You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत के हथियार आयात में रूसी हिस्सेदारी गिरी, लेकिन रूस अब भी सबसे बड़ा सप्लायर - रिपोर्ट

रूस भारत का सबसे बड़ा हथियार सप्लायर बना हुआ है. एक रिपोर्ट के मुताबिक़ साल 2017-2022 के बीच भारतीय रक्षा आयात में इसकी हिस्सेदारी 62% से गिरकर 45% हो गई है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. इंडोनेशिया: बाली में पर्यटकों को किराए पर बाइक देने पर लग सकती है रोक लेकिन क्यों

    इंडोनेशिया के बाली में विदेशी पर्यटकों को किराए पर बाइक देना बंद हो सकता है. इसके लिए योजना तैयार की जा रही है.

    ऐसा बीते कुछ समय में ट्रैफ़िक नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आने के बाद किया जा रहा है.

    गवर्नर आई वेयन कोस्टर ने कहा, "शर्ट या कपड़े उतारकर, बिना हेलमेट और लाइसेंस के इस द्वीप पर बाइक लेकर नहीं घूमना चाहिए."

    पर्यटकों को अब ट्रैवल एजेंटों की ओर से दी जाने वाले वाहनों का इस्तेमाल करना होगा.

    बंटी हुई है राय

    इस योजना पर अलग-अलग मत हैं क्योंकि देश का टूरिज़्म सेक्टर अभी भी कोरोना महामारी से हुए नुक़सान से उबर रहा है.

    स्थानीय पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फ़रवरी के आख़िरी सप्ताह से लेकर मार्च के कुछ शुरुआती दिनों के बीच करीब 171 विदेशी पर्यटकों ने ट्रैफ़िक नियमों का उल्लंघन किया है. कुछ पर्यटकों ने फर्ज़ी लाइसेंस प्लेट का भी इस्तेमाल किया.

    गवर्नर ने कहा, "अगर आप पर्यटक हैं तो पर्यटक की तरह ही बर्ताव करें."

    बाली जाने वाले विदेशी टूरिस्ट अक्सर घूमने-फिरने के लिए बाइक किराए पर लेते हैं. माना जा रहा है कि प्रस्तावित कानून इसी साल से लागू होगा लेकिन इसकी प्रक्रिया क्या होगी, इस पर अभी स्पष्टता नहीं है.

  2. बिहार में छोटी पार्टियों को रिझाने में जुटी बीजेपी, कितनी होगी सफल?

    बीजेपी के बड़े नेता लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं, अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए राज्य की छोटी-छोटी पार्टियों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में बीजेपी दिख रही है.

  3. चीन ने विदेशी नागरिकों को दी राहत, कल से मिलेगा वीज़ा

    चीन में बुधवार से विदेशी नागरिकों को वीज़ा जारी करने की शुरुआत होगी.

    कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद से चीन में लगाई गई पाबंदियों को हटाने के क्रम में इसे बड़ा फ़ैसला बताया जा रहा है.

    चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि मार्च 2020 के पहले जारी किए गए ऐसे वीज़ा जो अब तक वैध हैं, उनके जरिए भी विदेशी नागरिकों को चीन आने की अनुमति दी जाएगी.

    महामारी शुरू होने से पहले के साल चीन में 60 करोड़ विदेशी नागरिकों ने दौरा किया था.

    पूरी दुनिया में यात्रा से जुड़ी पाबंदियां हटाए जाने के बाद भी चीन ने प्रतिबंध बनाए रखे थे. चीन में बीते साल तक कड़े प्रतिबंध लागू थे. लॉकडाउन और दूसरी पाबंदियों को लेकर लोगों ने सड़कों पर उतरकर नाराज़गी जाहिर की थी.

  4. मध्य प्रदेश: मेले में महिला कलाकारों का एचआईवी टेस्ट करने का आरोप, जांच शुरू

    मध्य प्रदेश में वार्षिक मेले में आईं महिला डांसर्स (नृत्यांगनाओं) की कथित एचआईवी जाँच का मामला तूल पकड़ने के बाद अब ज़िला प्रशासन ने इसकी जाँच के आदेश दिए हैं.

    ये मामला अशोक नगर ज़िले का है जहां सरकारी डॉक्टरों ने वार्षिक मेले में महिला कलाकारों का कथित तौर पर एचआईवी टेस्ट किया. राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्लू) ने इसका संज्ञान लिया और प्रशासन को नोटिस जारी किया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार ये इलाका ग्वालियर के डिवीज़नल कमिश्नर दीपक सिंह के अधीन है. अब दीपक सिंह ने इस कथित मामले की जांच के लिए कमिटी गठित कर दी है.

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने ट्वीट में जानकारी दी है, "एनसीडब्लू ने इसका संज्ञान लिया. चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने अशोकनगर के ज़िलाधिकारी से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा."

    क्यों प्रसिद्ध है मेला

    आयोग ने इस ट्वीट के साथ एक फ़ेसबुक लिंक भी शेयर किया है. इस एफ़बी पोस्ट के अनुसार ये मामला राई मेला का है.

    ये मेला सदियों से लगता आ रहा है. ऐसी मान्यता है कि सीता ने लव-कुश को यहीं जन्म दिया था. हर साल यहां मेले में लोग राई नृत्य (बुंदेलखंडी नृत्य) करवाते हैं. दावा है कि राई नृत्य करने आने वाली नृत्यांगनाओं का प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एचआईवी टेस्ट करवाया.

    जांच के लिए बनी तीन सदस्यीय कमिटी के अध्यक्ष के तौर पर हेल्थ सर्विसेज़ के रीजनल डायरेक्टर डॉक्टर राकेश चतुर्वेदी को नियुक्त किया गया है.

    वहीं, अशोक नगर ज़िले के चीफ़ मेडिल ऑफ़िसर डॉक्टर नीरज छारी का तबादला भोपाल स्वास्थ्य विभाग निदेशालय में कर दिया गया है.

    इस साल 12 मार्च को अशोक नगर के करीला में रंगपंचमी के अवसर पर सालाना मेला आयोजित किया गया था. यहीं पर सीता का मंदिर भी मौजूद है.

  5. भारत के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में भी ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगे स्टीव स्मिथ

    भारत के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगे.

    नियमित कप्तान पैट कमिंस की ग़ैरमौजूदगी में स्मिथ ने टेस्ट सिरीज़ के आखिरी दो मैचों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की थी.

    क्रिकेट डॉट कॉम एयू की ख़बर के अनुसार पैट कमिंस फिलहाल भारत नहीं लौट रहे हैं, इस वजह से कप्तानी स्टिव स्मिथ के पास ही रहेगी.

    पैट कमिंस अपनी बीमार मां की देखभाल के लिए दिल्ली में हुए दूसरे टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे. बीती 10 मार्च को उनकी मां का ब्रेस्ट कैंसर से निधन हो गया.

    ऑस्ट्रेलियाई कोच ऐंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा, "पैट वापस नहीं आ रहे. वो अभी भी घर रहेंगे. इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं पैट और उनके परिवार के साथ हैं."

    उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने बेहतर खेल दिखाया. दो में से एक टेस्ट मैच में जीत हासिल की जबकि दूसरा मैच ड्रॉ रहा. इसके पहले पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को लगातार दो टेस्ट मैचों में हार झेलनी पड़ी थी.

    पैट के भारत न आने का मतलब है कि स्मिथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान बने रहेंगे क्योंकि टेस्ट में भी उन्होंने ही टीम की कमान संभाली है.

    पिछले साल एरॉन फिंच के रिटायरमेंट के बाद पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान बने थे.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एकदिवसीय मैचों की सिरीज़ का पहला मुक़ाबला मुंबई में शुक्रवार को होगा.

  6. ऑकस समझौता: चीन से मुक़ाबले के लिए ये करने जा रहे हैं अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया

    चीन के हिंद प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते प्रभाव के बीच अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया ने न्यूक्लियर पावर्ड (परमाणु क्षमता से लैस) पनडुब्बियों का नया बेड़ा तैयार करने से जुड़ी योजना का खाका पेश किया है.

    चीन ने अपनी सैन्य क्षमता बढ़ाने का एलान किया है. अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के इस समझौते को चीन के दबदबे को रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. अब अमेरिका और ब्रिटेन उन्नत परमाणु पनडुब्बी से जुड़ी तकनीक ऑस्ट्रेलिया के साथ साझा करेंगे.

    समझौैते के तहत ऑस्ट्रेलिया को परमाणु क्षमता से लैस लड़ाकू पनडुब्बियां मुहैया कराई जाएंगी. इसके बाद ‘कटिंग एज़’ तकनीक के जरिए नई पनडुब्बियां तैयार की जाएंगी.

    चीन ने क्या कहा?

    चीन ने तीनों देशों की इस सामूहिक कोशिश को लेकर कहा है कि इससे ‘शांति और स्थिरता को झटका लगा है.’

    चीन के यूएन मिशन ने कहा है कि पश्चिमी देशों की इस कोशिश से परमाणु अप्रसार की कोशिशों को झटका लगेगा.

    बाइडन ने क्या कहा?

    वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि इस समझौते का मक़सद इलाके में शांति को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि ये पनडुब्बियां ‘ न्यूक्लियर पावर्ड (परमाणु ताक़त से लैस) होंगी लेकिन इसमें परमाणु हथियार नहीं होंगे.’

    उन्होंने कहा कि इसके जरिए ऑस्ट्रेलिया की परमाणु मुक्त देश होने की प्रतिबद्धता पर असर नहीं होगा.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि AUKUS (ऑकस) समझौते से हिंद प्रशांत क्षेत्र में आने वाले कई दशकों के लिए सुरक्षा मजबूत होगी.

    क्या बोले ऑस्ट्रेलिया के पीएम?

    ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा है कि ये उनके देश के इतिहास का रक्षा क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश होगा. इसकी कुल कीमत 245 अरब अमेरिकी डॉलर है.

    शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया को अमेरिका में बनी तीन पनडुब्बी मुहैया कराई जाएंगी. इसके बाद नई ‘ऑकस क्लास’ की पनडुब्बी ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया में बनाई जाएंगी.

    ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन के बाद दूसरा देश बन जाएगा जिसे अमेरिका से ये तकनीक हासिल होगी.

    इस समझौते के तहत ऑस्ट्रेलिया की नौसेना से लोगों को अमेरिका और ब्रिटेन के सबमैरीन बेस भेजा जाएगा ताकि वो इन पनडुब्बियों को चलाने के तरीके सीख सकें.

  7. LIVE: महाराष्ट्र में पुरानी पेंशन स्कीम की मांग को लेकर कर्मचारियों की हड़ताल.

    LIVE: महाराष्ट्र में पुरानी पेंशन स्कीम की मांग को लेकर कर्मचारियों की हड़ताल. मुंबई से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता दिपाली जगताप (कैमरा- शर्दुल कदम)

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, भोपाल गैस त्रासदी केस: सुप्रीम कोर्ट ने ख़ारिज की पीड़ितों का मुआवज़ा बढ़ाने से जुड़ी याचिका

    भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को मिले मुआवज़े की राशि को बढ़ाने की मांग वाली याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया है.

    केंद्र सरकार ने साल 2010 में क्यूरेटिव याचिका दायर कर यूएस की कंपनी यूनियन कार्बाइड (अब डाव केमिकल्स के स्वामित्व वाली) से भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों के लिए अतिरिक्त मुआवज़े की मांग की थी.

    याचिका में यूनियन कार्बाइड से करीब 7800 करोड़ रुपये का अतिरिक्त मुआवज़ा दिलाने की मांग की गई थी.

    लाइव लॉ की ख़बर के अनुसार जस्टिस एसके कौल, जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस ए.एस ओका, जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस जेके महेश्वरी की पीठ ने 12 जनवरी 2023 को ही इस मामले में अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था. शीर्ष न्यायालय ने कहा कि केंद्र सरकार की याचिका कानूनी सिद्धांतों पर खरी नहीं उतरती.

    सुप्रीम कोर्ट ने गैसकांड पीड़ितों के मुआवज़ों को लेकर बरती गई लापरवाही को लेकर केंद्र सरकार को फटकारा भी. कोर्ट ने कहा कि केंद्र सरकार खुद पीड़ितों के लिए बीमा पॉलिसी नहीं ला सकी. ऐसे में वो इस अदालत से यूनियन कार्बाइड पर ज़िम्मेदारी डालने के लिए नहीं कह सकती.

    यूनियन कार्बाइड ने इस मामले में 47 करोड़ डॉलर का मुआवज़ा पीड़ितों को दिया था लेकिन सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करके इसे बढ़ाने की मांग की गई. साल 1991 में इस मामले को दोबारा खोलने से कोर्ट ने शीर्ष न्यायालय ने इनकार कर दिया. इसके 19 साल बाद केंद्र ने क्यूरेटिव याचिका दायर कर मुआवज़ा बढ़ाने की मांग की थी जिसे मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया है.

    भोपाल गैस त्रासदी

    वर्ष 1984 के दिसंबर माह की 2 और 3 तारीख की रात को यूनियन कार्बाइड के कारखाने से लगभग 40 टन 'मिथाइल आइसोसाइनेट' गैस का रिसाव होने लगा.

    भोपाल शहर में अफरा तफरी मच गई थी, लेकिन सबसे ज़्यादा प्रभावित वो इलाक़े थे जो यूनियन कार्बाइड के कारख़ाने के आस पास थे.

    सरकारी आंकड़ों के हिसाब से इस हादसे में मरने वालों की संख्या 5 हजार 295 के क़रीब थी.

  9. यूपी सरकार का नवरात्रि के दौरान मंदिरों में दुर्गा सप्तशती पाठ कराने का आदेश

      • Author, अनंत झणाणे

    उत्तर प्रदेश सरकार ने 22 मार्च से शुरू हो रही चैत्र नवरात्रि के दौरान मंदिरों और शक्तिपीठों में विशेष अभियान चलाए जाने का एलान किया है.

    यूपी सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नवरात्री के दौरान मंदिरों और शक्तिपीठों में अखंड रामायण और दुर्गा सप्तशती का पाठ कराने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी कराया जाएगा.

    उत्तर प्रदेश की सरकार इस अभियान के लिए सभी ज़िलों को एक-एक लाख रुपये भी मुहैया कराएगी. ये राशि यूपी के संस्कृति विभाग की ओर से ज़िला पर्यटन एंव सांस्कृतिक परिषद को दी जाएगी.

    ज़िलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को जारी इस निर्देश में कहा गया है कि मंदिरों और शक्तिपीठों में होने वाले इन आयोजनों में महिलाओं और बच्चियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए. साथ ही इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करना होगा.

    इस निर्देश के अनुसार शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में पर्यटन विभाग या अन्य विभाग के कराए गए विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कामों का प्रिंट और सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार भी करना है. साथ ही मंदिरों में इससे संबंधित होर्डिंग्स भी लगानी हैं.

    सभी संबंधित अधिकारियों को 21 मार्च तक अपनी तैयारियों की जानकारी संस्कृति विभाग को देनी है. वहीं, कार्यक्रमों की तस्वीरें, जानकारी भी संस्कृति विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध करानी है.

    बीबीसी ने इस आदेश के बारे में इस आदेश को जारी करने वाले उत्तर प्रदेश के धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम से बात की.

    उनके मुताबिक़, "यह हम हर साल आयोजित करते हैं. इससे पहले इसका नाम था मिशन शक्ति था. इससे महिला सशक्तीकरण का सन्देश जाता है और उनका सम्मान होता है. इसे धार्मिक नहीं आध्यात्मिक नज़रिये से देखना चाहिए. अध्यात्म से सकारात्मकता और इंसानियत का प्रचार होता है."

    मुकेश मेश्राम ने बीबीसी को बताया कि, "धर्मार्थ कार्य के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार रामायण कॉन्क्लेव, संत समागम, माघ मेला, बुद्धा कॉन्क्लेव जैसे कार्यक्रम भी आयोजित करती है. हम लोग सूफी फेस्टिवल, देवा (देवा शरीफ) महोत्सव का भी आयोजन करते हैं. और इस कार्यक्रम के तहत हम दीपोत्सव के साथ शुरू हुए रामायण कॉन्क्लेव का समापन भी करते हैं."

    एक-एक लाख रुपये मुहैया कराने पर मुकेश मेश्राम ने बताया की, "उत्तर प्रदेश में हमारे पास बड़ी संख्या में कलाकार हैं और यह उनके लिए आय का साधन बनेगा."

    उन्होंने बताया कि, "वाल्मीकि की रामायण में राम की एक परिकल्पन राष्ट्र निर्माण की भी है, जिसमे हर नागरिक को समाज के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियों और कर्तव्यों का एहसास होना चाहिए. इससे सोशल हारमनी भी विक्सित करेगा और राष्ट्र निर्माण भी होगा."

  10. अज़ान पर बयान को लेकर बीजेपी नेता केएस ईश्वरप्पा को उमर अब्दुल्ला ने बताया 'अज्ञानी'

    नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने अज़ान पर कर्नाटक बीजेपी नेता केएस ईश्वरप्पा के बयान को बेहद 'ख़ेदपूर्ण' बताया है.

    बीजेपी के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा ने सोमवार को कहा था कि लाउडस्पीकरों से 'अज़ान' देने की वजह से लोग परेशान होते हैं. ख़ासतौर पर जो छात्र परीक्षा की तैयारी कर रहे होते हैं और अस्पतालों में मरीज़ों को परेशानी होती है.

    ईश्वरप्पा रविवार को बीजेपी की विजय संकल्प यात्रा के दौरान 'अल्लाह' पर दिए अपने विवादित बयान के बचाव में जवाब दे रहे थे. उनका अल्लाह पर दिया बयान सोशल मीडिया पर भी ख़ूब वायरल हुआ था.

    अब ईश्वरप्पा के बयानों पर जवाब देते हुए उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, "बीजेपी की ओर से बेहद खेदपूर्ण बयानों को एक पल के लिए किनारे करते हुए इस अज्ञानी को कौन बताएगा कि अज़ान अल्लाह के लिए की जाने वाली कोई प्रार्थना नहीं, बल्कि ये तो नमाज़ के लिए लोगों को बुलाने के लिए दी जाती है. अल्लाह तो सबको देखता-सुनता है, लेकिन अक्सर इंसान ऐसा नहीं करते."

  11. बोहरा समुदाय के धर्मगुरु डॉक्टर सैफ़ुद्दीन को जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी का चांसलर बनाया गया

    जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) कोर्ट (अंजुमन) के सदस्यों ने सर्वसम्मति से डॉक्टर सैय्यदना मुफ़द्दल सैफ़ुद्दीन को नया चांसलर चुना है.

    जामिया अंजुमन में 45 सदस्य होते हैं जिनमें से तीन सांसद भी हैं.

    डॉक्टर सैफ़ुद्दीन आज अपना कार्यभार संभालेंगे और अगले पाँच सालों तक इस पद पर रहेंगे. वो डॉक्टर नजमा हेपतुल्ला की जगह लेंगे.

    डॉक्टर सैय्यदना सैफ़ुद्दीन बोहरा समुदाय के 53वें धर्मगुरु हैं. वो साल 2014 से ये पद संभाल रहे हैं.

    यूनिवर्सिटी की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के अनुसार, डॉक्टर सैय्यदना मुफ़द्दल बोहरा के बारे में बताया गया है कि उन्होंने अपना जीवन समाज की बेहतरी के लिए समर्पित कर दिया. इस दौरान उन्होंने शिक्षा, पर्यावरण, समाजिक-आर्थिक पहलुओं पर ख़ास काम किया.

    सैय्यदना सैफ़ुद्दीन ने गुजरात के सूरत के अल-जामिया-तुल सैफ़ियां से तालीम हासिल की है. उन्होंने मिस्र की अल-अज़हर यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई की है. उन्होंने मुंबई में अल-जामिया तुस सैफ़ियां के नए कैंपस का 10 फरवरी 2023 को उद्घाटन भी किया था.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का निधन

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का सोमवार को निधन हो गया है. जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था.

    सवाई मानसिंह अस्पताल के अधीक्षक डॉ अचल शर्मा ने बीबीसी से लोकेंद्र सिंह कालवी के निधन की पुष्टि की है.

    अधीक्षक डॉ अचल शर्मा ने बीबीसी से फ़ोन पर हुई बातचीत में कहा, "देर रात सवा एक बजे से डेढ़ बजे के बीच उनको कार्डियक अरेस्ट आया था."

    एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ अचल शर्मा ने बताया, "साल 2022 में ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद इनकी एसएमएस अस्पताल में ही सर्जरी हुई थी. जिसके क़रीब एक से डेढ़ महीने भर्ती रहने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था.अभी यह वापस से बीते दिनों ही अस्पताल में भर्ती हुए थे. इनका फीवर का ट्रीटमेंट चल रहा था. अचानक से हुए कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हुआ है."

    अंतिम दर्शन के लिए उनका शव जयपुर के राजपूत सभा भवन में रखा जाएगा.

    उनका अंतिम संस्कार नागौर ज़िले के पैतृक गांव कालवी में होगा.

    साल 2022 के जून महीने में ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद उन्हें सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती किया गया था. अस्पताल में इलाज के दौरान, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी उनसे मुलाकात करने गए थे.

    साल 2006 में कालवी ने 'श्री राजपूत करणी सेना' की स्थापना की.

    बता दें कि साल 2018 में करणी सेना ने पद्मावत फ़िल्म के विरोध किया था. फ़िल्म की शूटिंग के दौरान जयपुर में जमकर हंगामा भी हुआ था.

  13. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का FATF की रिपोर्ट को लेकर गांधी परिवार पर निशाना

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने फ़ाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फ़ोर्स (एफ़एटीएफ़) की एक रिपोर्ट को आधार बनाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एफ़एटीएफ़ की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि एक भारतीय 'बैंकर' ने कांग्रेस के एक सदस्य के 'क़रीबी रिश्तेदार' से राष्ट्रीय पुरस्कारों के बदले क़ीमत से ज़्यादा पैसे चुकाकर कई कलाकृतियां ख़रीदी थीं.

    अनुराग ठाकुर ने कहा, "कांग्रेस के भ्रष्टाचार का नया मॉडल सामने आया है.अब एफ़एटीएफ़ ने एक केस स्टडी पेश की है जिसमें बताया गया है कि कैसे यूपीए सरकार में एक पूर्व केंद्रीय मंत्री ने एक शख़्स पर प्रियंका गांधी वाड्रा की एक औसत सी पेंटिंग को दो करोड़ रुपये में ख़रीदने के लिए दबाव डाला था."

    अनुराग ठाकुर एफ़एटीएफ़ की 'मनी लॉन्ड्रिंग एंड टेररिस्ट फ़ाइनेंसिंग इन द आर्ट एंड एंटीक्विटीज़ मार्केट' नाम की रिपोर्ट का ज़िक्र कर रहे थे. इस रिपोर्ट में भारत के एक शीर्ष बैंकर से जुड़े मामले का भी हवाला दिया गया है, जिन्होंने स्वार्थ के लिए बेहद आम सी कलाकृतियां ऊंचे दाम पर ख़रीदी थीं.

    हालांकि, इस रिपोर्ट में किसी बैंकर और नेता का नाम नहीं है.

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एफ़एटीएफ़ की बातें पहले चरमपंथ को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान के "ग्रे लिस्ट" में बने रहने के संदर्भ में की जाती थी, लेकिन अब, भारत में एक प्रभावशाली परिवार के संदर्भ में इसकी चर्चा हो रही है.

    उन्होंने कहा, "ये बेहद शर्म की बात है कि गांधी परिवार के भ्रष्टाचार की कहानी को एक केस स्टडी बना दिया गया है इसे पूरी दुनिया को बताया जा रहा है, वो भी एक ऐसे संगठन की ओर से जो टेरर फ़ाइनेंसिंग को रोकने के लिए काम करता है."

    अनुराग ठाकुर ने कहा, "क्या पैसों और पेंटिंग के बदले पद्म भूषण पुरस्कार दिए गए थे. क्या ये कांग्रेस का भ्रष्टाचार मॉडल है? आपने पैसों के लिए कितने राष्ट्रीय सम्मान बेचे?"

  14. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा.

    13 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.