बिहार: ट्रक खड़ा करने पर हुआ विवाद, दो लोगों की मौत
- Author, चंदन कुमार जाजवड़े
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
बिहार की राजधानी पटना के फतुहा इलाक़े में गाड़ी खड़ी करने पर हुए विवाद में दो लोगों की मौत हो गई है.
इस घटना में तीन अन्य लोग भी गोलीबारी में घायल हैं. यह घटना फतुहा के जेठुली गांव की है.
पटना ग्रामीण के पुलिस अधिक्षक ने बीबीसी को बताया है कि इस मामले में अब तक दस अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया है.
उनके मुताबिक़, घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है और पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है.
दरअसल रविवार दोपहर को जेठुली गांव के मुखिया के घर के सामने गिट्टी (बैलास्ट) अनलोड करने के लिए ट्रक खड़ा था.
तभी दूसरे पक्ष ने बगल की पार्किंग से अपनी गाड़ी निकालने के लिए ट्रक को हटाने की मांग की.
इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया.
यह विवाद इतना बढ़ा कि मुखिया पक्ष की तरफ से फ़ायरिंग शुरू कर दी गई. इसमें पांच लोगों को गोली लग गई जिसमें दो की मौत हो गई.
इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मुखिया के घर पर तोड़-फ़ोड़ और पत्थरबाज़ी शुरू कर दी.
गुस्साए लोगों ने मुखिया पक्ष के घर और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में आग भी लगा दी. इसके अलावा लोगों ने सड़क को जाम कर प्रदर्शन भी शुरू कर दिया. पुलिस को उन्हें रोकने के लिए काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी.
पटना पुलिस के मुताबिक़ दोनों ही पक्ष एक ही बिरादरी के हैं लेकिन अलग अलग गुट बनने के कारण माहौल अब भी तनावपूर्ण बना हुआ है.
पटना पुलिस ने भी ट्वीट कर बताया है कि हालात को संभालने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.