You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सालों की कटुता के बाद ईरान के राष्ट्रपति को सऊदी अरब ने दिया न्योता

करीब दस दिन पहले ही ईरान और सऊदी अरब ने राजनयिक संबंधों को फिर से स्थापित करने पर सहमति जताई है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी, मानसी दाश and अभिनव गोयल

  1. रूस-यूक्रेन ने रीन्यू किया अनाज समझौता, लेकिन मियाद को लेकर नहीं बनी सहमति

    संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच हुए अहम अनाज समझौते को एक बार फिर रीन्यू कर दिया गया है. हालांकि इसे कितने वक्त के लिए रीन्यू किया गया है इसे लेकर भी कोई जानकारी नहीं है.

    यूक्रेन का कहना है कि समझौता कम से कम 120 दिनों तक यानी चार महीनों के लिए लागू किया जाना चाहिए, वहीं रूस इसे 60 दिनों यानी दो महीनों के लिए लागू करना चाहता है.

    रूस ने चेतावनी दी है कि अगर पश्चिमी देश अनाज समझौते की मियाद बढ़ाना चाहते हैं तो उन्हें रूस पर लगे प्रतिबंध हटाने होंगे.

    शनिवार को तुर्की के राष्ट्रपति रिचेप तैयप अर्दोआन ने अनाज समझौता ख़त्म होने से घंटों पहले इसके आगे बढ़ाए जाने की ख़बर का ऐलान किया.

    उन्होंने कहा, "वैश्विक खाद्य आपूर्ति के लिए ये समझौते बेहद अहम है. मुझे लगता है कि संयुक्त राष्ट्र तो इसके लिए कोशिश कर ही रहा था, रूस और यूक्रेन ने भी इस समझौते को आगे बढ़ाने के लिए कोशिशों में कोई कसर नहीं छोड़ी."

    हालांकि अर्दोआन और संयुक्त राष्ट्र दोनों ने ही अब तक ये नहीं बताया है कि अनाज समझौते की नई मियाद क्या होगी.

    बीते साल जुलाई में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में तुर्की की मदद से रूस और यूक्रेन के बीच अनाज समझौता हुआ था. इसके तहत तहत यूक्रेन में फंसा हज़ारों मैट्रिक टन गेंहू, खाद और अन्य सामान को काले सागर के रास्ते निकाल कर दूसरे मुल्कों तक पहुंचाया जा रहा था.

    कोविड महामारी से उबर रही अर्थव्यवस्था में अभी ग्लोबल सप्लाई चेन दुरुस्त हो भी नहीं पाए थे कि रूस ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ 'विशेष सैन्य अभियान' छेड़ दिया. इसके बाद अनाज संकट को लेकर चिंता गहराने लगी क्योंकि दुनिया में अनाज का एक बड़ा हिस्सा यूक्रेन में उगाया जाता है.

    युद्ध के कारण काले सागर से जहाज़ बाहर निकालना यूक्रेन के लिए मुश्किल हो गया था क्योंकि वहां रूस ने अपने युद्धपोत तैनात कर दिए थे.

  2. इक्वाडोर में 6.7 तीव्रता का भूकंप, अब तक 13 लोगों की मौत की ख़बर

    इक्वाडोर के दक्षिणी तट पर 6.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है जिसमें अब तक कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है.

    यूएसजीएस के अनुसार इक्वाडोर के आधे से ज़्यादा प्रांतों में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए.

    भूकंप के कारण देश के कई शहरों में इमारतों को भी नुक़सान पहुंचा है.

    अधिकारियों के अनुसार यहां का एल ओरू प्रांत भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित है, यहां 11 लोगों की मौत हुई है. वहीं आज़ुए प्रांत में एक व्यक्ति की मौत हुई है.

    उत्तरी पेरू में भी भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए. यहां के तुंबेस प्रांत मे एक घर के ज़मींदोज़ होने से एक महिला की मौत हो गई.

    इक्वाडोर की आपात सेवाओं ने कहा है कि यहां घरों के गिरने के कारण कई लोग मलबे में दब गए हैं, जिन्हें बचाने का काम तेज़ी से किया जा रहा है.

    भूकंप का केंद्र इक्वाडोर के दूसरे सबसे बड़े शहर गुआकिल से क़रीब 80 किलोमीटर दूर बालाओ में बताया जा रहा है. घनी आबादी वाले गुआकिल की आबादी क़रीब 30 लाख है.

    इक्वाडोर के राष्ट्रपति गुलेरमो लासो ने लोगों से कहा है कि राहतकर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं और जल्द से जल्द मलबे में फंसे लोगों को निकाल लिया जाएगा.

    राष्ट्रपति के दफ्तर ने जानकारी दी है कि कुछ घायलों का इलाज अस्पलातों में चल रहा है. हालांकि दफ्तर ने न तो घायलों से जुड़ा कोई आंकड़ा साझा किया और न ही उनके बारे में कोई और जानकारी दी है.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    कमलेश मठेनी और मानसी दाश का अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 18 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीते कल देश दुनिया में क्या कुछ हुआ, उस पर एक नज़र-

    • पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें कथित तौर पर एक पूर्व पोर्न स्टार को चुप रहने के लिए पैसे देने के मामले में गिरफ़्तार किया जा सकता है.
    • भारत के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने सीनियर समलैंगिक वकील सौरभ कृपाल को दिल्ली हाई कोर्ट का जज बनाने की सिफारिश का एक बार फिर समर्थन किया है.
    • ‘वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह के ख़िलाफ़ कार्रवाई की रिपोर्ट को लेकर पंजाब के कुछ हिस्सों में तनाव है.
    • तोशाख़ाना मामले में पेशी के लिए आए पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान राजधानी इस्लामाबाद स्थित कोर्ट परिसर के गेट से ही वापस लौट गए. कोर्ट ने पुलिस और इमरान ख़ान समर्थकों के बीच हुई झड़पों के बाद ये कहते हुए सुनवाई स्थगित कर दी कि "इस स्थिति में सुनवाई नहीं हो सकती."
    • कानून मंत्री किरण रिजिजू ने शनिवार को कहा कि कथित 'एंटी-इंडिया गैंग' से जुड़े कुछ रिटायर्ड जज और एक्टिविस्ट भारतीय न्यायपालिका से विपक्षी पार्टी की भूमिका कराना चाहते हैं.
    • वायोमिंग गर्भनिरोधक गोलियों पर बैन लगाने वाला अमेरिका का पहला राज्य बन गया है. प्रतिबंध से जुड़ा क़ानून 1 जुलाई से लागू हो जाएगा.
    • सीबीएसई ने अप्रैल से पहले नया एकेडेमिक सेशन शुरू करने वाले स्कूलों को चेतावनी दी है. बोर्ड का कहना है कि जल्दी सेशन शुरू करने से छात्रों को चिंता और बर्नआउट की समस्या पैदा हो सकती है.