You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

केरल के सीएम ने शी जिनपिंग को दी राष्ट्रपति बनने की बधाई

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने ट्वीट करके शी जिनपिंग को फिर से चीन का राष्ट्रपति चुने जाने की बधाई दी है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दिलनवाज़ पाशा

  1. सिक्किम में भारी बर्फबारी के बीच 900 पर्यटक फंसे

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पर्वतीय राज्य सिक्किम में शनिवार शाम को भारी बर्फ़बारी के कारण सीमावर्ती इलाके नाथुला से लौट रहे सौ से ज्यादा वाहनों में सवार करीब 900 पर्यटक रास्ते में ही फंस गए.

    राहत और बचाव कार्य के लिए सेना उतारनी पड़ी. सिक्किम पुलिस ने इसकी जानकारी दी.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेना के जवानों ने कुछ पर्यटकों को देर रात राजधानी गंगटोक लाया गया.

    बाकी लोगों को वहां पास में ही स्थित सेना के शिविर में रात गुज़ारनी पड़ी. उनको सुबह राजधानी पहुंचाने का इंतज़ाम किया जा रहा है.

    सेना के सूत्रों ने बताया कि नाथुला और गंगटोक के बीच 15 माइल इलाक़े में 900 पर्यटक फंस गए थे.

    यह लोग सीमावर्ती इलाक़े नाथुला और यहां की जानीमानी छांगू झील देखने के बाद लौट रहे थे. ये इलाक़ा गंगटोक से क़रीब 42 किमी दूर है.

    सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें रास्ते में जमी बर्फ़ को हटाने में जुटी हैं. कुछ पर्यटकों को नज़दीकी सेना छावनी में ले जाकर वहां उनके खाने-पीने और इलाज का इंतजाम किया गया है.

    भारी बर्फ़बारी के कारण सिक्किम में प्रशासन ने कुछ दिनों के लिए नाथुला और छांगू झील जाने के लिए पास जारी करने पर रोक लगा दी है.

  2. दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सुनाई आपबीती- 'पिता ने किया था यौन शोषण'

    दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा है कि जब वह छोटी थीं, तब उनके पिता ने उनके साथ यौन शोषण किया था.

    एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में स्वाति मालीवाल ने कहा, "जब मैं छोटी थी, मेरे अपने पिता मेरा यौन शोषण करते थे. वो मुझे बहुत मारते थे, बहुत पीटते थे. जब वो घर आते थे, तो बहुत डर लगता था."

    "मैं कई बार बिस्तर के नीचे छिप जाती थी और पूरी रात प्लानिंग करती थी कि इस तरह के आदमी जो महिलाओं-बच्चों के साथ शोषण करते हैं, उनके कैसे सबक सिखाऊंगी."

    कुछ ही दिन पहले बीजेपी की नेता और अब राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य खुशबू सुंदर ने भी अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा था कि जब वो आठ साल की थीं, तब उनके पिता ने उनका यौन उत्पीड़न किया था. उन्होंने कहा था कि ये उनके लिए सबसे मुश्किल परिस्थिति थी.

    खुशबू सुंदर ने हाल ही में जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम 'वी द वुमन' में कहा कि जब वह 15 साल की थीं, तब उन्होंने अपने पिता के ख़िलाफ़ बगावत करना शुरू कर दिया. इसके बाद, उनके पिता ने परिवार को बेसहारा छोड़ दिया.

    उन्होंने कहा, "जो सबसे मुश्किल चीज़ मुझे लंबे समय तक परेशान करती रही, जिसे भूल नहीं सकती और कभी माफ नहीं करूंगी, लेकिन उसे पीछे छोड़ कर आगे बढ़ूंगी, वह मेरे बचपन में मेरे पिता द्वारा किया गया यौन उत्पीड़न है. जब एक बच्ची या बच्चे का यौन उत्पीड़न किया जाता है, तब यह उसे जीवन भर कचोटता है."

  3. बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने की राहुल गांधी को देश से निकालने की मांग

    भारतीय जनता पार्टी की भोपाल से लोकसभा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देश से बाहर निकाल देना चाहिए. प्रज्ञा ठाकुर हाल ही में लंदन दौरे पर दिए गए राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया दे रही थीं.

    राहुल गांधी ने बीते सोमवार ब्रिटेन के सांसदों के साथ एक कार्यक्रम में कहा था कि भारत में विपक्षी नेताओं के माइक बंद कर दिए जाते हैं.

    प्रज्ञा ठाकुर ने ये भी कहा कि चाणक्य के अनुसार "विदेशी मां से जन्मा पुत्र कभी भी देशभक्त नहीं हो सकता है और राहुल गांधी ने इस कथन को सच साबित किया है."

    बीजेपी सांसद ने कहा, "आपको (राहुल गांधी) देश की जनता ने चुना है और आप जनता का, देश का अपमान कर रहे हैं. आप हमारे भारत के नहीं हो मान लिया हमने, क्योंकि आपकी माताजी इटली की हैं."

    इसके बाद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, "ये हमने नहीं चाणक्य ने कहा है कि विदेशी महिला से उत्पन्न पुत्र कभी देशभक्त नहीं हो सकता. ये राहुल गांधी ने तय कर दिया. क्योंकि भारत की जनता ने आपको सांसद चुना. इतने सालों तक देश में कांग्रेस की सरकार रही. आपने देश को खोखला कर दिया."

    "आप विदेशों में बैठकर कहते हो कि हमें संसद में बोलने का अवसर नहीं मिल रहा है. इससे शर्मनाक बात और कुछ नहीं होती. मैं ऐसे राहुल गांधी को धिक्कारती हूं. इनपर प्रश्चनचिह्न खड़ा करना चाहिए कि कैसे राजनीति कर रहे हैं ये. अब इन्हें राजनीति का अवसर नहीं दिया जाना चाहिए. इनको देश से निकालकर फेंक देना चाहिए."

    प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर अब तक कांग्रेस की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    हालांकि कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर अब से कुछ घंटे पहले राहुल गांधी की एक तस्वीर पोस्ट की है. ये तस्वीर उनके लंदन दौरे की है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा.

    11 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.