उत्तर प्रदेश के अमेठी ज़िले में एक सारस और इंसान के बीच दोस्ती की कहानी कुछ दिन पहले ख़ूब चर्चा में रही.
मोहम्मद आरिफ़ और सारस के
बीच प्यार की ये कहानी आपने बीबीसी हिंदी पर भी देखी होगी.
मगर अब सारस और आरिफ़ का ये साथ छूट गया है.
मोहम्मद आरिफ़ ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में आरिफ़ सारस को एक टेम्पो में बिठाने के बाद रोते हुए दिख रहे हैं.
आरिफ़ ने इस वीडियो के साथ लिखा- मेरे दोस्त को वन विभाग जंबरदस्ती ले गया, आप लोग प्लीज़ बचा लो.
इस ख़बर के सामने आने के बाद गुरुवार सुबह यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है.
अखिलेश यादव ने एक ख़बर को शेयर करते हुए लिखा, ''उत्तर प्रदेश वन-विभाग द्वारा अमेठी से ज़बरदस्ती ले जाकर रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया ‘बहुचर्चित सारस’ अब लापता है. उप्र के राज्य-पक्षी के प्रति ऐसी सरकारी लापरवाही एक गंभीर विषय है. भाजपा सरकार तत्काल सारस खोजे, नहीं तो पूरी दुनिया के पक्षी-प्रेमी आंदोलन करेंगे.''
कुछ दिन पहले अखिलेश यादव ने अमेठी का दौरा किया था और इस दौरान वो आरिफ़ और सारस से मिले थे. तब की तस्वीरें अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर साझा की थीं.
अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा था, ‘’आरिफ़ से सारस इसलिए छीन लिया गया क्योंकि मैं उनसे मिलने गया था. मैं बधाई देने चला गया था. क्या ही लोकतंत्र है? लोग कुत्ते बिल्ली पाले हुए हैं. मुझे याद है कि किसी ने बिल्लियां पाली हुई थीं और जब संख्या बढ़ गई तो वो पड़ोसियों के घर चली गई थीं. कितने कुत्तों ने कितने लोगों को काटा है, सरकार ने क्या किया?’’
बीजेपी सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ''अगर सरकार सारस छीन रही है तो सरकार को उनसे भी मोर छीन लेना चाहिए जो मोर को दाना खिला रहे थे. क्या सरकार और अधिकारियों की हिम्मत है वहां पहुंच जाने की? किसी अधिकारी की हिम्मत है कि वहां जाए और मोर को ले आए?’’
अखिलेश यादव पीएम मोदी पर तंज़ कस रहे थे. दरअसल कुछ साल पहले पीएम मोदी का एक वीडियो शेयर हुआ था. इस वीडियो में प्रधानमंत्री आवास में मोदी मोर को दाना खिलाते हुए नज़र आ रहे थे.
मोहम्मद आरिफ़ को यह सारस पक्षी एक साल पहले खेत में घायल हालत में मिला था.
सारस का एक पैर टूटा हुआ था और वह उड़ नहीं पा रहा था.
आरिफ़ उस पक्षी को घर लेकर आए और उसके पैर का घरेलू इलाज किया, जिससे पक्षी का पैर ठीक हो गया.
सारस उत्तर प्रदेश का राजकीय पक्षी है. 21 मार्च तक ये सारस आरिफ़ के साथ ही रह रहा था, मगर अब ये साथ छूट गया है.