You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सालों की कटुता के बाद ईरान के राष्ट्रपति को सऊदी अरब ने दिया न्योता

करीब दस दिन पहले ही ईरान और सऊदी अरब ने राजनयिक संबंधों को फिर से स्थापित करने पर सहमति जताई है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी, मानसी दाश and अभिनव गोयल

  1. राहुल गांधी के घर पहुंची दिल्ली पुलिस, भड़की कांग्रेस, उठाए सवाल

    'महिलाओं पर यौन हमलों' को लेकर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की टिप्पणी के सिलसिले में दिल्ली पुलिस रविवार को उनके घर पहुंची.

    राहुल गांधी के घर पुलिस पहुंची तो कांग्रेस ने जबरदस्त विरोध किया और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया.

    स्पेशल कमिश्नर (क़ानून-व्यवस्था) सागर प्रीत हुडा ने बताया, "दिल्ली पुलिस की राहुल गांधी के साथ बैठक हो गई है. हमने जो जानकारी उनसे मांगी है वे हमसे साझा करेंगे. उन्हें एक नोटिस दिया गया है, नोटिस उनके कार्यालय द्वारा प्राप्त किया गया है."

  2. हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद अदानी ग्रुप ने रोका 34,900 करोड़ के प्रोजेक्ट का काम: रिपोर्ट

    हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद अपने कामकाज को मजबूत करने और निवेशकों की चिंता को दूर करने के लिए अदानी ग्रुप ने बड़ा फैसला लिया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक अदानी ग्रुप ने 34,900 करोड़ रुपये की पेट्रोकेमिकल परियोजना पर काम रोक दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गुजरात के मुद्रा में इस प्रोजेक्ट पर का हो रहा था. इस खबर को इकोनॉमिक्स टाइम्स अखबार ने भी रविवार को प्रकाशित किया था.

    अखबार के मुताबिक अदानी ग्रुप ने वेंडर्स और सप्लायर्स को अगले नोटिस तक मुद्रा पेट्रोकेम लिमिटेड ग्रीन पीवीसी प्रोजेक्ट पर काम रोकने को कहा है.

    खबर पर समाचार एजेंसी रॉयटर्स के सवालों के जवाब अदानी ग्रुप ने फिलहाल नहीं दिए हैं.

    24 जनवरी को आई हिंडनबर्ग रिपोर्ट में अदानी ग्रुप पर शेयरों के दाम को गलत तरीके से ऊपर नीचे करने के अलावा कई गंभीर आरोप लगे थे.

  3. 'काला चश्मा' गाने पर डांस कर मशहूर हुए इस ग्रुप को बेहद पसंद है भारत

    ये है डांस ग्रुप 'क्विक स्टाइल'. बॉलीवुड और पाकिस्तानी गानों पर की गई. इस ग्रुप की परफॉर्मेंस अक्सर वायरल होती है. 'काला चश्मा' गाने पर डांस के बाद नार्वे का ये ग्रुप भारत में मशहूर हो गया.

    इसके बाद ये ग्रुप पहली बार भारत आया है. बीबीसी से ख़ास बातचीत में उन्होंने भारत से प्यार, बॉलीवुड से रिश्ता और बॉलीवुड स्टार से मिलने की चाह जैसी चीज़ों पर ख़ास बातचीत की है.

  4. राहुल गांधी के घर दिल्ली पुलिस के पहुंचने पर भड़की कांग्रेस और उठाए सवाल

    भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 'महिलाओं पर हो रहे यौन हमलों' को लेकर की गई राहुल गांधी की टिप्पणी के सिलसिले में दिल्ली पुलिस रविवार को उनके घर पहुंची.

    राहुल गांधी के घर पर पुलिस आने का कांग्रेस जबरदस्त विरोध कर रही है और कार्यकर्ता प्रदर्शन भी कर रहे हैं.

    स्पेशल कमिश्नर (क़ानून-व्यवस्था) सागर प्रीत हुडा ने बताया, "दिल्ली पुलिस की राहुल गांधी के साथ बैठक हो गई है. हमने जो जानकारी उनसे मांगी है वे हमसे साझा करेंगे. उन्हें एक नोटिस दिया गया है, नोटिस उनके कार्यालय द्वारा प्राप्त किया गया है."

    उन्होंने कहा, "हमने जानकारी जुटाने की कोशिश की थी लेकिन हमें कोई जानकारी नहीं मिली. आज तीसरी बार पुलिस उनके आवास पर गई थी लेकिन अभी तक सांसद महोदय ने कोई जानकारी नहीं दी है."

    स्पेशल कमिश्नर ने बताया कि 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी ने कहा था कि यात्रा के दौरान उन्हें बहुत सारी महिलाएं मिली थीं जो रो रही थीं. उनके साथ बलात्कार हुआ था. अब उन्हें कई जानकारियां एकत्र करने में समय लग सकता है पर वे जल्द जानकारी देंगे.

    राहुल गांधी के घर पर पुलिस पहुंचने के बाद ही कांग्रेस नेता केंद्र सरकार पर हमलावर हो गए. उनका कहना है कि अगर राहुल गांधी नोटिस का जवाब दे रहे हैं तो पुलिस उनके घर क्यों आई.

    दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को उनके इस बयान पर एक नोटिस भेजा था जिसमें उनसे कुछ सवालों के जवाब मांगे गए थे.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "बिना गृह मंत्रालय और ऊपर के निर्देश के यह संभव नहीं कि वो (पुलिस) यहां तक पहुंचे. जब राहुल गांधी ने कह दिया कि उन्हें नोटिस मिला है वे उसका जवाब देंगे तो इसके बावजूद पुलिस यहां पहुंची है."

    उन्होंने कहा, "इनकी हिम्मत कैसे हो गई कि यहां तक पहुंच गए. पूरा देश इनकी हरकतों को देख रहा है. देश इन्हें माफ़ नहीं करेगा. आज की हरकत बेहद गंभीर है. जांच करने से कोई इनकार नहीं कर रहा है."

    कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, "हम घटनाक्रम का नियमानुसार जवाब देंगे लेकिन इस तरह से आना कहां तक सही है? भारत जोड़ो यात्रा को ख़त्म हुए आज 45 दिन हो गए, ये आज पूछ रहे हैं. ये दिखाता है कि सरकार घबराई हुई है. अभी मुझे अंदर जाने से रोका गया. क्यों रोका गया यह सड़क है यहां कोई भी आ जा सकता है."

    वहीं, कांग्रेस के कम्यूनिकेशन प्रभारी जयराम रमेश ने भी पुलिस के पहुंचने की आलोचना की है.

    उन्होंने कहा, "भारत जोड़ो यात्रा को समाप्त हुए 45 दिन हो गए हैं. वो 45 दिनों बाद सवाल पूछ रहे हैं. अगर उन्हें इतनी ही चिंता थी तो वो फरवरी में ही उनके (राहुल गांधी) पास क्यों नहीं गए? राहुल गांधी की क़ानूनी टीम क़ानून के अनुसार इसका जवाब देगी."

  5. गुजरात का ये क्रिकेट कैंप ख़ास है और ये महिलाएं मिसाल हैं

    भारत में महिला क्रिकेट नई ऊंचाइयां छू रहा है लेकिन जो महिलाएं विकलांग हैं उनके लिए ना राष्ट्रीय स्तर की टीम है ना ही खेलने के लिए मैचों का आयोजन हो रहा है.

    इसके बावजूद वो क्रिकेट के ज़रिए नई पहचान और आत्म विश्वास हासिल कर रही हैं.

  6. बांग्लादेश में बस दुर्घटना, 19 लोगों की मौत और 25 घायल

    बांग्लादेश के मदारीपुर में एक यात्री बस के खाई में गिर जाने से 19 लोगों की मौत हो गई है और 25 लोग घायल हुए हैं. बीबीसी बांग्ला सेवा की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है.

    पुलिस का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है. पुलिस ने बताया कि बस ढाका जा रही थी और मदारीपुर इलाके में सुबह के साढ़े सात बजे ड्राइवर ने बस पर अपना नियंत्रण खो दिया.

    बस एक्सप्रेस वे पर अनियंत्रित होकर नीचे खाई में जा गिरी. स्थानीय लोगों का कहना है कि पद्मा ब्रिज के चालू होने के बाद एक्सप्रेस वे पर ये अब तक का सबसे बड़ा सड़क हादसा है.

    मदारीपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मसूद आलम ने पुष्टि की है कि 14 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी जबकि पांच और लोगों ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया.

    पुलिस एसपी ने बताया कि बस में 45 यात्री और तीन स्टाफ़ सवार थे. घायलों को ढाका मेडिकल कॉलेज सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी.

  7. गुवाहाटी: रेलवे स्टेशन पर खुला पहला ट्रांसजेंडर टी स्टॉल, चलाने वाली बोलीं 'सम्मान की है लड़ाई'

    इस महीने 10 मार्च को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बड़ी संख्या में ट्रांसजेंडर सज-धज के पहुंचे थे. मौक़ा था एक चाय के स्टॉल के उद्घाटन का.

    ट्रेन पकड़ने की जल्दी में स्टेशन पहुंच रहे यात्री भी थोड़ा रुक कर ट्रांस टी स्टॉल नामक इस चाय स्टॉल को निहार रहे थे, क्योंकि अक्सर जो ट्रांसजेंडर ट्रेन के डिब्बे में ताली बजाकर पैसा मांगते दिखते है वो लोग अब चाय बेच रहे हैं.

    उस रोज़ वहां पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता समेत रेलवे प्रशासन के कई बड़े अधिकारी भी मौजू़द थे.

    दरअसल गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर ट्रांसजेंडर लोगों द्वारा विशेष रूप से चलाया जा रहा एक चाय का स्टॉल इन दिनों सुर्खियों में है.

  8. अमृतपाल सिंह के चार समर्थकों को लेकर असम के डिब्रूगढ़ पहुंची पंजाब पुलिस

    'वारिस पंजाब दे' संगठन के मुखिया अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस का ऑपरेशन दूसरे दिन भी जारी है.

    हालांकि पुलिस ने अमृतपाल सिंह के 78 साथियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.

    कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंजाब पुलिस की एक टीम असम के डिब्रूगढ़ में है.

    कई स्थानीय टीवी चैनलों द्वारा चलाए जा रहे वीडियो में पंजाब पुलिस की टीम डिब्रूगढ़ पुलिस स्टेशन से बाहर आती दिख रही है.

    जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि वे किन लोगों को लाए हैं तो उन्होंने बताया कि अमृतपाल के चार साथियों को यहां लाया गया है.

    कहा जा रहा है कि "शायद उन्हें अब वहीं रखा जाएगा." पुलिस ने उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं.

    पुलिस उन्हें चार्टर प्लेन से डिब्रूगढ़ लेकर गई है.

    पंजाब पुलिस का अमृतपाल के साथियों को डिब्रूगढ़ ले जाना इस बात का संकेत है कि केंद्रीय एजेंसियां ​​इस ऑपरेशन में सहयोग कर रही हैं.

    अमृतपाल सिंह की गिरफ़्तारी पर जालंधर के पुलिस कमिश्नर केएस चहल ने बताया, "करीब 20-25 किलोमीटर तक पुलिस ने उनका पीछा किया लेकिन वह भागने में सफल रहा. हमने एक नंबर बरामद किया है. हथियार और दो कारें ज़ब्त की हैं. तलाश जारी है, हम उसे जल्द ही गिरफ़्तार कर लेंगे. कानून व्यवस्था बनी रहेगी."

    इस बीच पंजाब सरकार के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने कहा है कि पंजाब के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, सभी एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवाएं 20 मार्च (12:00 घंटे) तक निलंबित रहेंगी.

  9. कैसा होता है जब किसी घर पर रॉकेट से हमला हो जाए, इस शख़्स से सुनिए

    वो साल 2003 में मार्च का महीना था.

    जब एक मिसाइल हमले में एक छोटे से बच्चे ने अपना पूरा परिवार खो दिया. अपना हाथ गंवा बैठा.

    इलाज के बाद जान तो बच गई लेकिन हाथ नहीं बचे. वो बच्चा अब एक पिता है लेकिन जो दर्द उस दिन मिला, वो आज भी जस का तस है.

    पढ़ें, हमले में अपना सबकुछ खो देने वाले अली की कहानी.

  10. विधायक निधि के पैसों से स्पीड बोट खरीद कर विवादों में फंसे तृणमूल कांग्रेस विधायक

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में कोलकाता से सटे दक्षिण 24-परगना जिले के गोसाबा के तृणमूल कांग्रेस विधायक सुब्रत मंडल विधायक निधि के पैसों से एक आलीशान स्पीड बोट खरीद कर विवादों में फंस गए हैं.

    विपक्षी दलों के अलावा खुद उनकी पार्टी के नेता भी इसकी आलोचना कर रहे हैं.

    बीस सीटों वाले उस एअरकंडीशंड बोट के बारे में विधायक सुब्रत की दलील है कि इलाक़े में स्थित द्वीपों में रहने वाले मरीजों और गर्भवती महिलाओं को उसके जरिए शीघ्र अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकेगा.

    वह कहते हैं, "इसका इस्तेमाल एंबुलेंस के तौर पर किया जाएगा. इसके साथ ही किसी वीआईपी के सुंदरबन के दौरे पर आने पर उनकी आवाजाही में इसका इस्तेमाल किया जाएगा."

    इलाक़े में वॉटर एंबुलेंस की ज़रूरत की बात सब मानते हैं. क़रीब डेढ़ साल पहले भी सुंदरबन विकास मंत्रालय ने एक वाटर एंबुलेंस चालू किया था.

    लेकिन ईंधन का खर्च जुगाड़ नहीं होने की वजह से फिलहाल वह लंगर डाले खड़ी है.

    विधायक ने वर्ष 2021-22 के दौरान इलाक़े के विकास के लिए मिली अपनी निधि के 60 में से 51 लाख रुपये स्पीड बोट खरीदने पर खर्च किए हैं.

    दक्षिण 24-परगना जिला परिषद के सदस्य और स्थानीय तृणमूल नेता अनिमेष मंडल बताते हैं कि इसे खरीदने से पहले पार्टी में कोई विचार-विमर्श नहीं किया गया.

    उनका सवाल है कि धन की कमी के कारण नदी के कमजोर बांधों की मरम्मत नहीं हो पा रही है. गांव में कई सड़कें बेहद जर्जर हालत में हैं. पेय जल की समस्या से साथ स्थानीय अस्पतालों में दवाओं की भी भारी कमी है. ऐसे में इस विलासिता का क्या तुक है?

    इलाक़े के भाजपा नेता विकास सर्दार कहते हैं, "विधायक को शायद स्पीड बोट से नदी की सैर करने का शौक है."

    गोसाबा पंचायत समिति के उपाध्यक्ष कैलाश विश्वास के मुताबिक़, "पहले ईंधन का खर्च नहीं मिल पाने की वजह से वाटर एंबुलेंस बंद पड़ी है. अब इस स्पीड बोट पर हर घंटे 40 लीटर डीजल खर्च होगा. यह खर्च कहां से आएगा?"

  11. नेपाल में जड़ें जमा रही हिन्दुत्व की राजनीति का मुसलमानों पर कैसा असर

    नेपाल में कैसे जड़ें जमा रही है हिन्दुत्व की राजनीति, मुसलमानों पर कैसा असर है?

    देखिए नेपाल के जनकपुर से बीबीसी संवाददाता रजनीश कुमार की ये रिपोर्ट.

  12. ऑस्ट्रेलिया: जब बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां नदी की सतह पर आ गईं

    ऑस्ट्रेलिया के एक इलाके में जब लोग सुबह उठे तो उन्होंने कुछ ऐसा देखा जो उनके दिल को तोड़ देने वाला था.

    शुक्रवार को वहां नदी में लाखों की संख्या में मछलियां मर गई थीं.

    सबसे पहले ये घटना न्यू साउथ वेल्स के मेनिन्डी कस्बे में हुई.

    नदी की देखभाल करने वाली अथॉरिटी का कहना है कि डार्लिंग-बाका नदी पर हीट वेव (लू के थपेड़ों) का असर पड़ा है और मछलियों के मरने के पीछे की वजह यही है.

    स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कस्बे में इतनी बड़ी संख्या में मछलियों के मरने की ये अब तक की बड़ी घटना है.

    हालांकि, यहां तीन साल पहले भी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हुई थी.

    जलवायु परिवर्तन की वजह से दुनिया भर में हीट वेव की घटनाएं बढ़ गई हैं.

    यह पहले की तुलना में ज़्यादा भीषण और लंबा खिंच जाने वाला हो गया है.

  13. COVER STORY: यूरोप जाने की कोशिश में जान गंवाते लोग

    हाल ही में यूरोप जाने की कोशिश कर रहे प्रवासियों से भरी दो नावों के समंदर में पलटने से कई प्रवासियों की मौत हो गई. इनमें से कुछ पाकिस्तानी नागरिक भी थे.

    हादसे के बाद कई लोग अब भी लापता हैं. ये लोग बिना वीज़ा के यूरोप में घुसने की कोशिश कर रहे थे. आख़िर क्यों ये लोग जान हथेली पर रखकर ये मुश्किल सफ़र तय करते हैं.

    बीबीसी संवाददाता शुमाएला जाफ़री ने इस हादसे में मारे गए कुछ लोगों के परिवार वालों से बात की और उनका दर्द समझना चाहा.

  14. पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह को घोषित किया भगोड़ा, तलाश जारी

    पंजाब पुलिस ने 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को भगोड़ा घोषित कर दिया है. पुलिस के मुताबिक उन्हें खोजने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

    जालंधर के पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल ने शनिवार देर रात मीडिया को बताया, "वो (अमृतपाल सिंह) इस समय भगोड़ा है और हम उसकी तलाश कर रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ़्तार करेंगे."

    उन्होंने बताया, "अमृतपाल सिंह की दो कारों और बंदूकधारियों को पकड़ लिया गया है. हम ये भी जांच कर रहे हैं कि उसकी सुरक्षा में रखे गए हथियार अवैध तो नहीं हैं. मामला दर्ज कर लिया गया है."

    वहीं, पंजाब पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर जानकारी दी है, "वारिस पंजाब दे के ख़िलाफ़ कार्रवाई में अब तक 78 लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है. अमृतपाल भगोड़ा है, पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही है. आठ राइफ़ल, एक रिवॉल्वर सहित नौ हथियार बरामद किए गए हैं. स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को अफ़वाहों पर ध्यान ना देने की सलाह दी जाती है."

    मौजूदा स्थिति को देखते हुए अमृतपाल सिंह के गांव जुल्लुपुर में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और पंजाब में रविवार दोपहर तक इंटरनेट सेवाएं बंद की गई हैं.

  15. अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए 15 दिन पहले इस तरह बनाई गई योजना

    पंजाब पुलिस 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह की शनिवार से तलाश कर रही है. पुलिस के मुताबिक़ अमृतपाल सिंह अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है लेकिन अब तक उनके 78 साथियों को गिरफ़्तार किया गया है.

    लेकिन, अमृतपाल सिंह के ख़िलाफ़ पुलिस कार्रवाई अचानक नहीं हुई बल्कि इसकी तैयारियां क़रीब 15 दिन पहले ही चल रही थीं और सरकार को अमृतसर में जी20 की बैठक ख़त्म होने का इंतज़ार था.

    अंग्रेज़ी अख़बारद इंडियन एक्सप्रेसके मुताबिक़ 15 दिनों पहले ही पुलिस ने तैयारियां कर ली थीं कि अमृतपाल सिंह को रामपुरा फुल जाते वक़्त गिरफ़्तार किया जाएगा. रामपुरा फुल में अमृतपाल को शनिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होना था.

    28 फरवरी को पंजाब सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से केंद्रीय सुरक्षाबलों की 120 कंपनियां भेजने की मांग की थी.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, 'महिलाओं पर यौन हमले' वाली टिप्पणी के मामले में राहुल गांधी के घर पर पहुंची दिल्ली पुलिस

    भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 'महिलाओं पर हो रहे यौन हमलों' को लेकर की गई राहुल गांधी की टिप्पणी के सिलसिले में दिल्ली पुलिस रविवार को उनके घर पहुंची.

    दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को उनके इस बयान पर एक नोटिस भेजा है जिसमें उनसे कुछ सवालों के जवाब मांगे गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, स्पेशल कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) सागर प्रीत हुडा के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस की एक टीम 12, तुग़लक लेन स्थित राहुल गांधी के सरकारी आवास पर पहुंची.

    कुछ सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को नोटिस जारी कर "उन महिलाओं के बारे में जानकारी मांगी थी जिन्होंने उनसे यौन उत्पीड़न की शिकायत लेकर संपर्क किया था."

    दिल्ली पुलिस का कहना है कि राहुल गाधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान श्रीनगर में ये कहा था कि "मैंने सुना है कि उन महिलाओं पर अभी यौन हमले किए जा रहे हैं."

    अधिकारियों के मुताबिक़, पुलिस ने उनसे उन पीड़ित महिलाओं के बारे जानकारी मांगी है ताकि उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जा सके.

  17. पाकिस्तान में अहमदिया मुसलमानों के ख़िलाफ़ हो रहे अत्याचारों के लिए कौन ज़िम्मेदार?

    पाकिस्तान के सेंट्रल पंजाब के एक कस्बा रबवाह में 12 अगस्त 2022 को नसीर अहमद रोज़ की तरह मार्निंग वॉक पर गए थे. वो शुक्रवार का दिन था, इसलिए वो अपने परिजनों के कब्र पर फ़ातेहा पढ़ने चले गए.

    कब्रिस्तान से घर लौटते वक़्त अपने एक परिचित से बातचीत के लिए नसीर कुछ मिनटों के लिए 'लैरी अड्डा' पर रुके. जब नसीर बातचीत में व्यस्त थे उनके पास सफ़ेद सलवार कमीज़ पहने हुए दाढ़ी वाला एक व्यक्ति आया.

    उस व्यक्ति ने बीच में उन्हें रोकते हुए पूछा,"क्या तुम अहमदी हो?" जैसे ही नसीर ने इसके जवाब में सर हिलाते हुए कहा, "हां मैं हूं" वैसे ही उस इंसान ने उनपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

    उन पर चाकू से वार करते हुए वो बार-बार नबी मोहम्मद के लिए नारे लगाने लगा रहा था.

  18. असम: गोसाईंगांव के हावरियापेट बाजार में लगी आग में 12 से अधिक दुकानें जलकर ख़ाक

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के कोकराझार जिले के गोसाईगांव सब-डिवीजन के हावरियापेट बाजार इलाके में लगी भीषण आग में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई.

    यह घटना रविवार सुबह क़रीब 4 बजे की है.

    कोकराझार की जिला उपायुक्त वर्णाली डेका ने कहा, "गोसाईगांव के हावरियापेट गांव नंबर 2 के दैनिक बाजार में सुबह क़रीब 4-40 बजे आग लग गई, जिसमें फार्मेसी, इलेक्ट्रॉनिक दुकान, स्टेशनरी की दुकान समेत 12 से ज़्यादा दुकानें जलकर ख़ाक हो गईं."

    "आग लगने की घटना का कारण शॉर्ट सर्किट था. दो फायर टेंडर ने आग बुझाई और कोई भी जनहानि नहीं हुई. हमारे वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है. हम नुक़सान का आकलन कर रहे हैं. स्थिति नियंत्रण में है और हम कड़ी निगरानी कर रहे है."

    फिलहाल अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने मौक़े पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है.

    गोसाईंगांव के विधायक जिरोन बासुमतारी ने आग की इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए एक पोस्ट कर बताया कि हवारियापेट बाजार उनके निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है और आग से वहां भारी नुक़सान हुआ है.

  19. पाकिस्तान: इमरान ख़ान के घर पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री ने क्या कहा

    पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने लाहौर के ज़मान पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के घर पर शुक्रवार को चलाए गए अभियान का बचाव किया है.

    उन्होंने शुक्रवार रात को प्रेस वार्ता करते हुए कहा, ''आज सुबह लाहौर में पुलिस ने दूसरी क़ानूनी एजेंसियों की मदद से लाहौर जैसे शहर में क़रीब एक महीने से बने हुए एक नो-गो एरिया को हटा दिया है.''

    उन्होंने बताया, ''तलाशी अभियान के दौरान इमरान ख़ान के घर के बाहर से अवैध हथियार, गुलेल, पेट्रोल बम बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं. इन सभी का इस्तेमाल क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों के ख़िलाफ़ किया गया है.''

    राणा सनाउल्लाह ने कहा कि ज़मान पार्क से जो मिला है उसके बाद कुछ और कहने की ज़रूरत नहीं है. सर्च वारंट पर इमरान ख़ान के घर के बाहरी हिस्से की तलाशी ली गई थी. वारंट होने के बावजूद भी पुलिस उस रिहायशी हिस्से में नहीं गई जहां उनकी पत्नी मौजूद थी.

    उन्होंने बताया कि इमरान ख़ान के घर के अंदर की भी तलाशी ली जाएगी क्योंकि हमें संदेह है कि अवैध हथियारों का एक बड़ा जखीरा हो सकता है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान ख़ान के आसपास जो लोग जमा हैं उन्हें नहीं पता कि कौन हैं और वो कहां से आया है. वो खुद चरमपंथियों को अपने घर में रखते हैं.

    राणा सनाउल्लाह ने इमरान ख़ान को असाधारण राहत मिलने का भी आरोप लगाया. उनका इशारा कोर्ट से मिलने वाली जमानत की राहत की तरफ था. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें असाधारण राहत ना मिले तो वो कुछ दिनों में ठीक हो जाएंगे.

    पीटीआई प्रमुख इमरान ख़ान के घर पर शुक्रवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ था. पुलिस दरवाज़ा तोड़कर अंदर पहुंच गई थी और इमरान ख़ान के समर्थक इसका विरोध कर रहे थे.

    पुलिस ने उन पर घर के अंदर से गोलियां चलने का भी आरोप लगाया था. हालांकि, उस दौरान इमरान ख़ान घर में नहीं थे. वो कोर्ट में पेश होने के लिए घर से निकल चुके थे.

  20. पुतिन ने किया मारियुपोल का दौरा, बीते साल मई में रूसी सेना ने किया था कब्ज़ा

    रूसी राष्ट्रपति के दफ़्तर का कहना है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेनी शहर मारियुपोल का दौरा किया है. बीते साल मई में रूस ने इस शहर पर कब्ज़ा कर लिया था.

    रूसी समाचार एजेंसी तास ने क्रेमलिन के हवाले से कहा है कि पुतिन हेलिकॉप्टर से डोनबास इलाक़े के इस शहर पहुंचे और उन्होंने वहां रह रहे लोगों से बात की.

    क्रेमलिन ने कहा है कि पुतिन ने वहां नेव्स्की ज़िले का दौरा किया और एक परिवार के आमंत्रण पर उनसे मुलाक़ात करने उनके घर भी गए.

    कहा जा रहा है कि बीते साल फरवरी में यूक्रेन के ख़िलाफ़ 'विशेष सैन्य अभियान' छेड़ने के बाद ये मारियुपोल का पुतिन का पहला दौरा है.

    मारियुपोल पहुंचने से पहले पुतिन ने क्राइमिया का दौरा किया था, जिस पर कुछ साल पहले रूस ने कब्ज़ा कर लिया था.