तों को व्हाट्सऐप पर भेजे थे. इन मेसेज में सचिन ने कहा था कि वो 'अच्छा नहीं कर पा रहे थे' और इसका उन्हें 'पछतावा' था.

    पुलिस ने बताया कि सचिन अपने दो दोस्तों देवकुश और देवराज के साथ आईआईटी के लिए निकले थे. ये दोनों भी पीएचडी के छात्र हैं. हालांकि, सचिन जल्दी घर लौटे. उन्होंने व्हाट्सऐप पर मेसेज भेजा और फिर आत्महत्या कर ली. सचिन मेकेनिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट से पीएचडी कर रहे थे.

    सचिन के दोस्तों ने एंबुलेंस बुलाई. हालांकि, मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

    सचिन से पहले बीते महीनों में आईआईटी कैंपस में दो अन्य छात्रों ने भी आत्महत्या की थी.

    कई पूर्व और मौजूदा छात्रों ने बीबीसी तमिल को पहचान छिपाए रखने की शर्त पर ये बताया कि आईआईटी मद्रास कैंपस का माहौल दिनोंदिन 'ज़हरीला' होता जा रहा है.

    लेकिन आईआईटी मद्रास ने मार्च महीने में जारी एक बयान में कहा था कि कोरोना के बाद का समय काफ़ी चुनौतीपूर्ण रहा है और संस्थान छात्रों के लिए माहौल को बेहतर बनाने की लगातार कोशिश कर रहा है.

    चेन्नई पुलिस ने बताया कि सचिन के परिवार को सूचित कर दिया गया है और उनका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

  7. यूपी की 'गौरैया वालों की हवेली', जहां बसा है हज़ारों चिड़ियों का कुनबा

    शाम के वक़्त चीं-चीं, चूं-चू करती हज़ारों गौरैयों के शोर के कारण शेख़ जमाल की हवेली के भीतर एक -सी रौनक़ दिखती है.

    छत पर कभी चिड़ियों का झुंड एक तरफ से दूसरी तरफ उड़ता दिखता है तो कभी मुंडेरों पर गौरैयों का झुंड बैठा दिखता है.

    जैसे-जैसे रात गहराती है, आहते में लगे पेड़ों और बेलों पर गौरैयों की संख्या बढ़ती जाती है. और कुछ देर बाद ये चिड़ियां सो जाती हैं और वहां गहरी खामोशी छा जाती है.

    उत्तर प्रदेश के बिजनौर ज़िले के स्योहारा नगरपालिका इलाक़े में है मोहल्ला शेख़ान. इसी मोहल्ले की एक संकरी गली में नवाब शेख़ जमाल और उनके भाइयों की एक हवेली है.

  8. नालंदा और सासाराम की हिंसा पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बोले- ...तो क्या पाकिस्तान में मने रामनवमी

    बिहार के नालंदा और सासाराम में राम नवमी के जुलूस के दौरान छिड़ी हिंसा को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है.

    गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार अब बंगाल के रास्ते पर चल पड़ा है. उन्होंने कहा कि जैसे बंगाल में हिंदुओं में डर का मौहाल है, पलायन हो रहा है, वैसा ही अब बिहार में हो रहा है.

    नालंदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह ज़िला है.

    गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को ये नहीं पता था कि राम नवमी के जुलूस पर पथराव करने की तैयारी पहले से की जा रही है तो वो किस बात के मुख्यमंत्री हैं, उन्हें इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.

    केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मुख्यमंत्री जी आप कह दें कि आप सिर्फ़ मुसलमानों के मुख्यमंत्री हैं, आप कह दें कि हिंदू नालंदा छोड़ दें. वहां आपको वोट देने वाले हिंदू भी हैं. सासाराम में रात में भी ब्लास्ट हुआ है. आख़िर पुलिस क्या कर रही है."

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार की प्रशासन पर पकड़ नहीं है, इसलिए अगर वे नालंदा नहीं बचा पाए, वहां के हिंदुओं को नहीं बचा पाए तो क्या नालंदा के हिंदू सब छोड़कर भाग जाएं? उन्होंने कहा कि अगर राम नवमी नालंदा में न मने तो क्या पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया में मने?

    वहीं, नालंदा ज़िले के बिहार शरीफ़ में शनिवार रात भी झड़प की ख़बरें मिलीं.

    हालांकि, इलाके के ज़िलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि 80 से अधिक लोगों की गिरफ़्तारी की गई है और फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है.

  9. गुजरात के ख़ास टी-स्टॉल को चलाने वाली बेहद ख़ास लड़की की कहानी

    अहमदाबाद की नेहा भट्ट ने एक हादसे में अपना एक पैर खो दिया था. नेहा अब अहमदाबाद में रीवरफ्रंट पर एक टी-स्टॉल चलाती हैं.

    एक सड़क हादसे में अपना एक पैर खो देने के बावजूद नेहा ने हिम्मत नहीं हारी.

    उन्होंने अपने लिए कुछ करने का फ़ैसला किया और ये टी-स्टॉल खोला.

    रिपोर्ट: सागर पटेल, संवाददाता, बीबीसी गुजराती

  10. गुजरात टाइटंस को झटका, केन विलियमसन चोटिल होने के बाद #IPL2023 से बाहर हुए

    चेन्नई सुपरकिंग्स के ख़िलाफ़ मिली जीत के बाद हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस को बड़ा झटका लगा है.

    टीम के स्टार बल्लेबाज़ केन विलियमसन चोट की वजह से पूरे इंडियन प्रीमियर लीग के पूरे सीज़न से बाहर हो गए हैं.

    विलियमसन को चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ मुक़ाबले के दौरान चोट लगी थी, जिसकी वजह से वो बल्लेबाज़ी करने भी नहीं उतरे थे.

    गुजरात टाइटंस ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है.

    टीम ने लिखा है, "हमें ये बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि केन विलियमसन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ओपनिंग मुक़ाबले में चोटिल होने के बाद टाटा आईपीएल 2023 से बाहर हो गए हैं. हम उनके जल्द ठीक होने और वापसी की कामना करते हैं."

    केन विलियमसन चेन्नई सुपरकिंग्स की पारी के 13वें ओवर के दौरान फ़ील्डिंग करते हुए चोटिल हुए थे.

    चोट इतनी ज़्यादा थी कि उन्हें टीम के फ़िज़ियो मैदान से लेकर गए थे.

  11. सलीम दुर्रानी: दर्शकों की मांग पर छक्का जड़ने वाले क्रिकेटर नहीं रहे, 88 साल की उम्र में हुआ निधन

    भारत के पूर्व क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    सलीम दुर्रानी के परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की है और कहा है कि लंबे वक्त से उम्र के कारण होने वाली मुश्किलों से जूझ रहे थे.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने कहा है कि वो लंबे वक्त से बीमारी से जूझ रहे थे.

    क्रिकेट की दुनिया से जुड़े कई जाने-माने लोग सलीम दुर्रानी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है और उन्हें एक महान खिलाड़ी कहा है.

  12. बिहार की स्थिति पर अमित शाह ने जताई चिंता, नवादा में आज करेंगे रैली को संबोधित

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में हुई सांप्रदायिक हिंसा पर रविवार को चिंता जताई और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से राज्य की स्थिति के बारे में बात की.

    गृह मंत्रालय ने बिहार सरकार को अतिरिक्त पैरामिलिट्री फोर्सेज भेजने का फ़ैसला किया है ताकि हिंसा पर काबू पाने के लिए उनका इस्तेमाल किया जा सके.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार सरकार के आग्रह के बाद अतिरिक्त अर्धसैनिक बल भेजे जाएंगे. माना जा रहा है कि गवर्नर ने अमित शाह को राज्य की स्थिति से अवगत कराया है.

    बिहार के सासाराम और बिहारशरीफ़ शहर में रामनवमी के दौरान हिंसा भड़क गई थी. शनिवार तक बिहार पुलिस ने दोनों शहरों में 45 लोगों को इस सिलसिले में हिरासत में लिया था.

    सासाराम में ज़िला प्रशासन शुक्रवार दोपहर को हुई हिंसा के बाद निषेधाज्ञा लागू कर दी थी. गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अपना सासाराम दौरा रद्द कर दिया.

    बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार सरकार को सासाराम का कार्यक्रम रद्द करने के लिए जिम्मेदार ठहराया. वहां सम्राट अशोक की जयंती पर बीजेपी का एक कार्यक्रम प्रस्तावित था.

    हालांकि नवादा के हिसुआ में रविवार दोपहर को अमित शाह की एक रैली है जिसे वे संबोधित करेंगे.

    इस बीच सासाराम में हुई एक विस्फोट की घटना पर ज़िलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "रात 8-8:30 बजे सूचना मिली थी कि एक समुदाय के लोगों द्वारा एक समुदाय के धार्मिक स्थल पर विस्फोटक फेंका गया, जिसमें 6 लोग घायल हुए."

    "जांच में पता चला कि बगल के कमरे में रखे विस्फोटक को गलत तरह से रखा था. एफएसएल की टीम ने भी इसकी सत्यता की है. हमने फोर्स तैनात की है. लोगों अफवाहों पर ध्यान न दें."

    रोहतास के एसपी विनीत कुमार ने बताया, "हमने अब तक करीब 32 लोगों को गिरफ़्तार किया है. हम टीम बनाकर छापेमारी कर रहे हैं."

    "हम वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज का सत्यापन करते हुए गिरफ़्तारियां कर रहे हैं. दंगाईयों के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई करेंगे. संवेदनशील जगाहों पर फोर्स तैनात की है. विश्वास बहाली के लिए फ्लैग मार्च कर रहे हैं."

  13. भारत-मलेशिया के बीच अब डॉलर नहीं, भारतीय मुद्रा में भी हो सकेगा व्यापार

    भारत और मलेशिया के बीच होने वाले व्यापार पर वैश्विक हलचल का असर न पड़े, इसके लिए दोनों के बीच व्यापार अब अमेरिकी डॉलर की बजाय भारतीय मुद्रा में भी हो सकेगा.

    द हिंदूमें छपी एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और मलेशिया के बीच भारतीय मुद्रा में व्यापार करने को लेकर अहम सहमति बन गई है.

    अख़बार लिखता है कि ये घोषणा ऐसे वक्त की गई है जब अधिकारी कोशिश कर रहे हैं कि रूस यूक्रेन युद्ध का असर दोनों मुल्कों के व्यापार पर न पड़े.

    वैश्विक व्यापार के लिए रिज़र्व करेंसी के रूप में अधिकतर अमेरिकी डॉलर का इस्तेमाल किया जाता है. डॉलर छोड़ कर अपनी मुद्रा में व्यापार करने के भारत के इस कदम को अंतरराष्ट्रीय व्यापार में डॉलर का इस्तेमाल कम करने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है.

  14. सलीम दुर्रानी के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, बताया गुजरात से रिश्ता

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी के निधन पर शोक ज़ाहिर किया है. पीएम मोदी ने कहा कि दुर्रानी ने विश्व क्रिकेट के भारत को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया.

    सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में रविवार को निधन हो गया.

    पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "सलीम दुर्रानी महान क्रिकेटर थे, वो ख़ुद में एक संस्था थे. उन्होंने विश्व क्रिकेट में भारत को आगे बढ़ाने में अहम किरदार निभाया. मैदान हो या फिर बाहर, वो अपने स्टाइल के लिए जाने जाते थे. उनके निधन से दुखी हूं. उनके परिवार और दोस्तो के प्रति संवेदनाएं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे."

    पीएम मोदी ने सलीम दुर्रानी के गुजरात से कनेक्शन का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने लिखा है, "सलीम दुर्रानी जी का गुजरात से बहुत पुराना और मज़बूत रिश्ता है. उन्होंने कुछ सालों तक सौराष्ट्र और गुजरात के लिए खेला. उन्होंने गुजरात को अपना घर भी बनाया. मुझे उनके बात करने का मौका मिला और मैं उनकी बहुमुखी प्रतिभा से काफ़ी प्रभावित हुआ. उनकी कमी निश्चित तौर पर खलेगी."

  15. पेगासस के बजाय एक नया स्पाईवेयर खरीदेगी सरकार, 12 करोड़ डॉलर का बजट

    भारत सरकार एक नया स्पाईवेयर सिस्टम खरीदने की तैयारी में है जिसके लिए बातचीत आगे के स्तर तक पहुंच गई है.

    ये ख़बर अंग्रेज़ी अख़बारद इंडियन एक्सप्रेसने अपने पहले पन्ने पर दी है. अख़बार ने ये ख़बर ब्रितानी अख़बार फ़ाइनेंशियल टाइम्स (एफ़टी) के हावले से दी है.

    ख़बर के मुताबिक भारत सरकार विवादित पेगासस स्पाईवेयर की बजाय अब एक हल्के प्रोफ़ाइल वाला स्पाईवेयर सिस्टम खरीदना चाहती है. इसके लिए 12 करोड़ डॉलर (करीब नौ अरब 86 करोड़) तक का बजट रखा गया है.

    एफ़टी के हवाले से अख़बार ने लिखा है कि सरकारी अधिकारी ऐसा स्पाईवेयर सिस्टम खरीदना चाहते हैं जिसका इस्तेमाल अन्य जगहों पर पेगासस के मुक़ाबले कम हुआ हो. पेगासस इसराइल के एनएसओ ग्रुप का स्पाईवेयर सिस्टम है.

  16. पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता राजू झा की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने क्या बताया?

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान ज़िले में बीजेपी नेता और कोयला कारोबारी राजू झा की दिन दहाड़े हत्या कर दी गई.

    पुलिस ने हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई नीले रंग की कार को रविवार सुबह बरामद कर लिया है.

    हालांकि गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट फर्जी है. दावा किया जा रहा है कि राजू झा पर फायरिंग करने वाले इसी गाड़ी में सवार थे. एक पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी.

    शनिवार रात करीब आठ बजे हाईवे के किनारे स्थित शक्तिगढ़ में नीले रंग की कार में सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने राजू झा पर फायरिंग की थी.

    इससे ड्राइविंग सीट पर बैठे राजू और उनके एक सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए.

    अस्पताल ले जाने पर राजू झा को मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस का अनुमान है कि उसके बाद हमलावर कार को वहीं छोड़ कर फ़रार हो गए.

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राजू की कार शक्तिगढ़ में एक मिठाई दुकान के सामने खड़ी थी.

    उसी समय नीले रंग की कार में सवार लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और उसके बाद तेज़ी से कोलकाता की ओर रवाना हो गए.

    पुलिस ने बताया कि हमले के बाद उसमें सवार अभियुक्त कार को वहीं छोड़ कर शायद ट्रेन के जरिए कोलकाता रवाना हो गए. पहले वS लोग हत्या के बाद सड़क मार्ग से ही कोलकाता जाने वाले थे. लेकिन शायद जगह-जगह नाका चेकिंग के कारण उन लोगों ने अपना इरादा बदल दिया.

    पुलिस के अनुसार ये गाड़ी आज सुबह स्टेशन के रास्ते पर लावारित हालत में खड़ी मिली.

    पुलिस ने कार में से शराब की कई बोतलें भी बरामद की हैं. पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है.

    इस बीच, तृणमूल कांग्रेस विधायक बाबुल सुप्रियो ने अब पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर निशाना साधते हुए कहा है कि राजू के कारण ही पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ उनका (बाबुल का) मतभेद शुरू हुआ था.

    उन्होंने दावा किया है कि दिलीप और कैलाश विजयवर्गीय ही राजू को पार्टी में ले आए थे.

  17. ऋषभ पंत का 'साथ' भी नहीं आया काम, मार्क वुड की रफ्तार से सिमटी दिल्ली की आधी टीम

    आईपीएल-16 के अपने पहले मैच की पहली गेंद फेंके जाने के ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स ने ऑफ़िशयल ट्विटर हैंडल से एक तस्वीरट्वीटकी.

    ये तस्वीर एक जर्सी की थी. 17 नंबर वाली उस जर्सी पर लिखा था 'ऋषभ'.

    तस्वीर का कैप्शन था, "हमेशा हमारे डगआउट में हो. हमेशा हमारी टीम में हो."

    दिल्ली कैपिटल्स के लिए 17 नंबर की ये जर्सी ऋषभ पंत पहनते हैं. बीते साल सड़क हादसे में चोटिल हुए पंत अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और फिलहाल टीम का हिस्सा नहीं हैं.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में 184 दिनों बाद कोरोना के सबसे अधिक मामले, दिल्ली में रिकॉर्ड केस दर्ज

    भारत में शनिवार को कोरोना वायरस के कुल 3 हज़ार 824 नए मामले सामने आए हैं. ये बीते 184 दिनों में सर्वाधिक हैं.

    वहीं, राजधानी दिल्ली में भी सात महीने बाद एक दिन में सबसे अधिक 416 नए केस दर्ज किए हैं.

    दिल्ली में संक्रमण दर भी बढ़कर 14.37 फ़ीसदी पहुंच गई है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार फिलहाल भारत में कोरोना संक्रमण के 18 हज़ार 389 एक्टिव केस हैं.

    वहीं, कोरोना से ठीक होने वालों की दर 98.77 फ़ीसदी है.

  19. बिहार शरीफ़ में शनिवार रात भी जारी रही हिंसा, कई जगह हुई गोलीबारी

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से

    बिहार में राम नवमी के मौक़े पर शुरू हुई हिंसा शनिवार रात भी जारी रही. नालंदा ज़िले के बिहार शरीफ़ में शनिवार रात कई जगहों पर गोलीबारी और हिंसा हुई है.

    नालंदा के पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा ने बीबीसी को बताया है कि अभी हालात नियंत्रण में हैं, रात में कई जगहों पर हिंसा की घटना हुई है. पुलिस ने उन जगहों पर पहुंचकर हालात को काब़ू में किया है.

    अशोक मिश्र के मुताबिक़ अभी फिलहाल बिहार शरीफ़ में बीएसएफ़ की चार कंपनियां तैनात की गई हैं, जबकि पैरामिलिट्री की दो कंपनियां भी तैनात की गई हैं.

    नालंदा के ज़िलाधिकारी शशांक शुभंकर के मुताबिक़ इस हिंसा में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए पटना रेफ़र किया गया था जिसकी मौत हो गई है. नालंदा में हिंसा फ़ैलाने के आरोप में शनिवार रात 80 से ज़्यादा लोगों की गिरफ़्तारी भी हुई है.

    इस बीच ज़िला प्रशासन ने शहर के सभी 51 वार्ड की बैठक भी बुलाई है ताकि शांति व्यवस्था बहाल की जा सके. नालंदा डीएम के मुताबिक़ बिहार शरीफ़ में फ़िलहाल हालात नियंत्रण में हैं.

    वहीं सासाराम में हिंसा के डर से लोगों के पलायन की ख़बर को पुलिस ने पूरी तरह से ग़लत बताया है.

    पुलिस ने दावा किया है कि सासाराम में हालात पूरी तरह से काब़ू में हैं लोगों को अफ़वाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए.

    सासाराम में भी रामनवमी के मौक़े पर हिंसा और दो समुदायों के बीच पत्थरबाज़ी हुई थी.

    यहां रविवार यानी 2 अप्रैल को गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा होनी ती जिसे रद्द कर दिया गया.

    बीजेपी ने आरोप लगाया है कि अमित शाह की रैली के डर से यहां धारा 144 लगाई गई है. वहीं, रोहतास के ज़िलाधिकारी ने बीबीसी को बताया था कि ज़िले में कहीं भी धारा 144 नहीं लगाई गई है.

  20. उद्धव ठाकरे को 'तमाचा' मारने वाले विवादित बयान पर केंद्रीय मंत्री नारायण राणे बरी

    केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता नारायण राणे को महाराष्ट्र के रायगढ़ की एक अदालत ने उद्धव ठाकरे को लेकर दिए उनके विवादित बयान से जुड़े केस में बरी कर दिया है.

    राणे के ख़िलाफ़ साल 2021 में रायगढ़ के महाड में एफ़आईआर दर्ज की गई थी. राणे को उनके बयान के लिए रत्नागिरी ज़िले से गिरफ़्तार भी किया गया था. नारायण राणे ने उस समय जन आशीर्वाद यात्रा निकाली थी. उस दौरान उन्होंने उद्धव ठाकरे को 'थप्पड़ मारने' की बात कही थी.

    बाद में राणे को कोर्ट से बेल मिल गई थी.

    अब शनिवार को रायगढ़ की मैजिस्ट्रेट कोर्ट ने नारायण राणे को सभी आरोपों से बरी कर दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार राणे के वकील ने कोर्ट में दलील दी, "नारायण राणे ने तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आचरण पर बयान दिया था. उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया जिससे दो अलग समुदायों के बीच धर्म, नस्ल, जन्मस्थान, निवास, भाषा, जाति या अन्य आधार पर शत्रुता बढ़े. ये केस राजनीति से प्रेरित है."

    अपने विवादित बयान की वजह से राणे के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र में चार एफ़आईआर दर्ज कराई गई थीं.

    केंद्रीय मंत्री ने उस समय कहा था, "ये शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री (उस समय उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के सीएम थे) को आज़ादी का साल नहीं पता. वो अपने भाषण के दौरान ये पूछने के लिए मुड़े कि आज़ादी को कितने साल हो गए हैं. अगर मैं वहां होता, तो उन्हें ज़ोरदार तमाचा मार देता."

    राणे ने ये दावा किया था कि उद्धव ठाकरे 15 अगस्त को दिए अपने भाषण में आज़ादी का वर्ष भूल गए थे.

    बाद में राणे ने अपने बयान का बचाव ये कहते हुए किया था कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है.

    उद्धव ठाकरे नवंबर 2019 से जून 2022 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे.