You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राजस्थानः जयपुर बम ब्लास्ट के चार अभियुक्तों को हाइकोर्ट ने बरी किया

जयपुर में 13 मई 2008 को हुए सीरियल बम ब्लास्ट के चार अभियुक्तों को हाईकोर्ट ने बुधवार को बरी कर दिया.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी and शुभम किशोर

  1. राजस्थानः जयपुर बम ब्लास्ट के चार अभियुक्तों को हाइकोर्ट ने बरी किया, जांच अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    जयपुर में 13 मई 2008 को हुए सीरियल बम ब्लास्ट के चार अभियुक्तों को हाईकोर्ट ने बुधवार को बरी कर दिया. इन सभी अभियुक्त को दिसंबर 2019 में स्पेशल कोर्ट ने फांसी की सज़ा सुनाई थी.

    कोर्ट ने राजस्थान पुलिस के मुखिया (डीजीपी) को इस मामले के जांच अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं. चारों अभियुक्त उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों के रहने वाले हैं.

    बरी हुए चारों अभियुक्त उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों के रहने वाले हैं.

    इनके नाम मोहम्मद शैफ़, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद सरोवर और सैफुल रहमान हैं. इन अभियुक्तों ने सोलह साल तक कोर्ट की लड़ाई लड़ी और हाइकोर्ट से बरी हुए हैं.

    बरी हुए चारों अभियुक्तों के वकील सैय्यद शहादत अली ने कोर्ट के फ़ैसले पर बीबीसी से फ़ोन पर बातचीत की.

    उन्होंने कहा, “कोर्ट ने इस मामले में की गई एटीएस की जांच को सही नहीं माना है. कोर्ट ने कहा है कि इस मामले में इतना गैर जिम्मेदारी से काम किया गया है कि इनके ख़िलाफ़ कार्रवाई होनी चाहिए.”

    “कोर्ट ने डीजीपी को गैर जिम्मेदारी से जांच करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि वह डीजीपी के संपर्क में रहेंगी और देखेंगी कि डीजीपी क्या कार्रवाई कर रहे हैं.”

    13 मई 2008 की शाम को जयपुर के माणक चौक, चांदपोल गेट, त्रिपोलिया गेट, सांगानेरी गेट, बड़ी चौपड़, जौहरी बाज़ार में एक के बाद एक बम ब्लास्ट हुए थे.

    इन धमाकों में 71 लोगों की जान गई थी, जबकि 185 लोग घायल हुए थे. शहर के रामचंद्र मंदिर के पास से एक ज़िंदा बम बरामद कर उसे बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय किया था.

  2. दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों का प्रदर्शन, दो छात्रों को परीक्षा देने से रोकने का मामला

    दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के ख़िलाफ़ बुधवार को प्रदर्शन किया.

    उन्होंने ये प्रदर्शन प्रशासन द्वारा दो छात्रों को प्रतिबंधित किए जाने के विरोध में किया.

    हाल ही में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बीबीसी की डॉक्युमेंट्री 'इंडिया: द मोदी क्वेश्चन'... की स्क्रीनिंग करवाने की कोशिश के लिए दो छात्रों को परीक्षा देने से रोका था. छात्रों का यह भी कहना है की उन्हें कैंपस में आंदोलन करने से रोका जा रहा

  3. कोविड-19 के दिल्ली में 300 और महाराष्ट्र में 483 नए मामले सामने आए

    राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड -19 के 300 नए मामले सामने आए हैं और दो लोगों की इससे मौत हो गई है.

    इससे पहले मंगलवार को 214 नए मामले सामने आए थे. दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दिल्ली में कुल एक्टिव मामले 806 हो गए हैं और संक्रमण दर 13.89 प्रतिशत हो गई है.

    वही महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटो में 483 नए पॉज़िटिव केस सामने आए हैं, और तीन लोगों की मौत हो गई है.

    पिछले कुछ दिनों से देशभर में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है. भारत में अभी कुल एक्टिव मामलों की संख्य 11, 903 हो गई है.

  4. इस साल बिना ‘मेहरम’ के हज करने जाएंगी 4,314 भारतीय महिलाएं

    इस साल 4,314 भारतीय मुस्लिम महिलाएं बिना मेहरम (पुरुष अभिभावक) के हज करने जाएंगी.

    साल 2018 में नियमों में बदलाव किए गए थे जिसके तहत हज करने जाने वाली महिलाओं के लिए साथ में पुरुष अभिभावक होने की अनिवार्यता को ख़त्म कर दिया गया था. उसके बाद से ये हज पर जाने वाली महिलाओं की ये सबसे बड़ी संख्या है.

    अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने कहा है कि हज तीर्थयात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं. सरकारी डॉक्टर इनकी स्क्रीनिंग करेंगे.

    हर साल पूरी दुनिया से 25 से 30 लाख हज यात्री सऊदी अरब में मक्का जाते हैं. हज यात्रियों की संख्या के मामले में भारत तीसरा सबसे बड़ा देश है.

  5. नेपाल: सत्ता में साझेदारी पर गठबंधन की बनी सहमति, गुरुवार को कैबिनेट विस्तार संभव

    नेपाल के सत्तारूढ़ गठबंधन ने बुधवार को प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' के लिए मंत्रिमंडल का विस्तार करने का रास्ता साफ़ कर दिया है.

    गठबंधन के दल सत्ता में साझेदारी की एक डील पर सहमत हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दस सत्तारूढ़ दलों के प्रमुख नेताओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच मंत्रालयों के वितरण पर समझौते को लेकर प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर दो दौर की बैठकें की.

    अब प्रचंड गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं.

    राजनीतिक जानकारों के अनुसार, सत्ता में हिस्सेदारी और मंत्रियों के विभाग को लेकर सदस्यों के बीच असहमतियां थीं क्योंकि कै उपलब्ध मंत्रालयों की तुलनाम मंत्री बनने के इच्छुक सांसदों की संख्या काफ़ी अधिक थी.

    बैठक के दौरान प्रधानमंत्री प्रचंड, नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा, और सीपीएन-यूनिफाइड सोशलिस्ट अध्यक्ष माधव कुमार नेपाल मौजूद थे.

    समझौते के मुताबिक नेपाली कांग्रेस और सीपीएन-माओवादी सेंटर को आठ और पांच कैबिनेट पद मिलेंगे, जबकि सीपीएन-यूनिफाइड सोशलिस्ट और जनता समाजवादी पार्टी नेपाल को दो-दो पद मिलेंगे.

    प्रचंड ने पिछले साल 26 दिसंबर को नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी.

  6. चीन और पाकिस्तान की मौजूदगी में एससीओ मीटिंग में ये बोले अजित डोभाल

    शंघाई कोर्पोरेशन ऑर्गेनाइजेशन की बैठक में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने कहा है कि सदस्य देशों को एक दूसरे की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना चाहिए.

    शंघाई कोर्पोरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) के सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में डोभाल ने ये बातें पाकिस्तान और चीन के प्रतिनिधियों के बीच कहीं. इन देशों के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे.

    अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य हाल के वर्षों में कई चुनौतियों का सामना कर रहा है. इन चुनौतियों के प्रभाव से शंघाई कोर्पोरेशन ऑर्गेनाइजेशन क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है...सदस्य देशों को एक दूसरे की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और सीमाओं का परस्पर सम्मान होना चाहिए."

    अजित डोभाल ने कहा कि "वैश्विक आतंकवादी संस्थाओं के खिलाफ प्रतिबंधों की पहचान करने और उन्हें लागू करने के उद्देश्य से सभी देशों को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों 1267 और 1373 सहित आतंकवाद-रोधी सहयोग प्रोटोकॉल के तहत अपने दायित्वों को पूरा करना चाहिए."

    एससीओ में चीन, भारत, कज़ाकिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं. भारत फिलहाल इसकी अध्यक्षता कर रहा है.

  7. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मोहम्मद शाहिद और प्रेरणा के साथ

  8. अनुष्का शर्मा के ख़िलाफ़ सेल्स टैक्स केस का ये पूरा मामला क्या है?

    महाराष्ट्र के सेल्स टैक्स विभाग ने बॉम्बे हाई कोर्ट के समक्ष पेश की गई अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अवॉर्ड फंक्शंस या स्टेज शो के दौरान किए गए अपने परफॉर्मेंस के 'कॉपीराइट की फर्स्ट ओनर' हैं और इससे हुई आमदनी पर सेल्स टैक्स भरने के लिए बाध्य हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट का कहना है कि चूंकि अनुष्का शर्मा ने अपने इस कॉपीराइट का ट्रांसफर ऐसे इवेंट्स के प्रोड्यूसर को भुगतान लेकर किया है तो ये एक तरह की बिक्री है.

    बुधवार को सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट ने अनुष्का शर्मा की चार याचिकाओं के जवाब में अपना हलफनामा दायर किया.

    सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट के डिप्टी कमिश्नर ने महाराष्ट्र वैल्यू ऐडेड टैक्स ऐक्ट के तहत साल 2012 से साल 2016 तक की अवधि के लिए (असेसमेंट ईयर्स) अनुष्का शर्मा के ख़िलाफ़ चार आदेश दिए पारित किए थे जिनके ख़िलाफ़ अनुष्का शर्मा ने बॉम्बे हाई कोर्ट में अपील दायर की थी.

    अनुष्का शर्मा की दलील है कि फिल्म, विज्ञापन, स्टेज या टीवी शो में परफॉर्म करने वाले एक्टर को क्रिएटर नहीं कहा जा सकता है, इसलिए उसका कॉन्टेंट पर कोई कॉपीराइट नहीं होता है. बॉम्बे हाई कोर्ट इस मामले पर गुरुवार को सुनवाई करेगी.

  9. मुस्लिम महिला के हिंदू बच्चों की मां बनने की कहानी

    केरल की एक महिला थेननदन सुबैदा ने अपने बच्चों के साथ तीन हिंदू बच्चों को पाला और बड़ा किया.

    उनके निधन के बाद उनके बच्चे उन्हें याद करते हैं. सुबैदा पर मलयालम में फ़िल्म भी बनी है.

  10. अमृतपाल सिंह: 'सरेंडर' पर पंजाब पुलिस ने दिया बयान, सोशल मीडिया पर आया वीडियो

    अमृतपाल सिंह के दरबार साहिब जाने और सरेंडर करने की अटकलों पर पंजाब पुलिस के बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है.

    ये वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब ऐसी अटकलें चल रही हैं कि अमृतपाल सिंह सरेंडर कर सकते हैं.

    हालांकि इससे पहले अमृतसर के पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने दरबार साहिब में कहा था कि उन्हें अमृतपाल सिंह के सरेंडर बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार रविंदर सिंह रोबिन से बातचीत में नौनिहाल सिंह ने कहा, "मैं यहां केवल मत्था टेकने आया हूं."

    श्री दरबार साहिब के आसपास सुरक्षा बढ़ाए जाने के बारे में उन्होंने कहा, "यहां आने वाले आम लोगों के लिए सुरक्षा के ये इंतजाम किए गए हैं."

    "फिर भी, अगर कोई यहां आने और आत्मसमर्पण करने का इरादा रखता है, तो मैं विश्वास दिलाता हूं कि उसके साथ किसी भी तरह का भेदभाव या दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा. अगर ऐसी कोई अटकल है, तो मैं इसकी पुष्टि नहीं कर सकता लेकिन हम कानून के अनुसार कार्रवाई करने के लिए बाध्य हैं."

  11. रेलवे स्टेशन पर टी स्टॉल चलाने वाली ट्रांसजेंडर रानी की ये हैं उम्मीदें

    इस महीने 10 मार्च को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बड़ी संख्या में ट्रांसजेंडर सज-धज के पहुंचे थे. मौक़ा था एक चाय के स्टॉल के उद्घाटन का.

    ट्रेन पकड़ने की जल्दी में स्टेशन पहुंच रहे यात्री भी थोड़ा रुक कर ट्रांस टी स्टॉल नामक इस चाय स्टॉल को निहार रहे थे, क्योंकि अक्सर जो ट्रांसजेंडर ट्रेन के डिब्बे में ताली बजाकर पैसा मांगते दिखते है वो लोग अब चाय बेच रहे हैं.

    देखिए उनकी कहानी. रिपोर्ट: दिलीप कुमार शर्मा, बीबीसी के लिए

  12. गूगल को देनी पड़ेगी 1,337.76 करोड़ की पेनल्टी, सीसीआई के फ़ैसले को ट्राइब्यूनल ने सही ठहराया

    1,337.76 करोड़ रुपये की पेनल्टी के मामले में गूगल पर लगाए गए कॉम्पिटीशन कमीशन ऑफ़ इंडिया के फ़ैसले को नेशनल कंपनी लॉ एपीलेट ट्राब्यूनल (एनसीलैट) ने सही माना है.

    एनसीलैट की दो जजों की बेंच ने गूगल को तीस दिनों के अंदर रकम जमा करने का आदेश दिया है.

    बेंच ने गूगल की उस दलील को ख़ारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि सीसीआई का आदेश नैचुरल जस्टिस के सिद्धांत के ख़िलाफ़ है.

    हालांकि उन्होंने सीसीआई के ऑर्डर में कुछ तब्दीलियां की हैं.

    एनसीलैट ने कहा कि गूगल की प्रतिस्पर्धा-विरोधी नीतियों के बारे में सीसीआई की बात सही है, और कंपनी को हर्जाना भरना पड़ेगा. लेकिन उन्होंने दस में से चार एंटी ट्रस्ट रेमेडी को ख़ारिज कर दिया, जिसके तहत गूगल को अपना बिज़नेस मॉडल बदलने के लिए कहा गया था.

    सीसीआई ने अक्तूबर में कहा था कि गूगल ने एंड्रायड में अपने कद का गलत इस्तेमाल किया है और कहा कि डिवाइस बनाने वालों पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने के लिए कहा था, साथ ही प्रतिबंध लगाए थे.

    हालांकि गूगल को राहत देते हुए कोर्ट ने सीसीआई के उस सुझाव को ख़ारिज किया जिसमें उन्हें प्ले स्टोर में तीसरे पक्ष के ऐप शामिल करने के लिए कहा गया था.

  13. पाकिस्तान में महंगाई के बीच 10 रुपये में फल बेच रहा ये शख़्स

    पाकिस्तान में खाने-पीने की चीज़ों के दाम आसमान छू रहे हैं.

    ऐसे में कराची में रहने वाले मुस्तफ़ा हनीफ़ महज़ 10 रुपये प्रति किलो के हिसाब से फल बेच रहे हैं.

    पेशे से बिज़नेसमैन और यूट्यूबर मुस्तफ़ा हनीफ़ रमज़ान के महीने में ऐसा करते हैं.

  14. पुणे से बीजेपी सांसद गिरीश बापट का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

    पुणे से बीजेपी के सांसद गिरीश बापट का निधन हो गया है. 72 साल के बापट पिछले डेढ़ साल से बीमार थे.

    पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें याद करते हुए ट्विटर पर लिखा, "गिरीश बापट जी एक विनम्र और मेहनती नेता थे जिन्होंने लगन से समाज की सेवा की. उन्होंने महाराष्ट्र के विकास के लिए बड़े पैमाने पर काम किया और पुणे के विकास के लिए विशेष रूप से जुड़े थे. उनके निधन से दुखी हूं. उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं."

    उन्होंने कहा, "गिरीश बापट जी ने महाराष्ट्र में बीजेपी को बनाने और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने जन कल्याण के मुद्दों को उठाया. उन्होंने एक प्रभावी मंत्री और बाद में पुणे के सांसद के रूप में भी अपनी पहचान बनाई. उनका अच्छा काम कई लोगों को प्रेरित करता रहेगा."

    एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि वो बापट के निधन से दुखी हैं. वहीं बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि बापट लिए पिता समान थे.

  15. आज का कार्टून: अब छोड़ो...

    राहुल गाँधी के संसद सदस्यता समाप्त होने पर आज का कार्टून.

  16. अरविंद केजरीवाल: 'भारत उस दिन 'भ्रष्टाचार मुक्त' बन जाएगा जिस दिन...'

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया है.

    उन्होंने बुधवार को दिल्ली विधानसभा में कहा, "ईडी और सीबीआई ने देश के सभी भ्रष्ट लोगों को एक पार्टी में ला दिया है. ईडी-सीबीआई ने छापा मारकर उनके सिर पर बंदूक रख दी और उनसे पूछा कि वे जेल जाना चाहते हैं या भाजपा में?"

    उन्होंने कहा, "समय एक जैसा नहीं रहता है. समय बदलता है. आज उनकी सरकार है. आज मोदी जी प्रधानमंत्री हैं. हमेशा तो नहीं रहेंगे. कभी न कभी तो जाएंगे ही. उस टाइम भारत भ्रष्टाचार मुक्त होगा. कैसे?"

    उन्होंने कहा, "जितने चोर उचक्के हैं, सारे एक ही कमरे में हैं. उनको पकड़ने में बड़ी आसानी होगी. सारे लोगों को ईडी-सीबीआई दिखाकर सारे देश के लुटेरों को इन्होंने अपनी पार्टी में इकट्ठा कर लिया. जिस दिन इनकी सरकार जाएगी और मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं होंगे, बीजेपी वालों को जेल में डाल दो, देश भ्रष्टाचार मुक्त हो जाएगा."

  17. राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा को आप सांसद ने क्यों दी बधाई

    आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा और बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा इन दिनों सुर्खियों में हैं.

    राघव और परिणीति की शादी की अटकलें कई दिनों से लग रही हैं.

    हालांकि दोनों ने ही इस पर कुछ भी स्पष्टतौर पर नहीं कहा है, लेकिन इससे जुड़ा एक ट्वीट अब वायरल हो रहा है.

  18. राहुल गांधी के मुद्दे पर बोले नीतीश- जब किसी पर कोई मुक़दमा होता है...

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने के मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.

    उन्होंने कहा कि वे ऐसे मुद्दों पर नहीं बोलते हैं जिनमें अदालत का कोई फ़ैसला शामिल हो. नीतीश कुमार ने कहा कि अतीत में उन्होंने ऐसा कभी नहीं किया है.

    हालांकि नीतीश कुमार ने ये भी कहा कि उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने इस मुद्दे पर संसद के भीतर और बाहर दोनों ही जगहों पर अपना पक्ष रखा है.

    जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ़ लल्लन सिंह ने राहुल गांधी ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने के फ़ैसले को बदले की राजनीति करार दिया था.

    विपक्षी एकता की कोशिशों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वो टिप्पणी जिसमें उन्होंने कहा था कि 'भ्रष्ट लोग हाथ मिला रहे हैं', नीतीश कुमार ने पटना में पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने कहा, "ऐसी बातें कहते रहने की उनकी आदत है. इन लोगों को केवल अपनी तारीफ अच्छी लगती है. वे दूसरों के बारे में अच्छा नहीं बोल सकते. हम अपना काम करते हैं और दूसरों के काम की तारीफ़ भी करते हैं. मैं स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल की उपलब्धियों को हमेशा याद किया है."

    नीतीश कुमार ने अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में रेलवे जैसे महकमों की जिम्मेदारी संभाली थी.

    पीएम मोदी पर व्यंग्य करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें भ्रष्टाचार की बात करते वक़्त इस बात का ख़्याल रखना चाहिए कि उन्होंने किस तरह के लोगों से हाथ मिलाए हैं.

    नीतीश कुमार ने अपने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के ख़िलाफ़ चल रहे भ्रष्टाचार के मामलों पर भी अपनी बात रखी.

    उन्होंने कहा कि साल 2017 में उन्होंने इस मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल के साथ अपना गठबंधन तोड़ लिया था और बीजेपी के साथ हाथ मिलाया था लेकिन अब जब मैं उनके साथ लौट आया हूं तो उन्हें फिर से निशाना बनाया जा रहा है जबकि इतने सालों में जांच में कोई भी प्रगति नहीं हुई.

  19. COVER STORY: तालीम को तरसती अफ़ग़ान लड़कियां

    अफ़ग़ानिस्तान का ज़िक्र होते ही ज़िक्र होता है तालिबान का और तालिबान का ज़िक्र होते ही बात होती है महिलाओं और लड़कियों पर पाबंदियों की.

    वो पाबंदियां जिन्होंने बंद कर दिए हैं लड़कियों के लिए तालीम के रास्ते और उन लोगों की भी बढ़ रही हैं मुश्किलें, जो लड़कियों के हक़ में उठा रहे हैं आवाज़़.

  20. राजनेता राजनीति में धर्म का इस्तेमाल बंद कर दें तो हेट स्पीच ख़त्म हो जाएंगे: सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को नफ़रत फै़लाने वाले भाषणों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जिस समय राजनीति और धर्म अलग हो जाएंगे और राजनेता राजनीति में धर्म का इस्तेमाल करना बंद कर देंगे, ऐसे भाषण बंद हो जाएंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सर्वोच्च अदालत ने कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा नफरत फैलाने वाले भाषण दिए जा रहे हैं और लोगों को खुद को संयमित रखना चाहिए.

    जस्टिस केएम जोसेफ और जस्टिस नागरत्ना की पीठ ने पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी के भाषणों का हवाला देते हुए कहा कि दूर-दराज के इलाकों और कोने-कोने से लोग उन्हें सुनने के लिए इकट्ठा होते थे.

    उन्होंने कहा कि अदालतें कितने ही लोगों के खिलाफ अवमानना ​​की कार्रवाई शुरू कर सकती हैं, पीठ ने कहा कि भारत के लोग अन्य नागरिकों या समुदायों का तिरस्कार नहीं करने का संकल्प क्यों नहीं ले सकते.

    पीठ ने नफरत भरे भाषण देने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने में विफल रहने के लिए अलग-अलग राज्य के विभागों के ख़िलाफ एक अवमानना ​​याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा, "हर दिन फ्रिंज तत्व टीवी और सार्वजनिक मंचों पर भी दूसरों को नीचा दिखाने के लिए के लिए भाषण दे रहे हैं."

    सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने केरल में किसी के दिए आपत्तिजनक भाषण का ज़िक्र करने हुए कहा कि आवेदनकर्ता शाहीन अब्दुल्लाह ने कुछ चुने हुए हेट स्पीच के मामलों का ही ज़िक्र किया है.