सिक्किम में भारी बर्फबारी के बीच 900 पर्यटक फंसे
- Author, प्रभाकर मणि तिवारी
- पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tiwari
पर्वतीय राज्य सिक्किम में शनिवार शाम को भारी बर्फ़बारी के कारण सीमावर्ती इलाके नाथुला से लौट रहे सौ से ज्यादा वाहनों में सवार करीब 900 पर्यटक रास्ते में ही फंस गए.
राहत और बचाव कार्य के लिए सेना उतारनी पड़ी. सिक्किम पुलिस ने इसकी जानकारी दी.

इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tiwari
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेना के जवानों ने कुछ पर्यटकों को देर रात राजधानी गंगटोक लाया गया.
बाकी लोगों को वहां पास में ही स्थित सेना के शिविर में रात गुज़ारनी पड़ी. उनको सुबह राजधानी पहुंचाने का इंतज़ाम किया जा रहा है.

इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tiwari
सेना के सूत्रों ने बताया कि नाथुला और गंगटोक के बीच 15 माइल इलाक़े में 900 पर्यटक फंस गए थे.
यह लोग सीमावर्ती इलाक़े नाथुला और यहां की जानीमानी छांगू झील देखने के बाद लौट रहे थे. ये इलाक़ा गंगटोक से क़रीब 42 किमी दूर है.

इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tiwari
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें रास्ते में जमी बर्फ़ को हटाने में जुटी हैं. कुछ पर्यटकों को नज़दीकी सेना छावनी में ले जाकर वहां उनके खाने-पीने और इलाज का इंतजाम किया गया है.
भारी बर्फ़बारी के कारण सिक्किम में प्रशासन ने कुछ दिनों के लिए नाथुला और छांगू झील जाने के लिए पास जारी करने पर रोक लगा दी है.



