You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका में सेना के दो हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, नौ की मौत

अमेरिका के केंटकी राज्य में बुधवार रात अमेरिकी सेना के दो हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and शुभम किशोर

  1. बिहार: चेकिंग के दौरान युवक को गोली मारने वाला एएसआई गिरफ़्तार

      • Author, चंदन कुमार जाजवड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    बिहार के जहानाबाद में मंगलवार सुबह वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को गोली मार दी थी.

    जहानाबाद एसपी के मुताबिक़ उन्होंने शुरुआती जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरी चेकिंग टीम को सस्पेंड कर दिया है, जबकि गोली चलाने वाले एएसआई को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    आरोपों के मुताबिक़ मंगलवार सुबह बिना हेलमेट लगाए बाइक चला रहे सुधीर नाम के एक युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की.

    इसी में पुलिस ने उन पर गोली चला दी.

    जहानाबाद एसपी के मुताबिक़ युवक ख़तरे से बाहर है.

    जहानाबाद एसपी दीपक रंजन ने बताया है कि पुलिस को इलाक़े में अवैध शराब की सूचना मिली थी जिसके बाद वाहनों की तलाशी ली जा रही थी. इसी दौरान ज़िले के ओकरी ओपी थाना इलाक़े में सुधीर कुमार ने पुलिसवालों को देखकर भागने की कोशिश की और पुलिस ने गोली चला दी थी.

  2. जूते पेंट कर लाखों कमाने वाली लड़की

    हरियाणा के सोनीपत में रहने वाली प्रतिभा अंतिल जूते पेंट करती हैं.

    उन्होंने कोरोना लॉकडाउन में ये बिज़नेस शुरू किया था और अब इससे लाखों कमा रही हैं.

    इस बिजनेस ने कई और लोगों को भी रोज़गार दिया है. देखिए, प्रतिभा की सक्सेस स्टोरी.

  3. सलमान ख़ान को बॉम्बे हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत, क्या है मामला

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को बॉलीवुड एक्टर सलमान ख़ान को बड़ी राहत देते हुए उनके ख़िलाफ़ एक पत्रकार की शिकायत पर दर्ज़ आपराधिक केस को ख़ारिज कर दिया है.

    सलमान ख़ान के वकील आबाद पोंडा ने बीबीसी को बताया कि साल 2019 में एक पत्रकार ने सलमान ख़ान के ख़िलाफ़ धमकी देने का केस दर्ज़ कराया था.

    उन्होंने बताया, "मैं अपने क्लाइंट के लिए खुश हूं. बॉम्बे हाई कोर्ट ने उन्हें राहत दी है और उनके ख़िलाफ़ चल रहे मुक़दमे को ख़ारिज कर दिया है."

    बॉम्बे हाई कोर्ट की जस्टिस डांगरे की बेंच ने गुरुवार को ये फ़ैसला सुनाया.

    शिकायतकर्ता पत्रकार का आरोप है कि साल 2019 में सलमान ख़ान से उस वक़्त उनका झगड़ा हुआ जब सलमान सड़क पर साइकिल चला रहे थे.

    उन्होंने अपनी शिकायत में ये भी दावा किया था कि सलमान ख़ान ने उनका फोन छीन लिया था.

    ये मामला पहले डीएन नगर पुलिस स्टेशन पहुंचा और फिर वहां से मैजिस्ट्रेट कोर्ट.

    अदालत ने कहा कि सलमान ख़ान के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्यवाही के लिए पर्याप्त आधार है.

    इसी सिलसिले में उनके ख़िलाफ़ समन ऑर्डर जारी किया था जिसे सलमान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी थी.

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस केस में पिछले साल के अप्रैल में स्टे ऑर्डर दे दिया था.

    सलमान ख़ान ने अपनी याचिका में केस ख़त्म किए जाने की भी मांग की थी जिसे आज हाई कोर्ट ने मंजूर कर लिया.

    सलमान ख़ान के वकील ने बताया कि सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा कि अभिनेता ने केवल अपने बॉडीगार्ड को उनकी फोटो/वीडियो खींचने से मना किया था.

  4. बिलकिस गैंगरेप के दोषी मंच पर आसीन, आयोजक बोले- हमें नहीं पता

    ''सामूहिक बलात्कार और हत्या जैसे गंभीर आरोपों के दोषी लोग अगर सत्ताधारी पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ मंच साझा करते हैं तो ये देखकर डर लगता है.''

    गुजरात के 2002 दंगों के दौरान सामूहिक बलात्कार की शिकार हुई बिलकिस बानो अपनी निराशा और डर का इज़हार करती हैं. पिछले सप्ताह दाहोद के सांसद जसवंतसिंह भाभोर की एक फ़ेसबुक पोस्ट में लगी तस्वीरें देखकर बिलकिस को धक्का लगा.

    जसवंतसिंह भाभोर ने राज्य के जल संसाधन विभाग की ओर से 25 मार्च, 2023 को दाहोद ज़िले की लिमखेड़ा तहसील के सिंगवाड़ गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के बारे में यह पोस्ट किया था.

    इस पोस्ट में लगी तस्वीरों में बिलकिस बानो सामूहिक बलात्कार कांड के एक दोषी शैलेश भट्ट, दाहोद के सांसद जसवंतसिंह भाभोर और लिमखेड़ा के विधायक शैलेश भाभोर के साथ मंच की सबसे अगली क़तार में बैठे दिख रहे थे.

  5. राहुल गांधी पर जर्मनी की टिप्पणी से ख़ुश दिग्विजय सिंह को किरेन रिजिजू ने दिया ये जवाब

    जर्मनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर पहली बार सार्वजनिक रूप से बयान दिया है. इससे पहले अमेरिका भी इस मामले में टिप्पणी कर चुका है.

    जर्मन समाचार प्रसारक डी डब्ल्यू पर जारी वीडियो के मुताबिक़, जर्मनी के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा है कि जर्मनी ने इस मामले का संज्ञान लिया है.

    उन्होंने कहा, "हमारी जानकारी के मुताबिक़, राहुल गांधी के पास इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने का अधिकार है. इससे स्पष्ट हो जाएगा कि ये फ़ैसला टिकेगा या नहीं. या उनकी संसद सदस्यता रद्द होने का कोई आधार था अथवा नहीं."

    "हमें इस बात की अपेक्षा है कि राहुल गांधी के मामले में न्यायपालिका की स्वतंत्रता और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों से जुड़े मानक लागू होंगे."

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया करते हुए जर्मनी की विदेश मंत्री का शुक्रिया अदा दिया है.

    सिंह ने कहा है, "जर्मनी के विदेश मंत्रालय और रिचर्ड वॉकर का शुक्रिया...आपने ये बात संज्ञान में ली कि राहुल गांधी के ख़िलाफ़ कार्रवाई करके किस तरह भारत में लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है."

    वहीं,केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने दिग्विजय सिंह के ट्वीट की आलोचना करते हुए कहा है -

    "भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप देने के लिए विदेशी शक्तियों को आमंत्रित करने के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद. याद रखें, भारतीय न्यायपालिका विदेशी हस्तक्षेप से प्रभावित नहीं हो सकती. भारत अब विदेशी प्रभाव को बर्दाश्त नहीं करेगा क्योंकि हमारे प्रधानमंत्री - नरेंद्र मोदी हैं."

  6. नितिन गडकरी: 'नई बीजेपी' में अनफ़िट या कुछ और है उनके ताज़ा बयान के पीछे की कहानी

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के एक बयान को लेकर इन दिनों ख़ूब चर्चा है. माना जा रहा है कि अपने बयान से उन्होंने राजनीति छोड़ने के संकेत दिए हैं.

    दरअसल बीते रविवार को नितिन गडकरी ने नागपुर में एक समारोह में कहा, "मैं देश में जैव ईंधन और वॉटरशेड संरक्षण सहित कई प्रयोग कर रहा हूं. अगर लोग इन्हें पसंद करते हैं तो ठीक है... नहीं तो मुझे वोट मत दें. मैं पॉपुलर पॉलिटिक्स के लिए ज़्यादा मक्खन लगाने को तैयार नहीं हूं."

    ये पहली बार नहीं है जब नितिन गडकरी के बयानों की चर्चा हो रही है. इससे पहले जुलाई 2022 में भी उन्होंने ऐसा ही एक बयान दिया था और राजनीतिक हलकों में ये अटकलें तेज़ हो गई थीं कि क्या गडकरी राजनीति छोड़ने की सोच रहे हैं?

    तब उन्होंने कहा था, "हमें राजनीति का मतलब समझने की ज़रूरत है. क्या ये समाज की भलाई के लिए है या सरकार में बने रहने के लिए? राजनीति महात्मा गांधी के ज़माने से एक सामाजिक आंदोलन का हिस्सा रही है.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, अमेरिका में आर्मी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, कई लोगों के हताहत होने की आशंका

    अमेरिका के केंटुकी प्रांत के ट्रिग काउंटी में आर्मी का एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है जिसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है.

    केंटुकी के गवर्नर एंडी बीशियर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि ये एक बुरी ख़बर है जिसमें लोगों के मारे जाने की संभावना है.

    स्थानीय न्यूज़ रिपोर्टों में कहा गया है कि ये घटना स्थानीय समयानुसार 21:35 बजे हुई जिसमें नौ लोग मारे गए हैं.

    स्थानीय मिलिट्री ने भी इसकी पुष्टि की है कि उनके हेलीकॉप्टर्स दुर्घटना में शामिल हैं.

    फोर्ट कैम्पबेल मिलिट्री बेस के प्रवक्ता ने बीबीसी को दिए बयान में कहा है कि दो एचएच60 ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर्स एक रूटीन ट्रेनिंग मिशन के दौरान क्रैश कर गए.

    उन्होंने बताया कि चालक दल के सदस्यों की स्थिति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है.

  8. राहुल गांधी के ख़िलाफ़ ब्रितानी अदालत में केस दायर करूंगा: ललित मोदी

    ललित मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ख़िलाफ़ ब्रिटेन की अदालत में केस करने की घोषणा की है.

    अपने ट्विटर अकाउंट पर एक के बाद एक ट्वीट करते हुए उन्होंने सवाल किया है कि उन्हें किस आधार पर भगोड़ा कहा गया.

    उन्होंने लिखा है, "मैं देखता हूं कि कोई भी टॉम, डिक और गांधी परिवार से जुड़े लोग बार-बार मुझे भगोड़ा कहते हैं... क्यों? कैसे? मुझे कब इस मामले में दोषी करार दिया गया..."

    इसके बाद उन्होंने लिखा "मैंने राहुल गांधी के ख़िलाफ़ ब्रितानी अदालत में केस दायर करने का फ़ैसला किया है. मैं इस चीज़ को लेकर निश्चिंत हूं कि उन्हें मज़बूत सबूत पेश करने होंगे."

    अब से कुछ दिनों पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट करके ललित मोदी पर आरोप लगाए थे.

    राहुल गांधी भी लगातार कई मौकों पर ललित मोदी का नाम लेकर बीजेपी पर आरोप लगाते रहे हैं.

  9. चीन की चेतावनी के बीच अमेरिका पहुंची ताइवान की राष्ट्रपति

    ताइवान की राष्ट्रपति साइ इंग-वेन चीन की आलोचना के बीच अमेरिकी प्रांत न्यू यॉर्क पहुंच गयी हैं.

    चीन ने इस मामले में अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा था कि इस दौरे के परिणाम बेहद गंभीर होंगे.

    साइ इंग-वेन इस समय पर अपने सेंट्रल अमेरिका दौरे पर हैं. इस दौरे के बीच ही वह न्यू यॉर्क पहुंची है.

    अपने दौरे के अंतिम पड़ाव में वह अमेरिकी संसद की प्रतिनिधिसभा के अध्यक्ष केविन मेक्कार्थी से मिल सकती हैं.

    चीन ने इस तरह की बैठक की निंदा करते हुए कहा है कि अगर ये बैठक होती है तो इससे गंभीर टकराव हो सकते हैं.

    अमेरिका ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि चीन को साइ के दौरे को लेकर प्रतिक्रिया ज़रूरत से ज़्यादा है.

  10. क़ानून मंत्री रिजिजू के 'एंटी इंडिया गैंग' वाले बयान के विरोध में आए 300 से ज़्यादा वकील

    सुप्रीम कोर्ट और कई हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकीलों ने एक साझा बयान जारी कर क़ानून मंत्री किरेन रिजिजू के उस बयान की कड़ी आलोचना की है जिसमें उन्होंने कहा था कि कुछ रिटायर्ड जज "एंटी इंडिया गैंग" का हिस्सा बन गए हैं.

    कई अख़बारों ने इस ख़बर को अपने पहले पन्ने पर जगह दी है.

    टाइम्स ऑफ़ इंडिया लिखता है कि 323 वकीलों ने एक साझा बयान में कहा है कि सरकार की आलोचना किसी सूरत में न तो देश की आलोचना होती है और न ही देश विरोधी होती है.

    बयान में वकीलों ने कहा कि क़ानून मंत्री रिटार्यड जजों को धमकी दे कर नागरिकों को ये संदेश देना चाहते हैं कि आलोचना की किसी भी आवाज़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने क़ानून मंत्री से अपना बयान वापस लेने को कहा है.

    अख़बार के अनुसार वकीलों ने साझा बयान में कहा, "हम क़ानून मंत्री के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. मंत्री से इस तरह के दादागिरी भरे बयान की उम्मीद नहीं थी.

    हम क़ानून मंत्री को ये याद दिलाना चाहते हैं कि न तो सरकार राष्ट्र है और न ही राष्ट्र सरकार है. अपने अनुभव पर आधारित पर दी गई पूर्व जजों और ज़िम्मेदार लोगों की राय भले की सत्ताधारी राजनीतिक पार्टी को पसंद न आए, लेकिन क़ानून मंत्री को ये अधिकार नहीं कि वो इस पर अपमानजनक टिप्पणी करें."

    द हिंदू के मुताबिक़ बयान में वकीलों ने कहा है, "क़ानून और न्याय मंत्री होने के नाते उनका फ़र्ज़ है कि वो न्याय व्यवस्था की, न्यायपालिका और जजों की रक्षा करें. वो किसी रिटायर्ड जज को केवल इसलिए अलग-थलग करें क्योंकि वो उनकी राय से इत्तेफ़ाक़ नहीं रखते और सार्वजनिक तौर पर उनके ख़िलाफ़ क़दम उठाने की धमकी दें, ये उनका कर्तव्य नहीं है."

    इसी ख़बर पर हिंदुस्तान टाइम्स ने लिखा कि ये साझा बयान 18 मार्च को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में किरेन रिजिजू के दिए एक बयान पर आया था.

    उन्होंने कहा था, "कुछ रिटायर्ड जज हैं जो एंटी इंडिया ग्रुप का हिस्सा बन गए हैं. ये लोग कोशिश कर रहे हैं भारतीय न्यायपालिका विपक्ष की भूमिका निभाए."

    एक सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि "इसके ख़िलाफ़ एजेंसियां क़ानून के दायरे में रहकर क़दम उठाएंगी. जो लोग देश के ख़िलाफ़ काम करेंगे उन्हें उसकी क़ीमत चुकानी होगी."

  11. परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा शादी की अफ़वाहों के बीच दिल्ली एयरपोर्ट पर दिखे

    बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा बुधवार शाम दिल्ली एयरपोर्ट पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के साथ नज़र आईं.

    पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनके बीच रिश्ते और शादी से जुड़ी अफ़वाहों का बाज़ार गर्म है.

    हालांकि, दोनों ने अब तक इस बारे में खुलकर कोई बयान नहीं दिया है.

    राघव चड्ढा से हाल ही में जब संसद परिसर में एक पत्रकार ने परिणीति से जुड़ा सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि ‘आप राजनीति पर सवाल करिए, परिणीति पर नहीं.’

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा बीती रात पत्रकारों और फ़ोटोग्राफ़र्स से बचते हुए तेज़ी से गाड़ी के अंदर जाते देखे गए थे.

  12. जयशंकर ने कहा, 'नेबरहुड फर्स्ट' हमारे लिए सिर्फ़ नारा नहीं

    विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने बीते बुधवार इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के डायमंड जुबली कार्यक्रम में दक्षिण एशिया को एकजुट करने पर अहम बयान दिया है.

    एस जयशंकर ने कहा है, "ये कार्यक्रम दक्षिण एशिया के क्षेत्रीय महत्व को रेखांकित करते हुए एक अहम संदेश देता है कि हमें एकजुट होकर रहने की ज़रूरत क्यों है. फिर चाहें हम जश्न के मौकों पर साथ आएं या मुश्किलों के मौकों पर.”

    दक्षिण एशिया में पाकिस्तान से लेकर श्रीलंका और बांग्लादेश इस समय ख़राब आर्थिक हालात का सामना कर रहे हैं.

    नाम लिए बग़ैर भारत के पड़ोसी देशों का ज़िक्र करते हुए विदेश मंत्री ने कहा, “ये क्षेत्र बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है. हम अपने पड़ोसियों की ओर देख सकते हैं. हमारे कई पड़ोसी देश समस्याओं से जूझ रहे हैं जिसके लिए वह ज़िम्मेदार नहीं हैं. ऐसे में हमें इस मौके पर एक साथ खड़े होने की ज़रूरत है.”

    इसके साथ ही उन्होंने मोदी सरकार की नेबरहुड पॉलिसी पर भी अहम बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि यह नीति उनकी सरकार के लिए सिर्फ़ एक नारा भर नहीं है.

    एस जयशंकर ने कहा, “जब हम विदेश नीति पर बात करते हुए ‘नेबरहुड फर्स्ट’ की नीति का ज़िक्र करते हैं तो ये सिर्फ़ नारा भर नहीं है. ये ऐसी चीज़ नहीं है जो रिपोर्ट में डाली जानी होती है. ये नीति इस क्षेत्र में एकदूसरे के साथ खड़े होने के महत्व को रेखांकित करने की व्यावहारिक ज़रूरत का परिणाम है.“

    उन्होंने कहा, “हमें एकदूसरे के साथ खड़े होने, एकदूसरे का समर्थन करने, एकदूसरे की मदद करने और एक व्यापक पड़ोस बनाने की ज़रूरत है जहां भारत की समृद्धि एक तरह से सबके लिए मददगार साबित हो."

  13. महाराष्ट्र में संभाजीनगर में दो गुटों के बीच संघर्ष, पुलिस की कई गाड़ियां जलीं

    महाराष्ट्र के संभाजीनगर के किराडपुरा इलाक़े में बीती रात दो गुटों के बीच मारपीट होने के बाद कई वाहनों को जलाए जाने की घटना सामने आई है.

    केंद्रीय मंत्री भागवत कराड ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि कुछ लोगों ने इस क्षेत्र में स्थित मंदिर पर पत्थर फेंके थे. लेकिन इस बारे में इससे ज़्यादा जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है.

    पुलिस आयुक्त निखिल गुप्ता ने बीती रात हुई घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि "पथराव हुआ है और पुलिस के कुछ वाहनों में आग लगाई गई. लोगों को तितर-बितर करने के लिए हमने बल प्रयोग किया, अब स्थिति शांतिपूर्ण है. आरोपियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की गई है."

    केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री भागवत कराड ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है, “इस मंदिर पर कई लोगों ने पत्थरबाज़ी की और पुलिस की कुछ जीपों और वाहनों को जला दिया. बीती रात यहां तनाव था. अब पुलिस विभाग ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है. और फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है.“

    “आज रामनवमी है. मैं सभी हिंदू भाइयों से विनती करता हूं कि आप जहां भी, जिस भी मंदिर में जाएं, वहां रामनवमी अच्छी तरह मनाएं. मैं पुलिस विभाग को निर्देशित करना चाहता हूं कि जिन लोगों ने यहां की शांति भंग की है उन्हें पकड़कर उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए.”

  14. म्यांमार में 40 राजनीतिक दलों की वैधता ख़त्म, अमेरिका ने की निंदा

    अमेरिका ने म्यांमार में 40 राजनीतिक दलों की वैधता ख़त्म किए जाने पर म्यांमार की सैन्य सरकार की निंदा की है.

    इन दलों में नोबेल शांति पुरस्कार पाने वाली आंग सान सू ची का दल नेशनल लीग फ़ॉर डेमोक्रेसी भी शामिल है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, म्यांमार की सैन्य सत्ता की ओर से नियंत्रित चुनाव आयोग ने बीते मंगलवार एलान किया था कि सेना की ओर से बनाए गए चुनाव क़ानून के तहत पुन: पंजीकरण नहीं करने की वजह से नेशनल लीग फ़ॉर डेमोक्रेसी को भंग कर दिया जाएगा.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, “हम बर्मा की सैन्य सत्ता की ओर से नेशनल लीग फ़ॉर डेमोक्रेसी समेत 40 राजनीतिक दलों को भंग करने के फ़ैसले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं.”

    बता दें कि साल 2021 में सू ची सरकार को अपदस्थ करने के बाद अब सैन्य सत्ता पहली बार चुनाव की ओर बढ़ रही है.

    सैन्य सत्ता के आलोचकों के मुताबिक़, इन चुनावों का उद्देश्य सेना की ताक़त को बढ़ाना है.

    इन चुनावों पर अमेरिका ने कहा है, “बर्मा में सभी हितधारकों की भागीदारी के बग़ैर कोई भी चुनाव स्वतंत्र या निष्पक्ष नहीं माना जाएगा. और सैन्य शासन के प्रति व्यापक विरोध को देखते हुए, चुनाव आयोजित कराने के एकतरफ़ा फ़ैसले से अस्थिरता बढ़ने की संभावना है.”

    अमेरिका ने म्यांमार की आलोचना करते हुए उसके पूर्ववर्ती नाम बर्मा का इस्तेमाल किया है.

  15. पोप फ़्रांसिस को सांस लेने में हुई दिक़्क़त, अस्पताल में भर्ती

      • Author, डेविड घिगलिओन
      • पदनाम, बीबीसी न्यूज़

    ईसाई धर्मगुरु पोप फ़्रांसिस को सांस लेने में तकलीफ़ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    वेटिकन ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि 86 वर्षीय पोप फ़्रांसिस को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में परेशानी हो रही थी. लेकिन वह कोविड से संक्रमित नहीं हैं.

    इस बयान में ये भी बताया गया है कि संक्रमण के चलते पोप फ़्रांसिस अगले कुछ दिन अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में रहेंगे.

    पोप फ़्रांसिस के लिए ये साल का सबसे व्यस्ततम समय होता है जब उन्हें तमाम कार्यक्रमों में हिस्सा लेना होता है.

    बीते बुधवार उन्होंने सेंट पीटर्स स्क्वेयर पर आए लोगों को संबोधित किया. इस दौरान वह ठीक दिख रहे थे, लेकिन अपनी गाड़ी पर चढ़ते हुए वह थोड़े असहज नज़र आए थे.

    वेटिकन ने इससे पहले बताया था कि पोप फ़्रांसिस पूर्व निर्धारित चेक-अप के लिए अस्पताल गए थे.

    लेकिन एक टीवी इंटरव्यू के लिए अचानक मना किए जाने के बाद इटली की मीडिया ने वेटिकन के दावों पर सवाल उठाए थे.

  16. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 29 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें -

    • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड जाएंगे.
    • गुजरात के गांधीनगर में भारत की अध्यक्षता में G20 की पहली तीन दिवसीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह (DRR WG) की बैठक होगी.
    • बीजेपी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 30 मार्च से 6 अप्रैल के बीच महाराष्ट्र के 288 विधानसभा क्षेत्रों में ‘सावरकर गौरव यात्रा’ निकालेगी.
    • कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) स्नातक कोर्सेज़ के लिए 2023 के लिए विस्तारित पंजीकरण अवधि 30 मार्च को बंद होगी.