You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

होली: 'रंग बरसे' गाने पर नाचते नज़र आए विराट कोहली और रोहित शर्मा

सोशल मीडिया पर क्रिकेटर विराट कोहली का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इसमें वे एक बस के अंदर दूसरे खिलाड़ियों के साथ रंग बरसे गाने पर मस्ती करते नजर आ रहे हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता का पंजाब विधानसभा के बाहर धरना

    जानेमाने गायक सिद्धू मूसेवाला के लिए न्याय की मांग करते हुए उनके माता-पिता ने मंगलवार को पंजाब विधानसभा के बाहर धरना दिया.

    सिद्धू मूसेवाला की बीते साल गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

    मीडिया से बातचीत में मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि उनके बेटे की हत्या के मुख्य अभियुक्त अभी भी आज़ाद घूम रहे हैं.

    उन्होंने कहा कि अभी तक जांच एजेंसियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की भी मांग की.

    मंगलवार को हाथों में तख्तियां लेकर बलकौर सिंह और उनकी पत्नी पंजाब विधानसभा के बाहर बैठे देखे गए. उनके साथ नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा सहित पंजाब कांग्रेस के कुछ बड़े नेता भी शामिल थे.

    सिद्धू मूसेवाला नाम से चर्चित शुभदीप सिंह सिद्धू की बीते साल 29 मई को पंजाब के मनसा ज़िले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

    मूसेवाला के पिता ने कहा, "मैं आज यहां इसलिए आया हूं क्योंकि मेरे पास दूसरा कोई रास्ता नहीं है. बीते 10 महीने से कुछ ठोस नहीं हुआ. पुलिस और प्रशासन को कार्रवाई के लिए पर्याप्त समय दिया गया. हकीकत ये है कि केस को दबाया जा रहा है. अहम गवाहों को हटाया जा रहा है और कुछ भी हमारे पक्ष में नहीं है. इसलिए हम विधानसभा के बाहर बैठने को मजबूर हैं."

    इस बीच पंजाब के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने मूसेवाला के माता-पिता से विधानसभा परिसर के बाहर मुलाक़ात की और आश्वासन दिया कि आम आदमी पार्टी की सरकार उनके साथ है.

  2. अमिताभ बच्चन ने बताया अब कैसी है सेहत, फ़िल्म की शूटिंग में हुए थे घायल

    फ़िल्म की शूटिंग में घायल हुए बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों को शुक्रिया अदा किया है.

    अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में बताया था कि हैदराबाद में 'प्रोजेक्ट के' फ़िल्म की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन करते वक्त वो घायल हो गए थे, जिसके बाद वो मुंबई लौट आए.

    चोट उनकी पसली में लगी थी, जिसकी वजह से उन्हें सांस लेने और हिलने-डुलने में दर्द हो रहा था.

    अब मंगलवार को अपने स्वास्थ्य के बारे में अमिताभ बच्चन ने नया अपडेट दिया है और बताया कि वो आराम कर रहे हैं.

    उन्होंने ट्वीट कर प्रशंसकों का धन्यवाद किया औऱ लिखा कि उनकी प्रार्थना के साथ उनकी सेहत में सुधार आ रहा है.

  3. गुजरात: ईरानी नाव से बरामद किए गए 425 करोड़ रुपये के ड्रग्स

    भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने सोमवार को एक साझा अभियान में 425 करोड़ रुपये के ड्रग्स के साथ एक ईरानी नाव को पकड़ा है.

    ये कार्रवाई गुजरात एटीएस की ओर से दी गई ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर की गई थी.

    डिफ़ेंस पीआरओ गुजरात की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस नाव पर पांच लोग सवार थे और इससे 61 किलोग्राम हेरोइन ज़ब्त की गई है. इसकी क़ीमत क़रीब 425 करोड़ रुपये है.

    नाव को जाँच के लिए गुजरात के ओखा ले जाया गया है.

  4. मेघालय : कोनराड संगमा ने लगातार दूसरी बार ली सीएम पद की शपथ

    नेशनल पीपल्स पार्टी के प्रमुख कोनराड संगमा ने लगातार दूसरी बार मेघालय के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है.

    शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे. शपथग्रहण शिलॉन्ग के राजभवन में हुआ.

    कोनराड संगमा को 45 विधायकों का समर्थन मिला है.

    बीते सप्ताह आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में एनपीपी को 26 सीटों पर जीत मिली थी और 11 सीटों पर यूडीपी जीती थी. वहीं, बीजेपी के खाते में 2 सीटें आई थी.

    परिणाम आने के बाद बीजेपी ने एनपीपी को समर्थन देने का एलान किया था.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, राबड़ी देवी के बाद अब लालू यादव से पूछताछ करने पहुंची सीबीआई की टीम

    सीबीआई की टीम मंगलवार को नौकरी के बदले ज़मीन घोटाला मामले में बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव से पूछताछ करने पहुंची है.

    लालू यादव फिलहाल दिल्ली में अपनी बेटी और आरजेडी सांसद मीसा भारती के पास रह रहे हैं.

    लालू यादव कुछ समय पहले ही सिंगापुर से किडनी ट्रांसप्लांट कराकर भारत लौटे हैं.

    इससे पहले सोमवार को सीबीआई ने पटना में राबड़ी देवी से भी घंटों पूछताछ की थी.

    ऐसा दावा है कि लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान रेल मंत्रालय में लोगों को नौकरी देने के बदले उनसे ज़मीन ली गई थी.

    आरोप है कि 2008-09 में मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर रेलवे ज़ोन में लोगों को ज़मीन के बदले नौकरियां दी गईं.

    सीबीआई ने इस कथित घोटाले में आरजेडी नेताओं के घर पर छापेमारी भी की थी.

  6. 'मेरा सिर काट दीजिए अगर...'- ऐसा क्यों बोलीं ममता बनर्जी?

    पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों की ओर से महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाए जाने की मांग पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि भले ही उनका सिर काट दिया जाए, लेकिन वो केंद्र सरकार के बराबर डीए नहीं दे सकतीं.

    सोमवार को ममता बनर्जी विधानसभा के बजट सत्र में बोल रही थीं. यहां प्रदर्शन कर रहे विपक्षी पार्टी के विधायकों से सीएम बनर्जी ने कहा कि वो उनका सिर काट सकते हैं, लेकिन महंगाई भत्ता बढ़ाने के लिए वो कुछ नहीं कर सकतीं.

    उन्होंने केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार के कर्मचारियों के वेतन में फ़र्क को रेखांकित करते हुए दावा किया कि टीएमसी सरकार पहले ही अपने कर्मचारियों को 105 फ़ीसदी महंगाई भत्ता दे रही है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार ममता बनर्जी ने सवाल किया, "आपको (प्रदर्शन कर रहे सरकारी कर्मी) कितना चाहिए? आपको कितना भत्ता पाकर संतुष्टि मिलेगी? कृपया मेरा सिर काट दीजिए और शायद तब आप संतुष्ट हो सकें...अगर आप मुझे पसंद नहीं करते, मेरा सिर काट दीजिए, लेकिन आपको मेरी तरफ़ से और भत्ता नहीं मिलेगा."

    पश्चिम बंगाल में कई कर्मचारी संगठन डीए बढ़ाकर केंद्र जितना करने की मांग कर रहे हैं.

    ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा जैसे राज्यों की सरकारें डीए नहीं दे रही हैं और राज्य सरकार के सेवानिवृत कर्मचारियों को सिर्फ़ पश्चिम बंगाल में पेंशन दी जा रही है.

    ममता बनर्जी सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों का डीए इस साल के बजट में तीन फ़ीसदी बढ़ाया था.

  7. ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में फिर लगी आग, हीटवेव बिगाड़ सकती है हालात

      • Author, टॉम ह्यूज़डन
      • पदनाम, बीबीसी न्यूज़

    ऑस्ट्रेलिया के दमकल विभाग ने चेतावनी दी है कि पूर्वी तट से सटे जंगलों में दर्जन भर जगहों पर लगी आग हीट वेव की वजह से भीषण रूप ले सकती है.

    सिडनी से 250 किलोमीटर दूर उत्तर पश्चिम में लगी आग के चलते पिछले दो सालों में पहली बार इमरजेंसी फायर वार्निंग जारी की गयी है.

    ऑस्ट्रेलिया में दो सालों तक बाढ़ और बारिश का मौसम रहने के बाद साल 2019 और 2020 के दौर वापस आता दिख रहा है जब ऑस्ट्रेलिया को कई जगहों पर भीषण आग का सामना करना पड़ा था.

    जानकारी मिली है कि दमकलकर्मियों को 49 फीट ऊंची आग की लपटों से जूझना पड़ रहा है.

    हीटवेव और अग्निकांडों का सबसे ज़्यादा असर ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स प्रांत पर हुआ है.

    ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज़्यादा आबादी वाले इस इलाके से लोगों को अपने-अपने घर खाली करने को कहा गया है और कुछ संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की भी ख़बर है.

    सोमवार को राज्य के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो जनवरी 2021 के बाद सबसे अधिक है.

    मंगलवार को राज्य में 33 जगहों पर आग लगने की ख़बरें आई हैं जिनमें से 10 स्थानों पर आग नियंत्रण में नहीं है.

    न्यू साउथ वेल्स के दमकल विभाग ने कहा कि तेज़ हवाओं की वजह से आग और तेज़ी से फैली है.

    ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग ने भी चेतावनी दी है कि न्यू साउथ वेल्स में कई और जगहों पर आग लग सकती है.

    ऑस्ट्रेलिया के लिए साल 2019 सबसे ख़राब मौसम वाला साल रहा था, जिसमें क़रीब 3 अरब जानवर और पक्षी जगंलों में आग लगने की वजह से मर गए थे.

  8. राहुल गांधी ने ब्रिटिश सांसदों से कहा- हमारी संसद में बंद कर दिए जाते हैं विपक्षियों के माइक

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को ब्रिटिश सांसदों से बातचीत के दौरान कहा कि भारत की लोकसभा में विपक्षी पार्टी के नेताओं के माइक अक़्सर बंद करवा दिए जाते हैं.

    भारतीय मूल के ब्रितानी सांसद विरेंदर शर्मा ने हाउस ऑफ़ कॉमन्स परिसर के ग्रैंड कमेटी रूम में इस कार्यक्रम का आयोजन किया था. यहां राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा से जुड़े अनुभव भी साझा किए.

    इस दौरान हल्के-फुल्के अंदाज़ में राहुल गांधी ने कमरे में मौजूद ख़राब माइक्रोफ़ोन का इस्तेमाल करते हुए ये बताने की कोशिश की कि किस तरह लोकसभा में बहस के समय विपक्ष की आवाज़ को दबा दिया जाता है.

    उन्होंने कहा, "हमारे माइक ख़राब नहीं हैं, वो काम कर रहे हैं, लेकिन आप फिर भी उन्हें स्विच ऑन नहीं कर सकते. मेरे बोलने के दौरान ये कई बार हो चुका है." राहुल गांधी से एक राजनेता के तौर पर उनके अनुभव साझा करने को कहा गया था.

    उन्होंने कहा, "नोटबंदी एक विनाशकारी वित्तीय फ़ैसला था, लेकिन हमें इस पर चर्चा नहीं करने दी गई. जीएसटी पर हमें चर्चा नहीं करने दी गई. चीनी सैनिक भारतीय क्षेत्र में घुस रहे हैं, हमें चर्चा नहीं करने दी गई. मुझे एक ऐसी संसद याद है जहाँ अलग-अलग विषयों पर चर्चा होती थी, तीखी बहस होती थी, तर्क-वितर्क होते थे और असहमतियां भी होती थीं, लेकिन हम बात करते थे. साफ़ कहूं तो, अब संसद में ये नहीं दिखता."

    बीजेपी ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया है कि वो विदेश में भारत की छवि ख़राब कर रहे हैं.

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा था कि राहुल गांधी विदेश में जो झूठ फैला रहे हैं, उस पर कोई यकीन नहीं करता. केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा था कि 'राहुल गांधी विवादों की आंधी' बन चुके हैं.

  9. पाकिस्तान: पंजाब यूनिवर्सिटी में होली मनाने पर विवाद, हिंदू समुदाय के 15 छात्रों के घायल होने का दावा

    पाकिस्तान की पंजाब यूनिवर्सिटी में होली मनाने से रोकने के दौरान हिंदू समुदाय के कम से कम 15 छात्रों के घायल होने का दावा किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ये मामला सोमवार का है जब एक कट्टर इस्लामिक छात्र संगठन के सदस्यों ने कथित तौर पर हिंदू समुदाय के छात्रों को होली खेलने से रोका.

    ये वाक़या पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ कॉलेज का है जहाँ क़रीब 30 छात्र होली खेलने के लिए पहुँचे थे.

    यूनिवर्सिटी के छात्र और प्रत्यक्षदर्शी काशिफ़ ब्रोही ने पीटीआई को बताया, "जैसे ही लॉ कॉलेज के लॉन में छात्र जुटे, इस्लामी जमीयत तुलबा (आईजेटी) के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जबरन होली खेलने से रोकना शुरू कर दिया. इसकी वजह से झड़प हुई और 15 हिंदू छात्र घायल हो गए."

    ब्रोही ने ये भी दावा किया कि हिंदू समुदाय के छात्रों ने होली मनाने के लिए पहले ही विश्वविद्यालय प्रशासन से मंज़ूरी ले ली थी.

    झड़प में घायल होने वाले एक अन्य छात्र खेत कुमार ने कहा कि आईजेटी के सदस्यों के व्यवहार के खिलाफ़ छात्रों ने वाइस चांसलर ऑफ़िस के बाहर प्रदर्शन किया तो गार्ड्स ने उन्हें वहाँ से धक्का देकर निकाल दिया.

    कुमार ने कहा, "हमने आईजेटी और सिक्योरिटी गार्ड्स के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अभी तक एफ़आईआर नहीं की गई है."

    पंजाब यूनिवर्सिटी में आईजेटी के प्रवक्ता इब्राहिम शाहिद ने इस मामले में अपने छात्रों के शामिल होने के दावों को सिरे से ख़ारिज कर दिया.

    वहीं, पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता खुर्रम शहज़ाद ने पीटीआई को बताया कि प्रशासन ने लॉन में होली खेलने की इजाज़त नहीं दी थी.

    वीसी ने इस मामले की जाँच के आदेश दे दिए हैं.

  10. कनाडा के पीएम ट्रूडो बोले- आम चुनावों में चीन के हस्तक्षेप की कराएंगे जाँच

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि हालिया चुनावों में कथित चीनी हस्तक्षेप की स्वतंत्र जाँच कराई जाएगी.

    इसके लिए नियुक्त जाँचकर्ता 2019 और 2021 के आम चुनावों से जुड़ी गोपनीय रिपोर्टों की समीक्षा करेंगे और भविष्य में होने वाले चुनावों के लिए सुझाव देंगे.

    कनाडा की विपक्षी पार्टियाँ इस मामले की सार्वजनिक जाँच कराए जाने की माँग कर रही थीं.

    हालाँकि चीन ने चुनावों में किसी तरह के हस्तक्षेप से इनकार किया है और इन दावों को पूरी तरह निराधार और अपमान करने वाला क़रार दिया है.

    सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में ट्रूडो ने कहा कि कनाडा की 'संप्रभुता' को चुनौती देने वाली रिपोर्ट्स हैरान करने वाली हैं और एक कनाडाई के तौर पर ये हम पर हमले जैसा है.

    ट्रूडो ने कहा कि कनाडा काफ़ी समय से चीन के साथ ही ईरान और रूस की चुनावों में हस्तक्षेप करने की कोशिशों से वाकिफ़ है और ये कोई नई समस्या नहीं है.

    उन्होंने कहा, "मैं एक विशेष स्वतंत्र जाँचकर्ता नियुक्त करने जा रहा हूं जिन्हें अधिकांश लोगों का समर्थन होगा और जो हस्तक्षेप से निपटने के लिए सुझाव देंगे और हमारे लोकतंत्र को सुदृढ़ करेंगे."

    जाँचकर्ता की नियुक्ति फ़िलहाल नहीं हुई है, लेकिन आने वाले कुछ दिनों में एक स्वतंत्र जाँचकर्ता को चुन लिया जाएगा.

  11. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा.

    6 मार्च के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.