You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उद्धव ठाकरे ने अमित शाह पर कसा तंज़, कहा- चुनाव चिह्न लेकर मोगेम्बो ख़ुश हुआ

उद्धव ठाकरे ने शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न शिंदे गुट को मिलने को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and कमलेश मठेनी

  1. उद्धव ठाकरे ने अमित शाह पर कसा तंज़, कहा- चुनाव चिह्न लेकर मोगेम्बो ख़ुश हुआ

    शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका हिंदुत्व देश, परिवार और पार्टी में झगड़ा कराता है ताकि सत्ता हासिल कर सके.

    उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर भी परोक्ष रूप से तंज़ कसते हुए उनकी तुलना मिस्टर इंडिया फ़िल्म के विलेन 'मोगेम्बो' से भी कर दी.

    मुंबई के अंधेरी में एक जनसभा में उद्धव ठाकरे ने कहा, ''भाजपा का मतलब हिंदुत्व है और उनका जो हिंदुत्व है वो हमें मंज़ूर नहीं है. मेरे पिताजी ने मुझे सिखाया, वो हिंदुत्व ये नहीं है. हमारा हिंदुत्व देश से जुड़ा हुआ है. इनका हिंदुत्व कहता है कि आपस में लड़ाई लड़ाओ, आपस में झगड़ा कराओ, परिवार में, पार्टी में झगड़ा लगाओ और सत्ता हासिल करो.''

    ''कल कोई आया था पुणे में. उन्होंने पूछा, क्या कैसे चल रहा है महाराष्ट्र में, तो कहा कि आज बड़ा अच्छा दिन है क्योंकि शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न हमने अपने साथ जो गुलाम आए हैं उनको दे दिया. तो व्यक्ति बोले बहुत अच्छा, मोगेम्बो खुश हुआ. ये मोगेम्बो हैं, मिस्टर इंडिया में मोगेम्बो यही चाहता था देश में लोग आपस में लड़ते रहें, वो लड़ाई में व्यस्त रहेंगे तो मैं राज करूंगा. आप हमारी पार्टी में आते हैं तो ही हिंदू हैं वरना आपने हिंदुत्व छोड़ दिया.''

    उन्होंने कहा कि बीजेपी इतने निचले स्तर की राजनीति कर रही है कि वो हमारी 'मशाल' (चुनाव चिह्न) भी छीन सकते हैं. ये 'धनुष और बाण' छीन सकते हैं लेकिन लोगों के दिलों से भगवान राम को नहीं निकाल सकते.

    गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह शनिवार से पुणे के दो दिवसीय दौरे पर हैं. रविवार को छत्रपति शिवाजी की जयंती के मौके पर उन्होंने अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया.

    चुनाव आयोग ने शुक्रवार को एकनाथ शिंदे समूह को आधिकारिक शिवसेना के रूप में मान्यता दी थी. उन्हें 'शिवसेना' नाम और चुनाव चिह्न 'धनुष और बाण' इस्तेमाल करने की अनुमति मिली थी.

    उद्धव गुट इस फ़ैसले का विरोध कर रहा है और बीजेपी पर चुनाव चिह्न चुराने का आरोप लगा रहा है. इस फ़ैसले के विरोध में शनिवार को उद्धव गुट के समर्थकों ने मातोश्री के बाहर प्रदर्शन भी किया.

  2. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने देश के दिवालिया होने को लेकर दिया बड़ा बयान

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ ने देश की ख़राब आर्थिक स्थिति को लेकर कहा है कि हम पहले ही ''दिवालिया हो चुके हैं और एक दिवालिया देश में रह रहे हैं.''

    पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता ख्वाजा आसिफ़ सियालकोट में एक निजी कॉलेज के कॉन्वोकेशन को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने देश में हो रही चरमपंथी घटनाओं का ज़िक्र करते हुए पिछली सरकारों पर चरमपंथ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया.

    रक्षा मंत्री ने कहा, ''कल सारी रात दहशतगर्दी का मुक़ाबला हमारे सिक्योरिटी के लोग करते रहे. कीमती जानें गईं. कौन हमारे मुल्क में दहशतगर्दी लेकर आया. किसने ऐसे खेल खेले कि दहशतगर्दी हमारा मुक़द्दर बन गई.''

    ''हम एक दिवालिया मुल्क के रहने वाले हैं. आपने सुना होगा कि डिफॉल्ट हो रहा है या दिवालिया हो रहा है या मेल्टडाउन हो रहा है. वो हो चुका है. हमारे हुक्मरानों ने पाकिस्तान के अंदर दहशतगर्दी ईजाद की. हम खुद इसे लेकर आए हैं. साल-डेढ़ साल पहले इन्हें दोबारा लाकर पाकिस्तान की सरज़मीं पर बसाया गया था. ये कहकर कि ये अमनपसंद हो गए हैं और पाकिस्तान के क़ानून के मुताबिक ज़िंदगी गुज़ारेंगे. ''

    पाकिस्तान में बिगड़े आर्थिक हालात के बीच चरमपंथी हमले भी बढ़ गए हैं. पाकिस्तान के पास लगभग 8.70 अरब डॉलर विदेशी मुद्रा भंडार है जिससे करीब दो हफ़्ते के आयात का भुगतान हो सकता है.

    ऐसे में पाकिस्तान की सरकार को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से राहत पैकेज की उम्मीद है लेकिन अभी उसे लेकर कोई अंतिम फ़ैसला नहीं हो पाया.

    वहीं, इस बीच पाकिस्तान में लगातार चरमपंथी हमले भी हुए हैं. इनमें खासतौर से पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया है.

  3. महिला नेता का विवादित बयान, कहा- तेलंगाना भारत का अफ़ग़ानिस्तान है और केसीआर तालिबान

    तेलंगाना की राजनीतिक पार्टी वाईएसआरटीपी की प्रमुख वाईएस शर्मिला ने मुख्यमंत्री केसीआर पर ज़ुबानी हमला बोला है.

    उन्होंने कहा कि तेलंगाना भारत का अफ़ग़ानिस्तान है और केसीआर इसके तालिबान हैं.

    महबूबाबाद में रविवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ''मैं कहना चाहती हूं कि केसीआर एक तानाशाह हैं. तेलंगाना में भारतीय संविधान काम नहीं करता यहां सिर्फ़ केसीआर का संविधान चलता है.''

    ''तेलंगाना भारत का अफ़ग़ानिस्तान है और केसीआर इसके तालिबान हैं. इसलिए तेलंगाना में ऐसा हो रहा है. केसीआर लोकतांत्रिक भाषा नहीं समझते. हमें शायद दोबारा अदालत जाना पडे़ और फिर से अनुमति लेनी पड़े.''

    इसके बाद रविवार को वाईएस शर्मिला को महबूबाबाद के विधायक और भारत राष्ट्रीय समिति (बीआरएस) के नेता शंकर नायक के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक बयान देने के आरोप में हिरासत में ले लिया है.

    क़ानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शर्मिला को महबूबाबाद से हैदराबाद ले जाया गया. उनके ख़िलाफ़ शांति बिगाड़ने के मकसद से अपमान करने के लिए धारा 504 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    वाईएस शर्मिला ने एक सभा में शंकर यादव पर अपने वादे पूरे ना करने का आरोप लगाया था. शर्मिला पर आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था.

    बीआरएस नेताओं ने उनके बयान के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन भी किया था.

  4. ऑस्ट्रेलिया के साथ दो टेस्ट मैचों के लिए टीम की घोषणा, केएल राहुल को फिर मिला मौका

    बीसीसीआई ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी के बचे दो टेस्ट मैचों और ऑस्ट्रेलिया के साथ वनडे सिरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है.

    बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सिरीज़ हो रही है. इसमें से दो मैच हो चुके हैं जिनमें भारत ने जीत हासिल की है.

    पिछले दो मैचों की तरह आगे भी टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वहीं, खराब प्रदर्शन के बावजूद केएल राहुल को आगे भी मौका दिया गया है.

    जयदेव उनादकट पहले दो टेस्ट मैच के लिए भी चुने गए थे लेकिन उन्हें रणजी ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल में बंगाल के ख़िलाफ़ सौराष्ट्र की तरफ़ से खेलने के लिए टीम से हटाया गया था. अब उनकी वापसी कर ली गई है.

    वहीं, तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह टेस्ट मैच और वनडे सीरीज़ के लिए चुनी गई टीम में भी शामिल नहीं हैं. वह चोटिल होने के कारण दिसंबर 2022 से अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा नहीं ले रहे हैं.

    तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के पहले मैच में रोहित शर्मा पारिवारिक कारणों से उपलब्ध नहीं होंगे. उनकी जगह हार्दिक पंड्या कप्तानी करेंगे.

    टेस्ट और वनडे टीम

    दो टेस्ट मैचों के लिए टीम- रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, केएस भारत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रण अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, उमेश यादव, जयदेव उनादकट

    वनडे सीरीज़ के लिए टीम- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, जयदेव उनादकट

    ऑस्ट्रेलिया के साथ तीसरा टेस्ट मैच एक से पांच मार्च और दूसरा टेस्ट मैच नौ से 13 मार्च को होगा. वहीं, वनडे सीरीज़ की बात करें तो पहला मैच 17 मार्च, दूसरा 19 मार्च और तीसरा 22 मार्च को होगा.

  5. आगरा में औरंगज़ेब की क़ैद से शिवाजी कैसे भाग निकले थे? - विवेचना

    जय सिंह के बार-बार अनुरोध करने पर शिवाजी औरंगज़ेब से मिलने आगरा जाने के लिए तैयार हो गए. औरंगज़ेब के दरबार में शिवाजी के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया गया.

    जब शिवाजी ने चिल्ला कर इसका विरोध किया तो उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया. लेकिन, कुछ दिनों बाद शिवाजी अपने बेटे संभाजी के साथ वहाँ से निकल भागने में सफल हो गए.

    किस तरह औरंगजेब के चंगुल से बाहर निकले शिवाजी बता रहे हैं रेहान फ़ज़ल विवेचना में.

  6. महबूबा मुफ़्ती ने बीजेपी पर साधा निशाना- 'जो इनके साथ रहेगा वो ठीक है लेकिन...'

    जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने आज जम्मू में क्षेत्र की डेमोग्राफ़ी और डोगरा समुदाय का मुद्दा उठाया.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, पीडीपी चीफ़ ने एक जनसभा में पूछा कि "डोगरा लोग कहां हैं? हमारे लेफ्टिनेंट गवर्नर डोगरा समुदाय के क्यों नहीं हैं? पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पद डोगरा समुदाय के लोगों को क्यों नहीं दिए जा रहे हैं?"

    उन्होंने कहा, "मैं जम्मू के लोगों से कहना चाहूंगी कि अगर उन्हें लगता है कि ये (बीजेपी) मुसलमानों के पीछे पड़े हैं तो आप इस ख़ाब से बाहर निकल जाइए. ये कोई राष्ट्र नहीं बनाना चाहते ये बस बीजेपी राष्ट्र बनाना चाहते हैं."

    महबूबा मुफ़्ती ने आगे कहा, "जो इनके साथ रहेगा वो ठीक है लेकिन जो इनके साथ नहीं रहेगा उसकी हालत ये मुसलमानों से भी बदतर कर देंगे. जिन्हें लगता है ये उनकी जमात है, ये उनकी नहीं संघ, गोडसे की जमात है। ये वो जमात है जिन्होंने आज़ादी की लड़ाई में कोई हिस्सा नहीं लिया."

  7. ऑर्गेनिक खेती करके मिसाल बनने वाली मोनिका की कहानी

    हरियाणा के रोहतक के सुदाना में अपने खेत में मोनिका दर्जनों तरह की सब्ज़ियां उगाती हैं, वो भी ऑर्गेनिक खेती से. पहले वो आर्किटेक्ट थीं, लेकिन उनकी पृष्ठभूमि खेती की रही है लेकिन उन्हें जैविक खेती के बारे में कुछ भी पता नहीं था.

    पर जीवन में कुछ ऐसा घटा, जिसकी वजह से वो जैविक खेती की ओर मुड़ गईं. मोनिका मानती हैं कि जैविक खेती के लिए वैज्ञानिक शोध और जानकारी होना बेहद ज़रूरी है.

  8. केएल राहुल के खराब प्रदर्शन पर क्या बोले कैप्टन रोहित शर्मा

    भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को ये मानते हुए कहा कि उपकप्तान केएल राहुल के लगातार खराब प्रदर्शन को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं और उन्हें धीमी घुमावदार गेंदों पर खेलने का अपना तरीक़ा खोजने की ज़रूरत है.

    केएल राहुल के लगातार गिरते प्रदर्शन के बीच युवा खिलाड़ी शुभमन गिल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद मौके का इंतज़ार कर रहे हैं.

    वहीं, 47 टेस्ट मैच खेलने के बाद केएल राहुल का औसत 35 से भी कम है जो खराब माना जाता है. ऐसे में केएल राहुल पर दबाव बढ़ता जा रहा है.

    रोहित शर्मा ने राहुल के बारे में कहा, ''जब आप इस तरह की पिच पर खेल रहे होते हैं तो आपको रन बनाने का अपना तरीक़ा खुद तलाश करना होता है.''

    पिछली सात पारियों में राहुल ने 22, 23, 10, 2, 20, 17 और 1 रन बनाए हैं.

    उन्होंने कहा कि घुमावदार गेंद फंकेने वाले स्पिनर्स को खेलने का हर बल्लेबाज का अपना तरीक़ा होता है. अलग-अलग खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा हैं और उनका रन बनाने का अपना तरीक़ा होता है. हम इसमें नहीं जाना चाहते कि हर व्यक्ति क्या कर रहा है. बात ये है कि हर कोई कैसे साथ आता है.

  9. रूस से कब तक लड़ेगा यूक्रेन, क्या उसे मिल रही मदद ख़त्म हो जाएगी

    रूस के हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय समुदाय, ख़ासतौर पर पश्चिमी देशों से हथियारों की सप्लाई के लिए गुहार लगाते रहे हैं.

    और पश्चिमी देश उसकी मदद कर भी रहे थे. पर सवाल ये है कि पश्चिमी देश कब तक यूक्रेन की मदद करते रहेंगे.

  10. कांग्रेस ने कहा- उसके बिना विपक्षी एकता की कोशिश असफल होगी

    कांग्रेस पार्टी ने रविवार को अपने तीन दिवसीय चिंतन सत्र की जानकारी देते हुए कहा कि इस शिविर में शीर्ष नेतृत्व विपक्षी एकता को मजबूत करने की दिशा दिखाएगा. कांग्रेस के बिना ऐसी कोई भी कोशिश असफल साबित होगी.

    रायपुर में 24 फरवरी को कांग्रेस का का तीन दिवसीय चिंतन सत्र होने वाला है.

    कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि पार्टी की संचालन समिति सत्र के पहले दिन मिलेगी और ये फ़ैसला लेगी कि कांग्रेस कार्य समिति के लिए चुनाव होंगे या नहीं. ये समिति कांग्रेस की निर्णय लेने वाली शीर्ष समिति है.

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों को एकसाथ लाने में अपनी भूमिका के बारे में जानती है ताकि बीजेपी को सत्ता से हटाया जा सके.

    वेणुगोपाल ने कहा, ''कांग्रेस पहले ही पहल कर चुकी है और कई राजनीतिक दलों के संपर्क में है. विपक्षी दलों को एकसाथ लाने के लिए कांग्रेस ने साफ़तौर पर पहल की है और हम उन्हें साथ लाएंगे.''

  11. जिस खेल के बारे में जानते ही कम लोग हैं, उसमें ये मेडल लेकर आईं

    क्या आप लॉन बॉल्स खेल के बारे में जानते हैं? शायद जानते हों और हो सकता है कि बहुत से लोगों की तरह आपको भी इसके बारे में कुछ भी ना पता हो.

    इन औरतों के लिए भी यही सबसे बड़ी लड़ाई थी...लड़ाई कि उस खेल को वो सम्मान दिला सकें जिसके बारे में बहुत से लोगों को पता भी नहीं.

    साल 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए इस खेल में पहला मेडल लाकर इन चार औरतों ने अपने उस सपने को साकार किया. देखें, एक खेल को पहचान दिलाने के लिए इन चार औरतों के संघर्ष की कहानी.

    प्रोड्यूसर: आमिर पीरज़ादा और वंदना

  12. तमिलनाडु ने दी नीट की वैधता को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती, दायर की याचिका

    तमिलनाडु सरकार ने देश भर के कॉलेजों में मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) की वैधता को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.

    राज्य सरकार का आरोप है कि ये सिंगल विंडो कॉमन टेस्ट संघवाद के सिद्धांत का उल्लंघन करता है.

    नीट एमबीबीएस और बीडीएस जैसे ग्रैजुएशन कोर्स के साथ-साथ सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स में प्रवेश के लिए एक प्री-मेडिकल प्रवेश परीक्षा है.

    संविधान के अनुच्छेद 131 के तहत दायर किए गए इस मुकदमे में राज्य सरकार का आरोप है कि संविधान में दिये गये संघवाद के सिद्धांत का उल्लंघन होता है. नीट जैसी परीक्षा रज्यों के शिक्षा से जुड़े फ़ैसले लेने की स्वायत्ता को छीन लेती हैं.

    वकील अमित आनंद तिवारी के ज़रिए दायर की गई इस याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने साल 2020 में नीट की वैधता को बरकरार रखा था.

    इसकी वजह दी गई थी कि परीक्षा में होने वाले कदाचार, विद्यार्थियों के शोषण, मुनाफ़ाखोरी और व्यवसायीकरण को रोकने के लिए नीट ज़रूरी है.

    याचिका में तर्क है कि सरकारी सीटों पर प्रवेश के मामले में ये आधार लागू नहीं होते. ये आधार सिर्फ़ निजी कॉलेजों की सीटों के लिए ठीक बैठता है. ऐसे में नीट को बरकरार रखने का फ़ैसला किसी राज्य को सरकारी सीटों पर प्रवेश से नहीं रोकता है.

  13. जयशंकर ने किसके लिए कहा, "बूढ़ा, रईस, हठधर्मी और ख़तरनाक"

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अदानी ग्रुप और हिंडनबर्ग रिपोर्ट को लेकर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिग्गज अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस की तीखी आलोचना की है.

    शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रायसीना डायलॉग के उद्घाटन सत्र के दौरान जयशंकर ने अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस को "बूढ़ा, रईस, हठधर्मी और ख़तरनाक" बताया.

    जयशंकर ने कहा कि सोरोस की टिप्पणी ठेठ 'यूरो अटलांटिक नज़रिये' वाली है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जयशंकर ने कहा, "सोरोस एक बूढ़े, रईस, हठधर्मी व्यक्ति हैं जो न्यूयॉर्क में बैठकर सोचते हैं कि उनके विचारों से पूरी दुनिया की गति तय होनी चाहिए... अगर मैं ठीक से कहूं तो वो बूढ़े, रईस, हठधर्मी और ख़तरनाक हैं.''

  14. संजय राउत का गंभीर आरोप: 'शिवसेना के नाम और सिंबल के लिए अब तक 2000 करोड़ की डील'

    शिवसेना (बाला साहेब ठाकरे गुट) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने चुनाव आयोग के ट्विटर हैंडल को टैग करते हुए बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं.

    संजय राउत ने दावा किया है कि शिवसेना के नाम और चुनाव चिह्न के लिए दो हजार करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है.

    संजय राउत ने एक ट्वीट में कहा, "मुझे यकीन है... चुनाव चिह्न और नाम हासिल करने के लिए अब तक 2000 करोड़ के सौदे और लेन-देन हो चुके हैं... ये प्रारंभिक आंकड़ा है और 100 फीसदी सच है.."

    राउत ने यह भी कहा है कि, "जल्द ही कई बातों का खुलासा होगा.. देश के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ था."

    संजय राउत ने अपने इस ट्वीट में प्रधानमंत्री कार्यालय और चुनाव आयोग को टैग किया है.

  15. भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया, 2-0 की बढ़त बनाई

    दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन ही ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी में 2-0 की बढ़त बना ली है.

    भारत ने 115 रन के लक्ष्य को केवल चार विकेट खोकर हासिल कर लिया.

    भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा ने नाबाद रहते हुए सबसे ज़्यादा 31 रन बनाए जबकि विकेटकीपर एस. भरत भी 23 रन बनाकर नाबाद रहे.

    इस मैच में कुल 10 विकेट हासिल करने और पहली पारी में 70 रन बनाने वाले रवींद्र जडेजा को 'मैन ऑफ द मैच' घोषित किया गया.

  16. सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने कहा- सीरिया पर अरब देशों को रुख बदलने की ज़रूरत

    सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने कहा कि अरब दुनिया में इस बात को लेकर सहमति बन रही है कि सीरिया को अलग-थलग छोड़ने से काम नहीं चलने वाला है. सीरिया के साथ कभी ना कभी बात करना ज़रूरी है ताकि मानवीय मसलों को हल किया जा सके जिसमें शरणार्थियों की वापसी भी शामिल है.

    विदेश मंत्री प्रिंस फैज़ल बिन फरहान अल सऊद ने ये बातें म्यूनिख सुरक्षा फोरम में शनिवार को कही है.

    उनका बयान अरब देशों के उस पुराने रुख में बदलाव दिखाता है जिसमें गृह युद्ध के शुरुआती सालों में इन देशों ने सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद के ख़िलाफ़ विद्रोहियों का समर्थन किया था.

    उन्होंने कहा, ''आप देखेंगे कि गल्फ़ कॉरपोरेशन काउंसिल में ही नहीं बल्कि अरब दुनिया में भी सहमति बन रही है कि यथास्थिति से काम नहीं चलने वाला है.''

    विदेश मंत्री ने कहा कि राजनीतिक समाधान के लिए अतिवादी सोच के बजाए दूसरा रास्ता तलाशने की कोशिश हो रही है ताकि पड़ोसी देशों में मौजूद सीरियाई शरणार्थियों को लेकर कोई समाधान निकल सके.

    उन्होंने कहा, ''इसके लिए सीरिया की सरकार के साथ कभी ना कभी इस तरह बातचीत करनी होगी जिससे मानवीय मसलों से जुड़ा सबसे अहम उद्देश्य पूरा हो सके. इसमें शरणार्थियों की वापसी भी शामिल है.''

    संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन के विदेश मंत्री भूकंप के बाद सीरिया का दौरा कर चुके हैं.

    जब सऊदी अरब के विदेश मंत्री से भी सीरिया दौरे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया.

  17. अमेरिका और चीन के नेता ग़ुब्बारा प्रकरण के बाद पहली बार मिले, क्या हुई बात

    ग़ुब्बारे मामले पर तनातनी के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री ने चीन को सीधी चेतावनी दी है.

    ब्लिंकन ने ग़ुब्बारे मामले पर चीन के शीर्ष राजनयिक वांग यी से मुलाकात के बाद एक इंटरव्यू में कहा कि चीन को इस बात की साफ चेतावनी दी गई है कि अगर उसने यूक्रेन युद्ध में रूस को हथियार और दूसरे साज़ो-सामान दिए तो इसके ख़तरनाक नतीजे होंगे.

    दोनों की मुलाकात म्यूनिख में ग्लोबल सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के इतर हुई. ये मुलाकात वांग यी के उस बयान के कुछ ही घंटों बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका बैलून मामले पर कुछ ज़्यादा ही हाय-तौबा मचा रहा है.

    इस मुलाकात के बाद एनबीसी न्यूज़ के 'मीट द प्रेस विद चक टोड' में कहा कि अमेरिका इस बात को लेकर बेहद चिंतित है कि चीन रूस को खतरनाक हथियार और दूसरे साज़ो-सामान मुहैया कराने की सोच रहा है.

  18. आर्मीनिया और अज़रबैजान के बीच नागोर्नो-काराबाख को लेकर गतिरोध बरकरार

    आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान और अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के बीच अक्टूबर के बाद पहली मुलाक़ात हुई है.

    जर्मनी में हो रहे म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेन्स में शनिवार को अलग से हुई इस बैठक का आयोजन अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने किया.

    इस दौरान इन दोनों देशों के नेता अपने विवादित नागोर्नो-काराबाख़ इलाक़े को लेकर उलझ गए. इस दौरान दोनों देश अपने-अपने रुख़ पर अड़े रहे.

    नागोर्नो-काराबाख़ इलाक़े और आर्मीनिया के बीच के संपर्क के अकेले रास्ते लाचिन कॉरिडोर की दिसंबर से जारी नाकेबंदी पर दोनों देशों के बीच का तनाव बढ़ा हुआ है.

    वैसे इस बैठक के बाद दोनों नेताओं ने शांति समझौते पर प्रगति होने की बात कही.

    हालांकि बाद में आयोजित पैनल डिस्कशन में नागोर्नो-काराबाख़ इलाक़े, लाचिन कॉरिडोर और भविष्य में होने वाली बातचीत पर दोनों देशों के रुख़ में तालमेल की कमी ​देखी गई.

    नागोर्नो-काराबाख़ इलाक़ा वैसे तो अज़रबैजान का हिस्सा है. लेकिन इसके 1.2 लाख निवासियों में से अधिकांश आर्मीनिया मूल के हैं.

  19. COVER STORY: तुर्की में भूकंप पीड़ितों का हाल

    सीरिया और तुर्की में 11 दिन पहले आए भूकंप में हज़ारों की मौत हुई हैं.

    यहां शहर के शहर मलबे के ढेर में बदल गए हैं. दुनिया के कई देश तुर्की और सीरिया तक राहत पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.

    लेकिन इस आपदा में जो बच गए कैसे उन्हें मिलेगी राहत? कैसे उनकी ज़िदगी की कड़ियां जुड़ेंगी? देखिए बीबीसी की रिपोर्ट.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, #INDvAUS दिल्ली टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया, सिरीज़ में 2-0 से आगे

    दिल्ली में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन ही भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया है.

    115 रन के लक्ष्य को भारत ने केवल चार विकेट खोकर हासिल कर लिया.

    भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा ने नाबाद रहते हुए सबसे ज़्यादा 31 रन बनाए.

    इस मैच में कुल 10 विकेट हासिल करने और पहली पारी में 70 रन बनाने वाले रवींद्र जडेजा को 'मैन ऑफ द मैच' घोषित किया गया.

    जडेजा नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भी मैन आफ द मैच बने थे.

    वो मैच भारत ने एक पारी और 132 रन से जीता था.

    रोहित शर्मा ने भी 31 रन का योगदान दिया.

    विकेटकीपर एस भरत ने 23 और विराट कोहली ने 20 रन का योगदान दिया.