आरएसएस की सालाना बैठक में मुलायम सिंह यादव, शांति भूषण और पीएम मोदी की मां को श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने रविवार को अपनी सालाना बैठक शुरू करने से पहले दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव और वरिष्ठ अधिवक्ता शांति भूषण को श्रद्धांजलि दी.
आरएसएस की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक हरियाणा के समालखा में हो रही है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बैठक शुरू होने से पहले आरएसएस सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने उन चर्चित हस्तियों, नेताओं को श्रद्धांजलि दी, जिनका पिछले एक साल के भीतर निधन हुआ है.
इस सूची में मुलायम सिंह यादव, शरद यादव और शांति भूषण सहित 100 से अधिक दिवंगतों के नाम हैं.
इस दौरान पीएम मोदी की मां हीरा बेन मोदी और फ़िल्म निर्माता-निर्देशक सतीश कौशिक को भी याद किया गया.
आरएसएस की ये बैठक 14 मार्च तक चलेगी. इसमें देशभर से 1474 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.