You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राजस्थान पुलिस का दावा, जुनैद-नासिर के अपहरण में इस्तेमाल गाड़ी बरामद

ये घटना 16 फरवरी की है. दो लोगों के शव हरियाणा के भिवानी में जली हुई स्थिति में मिले थे.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and दीपक मंडल

  1. चीन के टॉप डिप्लोमैट ने रूस से कहा- दोनों देशों के रिश्ते चट्टान की तरह मजबूत

    चीन के शीर्ष राजयनिक वांग यी ने रूस की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेट्री निकोलाई पत्रुशेव से मंगलवार को मॉस्को में मुलाकात की.

    इस मुलाकात के बाद जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इसका मकसद 'शांति और स्थिरता' को बढ़ावा देना है. हालांकि ये मुलाकात यूक्रेन पर रूस के हमले के ठीक एक साल बाद हुई है.

    वांग यी ने नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेट्री से कहा कि दोनों देशों के रिश्ते चट्टान की तरह मजबूत हैं.

    साझा बयान में कहा गया है कि वे 'शीत युद्द की शुरुआत करने की मानसिकता' का विरोध करते हैं. हालांकि चीन पर रूस को यूक्रेन युद्ध में मदद के लिए ड्यूल टेक्नोलॉजी देने के आरोप में लगते रहे हैं.

    इस बीच,अमेरिका यूक्रेन के खिलाफ युद्द खत्म करने के लिए रूस पर नए प्रतिबंधों की तैयारी कर रहा है. लेकिन चीन और रूस ने कहा है किसी भी तरह का दबाव बर्दाश्त नहीं करेंगे.

    दोनों देशों ने कहा है, "वे हर तरह की बुलिइंग का विरोध करते हैं."

    यांगी यी रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात करेंगे. इसके बाद उनकी राष्ट्रपति पुतिन के साथ बैठक होगी.

    चीन रूस की क्या मदद कर रहा है?

    पश्चिमी देशों की ओर से रूस पर प्रतिबंध लगाने के बाद चीन उसका सबसे बड़ा कारोबारी सहयोगी बन गया है.

    अमेरिका का कहना है कि चीन रूस को हथियार और गोलाबारूद भेजने की तैयारी कर रहा है.

    हालांकि चीन ने अमेरिका के इस आरोप का पुरजोर विरोध किया है.

  2. कोसोवोः दुनिया के सबसे नए देश की कहानी

    सर्बिया से अलग होने का एकतरफ़ा फ़ैसला करने के बाद कोसोवो अपनी 15वीं सालगिरह मना रहा है.

    लेकिन दुनिया के कई देशों ने इस सबसे नौजवान देश को अब तक मान्यता क्यों नहीं दी है?

  3. कर्नाटक: सीएम बोम्मई को आने में हुई देरी, टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी ने कार्यक्रम छोड़ा

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    टेनिस की दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ब्यॉन बॉग को बेंगलुरु में एक अजीबोगरीब हालात का सामना करना पड़ा.

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई मंगलवार को स्वीडन के इस दिग्गज का सम्मान करने वाले थे, लेकिन वो खुद समारोह स्थल 'कर्नाटक स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन स्टेडियम' में पौने दो घंटे लेट पहुंचे.

    बताया गया है कि ब्यॉन बॉग उसी स्टेडियम में अपने बेटे का टेनिस मैच देखने वाले थे, इसलिए वो मैच देखने लगे. बाद में उनका सम्मान समारोह रद्द कर दिया गया.

    ख़बरों के अनुसार, पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ब्यॉन बॉग का सम्मान समारोह सुबह 9.30 बजे से शुरू होना था, लेकिन वो पौने दो घंटे लेट 11.15 बजे वहां पहुंचे.

    हालांकि वहां से रवाना होने के पहले मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने लगभग 20 मिनट तक उस मैच का आनंद लिया, लेकिन ब्यॉन बॉग का सम्मान समारोह आयोजित न हो सका.

    इस कार्यक्रम के एक आयोजक ने बताया कि मुख्यमंत्री अपने पूर्व निर्धारित कमिटमेंट के चलते लेट हो गए थे.

  4. हाथी से लगाव की अनोखी कहानी

    'एलीफ़ेंट व्हिस्परर्स' एक डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म है जो ख़ूब चर्चा में है. इसमें एक लव स्टोरी है जो जानवर और इंसान के प्यार को बयान करती है. भारत में बनी ये डॉक्यूमेंट्री ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई है.

    लेकिन कौन हैं वो लोग जिनकी ये कहानी है? कौन हैं वो जिन्हें जानवरों से इतना प्यार हुआ कि वो इनके परिवार का हिस्सा बन गए? देखिए तमिलनाडु से बीबीसी के सहयोगी पत्रकार मोहन की रिपोर्ट.

  5. जम्मू और कश्मीर में पहली बार प्रॉपर्टी टैक्स इस अप्रैल से लागू, क्या कह रहे हैं राजनीतिक दल

      • Author, माजिद जहांगीर
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, श्रीनगर से

    केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में पहली बार इस अप्रैल से प्रॉपर्टी टैक्स लागू किया जाएगा. नया टैक्स अप्रैल की पहली तारीख से लागू होना है. इस संबंध में सरकार की और से एक नोटिफिकेशन मंगलवार को जारी किया गया है.

    नोटिफिकेशन में प्रॉपर्टी टैक्स के हवाले से एक फॉर्मूला भी दिया गया है और इस जुड़े अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं. इस नोटिफिकेशन के बाद शहरी इलाकों में प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने का रास्ता साफ़ हो गया है.

    जम्मू और कश्मीर में इस तरह का प्रॉपर्टी टैक्स पहली बार आम लोग से लिया जाएगा.

    आवास और शहरी विकास विभाग की और से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि जम्मू और कश्मीर म्यूनिसिपल एक्ट, 2000 के सेक्शन 71 के तहत नगरपालिकाओं और नगर निगमों को प्रॉपर्टी टैक्स व्यवस्था लागू करने, इसकी वसूल करने और इसके लिए प्रॉपर्टी की निशानदेही करने का अधिकार है.

    नोटिफिकेशन के मुताबिक़ प्रॉपर्टी टैक्स को फ़िलहाल शहरी इलाकों में लागू किया जाएगा. इस प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में रिहाइशी और गैर-रिहाइशी दोनों तरह की संपत्तियों को शामिल किया गया है.

    रिहाइशी संपत्ति पर सालाना टैक्स पांच प्रतिशत और कमर्शियल प्रॉपर्टीज के लिए छह फीसद की दर से टैक्स अदा करना होगा. फ़िलहाल प्रॉपर्टी टैक्स की मियाद तीन साल तक रखी गई है.

    नोटिफिकेशन में जिन संपत्तियों को टैक्स वसूली से मुक्त रखा गया है उनमें खाली ज़मीनें जो किसी ढांचे या इमारत से जुड़ी हुई नहीं हैं या जिन पर निर्माण की इजाज़त नहीं दी गई है.

    साथ ही तमाम उपासना स्थलों को भी प्रॉपर्टी टैक्स से बाहर रखा गया है. इनमें मंदिर, मस्जिद, गिरिजाघर, गुरुद्वारा, श्मशान घाट और कब्रिस्तान शामिल हैं. केंद्र शासित प्रदेश और केंद्र सरकार की तमाम संपत्तियों को भी टैक्स की वसूली से बाहर रखा गया है.

    जम्मू और कश्मीर में पहली बार टैक्स वसूली पर बात करते हुए 'जम्मू और कश्मीर किसान तहरीक' के सीनियर नेता गुलाम नबी मलिक ने बताया कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि जम्मू -कश्मीर में लोगों को अब प्रॉपर्टी टैक्स देना पड़ेगा

    नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इसे वापस लेने की मांग की है. पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर कहा है, "नुमाइंदगी के बगैर कोई टैक्स नहीं."

    उन्होंने कहा, "जम्मू और कश्मीर के लोग स्टेट टैक्स क्यों अदा करें, जिसमें प्रस्तावित प्रॉपर्टी टैक्स भी शामिल है. जबकि हमें नहीं मालूम कि हमारी सरकार कैसे चल रही है और जम्मू और कश्मीर में फैसले लेने में हमसे पूछा नहीं जाता है. हम से राज भवन के तमाम अन्यायपूर्ण फैसलों पर तमाशाई बनने की उम्मीद की जाती है."

    वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने भी ट्वीट कर लिखा है कि जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस फौरी तौर प्रॉपर्टी टैक्स नोटिफिकेशन को वापस लेने की मांग कर रहा है. टैक्स की अदायगी मनमानी है. जम्मू और कश्मीर की अर्थव्यवस्था पांच अगस्त, 2019 के लॉकडाउन और उसके बाद कोविड लॉकडाउंस से अभी तक झूझ रही है. इस तरह के फैसले चीज़ों को और भी ख़राब करेंगे."

  6. COVER STORY: वतन लौटने को मजबूर सीरियाई लोग

    तुर्की-सीरिया में आए विनाशकारी भूकंप में ना जाने कितनों ने अपना सबकुछ खो दिया जिसके बाद कई लोग अपने वतन सीरिया लौटने को मजबूर हो गए हैं.

    तुर्की में कई जगहें भूतहा शहरों जैसी लग रही हैं. क्या कभी यहां ज़िंदगी पहले जैसी हो पाएगी? कवर स्टोरी में आज इसी की बात

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबरॉय बनीं दिल्ली नगर निगम की मेयर

    आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबरॉय दिल्ली नगर निगम के मेयर पद के लिए चुनाव जीत गई हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एमसीडी के मेयर पद के लिए बुधवार को हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबरॉय ने भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 34 मतों के अंतर से हराया.

    जीत के बाद शैली ओबरॉय ने कहा, "मैं एमसीडी को संवैधानिक तरीके से चलाऊंगी. मैं उम्मीद करती हूं कि आप सभी सदन की गरिमा बरकरार रखेंगे और इसके सुचारू रूप से संचालन में सहयोग करेंगे."

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शैली ओबरॉय की जीत पर उन्हें बधाई देते हुए कहा है, "गुंडे हार गये, जनता जीत गयी. दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी का मेयर बनने पर सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बधाई और दिल्ली की जनता का तहे दिल से एक बार फिर से आभार. आम आदमी पार्टी की पहली मेयर शैली ओबरॉय को भी बहुत बहुत बधाई."

    आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा, "आज की जीत जनता की जीत है. ये कहा जा सकता है कि गुंडे हार गए और जनता जीत गई. ईमानदारी, सच्चाई और शराफत की जीत हुई है. बीजेपी धोखे से अपना मेयर बनाना चाहती थी. मैं शैली ओबरॉय को दिल्ली के मेयर पद पर चुने जाने के लिए उन्हें बधाई देता हूं. इसके बाद आले इकबाल दिल्ली के डिप्टी मेयर बनेंगे."

    कौन हैं शैली ओबरॉय

    शैली ओबरॉय पूर्वी पटेल नगर से पार्षद हैं.

    उनके ट्विटर प्रोफ़ाइल के मुताबिक वो दिल्ली विश्वविद्यालय, इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, इग्नू और एनएमआईएमएस में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर रह चुकी हैं. उन्होंने अपना परिचय लेखक के तौर पर भी दिया है.

    दिसंबर में हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की थी. नगर निगम में बीजेपी 15 सालों से सत्ता में थी. लेकिन, इन चुनाव में आम आदमी पार्टी को 134 सीटों पर और बीजेपी को 104 सीटों पर जीत मिली थी.

  8. दर्शन सोलंकी केस: कैंपस में जातिगत भेदभाव होने पर प्रतिष्ठित संस्थान क्या करते हैं?

    12 फ़रवरी को दोपहर 12.20 बजे दर्शन सोलंकी ने अपने पिता से वीडियो कॉल पर बात की. दर्शन आईआईटी बॉम्बे में बीटेक पहले साल के छात्र थे. रविवार को किये गए इस कॉल में दर्शन ने अपने परिवार को बताया कि एग्ज़ाम ख़त्म हो गए हैं तो वह दोस्तों के साथ जूहू चौपाटी और गेटवे ऑफ़ इंडिया घूमने जाएंगे.

    गुजरात के अहमदाबाद में रहने वाले दर्शन के पिता रमेशभाई सोलंकी 14 फ़रवरी को बेटे को लेने मुंबई जाने वाले थे लेकिन परिवार को किए गए अपने आख़िरी फ़ोन के लगभग एक घंटे बाद दर्शन ने खुदकुशी कर ली.

    दर्शन सोलंकी के पिता रमेशभाई सोलंकी पेशे से प्लमर है, यानी बाथरूम और नल ठीक करने का काम करते हैं. वह बताते हैं- "पहले तो वो नेवी में जाना चाहता था लेकिन फिर 11वीं में उस पर केमिकल साइंस पढ़ने का जुनून सवार हुआ और उसे आईआईटी बॉम्बे ही जाना था, वहां पढ़ना उसका सपना था लेकिन हमें क्या पता था उसका सपना उसकी जान लेगा."

  9. अदानी समूह को हाइफा पोर्ट सौंपना, भारत पर इसराइल के बढ़ते भरोसे का प्रतीक हैः इसराइली राजदूत

    भारत में इसराइल के राजदूत नाओर जिलोन ने अपने देश के दो अहम बंदरगाहों में से एक हाइफ़ा पोर्ट को अदानी समूह को सौंपे जाने को दोनों देशों के गहरे संबंधों का प्रतीक बताया है.

    मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में जिलोन ने कहा है कि इस सौदे का अर्थ यही है कि इसराइल का भारत पर बहुत भरोसा है और इससे दोनों देशों के बीच का कारोबार तेज़ी से बढ़ेगा.

    जिलोन के अनुसार, हाइफा एक रणनीतिक बंदरगाह है, इसलिए हमारा यह कदम काफी अहम है. उन्होंने कहा कि अदानी समूह में वो क्षमता है कि इस पोर्ट को वैसा बनाए जैसा कि इसे होना चाहिए.

    उन्होंने कहा है कि हाइफा पोर्ट के सौदे के बाद इसराइल में निवेश और भारत के साथ कारोबार, तेजी से बढ़ने की उम्मीद है.

    नाओर जिलोन ने कहा कि बंदरगाहों का विकास, अदानी समूह का कोर बिज़नेस है. हाइफ़ा पोर्ट का काम अच्छे से चल रहा है. अदानी समूह इसराइल में और प्रोजेक्ट लेन की कोशिश कर रहा है और हम चाहते हैं कि वे सफल हों.

    उन्होंने बताया कि टाटा, बीएचईएल जैसी भारतीय कंपनियों के साथ हमारे लगभग 80 संयुक्त उपक्रम हैं.

    इसराइली राजदूत ने कहा है कि अक्षय उर्जा, स्मार्ट परिवहन, खेती, स्वास्थ्य, पानी और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं.

    हाइफा पोर्ट का अधिग्रहण

    अदानी समूह ने पिछले महीने इसराइल के इस सबसे अहम बंदरगाह को 1.2 अरब डॉलर यानी लगभग 10 हज़ार करोड़ रुपये में 31 सालों के लिए अधिग्रहण कर लिया.

    इस सौदे में 70 फ़ीसदी की हिस्सेदारी अदानी पोर्ट के पास है और 30 फ़ीसदी की मालिक इसराइली केमिकल और लॉजिस्टिक कंपनी गडौत के पास है.

    कंटेनरों की ढुलाई के मामले में हाइफ़ा पोर्ट इसराइल का दूसरा सबसे बड़ा पोर्ट है. हालांकि टूरिस्ट क्रूज शिप की आवाजाही के लिहाज से यह सबसे बड़ा पोर्ट है.

  10. जंग का विरोध करने वालों पर रूस का शिकंजा

    पिछले साल यूक्रेन पर हमले के बाद से रूस में सौ से ज़्यादा क़ानून लागू किए गए जो जंग का विरोध करने वालों के ख़िलाफ़ इस्तेमाल किए जा रहे हैं.

    ख़ासकर उन पर जो यूक्रेन के ख़िलाफ़ जंग और राष्ट्रपति पुतिन की आलोचना करते हैं. उनके साथ-साथ उनके पूरे परिवार पर ख़तरा मंडराने लगता है.

    देखिए बीबीस संवाददाता नवल अल मग़ाफी की रिपोर्ट.

  11. महाराष्ट्र: 'जान ख़तरे में है', संजय राउत के इस दावे पर सीएम एकनाथ शिंदे ने क्या कहा

    शिवसेना के उद्धव ठाकरे धड़े के नेता संजय राउत के ये कहने के बाद कि उनकी जान को ख़तरा है, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि पुलिस उनके दावे की जांच करेगी और उसके अनुसार कार्रवाई करेगी.

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "हम ये भी देखेंगे कि संजय राउत के दावे में कोई दम है या फिर वे स्टंट कर रहे हैं."

    राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को ये आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे ने उनकी हत्या के लिए भाड़े के हत्यारों को लगाया है.

    संजय राउत ने इस सिलसिले में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चिट्ठी लिखकर ये दावा किया था कि उनकी जान ख़तरे में है.

    चिट्ठी में उन्होंने लिखा था, "मुझे जानकारी मिली है कि श्रीकांत शिंदे ने मुझे मारने के लिए ठाणे के एक कुख्यात गुंडे राजा ठाकुर को कॉन्ट्रैक्ट दिया है."

    देवेंद्र फडणवीस के पास महाराष्ट्र के गृह विभाग का प्रभार भी है.

  12. अचानक यूक्रेन पहुंचकर वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से मिले बाइडन

    पोलैंड से अचानक यूक्रेन की राजधानी कीएव पहुंचे बाइडन की यात्रा को सुरक्षा कारणों से बहुत गोपनीय रखा गया था. कीएव में बाइडेन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से मुलाकात की.

    कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि शनिवार को बाइडन ने अपनी पत्नी जिल के साथ एक रेस्तरां में डिनर किया और उसके बाद ख़ामोशी से वॉशिंगटन से रवाना हो गए थे. देखिए मुलाकात के दौरान बाइडन और ज़ेलेंस्की ने क्या-क्या कहा.

  13. माइक्रोसॉफ्ट ने यूरोपीय संघ के सामने इस डील का किया बचाव, सोनी ने जताया विरोध

    माइक्रोसॉफ्ट ने मोबाइल गेम 'कॉल ऑफ ड्यूटी' और 'कैंडी क्रैश' विकसित करने वाली कंपनी 'एक्टिविज़न ब्लिज़ार्ड' को खरीदने के प्रस्ताव का बचाव किया है.

    मंगलवार को यूरोपीय संघ के प्रतिस्पर्द्धा आयोग के समक्ष हुई सुनवाई में माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि 68.7 अरब डॉलर के इस सौदे से गेम खेलने वालों को और विकल्प मिल सकेगा.

    हालांकि इस सुनवाई के दौरान माइक्रोसॉफ्ट की दलील का उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी सोनी ने पुरजोर विरोध किया है.

    सोनी ने कहा कि यदि यह सौदा पूरा होता है, तो दुनिया के कुछ सबसे लोकप्रिय गेम पर माइक्रोसॉफ्ट का बहुत अधिक नियंत्रण हो जाएगा.

    सोनी गेम खेलने के लोकप्रिय उपकरण या कन्सोल ‘प्लेस्टेशन’ की निर्माता है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट 'एक्सबॉक्स' नामक कन्सोल बनाती है.

    क्या कहा माइक्रोसॉफ्ट ने

    माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने मंगलवार को हुई सुनवाई को एक अहम दिन करार दिया.

    उन्होंने सोनी की उस दलील को भी खारिज कर दिया कि यदि एक्टिविज़न ब्लिज़ार्ड का माइक्रोसॉफ्ट के साथ विलय होता है, तो इसके गेम केवल एक्सबॉक्स का इस्तेमाल करने वालों तक सीमित हो जाएंगे.

    मंगलवार की सुनवाई के बाद उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि खर्च करके उनकी कंपनी इन गेम को क्यों सीमित करेगी. उनके अनुसार, इतने बड़े निवेश को बड़ा बनाने का यह तरीका सही नहीं हो सकता.

    वहीं एक्टिविज़न ब्लिज़ार्ड ने अपने बयान में कहा है कि उसे उम्मीद है कि नियामक इस सौदे से प्रतिस्पर्द्धा बढ़ाने की दलील मान लेंगे.

    बताया गया है कि इस सुनवाई में चिप निर्माता कंपनी एन्विडिया और टेक कंपनी गूगल के प्रतिनिधि भी मौजूद थे. हालांकि यह सुनवाई सार्वजनिक तौर पर आयोजित नहीं की गई.

  14. सीरिया में भूकंप पीड़ित लोगों तक राहत पहुंचने में दिक़्क़त क्यों हो रही है?

    छह फ़रवरी को तुर्की और सीरिया में आए भूकंप में अब तक 44 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं. अकेले सीरिया में अब तक छह हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

    वहां से मिल रही ख़बरों के अनुसार, सीरिया के भूकंप पीड़ित लोगों तक ना तो सीरियाई सरकार की और ना ही अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की मदद पहुंच पा रही है और अगर पहुंच भी रही है तो उसकी रफ़्तार बहुत धीमी है और अपर्याप्त भी.

    संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता प्रमुख मार्टिन ग्रिफ़िथ्स ने तुर्की और सीरिया के भूकंप प्रभावित इलाक़ों का दौरा किया था. उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय जगत ने उत्तर-पश्चिम सीरिया में रह रहे लोगों को निराश किया है.

    उनका कहना था कि वहां रह रहे लोगों को लगता है कि उन्हें पूरी तरह उनके हाल पर छोड़ दिया गया है. वो अंतरराष्ट्रीय मदद की राह देख रहे हैं जो अभी तक नहीं पहुंच सकी है.

  15. एमसीडी मेयर चुनाव: दो महीनों में तीन नाकाम कोशिशों के बाद वोटिंग शुरू

    पिछले दो महीनों में तीन नाकाम कोशिशों के बाद दिल्ली नगर निगम के मेयर पद के लिए डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में बुधवार को वोटिंग हो रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार विधायक और सांसद मेयर पद के लिए मतदान कर रहे हैं. उनके बाद दिल्ली नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षद वोट करेंगे.

    माना जा रहा है कि बुधवार को नए मेयर के नाम पर मुहर लग जाएगी.

    दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने शैली ओबरॉय को मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है.

    सुप्रीम कोर्ट के दखल देने के बाद ये चुनाव हो रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि मेयर पद के लिए पहले चुनाव कराए जाएं.

    सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा था कि एमसीडी में मनोनीत सदस्यों के पास वोटिंग का अधिकार नहीं होगा.

  16. 'बीबीसी बिना डर के काम कर सके', आयकर “सर्वे” के बाद ब्रितानी सांसदों ने उठाए सवाल

    बीबीसी के भारतीय दफ़्तरों पर आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर ब्रितानी संसद में सवाल उठे हैं.

    संसद में ब्रितानी सरकार के एक मंत्री ने सवालों के जवाब में कहा है कि वो भारत की सरकार से संपर्क में हैं और इस मामले को उठाया गया है.

    14 फ़रवरी को बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ़्तरों में आयकर विभाग ने सर्वे शुरू किया था, जो तीन दिनों चला था.

    आयकर विभाग की कार्रवाई गुरुवार शाम तक चली थी.

  17. सोनू निगम के साथ धक्का-मुक्की करने के मामले में एफआईआर दर्ज

    मुंबई पुलिस के अनुसार एक संगीत समारोह के बाद जाने माने गायक सोनू निगम को धक्का देने और उनके दो सहकर्मियों के साथ हाथापाई करने पर एक विधायक पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि मुंबई के चेंबूर जिमखाना में सोमवार रात सोनू निगम के लाइव परफॉर्मेंस के बाद सेल्फी लेने को लेकर यह घटना घटी.

    सोनू निगम की ओर से दाखिल शिकायत के आधार पर चेंबूर पुलिस ने स्वप्निल फाटेरपेकर के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की है. स्वप्निल शिवसेना विधायक प्रकाश फाटेरपेकर के बेटे हैं.

    अधिकारी के अनुसार, विधायक पुत्र के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 341 और 337 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    क्या हुआ था सोनू निगम के साथ?

    सोशल मीडिया साइट पर इस घटना के वीडियो तेजी से वायरल हुए.

    सोनू निगम ने एएनआई से कहा था, "मैं कॉन्सर्ट के बाद मंच से नीचे आ रहा था, तभी स्वप्निल नाम के एक व्यक्ति ने मुझे पकड़ लिया. उसने मेरी मदद के लिए पहुंचे हरि और रब्बानी को भी धक्का दिया. मैं सीढ़ियों पर गिर गया. इसे लेकर शिकायत भी दर्ज कराई है."

  18. बिहार के जेठुली गाँव में हुई गोलीबारी की असल वजह क्या है?: ग्राउंड रिपोर्ट

    बिहार की राजधानी पटना से सटे फतुहा के जेठुली गांव में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई है.

    एक ही बिरादरी के बीच इतने बड़े झगड़े की असल वजह क्या है? ज़मीनी हक़ीक़त जानने के लिए हम जेठुली गांव पहुंचे, जहां हमें हैरान करने वाली कई जानकारी मिली.

    फतुहा इलाक़े के जेठुली गांव में मंगलवार की सुबह सामान्य सी दिख रही थी. हालांकि सड़क के एक तरफ़ जले हुए मकान, सड़क पर जली हुई गाड़ियां और दूसरी तरफ़ बड़ी संख्या में पुलिसवाले नज़र आ रहे थे.

    इसी गांव के एक व्यक्ति ने हमें पहचान लिया कि ये मीडिया वाले हैं. उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर आसपास के खंभों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि सारी लड़ाई इसी की वजह से हुई है.

  19. इसराइल के राजदूत ने कहा- भारत विश्व शक्ति बनने की राह पर है...

    भारत में इसराइल के राजदूत नाओर जिलोन ने कहा है कि भारत एक क्षेत्रीय शक्ति से विश्व शक्ति बनने की राह पर है.

    नाओर जिलोन ने ये भी कहा है कि इसराइली विदेश मंत्री जल्द ही भारत का दौरा करने वाले हैं और प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के दौरे की योजना भी बनाई जा रही है.

    उन्होंने ये भी बताया कि इसराइल-भारत के संबंधों के 30 साल पूरे होने पर हरियाणा में एक सेंटर ऑफ़ एक्सिलेंस शुरू किया गया है.

    अदानी समूह के हाइफा पोर्ट डेवेलपमेंट प्रोजेक्ट पर भी नाओर जिलोन ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा कि अदानी समूह को इसराइल का हाइफा पोर्ट सौंपा जाना भारत और इसराइल के गहरे संबंधों का प्रतीक है.

    नाओर जिलोन ने बताया कि इसराइल और भारत के बीच एक मुक्त व्यापार समझौता दोनों पक्षों के लिए प्राथमिकता में है.

  20. जावेद अख़्तर ने पाकिस्तान में मुंबई हमलों को लेकर कही ये बात

    मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख़्तर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर ख़ूब वायरल हो रहा है.

    ये वीडियो पाकिस्तान का है और वीडियो में जावेद अख़्तर की टिप्पणी सुर्ख़ियाँ बटोर रही है.

    जावेद अख़्तर हाल ही में पाकिस्तान दौरे पर गए थे जहां उन्होंने लाहौर में फ़ैज़ फ़ेस्टिवल में हिस्सा लिया.

    वे पाँच साल बाद इस समारोह में हिस्सा ले रहे थे.