You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राजस्थान पुलिस का दावा, जुनैद-नासिर के अपहरण में इस्तेमाल गाड़ी बरामद

ये घटना 16 फरवरी की है. दो लोगों के शव हरियाणा के भिवानी में जली हुई स्थिति में मिले थे.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and दीपक मंडल

  1. बिहार: जब एक किसान के अंग्रेज़ी बोलने पर नाराज़ हुए नीतीश कुमार

    राजधानी पटना में आयोजित किसानों के एक सम्मेलन में बिहार के मुख्यमंत्री तब नाराज़ हो गए, जब मंच से एक शख़्स अपनी बात अंग्रेज़ी में कहने लगे.

    नीतीश कुमार ने खुद को किसान बताने वाले उन शख़्स से नाराज़ होकर पूछा कि ये (जगह) इंग्लैंड है क्या?

    उन्होंने उस किसान की बिहारी पहचान पर सवाल उठाया, जिसके जवाब में उस शख़्स ने कहा, "नहीं सर, मैं शुद्ध बिहारी हूं."

    सीएम नीतीश कुमार ने कहा, "अरे भाई, खेती करते हैं न? खेती तो आम आदमी करता है. आपको यहां सुझाव देने के लिए बुलाया गया है और आप आधी अंग्रेज़ी बोल रहे हैं. ये इंग्लैंड है क्या? ये भारत है न जी और ये बिहार है न?"

    उन्होंने कहा, "हम ये देख रहे हैं आज कल. ये हो क्या गया है? जब से कोरोना आया है और तब से एक-एक चीज़ लोग मोबाइल पर देखने लगे हैं, तो सब अपनी पुरानी भाषा भूल रहे हैं."

    नीतीश कुमार के अनुसार, "ये नए-नए शब्द बोल रहे हैं और पुरानी भूल रहे हैं."

    हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि वो बोल सही रहे हैं, लेकिन जरा इसे अपने राज्य की भाषा में बोलिए.

    इस पर उन शख़्स ने मुख्यमंत्री से क्षमा मांग ली.

  2. समाज से लड़कर बॉडी बिल्डर बनी ये महिला

    एक महिला जिनकी तमन्ना थी बॉडी बिल्डर बनने की.

    लेकिन इस सपने को पूरा करने के लिए उन्हें कइयों का साथ छोड़ना पड़ा, जिम जाने के लिए ताने सुनने पड़े, लेकिन उन्हें जीत की ज़िद थी.

    देखिए बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रभुराव आनंदन की रिपोर्ट.

  3. एयर इंडिया की अमेरिका से दिल्ली आ रही फ़्लाइट की स्वीडन में इमरजेंसी लैंडिंग

    अमेरिका के नेवार्क (न्यू जर्सी) से लगभग 300 यात्रियों को लेकर दिल्ली आ रही एयर इंडिया की 'AI-106 फ्लाइट' की स्टॉकहोम (स्वीडन) में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, विमान के एक इंजन से तेल लीक होने पर आपातकालीन कदम उठाते हुए उसे स्टॉकहोम की ओर मोड़ना पड़ा.

    बताया गया है कि इमरजेंसी लैंडिंग को देखते हुए स्टॉकहोम एयरपोर्ट पर कई दमकल वाहनों को तैनात किया गया था.

    हालांकि किसी को नुकसान होने की कोई खबर नहीं है. दावा किया गया है कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं.

  4. अब अखिलेश यादव ने ट्वीट कर पूछा कि 'यूपी में का बा...'

    लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मंगलवार को पुलिस का नोटिस जारी होने के बाद और बुधवार को पेश होने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के बजट के पहले, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है.

    सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर किए गए एक ट्वीट में अखिलेश यादव ने नेहा सिंह राठौर के चर्चित गीत ‘यूपी में का बा...’ की पैरोडी बनाकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है.

    उन्होंने इस ट्वीट में राज्य सरकार पर लोगों पर झूठे मुकदमे चलाने, गरीबों और किसानों को बदहाल करने और कारोबार का बंटाधार करने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने, बिना काम के केवल प्रचार करने का भी आरोप लगाया है. उनका दावा है कि राज्य में अगले चुनाव का इंतज़ार किया जा रहा है, जिसमें भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी.

  5. सीबीआई करेगी मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ जांच, केंद्र सरकार ने दिखाई हरी झंडी

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार रोधी कानून के तहत मुक़दमा चलाने की अनुमति दे दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस फ़ैसले के बाद सिसोदिया पर लगाए गए जासूसी कराने के आरोपों की जांच, सीबीआई से कराने का रास्ता साफ हो गया है.

    बीजेपी ने सिसोदिया पर आरोप लगाया था कि उन्होंने दिल्ली सरकार की ‘फीडबैक यूनिट’ के ज़रिए केंद्रीय मंत्रालयों, विपक्षी दलों, विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों की जासूसी कराई.

    आम आदमी पार्टी ने साल 2015 में दिल्ली में सरकार बनाने के बाद इस यूनिट का गठन किया था. विज़िलेंस विभाग के मंत्री होने के नाते सिसोदिया पर ये आरोप लगाए गए हैं.

    दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना केंद्र सरकार से इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा कर चुके हैं.

    इसके बाद सीबीआई ने इस मामले में मुक़दमा दर्ज करने की अनमुति केंद्र सरकार से मांगी थी.

  6. 'यूपी में का बा...’ गाने वाली लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को यूपी पुलिस का नोटिस

    उत्तर प्रदेश पुलिस ने ‘यूपी में का बा...’ जैसे कई गीत गाकर चर्चित हुईं लोकगायिका नेहा सिंह राठौर को नोटिस जारी किया है. इस नोटिस में नेहा राठौर पर अपने गीतों से समाज में ‘वैमनस्य और तनाव’ फैलाने का आरोप लगाया गया है.

    कानपुर देहात ज़िले की पुलिस की ओर से जारी इस नोटिस में ‘यूपी में का बा... सीज़न-2’ गीत के बारे में उनसे सात सवाल पूछे गए हैं.

    पुलिस ने उन्हें तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा है.

    साथ ही यह भी कहा है कि यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं लगा तो उनके खिलाफ आईपीसी और सीआरपीसी की धाराओं के तहत प्रासंगिक कार्रवाई की जाएगी.

    नेहा सिंह राठौर ने अपने ट्विटर एकाउंट पर जारी एक वीडियो में अपने घर पर पुलिस को नोटिस देते हुए दिखाया है.

    इस वीडियो में वो पुलिसकर्मियों से पूछ रही हैं- कौन परेशान करवा रहा है आप लोगों को. इस पर पुलिस वाले कह रहे हैं कि ये तो आप परेशान करवा रही हैं.

  7. राष्ट्रपति बाइडन का पुतिन पर हमला, कहा- बेकार नहीं जाएगा यूक्रेन को पश्चिमी देशों का समर्थन

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने पोलैंड की राजधानी वारसा में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर निशाना साधते हुए कहा है कि तानाशाह केवल एक शब्द समझते हैंः ‘‘नहीं, नहीं, नहीं!’’

    नेटो को पहले से अधिक मजबूत बनाने का वादा करते हुए बाइडन ने कहा, ‘‘पुतिन ने सोचा था कि दुनिया पलट जाएगी, लेकिन वो गलत थे.’’

    उन्होंने कहा कि 'रूसी हमले के दौरान यूक्रेन मजबूत, गर्व से भरपूर, बड़ा और आज़ाद है और यूक्रेन को पश्चिमी देशों का समर्थन बेकार नहीं जाएगा.'

    बाइडन ने पश्चिमी देशों के लोकतंत्र की सराहना करते हुए कहा कि वे सब रूसी हमले की मंशा उजागर करने के लिए एकजुट हैं.

    वारसा के शाही महल में उन्होंने व्लादिमीर पुतिन के पश्चिमी देशों पर लगाए कई आरोपों का जवाब दिया. इससे पहले मंगलवार को पुतिन ने मॉस्को में यूक्रेन संकट के लिए पश्चिमी देशों के उकसावे वाली कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराया था.

    पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा ने जो बाइडन का स्वागत करते हुए कहा कि यूक्रेन की राजधानी कीएव की यात्रा करके बाइडन ने दिखाया कि इस आज़ाद दुनिया को किसी से डर नहीं लगता.

    डूडा ने कहा कि नेटो का काम आज़ाद दुनिया की रक्षा और मदद करने का रहा है. उनके अनुसार, यूक्रेन को इस लड़ाई को जीतना होगा.

    व्लादिमीर पुतिन के गंभीर आरोप

    इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में रूस के ‘स्पेशल ऑपरेशन’ के साल भर पूरा होने के मौके पर मंगलवार को अपने देशवासियों को संबोधित किया था.

    मॉस्को के गोस्टिनी डावर हॉल में उनके संबोधन को सुनने के लिए कई मंत्री और अधिकारी मौजूद थे.

    इस दौरान पुतिन ने यूक्रेन संकट के लिए पश्चिमी देशों को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि वो इस मसले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं.

    उन्होंने शांति बहाल करने के लिए पश्चिमी देशों के कमिटमेंट को धोखा और बहुत बड़ा झूठ करार दिया.

    उन्होंने यूक्रेन पर जैविक और परमाणु हथियार इकट्ठा करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया था.

  8. महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे बने शिवसेना प्रमुख, मीडिया से शिवसेना कहकर बुलाने की अपील

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को शिवसेना का प्रमुख बनाया गया है. सिद्धेश रामदास कदम शिवसेना के सचिव होंगे.

    मंगलवार को मुंबई में हुई शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया. पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यह बैठक मंगलवार की शाम सात से 9.45 बजे तक होटल ताज में हुई.

    एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले धड़े को शिवसेना नाम और चुनाव चिह्न मिलने के बाद पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यह पहली बैठक थी. इसमें पार्टी के विधायकों, सांसदों और अन्य नेताओं ने भाग लिया.

    इस बैठक के बाद राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने इस बैठक में लिए गए अहम फैसलों की जानकारी दी.

    सामंत ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, ‘‘आज हमने सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बैठक की. एकनाथ शिंदे हमारी शिवसेना पार्टी के प्रमुख होंगे. हम उन्हें शिवसेना के नेता के रूप में स्वीकार करते हैं.’’

    अनुशासनात्मक समिति बनाने का निर्णय

    उन्होंने बताया कि इस बैठक में पार्टी की अनुशासनात्मक समिति बनाने का निर्णय लिया गया है.

    उदय सामंत ने पार्टी के पूर्व प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके 16 समर्थक विधायकों का नाम लिए बिना कहा, ‘‘अनुशासनात्मक समिति बिना किसी समस्या की पार्टी की कार्यवाही जारी रखना और पार्टी लाइन के खिलाफ़ जाकर काम करने वाले नेताओं पर कार्रवाई करना, सुनिश्चित करेगी.’’

    अनुशासन समिति के लिए दादा भुसे और शंभुराज देसाई को चुना गया है. पार्टी ने बताया कि इस बैठक में चुनाव आयोग के नियमों का कड़ाई से पालन कराने का संकल्प लिया गया है.

    शिवसेना कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए अन्य अहम फैसले-

    1. चर्चगेट रेलवे स्टेशन का नामकरण पूर्व केंद्रीय मंत्री चिंतामनराव देशमुख के नाम पर किया जाएगा.

    2. राज्य की सभी परियोजनाओं में ‘भूमिपुत्रों’ को 80 प्रतिशत रोजगार दिया जाएगा.

    3. मराठी भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिलाया जाएगा.

    4. स्वतंत्रता सेनानी सावरकर को ‘भारत रत्न’ की मांग की गई.

    5. यूपीएससी और एमपीएससी के मराठी छात्रों को सरकार ने कोचिंग देने का निर्णय लिया है.

    मीडिया से शिवसेना कहकर बुलाने की अपील

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने पार्टी की ओर से जारी एक पत्र के हवाले से बताया है कि उसने मीडिया से अपील की है कि उसे ‘शिव सेना’ कहकर बुलाया जाए.

    पार्टी नेता संजय भाउराव मोरे की ओर से जारी इस पत्र में उसे ‘शिंदे धड़ा’ कहकर बुलाए जाने की आलोचना की है.

    चुनाव आयोग के फैसले पर बुधवार को सुनवाई

    इससे पहले केंद्रीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार को अपने निर्णय में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले धड़े को असली शिवसेना क़रार देते हुए उसे पार्टी का चुनाव चिह्न ‘तीर-धनुष’ आवंटित कर दिया.

    आयोग ने इसके साथ ही राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर दावा भी ख़ारिज कर दिया था.

    हालांकि उद्धव ठाकरे खेमे ने आयोग के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. अदालत ने मंगलवार को कहा कि उनकी याचिका पर अब बुधवार को सुनवाई होगी.

  9. नमस्ते! आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 21 फरवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.