You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वकील ने कहा, हथकड़ी में अदालत नहीं जाएंगे ट्रंप, जानिए और आज क्या-क्या हुआ?

इस मामले पर डेमोक्रेटिक पार्टी की सीनेटर एलिज़ाबेथ वारेन ने कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और यह पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी लागू होता है.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and शुभम किशोर

  1. कानपुर: कपड़ा मार्केट में लगी भीषण आग, सेना से मांगी गई मदद

    अरुण अग्रवाल, कानपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तर प्रदेश के कानपुर की बांसमंडी स्थित कपड़ा मार्केट में शॉर्ट सर्किट के बाद भीषण आग लग गई.

    एआर टावर में लगी आग ने तेज़ी से पूरे कपड़ा मार्केट को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे एआर टावर, मसूद कॉम्प्लेक्स और नफ़ीस टावर की लगभग सभी दुकानें जलकर राख हो गई हैं.

    कानपुर, उन्नाव और लखनऊ समेत कई ज़िलों की 50 से ज़्यादा फ़ायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं. सेना से भी मदद मांगी गई है.

    कानपुर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने बताया, “आग बुझाने की कोशिश की जा रही है.तेज़ हवा के कारण आग बढ़ती जा रही है. हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द आग पर काबू पा लिया जाए.”

    कैसे लगी दुकानों में आग?

    कानपुर व्यापार मंडल कपड़ा बाजार के अध्यक्ष गुरविंदर सिंह कहते हैं, “रात क़रीब 1 बजे बांसमंडी स्थित हमराज कॉम्प्लेक्स के एआर टावर में शॉर्ट सर्किट से दुकानों के बाहर रखे सामान में आग लग गई. तेज़ हवाओं के कारण आग ने पल भर में ही कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद बगल वाले मसूद टावर और फिर मसूद कॉम्प्लेक्स-2 और फिर हमराज कॉम्प्लेक्स तक आग फैल गई.”

    ख़बर को लिखे जाते वक़्त तक, दुकानों में लगी आग को बुझाने में कानपुर, उन्नाव और लखनऊ समेत कई ज़िलों की 50 से ज़्यादा फ़ायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगी हैं.

  2. भारतीय संसद की नई बिल्डिंग अंदर से ऐसी दिखती है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर शाम भारतीय संसद की नई निर्माणाधीन बिल्डिंग का दौरा किया.

    इस मौक़े पर पीएम मोदी के साथ लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला भी मौजूद थे. पीएम मोदी ने उन मज़दूरों से भी मुलाक़ात की जो संसद के नए परिसर के निर्माण कार्य में लगे हुए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, पीएम मोदी ने नई संसद परिसर में क़रीब एक घंटे का वक़्त बिताया.

    नई संसद बनाया जाना सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का हिस्सा है. संसद की नई इमारत को बनाने में क़रीब 971 करोड़ रुपये ख़र्च होंगे. नई संसद की इमारत में 1200 से ज़्यादा सांसद और उनके स्टाफ़ एक साथ बैठ सकेंगे.

    सेंट्रल विस्टा राजपथ के क़रीब दोनों तरफ़ के इलाक़े को कहते हैं जिसमें राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट के क़रीब प्रिंसेस पार्क का इलाक़ा भी शामिल है.

    सेंट्रल विस्टा के तहत राष्ट्रपति भवन, संसद, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, उपराष्ट्रपति का घर भी आता है.

    अब आप देखिए संसद के नए परिसर की तस्वीरें...

  3. पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर मंडराया गिरफ़्तारी का ख़तरा

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आने वाले दिनों में गिरफ़्तारी हो सकती है. पोर्न स्टार मामले में ट्रंप पर मुक़दमा चलेगा.

    ये मुक़दमा 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को भुगतान किए जाने के मामले में चलेगा.

    इस मुक़दमे में ट्रंप किन आरोपों का सामना करेंगे, इसकी जानकारी फ़िलहाल नहीं दी गई है.ट्रंप पर मुक़दमा चलने का रास्ता ज्यूरी की वोटिंग के बाद संभव हुआ है.

    76 साल के ट्रंप इस मामले में ख़ुद पर लगते आरोपों को ख़ारिज करते रहे हैं. ट्रंप पहले ऐसे अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, जिनके ख़िलाफ़ आपराधिक मुक़दमा चलेगा.

    ट्रंप फ़्लोरिडा में रहते हैं और माना जा रहा है कि कोर्ट में पहली सुनवाई के लिए वो कोर्ट आ सकते हैं.

    ट्रंप की डिफेंस टीम के मुताबिक़, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति अगले हफ़्ते सरेंडर कर सकते हैं.

    अमेरिका की सीक्रेट सर्विस को कोर्ट में ट्रंप की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी मिली है.

    क्या है मामला?

    जनवरी 2018 में अमेरिकी अख़बार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक लेख प्रकाशित किया था. इसमें दावा किया गया कि राष्ट्रपति ट्रंप के तत्कालीन वकील माइकल कोहेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से एक महीने पहले अक्टूबर 2016 में पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को 1 लाख 30 हज़ार डॉलर का भुगतान किया था.

    जर्नल के मुताबिक़, यह पैसा उस समझौते के तहत दिया गया था जिसके मुताबिक़ उन्हें ट्रंप के साथ अपने अफ़ेयर की बात सार्वजनिक नहीं करनी थी.

    क़ानूनी तौर पर यह भुगतान अवैध नहीं था. लेकिन जब ट्रंप ने कोहेन को भुगतान किया तो उसे लीगल फ़ीस के रूप में दर्ज किया.

    न्यूयार्क प्रशासन के वकीलों के मुताबिक़, यह ट्रंप की ओर से अपने दस्तावेज़ों के साथ हेरफेर करने का मामला है जो कि न्यूयॉर्क में एक आपराधिक कृत्य है.

    सरकारी वकील इस मामले में ट्रंप पर चुनाव से जुड़े नियमों के उल्लंघन का आरोप भी लगा सकते हैं. क्योंकि ट्रंप की ओर से स्टॉर्मी डेनियल्स को किए गए भुगतान को छिपाने की कोशिश इसलिए की गई थी ताकि वह मतदाताओं से अपने और डेनियल्स के बीच रिश्ते को छिपा सकें.

  4. नमस्ते

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 30 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.