You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पाकिस्तान के गृह मंत्री का दावा - पुलिस से बचने के लिए इमरान ख़ान दीवार फांद कर पड़ोसी के घर छिपे थे
शनिवार को इस्लामाबाद पुलिस तोशाखाना केस में इमरान ख़ान को गिरफ़्तार करने लाहौर पहुँची थी
लाइव कवरेज
प्रियंका झा and दीपक मंडल
WPL: मुंबई इंडियंस ने आरसीबी को 9 विकेट से हराया
विमेन प्रीमियर लीग में सोमवार को खेले गए दूसरे मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर बैंगलुरू की टीम को आसानी से हरा दिया. मुंबई इंडियंस ने हेले मैथ्यूज़ के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर 5 ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.
गेंदबाज़ी करते हुए मैथ्यूज़ ने कप्तान स्मृति मंधाना समेत तीन विकेट लिए और बल्लेबाज़ी करते हुए 38 गेंदों पर नाबाद 77 रनों की पारी खेली.
वेस्ट इंडीज़ की मैथ्यूज़ इस पूरे मुक़ाबले में छाई रहीं. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आरसीबी की टीम 18.4 ओवरों में 155 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई. मुंबई इंडियंस ने ये लक्ष्य 14.2 ओवरों में सिर्फ़ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया.
आरसीबी की तरफ़ से ओपन करने आईं कप्तान स्मृति मंधाना को मैथ्यूज़ ने 23 रन के निजी स्कोर पर कैच करा दिया. इसके बाद साइका इशाक़ ने लगातार दो विकेट लिए. आरसीबी के चार विकेट 43 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे.
लक्ष्य का पीक्षा करते हुए ओपन करने आईं मैथ्यूज 13 चौके और एक छक्का जड़कर 77 रन पर नाबाद रहीं जबकि तीसरे नंबर पर आईँ स्काइवर ब्रंट ने भी 55 रनों की नाबाद पारी खेली.
पाकिस्तान के गृह मंत्री का दावा - पुलिस से बचने के लिए इमरान ख़ान दीवार फांद कर पड़ोसी के घर छिपे थे
पाकिस्तान के गृहमंत्री राना सनाउल्लाह ने कहा है कि रविवार को गिरफ़्तारी से बचने के लिए इमरान ख़ान अपने लाहौर के घर से भाग निकले थे.
सनाउल्लाह ने कहा कि जब पुलिस पूर्व पीएम इमरान ख़ान को गिरफ़्तार करने पहुँची तो वे अपने घर की दीवार फांद कर पड़ोसी के घर चले गए.
गौरतलब है कि शनिवार को इस्लामाबाद पुलिस तोशाखाना केस में इमरान ख़ान को गिरफ़्तार करने लाहौर पहुँची थी. लेकिन ये टीम बिना गिरफ्तारी के ही लौट गई.
पुलिस को ख़ान की लीगल टीम ने भरोसा दिलाया कि वे सात मार्च को ख़ुद कोर्ट में हाज़िर रहेंगे.
पाकिस्तानी टीवी चैनल जियो टीवी से बात करते हुए गृहमंत्री सनाउल्लाह ने कहा, “कल जब पुलिस इमरान को गिरफ़्तार करने गई तो बहुत ड्रामा हुआ. ऐसी अफ़वाहें हैं कि वो दीवार फांद कर पड़ोसी के यहां छिप गया. कुछ देर बाद इमरान सामने आए और लंबा सा भाषण दिया.
इस बीच सोमवार को भी अदालत ने इमरान के ख़िलाफ़ जारी ग़ैर जमानती वारंट को रद्द करने से इंकार कर दिया.
इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ तोशाख़ाना में उपहारों को बेचने का केस चल रहा है.
पाकिस्तान में तोशाखाना एक सरकारी विभाग होता है जहाँ प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति या दूसरे बड़े अधिकारियों को किसी यात्रा के दौरान मिलने वाले क़ीमती तोहफों को रखा जाता है.
इन तोहफों में आमतौर पर महंगी घड़ियां, सोना और हीरे के गहने, क़ीमती सजावट का सामान, स्मृति चिन्ह, हीरा जड़ी कलम, क्रॉकरी और कालीन शामिल होते हैं.
इमरान ख़ान पर आरोप है कि उन्होंने तोशाखाना के कुछ तोहफ़ों को सिर्फ़ 20 प्रतिशत और कुछ को 50 प्रतिशत भुगतान कर ख़रीदा था और महंगे दाम पर बेच दिया था.
शिमला: मंदिर में निकाह, क्या है पूरा मामला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के एक मंदिर में हुआ निकाह चर्चा में है.
निकाह की रस्म जिले के सत्यनारायण मंदिर में अदा हुई. इस मंदिर का प्रबंधन विश्व हिंदू परिषद करती है और इस परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यालय भी है.मंदिर के बगल में मस्जिद भी है लेकिन इस जोड़े ने शादी के लिए मंदिर को चुना.
एक मौलवी ने दो वकीलों और दो गवाहों की मौजूदगी में यहां निकाह पढ़वाया. "बारात" का स्वागत मंदिर में पारंपरिक हिंदू ‘रीति-रिवाज’ से हुआ.
मंदिर ट्रस्ट ने कहा कि हिंदू संगठनों ने सिविल इंजीनियर युवक और एम टेक. युवती की शादी को अपना समर्थन दिया है.
मंदिर ट्रस्ट के महासचिव विनय शर्मा ने कहा,‘’ यह विवाह समारोह सांप्रदायिक एकता की दिशा में एक अहम कदम है क्योंकि लोग अक्सर आरएसएस पर मुस्लिम विरोधी का आरोप लगाते हैं. यह सांप्रदायिक एकता का दुर्लभ उदाहरण है और ये भावना और बढ़नी चाहिए.’’
युवती के पिता ने कहा कि विवाह समारोह में सभी धर्मों के लोग शामिल हुए.
ऑस्ट्रेलिया ने कहा- अदानी ग्रुप सबसे बड़ा भारतीय निवेशक, कारोबार बंद करने की बात ग़लत
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बेरी ओ’फेरल ने कहा है कि उनके देश में अदानी ग्रुप का बिजनेस सफल है. ग्रुप ऑस्ट्रेलिया में सबसे बड़ा भारतीय निवेशक बना हुआ है.
सोमवार को ओ’फेरल ने नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि अदानी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का क्या असर हुआ है ये देखना भारतीय नियामकों का काम है. लेकिन अभी तक ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है कि ये कारोबारी घराना ऑस्ट्रेलिया में अपना परिचालन बंद कर रहा है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उन्होंने कहा,‘’अदानी का निवेश ऑस्ट्रेलिया में पूरी तरह काम कर रहा है. चाहे क्लीन एनर्जी हो या कोयला ये पूरी तरह से दोनों संसाधन मुहैया करा रहा है.’’
उन्होंने कहा ‘’ मैंने ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं देखी है, जिसमें कहा गया है कि ये ग्रुप वहां अपना कामकाज बंद कर रहा है. ऑस्ट्रेलिया में ये एक अहम निवेशक बना हुआ है. ’’
अदानी ग्रुप ऑस्ट्रेलिया में पोर्ट टर्मिनल, कोयला खान और एनर्जी प्रोजेक्ट्स का परिचालन करता है.
‘खालिस्तान रेफरेंडम अपील का ऑस्ट्रेलिया में कोई कानूनी आधार नहीं’
ओ’फेरल ने ऑस्ट्रेलिया में कथित खालिस्तान रेफरेंडम अपील पर भी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता के प्रति ऑस्ट्रेलिया का सम्मान अटल है.
उन्होंने कहा, ‘’ऑस्ट्रेलिया में खालिस्तान रेफरेंडम का कोई कानूनी आधार नहीं है. ऑस्ट्रेलिया का भारत की संप्रभुता के प्रति सम्मान अटल है."
राहुल गांधी का बीजेपी पर फिर हमला, क्या कहा?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर फिर हमला किया है.
लंंदन में भारतीय समुदाय के लोगों से एक मुलाकात के दौरान राहुल ने कहा कि भारत में सत्ताधारी पार्टी ‘नफरत और हिंसा की विचारधारा’ को मानती है. उसके विचारों के मूल में कायरता है.
लंदन में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के यूके चैप्टर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चीन पर विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा, ''सत्ताधारी पार्टी की विचार धारा नफरत और हिंसा की है. एक अशिष्ट विचारधारा जो लोगों को उनकी विचारधारा की वजह से हमला करती है ''
''आपने एक चीज पर गौर किया होगा, ये बीजेपी और आरएसएस के स्वभाव में हैं.''
एस जयशंकर के चीन से संबंधित बयान पर राहुल ने कहा,‘’ आपने विदेश मंत्री के बयान पर नोटिस किया होगा. उन्होंने कहा कि चीन भारत से ज्यादा ताकतवर है. हम उससे कैसे लड़ सकते हैं. दरअसल इस विचार के मूल में कायरता है.’’
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पिछले दिनों एक इंटरव्यू के दौरान चीन से जुड़े सवालों का जवाब दिया था.
राहुल गांधी ने कहा कि सावरकर ने अपनी किताब में लिखा है एक बार उन्होंने और उनके दोस्तों ने एक मुस्लिम शख़्स की पिटाई उस दिन उन्हें बेहद खुशी हुई.
राहुल ने कहा, ‘’अगर पांच लोग मिल कर एक आदमी को पीटे और कोई खुश हो तो ये सिर्फ कायरता है. अगर आप उससे लड़ना चाहते तो अकेले लड़ो.’’
वर्ल्ड कप के लिए चैंपियन महिला बॉक्सरों को नहीं चुना तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
बॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए न चुने जाने पर तीन महिला मुक्केबाजों ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.
महिला बॉक्सिंग की मौजूदा तीन चैंपियनों मंजू रानी, शिखा नरवाल और पूनम पूनिया ने दिल्ली हाई कोर्ट में नेशनल बॉक्सिंग फेडरेशन को चुनौती देते हुए पूछा है कि चैंपियनशिप के लिए उनका चयन क्यों नहीं हुआ.
दिल्ली हाई कोर्ट ने महिला बॉक्सरों की याचिका मंजूर कर ली है. मंगलवार को इस पर सुनवाई होगी.
महिला मुक्केबाजों ने अपनी याचिका में कहा है कि दिसंबर 2022 में भोपाल में आयोजित चैंपियनशिप के सभी गोल्ड मेडल विजेताओं को चुना गया है. उन्होंने भी गोल्ड मेडल जीता था लेकिन उन्हें क्यों नहीं चुना गया?
याचिका में कहा गया है, ‘’ याचिकादाता महिला बॉक्सरों ने संबंधित अधिकारियों से अपने नामों पर विचार करने की मांग की थी लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ.
2019 की वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाली मंजू रानी ने कहा, ‘’जब राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतने वाली नौ अन्य महिला बॉक्सरों का चयन सीधे हो सकता है तो फिर उनका क्यों नहीं.‘’
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ उन्होंने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया से इस पर सफाई मांगी थी लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला.
Land for Job: दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मोहम्मद शाहिद और मोहनलाल शर्मा के साथ (BBC Hindi)
बेलारूस: निर्वासन में रह रहीं विपक्षी नेता को 15 साल जेल की सज़ा
बेलारूस की एक अदालत ने निर्वासित विपक्षी नेता स्वेतलाना तिखानोवस्काया को उनकी ग़ैरहाजिरी में 15 साल जेल की सज़ा सुनाई है. स्वेतलाना तिखानोवस्काया को साल 2020 में बेलारूस छोड़ना पड़ा था.
उन्होंने देश के तानाशाह एलेक्जेंडर लुकाशेनको को राष्ट्रपति चुनावों में चुनौती दी थी. माना जाता है कि ये चुनाव श्वेतलाना जीत गई थीं. श्वेतलाना ने उनके ख़िलाफ़ फ़ैसला देने वाली अदालत की वैधता को खारिज किया है.
उन्होंने कहा कि वो फ़ैसले के बारे में नहीं सोच रही हैं बल्कि उन लोगों के बारे में सोच रही हैं जिन्हें बेलारूस की सरकार ने वास्तव में जेल की सज़ा दी है, उनकी तरह ग़ैरहाज़िरी वाली सज़ा नहीं.
बेलारूस के एक प्रमुख मानवाधिकार संगठन का कहना है कि वहां लगभग 1500 राजनीतिक क़ैदियों को रखा गया है.
अदालत ने श्वेतलाना तिखानोव्स्काया के एक सहयोगी पावेल लातुश्को को भी 18 साल जेल की सजा सुनाई है. पावेल लातुश्को बेलारूस के पूर्व संस्कृति मंत्री हैं और फिलहाल निर्वासन में रह रहे हैं.
बॉलीवुड के दीवाने भारत पर कैसे चढ़ रहा है कोरियाई ड्रामे का ख़ुमार
एक हादसे के बाद दुश्मन देश में फंसी एक युवती जहां उसे सेना का एक हैंडसम अधिकारी बचाता है.
उन्हें एक दूसरे से प्यार हो जाता है. लेकिन एक होने के लिए उनके बीच कई रुकावटें हैं. इनमें वो लकीर भी शामिल है जो दोनों देशों को बांटती है.
कुछ साल पहले अगर आप ये कहानी किसी भारतीय को सुनाते तो उन्हें सहसा साल 2004 की बॉलीवुड फ़िल्म 'वीरा ज़ारा' की याद आ जाती.
शाहरूख ख़ान और प्रीति ज़िंटा ने इस फ़िल्म भारत और पाकिस्तान के किरदारों को निभाया था. इन दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में खटास की वजह से तनाव रहता है.
राबड़ी देवी से सीबीआई की पूछताछ पर तेजस्वी, प्रियंका और केजरीवाल ने क्या कहा?
बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि सीबीआई उनकी मां राबड़ी देवी के घर इसलिए पहुंची क्योंकि उनके परिवार ने केंद्र में राज कर रही बीजेपी का लगातार विरोध किया है.
उन्होंने कहा कि उनके पिता लालू यादव जिस वक़्त रेल मंत्री थे उस दौर में उनके पास ऐसी कोई ताकत नहीं थी कि वो किसी चीज के बदले नौकरी दे सकें.
उन्होंने कहा, "जिस दिन हमारी महागठबंधन की सरकार बनी थी तब मैंने कहा था कि यह सिलसिला चलता रहेगा. अगर आप भाजपा के साथ रहेंगे तो राजा हरीश चंद्र कहलाएंगे. लेकिन हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है, बिहार में जनता सब देख रही है."
राबड़ी देवी से उनके घर में सीबीआई की पूछताछ पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सवाल खड़े किए हैं.
उन्होंने कहा कि जो विपक्षी नेता बीजेपी के आगे झुकने के लिए तैयार नहीं हैं, उन्हें ईडी और सीबीआई के जरिये परेशान किया जा रहा है.
प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, "आज राबड़ी देवी जी को परेशान किया जा रहा है. लालू जी और उनके परिवार को वर्षों से प्रताड़ित किया जा रहा है, क्योंकि वे झुके नहीं. भाजपा विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है."
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी राबड़ी देवी की सीबीआई पूछताछ का विरोध किया है.
उन्होंने कहा कि बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री के घर सीबीआई का पहुंचना उनका अपमान करना है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ दिल्ली में आश्रम फ्लाईओवर के उद्घाटन के दौरान आयोजित समारोह के दौरान उन्होंने कहा, "ये गलत है. इस तरह की रेड अपमानजनक है."
इससे पहले आज सीबीआई ने कहा कि कथित 'नौकरी के बदले जमीन' घोटाले में उसने सोमवार को लालू यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर पर छापा मारा है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताब़िक सीबीआई ने कहा है कि उसने इस कथित घोटाले में अपनी जांच 'आगे बढ़ाने' के लिए राबड़ी देवी से उनके घर पर ही पूछताछ की है.
उनके घर पर न तो छापा मारा गया है और न कोई तलाशी चल रही है. हालांकि इससे पहले की कुछ खबरों में कहा गया है कि उनके घर पर सीबीआई छापेमारी की जा रही है.
लकड़ी से बना ऐसा गुरुद्वारा आपने पहले शायद ही देखा हो
लकड़ी का ये गुरुद्वारा दुनिया के किसी और हिस्से में नहीं बल्कि भारत के पंजाब प्रांत में है.
इस तरह के लकड़ी के गुरुद्वारे आमतौर पर पहाड़ी इलाक़ों में दिखाई पड़ जाते हैं या कई बार दूसरे देशों में भी लेकिन इस प्रांत में अपने तरह का ये पहला गुरुद्वारा है.
लोग इसे देखकर आश्चर्य करते हैं.
मध्य प्रदेश: स्टेज पर हनुमान की मूर्ति के सामने महिला बॉडी बिल्डरों के कपड़ों पर विवाद
....में - Author, शुरैह नियाज़ी
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से
मध्य प्रदेश के रतलाम ज़िले में जूनियर बॅाडी बिल्डिंग की एक प्रतियोगिता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है.
रविवार को हुए इस कार्यक्रम में हनुमान जी की मूर्ति के सामने महिला बॉडी बिल्डरों ने जो कपड़े पहने थे, उसे लेकर ये विवाद हुआ है.
कांग्रेस ने भाजपा पर अश्लीलता परोसने का आरोप लगाया है.
ये कार्यक्रम रतलाम महापौर प्रह्लाद पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया था. प्रह्लाद पटेल भाजपा से ताअल्लुक रखते हैं. इस कार्यक्रम के वीडियो वायरल हो रहे हैं.
कांग्रेस नेता भूपेंद्र गुप्ता ने इस पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पूछा है कि भाजपा बार-बार हिंदुओं का अपमान क्यों करती है?
गुप्ता ने यह भी कहा कि "रतलाम महापौर के मुख्य आतिथ्य में भगवान हनुमान जी की मूर्ति रखकर अश्लील प्रदर्शन वह भी मुख्यमंत्री जी के जन्मदिन के मौके पर. सनातन संस्कृति को बेच खाने वाले इस नेता पर क्या कार्रवाई होगी शिवराज जी?"
वहीं, महापौर प्रह्लाद पटेल ने अपने बचाव में कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपनी आत्मा और सोच को गंगाजल से धोना चाहिए.
उन्होंने कहा, "कार्यक्रम में सभी लोगों को बॉडी बिल्डर के मसल्स नजर आ रहे थे, लेकिन कुछ चुनिंदा लोगों को अश्लीलता नजर आ रही थी. क्या हनुमान जी माताओं और बहनों के देवता नहीं हैं."
मोदी सरकार पर ईडी और सीबीआई के दुरुपयोग के कैसे और कितने आरोप
बीते दिनों दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ़्तारी चर्चा में रही. सीबीआई ने दिल्ली सरकार की साल 2021 की शराब नीति में अनियमितताओं के सिलसिले में ये गिरफ़्तारी की है.
इस गिरफ़्तारी को आम आदमी पार्टी सहित कई विपक्षी दलों ने राजनीति से प्रेरित बताया है. पार्टियों का कहना है कि केंद्र सरकार उन राज्यों के मंत्रियों और नेताओं को टार्गेट कर रही है जहाँ विपक्षी पार्टियाँ सरकार चला रही हैं.
इसी तरह इन दिनों छ्त्तीसगढ़ में एक और केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी पूरी तरह सक्रिय है. एक के बाद एक छ्त्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के मंत्रियों और कई नौकरशाहों को 2020 में हुए कोयले से जुड़े एक घोटाले के मामले में अक्टूबर 2022 से कुछ-कुछ दिनों के अंतराल पर पूछताछ के लिए समन किया जा रहा है और कई गिरफ्तारियाँ की जा चुकी हैं.
बीते कुछ महीनों से बार-बार ये बात विपक्ष और एक तबका दोहरा रहा है कि केंद्रीय एजेंसियों को मोदी सरकार विपक्ष को 'काबू' में करने के लिए इस्तेमाल कर रही है.
क्या अमेठी से लड़ेगी समाजवादी पार्टी? अखिलेश यादव ने दिया संकेत
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को ये संकेत दिया है कि अगले लोकसभा चुनाव में वो हाई प्रोफाइल मानी जानी वाली अमेठी सीट से अपना उम्मीदवार खड़ा कर सकते हैं.
इससे पहले तक अमेठी सीट समाजवादी पार्टी कांग्रेस के लिए छोड़ दिया करती थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को अखिलेश यादव पार्टी के प्रभावशाली नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की बेटी की शादी में शरीक होने के लिए अमेठी गए थे.
वहीं पर उन्होंने अमेठी से सपा उम्मीदवार खड़ा करने का संकेत एक ट्वीट के जरिए दिया.
ट्विटर पर दिए गए इस राजनीतिक संदेश में अखिलेश यादव ने लिखा है, "अमेठी में ग़रीब महिलाओं की दुर्दशा देखकर मन बहुत दुखी हुआ. यहाँ हमेशा वीआईपी जीते और हारे हैं, फिर भी यहाँ ऐसा हाल है तो बाकी प्रदेश का क्या कहना."
इस ट्वीट के साथ अखिलेश यादव ने दो तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं जिनमें उनके सामने बड़ी संख्या में महिलाएं बैठी हैं.
अखिलेश यादव ने आगे कहा, "अगली बार अमेठी बड़े लोगों को नहीं बड़े दिलवाले लोगों को चुनेगा. सपा अमेठी की दरिद्रता को मिटाने का संकल्प उठाती है."
अमेठी संसदीय क्षेत्र को एक समय में कांग्रेस का गढ़ माना जाता था लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी नेता स्मृति इरानी ने राहुल गांधी को यहां हरा दिया था.
रविवार को अखिलेश यादव ने अमेठी में स्मृति इरानी पर भी तंज कसा. उन्होंने स्मृति इरानी का नाम लिए बगैर अमेठी के लोगों से अगले लोकसभा चुनाव में उन्हें हराने की अपील की.
अखिलेश यादव ने कहा, "सिलिंडर वाली यहां से सांसद हैं. उन्हें आप निश्चित रूप से हराएं. पहले बीजेपी के लोग सिर पर सिलिंडर लाद लिया करते थे लेकिन अब महंगाई आसमान पर है लेकिन उनके पास इसका कोई जवाब नहीं है."
ग़ायब होती सिंगल स्क्रीन सिनेमा घरों की ख़ूबसूरत दुनिया
भारत के शहरों में एक समय सिंगल-स्क्रीन सिनेमा हॉल ही हुआ करते थे. मल्टीप्लेक्स के उभरने के बाद से सिंगल स्क्रीन सिनेमा का धीरे-धीरे पतन हो गया है. अब उनमें से कुछ सौ ही बचे हैं.
सिनेमेटोग्राफ़र हेमंत चतुर्वेदी इस ख़त्म होती परम्परा का दस्तावेज़ीकरण करते रहे हैं. भारत के तमाम सिंगल-स्क्रीन सिनेमा हॉल भव्य हुआ करते थे ताकि वे दर्शकों को आकर्षित कर सकें. इन्हें बनाने के लिए स्थापत्य के विविध प्रयोग किए गए थे.
2019 में हेमंत चतुर्वेदी ने अपना प्रोजेक्ट शुरू किया. उन्होंने अब तक 15 राज्यों के 950 सिनेमाघरों के फ़ोटो खींचे हैं. वो कहते हैं, "पिछले 25 सालों में सिंगल-स्क्रीन सिनेमाघरों की संख्या 24,000 से घटकर 9,000 हो गई है."
कुछ को मॉल और इमारतों के लिए जगह बनाने के लिए ढहा दिया गया. बाकी सिंगल-स्क्रीन सिनेमाघर ग्राहक खोने की वजह से खंडहर में तब्दील हो गए.
सीबीआई ने कहा- राबड़ी देवी के घर पर छापेमारी नहीं, उनसे सिर्फ पूछताछ की है
सीबीआई ने उन ख़बरों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया था कथित 'नौकरी के बदले जमीन' घोटाले में उसने सोमवार को लालू यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर पर छापा मारा है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताब़िक सीबीआई ने कहा है कि उसने इस कथित घोटाले में अपनी जांच 'आगे बढ़ाने' के लिए राबड़ी देवी से उनके घर पर ही पूछताछ की है. उनके घर पर न तो छापा मारा गया है और न कोई तलाशी चल रही है.
सीबीआई इस केस में पहले ही आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है.
अधिकारियों के मुताबिक़ विशेष अदालत ने इस मामले में 15 मार्च को लालू यादव और उनके परिवार के सदस्यों को हाजिर होने को कहा है.
प्रीतम सिवाचः हॉकी में द्रोणाचार्य अवॉर्ड पाने वाली पहली महिला कोच से मिलिए
प्रीतम सिवाच का जन्म हरियाणा में हुआ, इस ओलंपियन का हॉकी सफ़र बहुत कम उम्र में ही शुरू हो गया था.
वह देश की पहली महिला हॉकी कोच हैं, जिन्हें सम्मानित द्रोणाचार्य अवॉर्ड से नवाज़ा गया.
बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमेन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड समारोह में प्रीतम सिवाच को बीबीसी लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया.
उन्हें भारतीय खेलों में उनके योगदान और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करने के लिए ये अवॉर्ड दिया गया.
देखिए उनकी कहानी.
बख़मूत की घेराबंदी करने वाली रूस की प्राइवेट आर्मी ने कहा- जो हथियार मांगे थे, वो नहीं मिले...
रूस की प्राइवेट आर्मी वैगनर ने कहा है कि बखमूत पर कब्जा करने के लिए उसे जिन हथियारों और गोलाबाारूद की जरूरत है, वो उसे नहीं मिल रहे हैं.
वैगनर ने कहा कि रूस उसे उन हथियारों की सप्लाई नहीं कर रहा है.
रूस की नियमित सेना से लेकर निजी सेना वैगनर तक मिल कर पूर्वी यूक्रेन के शहर बखमूत पर कब्ज़े की कोशिश में लगे हैं.
लेकिन वैगनर सेना के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन ने हथियारों की कमी की शिकायत की है.
येवगेनी ने कहा ये "सिर्फ नौकरशाही है या फिर दगाबाजी."
इस बयान से ऐसा लग रहा है कि वैगनर और रूस के रिश्ते तेजी से खराब हो रहे हैं.
वैगनर ग्रुप के हजारों सैनिक यूक्रेन में लड़ रहे हैं.
इनमें से कुछ सीधे रूसी जेलों से भर्ती किए गए हैं.
यूक्रेन पर हमला करने वाले सैनिकों का एक बड़ा हिस्सा इन सैनिकों का है.
येवगेनी प्रिगोज़िन ने एक पोस्ट में कहा है कि 22 फरवरी को जिन दस्तावेज़ों पर दस्तखत हुए थे,उनके मुताबिक अगले ही दिन ये गोलाबारूद मिल जाने थे लेकिन ज्यादातर हथियारों को अभी तक डिलवरी नहीं हुई है.
मनोज बाजपेयी ने नेपोटिज़्म पर ये बात कही
बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी ने अपने अब तक के सफ़र को लेकर खुलकर बातचीत की है.
न्यूज़ एजेंसी ANI को दिए गए इंटरव्यू में उन्होंने 'नेपोटिज़्म' को लेकर भी अपनी राय रखी है.
देखिए सत्या, शूल, गैंग्स ऑफ़ वासेपुर और फ़ैमिली मैन जैसी फ़िल्मों और सिरीज़ में अपनी दमदार अदाकारी से सभी का दिल जीतने वाले मनोज बाजपेयी ने नेपोटिज़्म, अपने संघर्ष के दिनों और एनएसडी से रीजेक्शन पर और क्या-क्या कहा है.